हिंदुओं में आपस में पड़ी फूट दूर होनी चाहिए - बाबा रामदेव
*महंत रवींद्र ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

गोण्डा।जिले के जयप्रभा ग्राम पोखरा में आयोजित भव्य श्री राम कथा महोत्सव में शामिल होने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव मंगलवार अपरान्ह 12 बजे हेलीकाप्टर से पहुंचे।इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी जी महराज और स्वामी हरि चेतनानंद जी महराज भी उनके साथ मौजूद रहे।कार्यक्रम स्थल पर श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट व श्री चित्रकूट बाला जी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास जी महराज सहित अनेक साधू संतो ने सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।इस अवसर पर बाबा रामदेव ने कहा कि यह सनातन के गौरव का काल है और गोनर्द की इस पवित्र धरा पर राम कथा का आयोजन सौभाग्य की बात है।उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम हमारे राष्ट्र के प्राण,आदर्श और मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।रामो विग्रहवान धर्म: अर्थात राम स्वयं धर्म के साकार रुप हैं।हम सभी को उनके पदचिन्हों पर चलना चाहिए।उन्होंने कामना किया कि सभी का जीवन राममय हो।समाज में रोग,दुख और दरिद्रता का नाश हो तथा चारों तरफ सनातन धर्म व गौ माता का गौरव स्थापित हो।उन्होंने हिंदू समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि जाति,वर्ग व समुदायों के नाम पर आपसी फूट समाप्त होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि हम सभी एक ही पूर्वजों और ऋषियों की संतान हैं।शैव शाक्त और वैष्णव सभी एक ही ब्रह्मा के विभिन्न रूप हैं और राम कृष्ण शिव व हनुमान में कोई भेद नहीं है।उन्होंने एकं सद्धिप्रा बहुधा वदन्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस एकात्म भाव से ही देश में समरसता और खुशहाली आएगी,जिससे हम राष्ट्र विरोधी और सनातन विरोधी ताकतों की साजिशों को विफल कर एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकेंगे।
ब्रह्मानन्द यादव हत्याकाण्ड में नामजद एवं प्रकाश में आए सभी 12 अभियुक्तों (10 अभियुक्त एवं 02 अभियुक्ताओं) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
रमेश दूबे


प्रकरण में शत-प्रतिशत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक  सुशील कुमार सिंह के मार्दर्शन व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 890/2026 धारा 103(1)/3(5)/190/191(2)/191(3)/61(2) बी.एन.एस में वाँछित अभियुक्त करिया यादव पुत्र रामसुरत यादव निवासी भगठान गोसाईपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर के पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्यवाही एवं स्वयं के पकड़े जाने के डर से न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने पर मा0 न्यायालय सी0जे0एम संतकबीरनगर द्वारा अभियुक्त उपरोक्त को न्यायिक अभिरक्षा हेतु जिलाकारागार संतकबीरनगर प्रेषित किया गया ।

घटना का संक्षिप्त विवरणः- दिनांक 22.09.2026 को वादी रमाकान्त यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी भकठान गोसाईपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर ने थाना कोतवाली खलीलाबाद पर प्रार्थना पत्र दिया कि मेरे भाई ब्रह्मनन्द  यादव दिनाँक 22.09.2026 को घर से गिढीनी बाजार जा रहे थे । जैसे ही राकेश यादव के घर के सामने पहुंचे, अभियुक्तगण 01. अभिमन्यु यादव 02. अजय यादव 03. रामस्वरूप यादव 04. संजय यादव उपरोक्त ने पहले से सुनियोजित तरीके से मेरे भाई की बुलेट गाड़ी को रोककर पीसा हुआ लाल मिर्च मेरे भाई ब्रह्मनन्द की आँखों में डाल दिया, जिससे मेरे भाई गिर गये । फिर अभियुक्तगण उपरोक्त ने उन्हे लाडी डण्डा एवं धारदार हथियार से बेरहमी से मारा । मेरे भाई के चिल्लाने पर हम मौके पर पहुँच कर देखे तो मेरे भाई को काफी चोटें लगी थीं । मौके पर मौजूद लोगों द्वारा काल करके मेरे भाई को 112 नम्बर की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुँचाया गया । जहाँ पर डाक्टर द्वारा मेरे भाई को मृत घोषित कर दिया गया । प्रकरण के सम्बन्ध में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 890/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस अभियोग पंजीकृत किया गया था ।

कार्यवाही का विवरण- दिनांक 22.09.2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर 04 नामजद अभियुक्तों राकेश यादव पुत्र बलिराम यादव, अजय यादव पुत्र करिया यादव, अभिमन्यु पुत्र मान सिंह यादव व छविराम पुत्र रामललित यादव निवासीगण भगठान थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर के विरुद्ध मु0अ0सं0 890/2026 धारा 103(1)/3(5) बी.एन.एस पंजीकृत किया गया । विवेचना के क्रम अभी तक प्रकाश में आये कुल 10 अभियुक्तगण व 02 अभियुक्ता समेत मुकदमा उपरोक्त से संबंधित सभी वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर लिया गया है जिनका विवरण निम्नवत है- 1.राकेश यादव पुत्र बलिराम यादव 2.अजय पुत्र करिया 3.अभिमंयु पुत्र मान सिह यादव 4.रामस्वरूप यादव पुत्र जनार्दन यादव, 5.संजय यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव 6.सुरेन्द्र यादव 7.योगेन्द्र यादव उर्फ योगी 8.रामललित यादव पुत्र स्व0 नन्दू यादव 9.बृजेश यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव 10. निशा पत्नी दुर्गेश यादव 11. शीला पत्नी जनार्दन यादव निवासीगण भगठान गोसाईपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है ।
कार्यवाही के क्रम में प्रकरण में वाँछित अभियुक्त 12. करिया यादव पुत्र रामसुरत निवासी भगठान गोसाईपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर की गिरफ्तारी के सतत प्रयास किए जा रहे थे । इसी डर के कारण अभियुक्त द्वारा आज दिनांक 17.11.2026 को मा0 न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने पर मा0 न्यायालय सी0जे0एम संतकबीरनगर द्वारा अभियुक्त उपरोक्त को न्यायिक अभिरक्षा हेतु जिलाकारागार संतकबीरनगर प्रेषित किया गया है । इसप्रकार प्रकरण नामजद एवं प्रकाश में आए सभी 12 अभियुक्तों की गिरफ्तारी सफलता पूर्वक किया गया।
इस प्रकार ब्रह्मानन्द यादव हत्याकाण्ड में नामजद एवं विवेचना के दौरान प्रकाश में आए सभी 12 अभियुक्तों (10 अभियुक्त एवं 02 अभियुक्ताओं) की गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए प्रकरण में शत-प्रतिशत वांछित अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है।
जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश।

*पराली एवं कूड़ा न जलाने की किसानों और आमजन से अपील, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा उठान और निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें अधिकारी।*

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में वन विभाग के अंतर्गत वृक्षारोपण समिति, पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, बायोरेमेडिएशन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन तथा अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की गई।
         
जिलाधिकारी महोदय ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान शहरी क्षेत्रों में कूड़े के समुचित उठान एवं निस्तारण की व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने तथा कूड़े के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के विरुद्ध कार्रवाई हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में अनुपस्थित अधिशासी अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े का नियमित उठान, पृथक्करण, परिवहन एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में कूड़ा उठान एवं निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
         
बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में बायोमेडिकल वेस्ट कहां-कहां जनरेट हो रहा है, उसका कितना उत्पादन हो रहा है तथा उसके संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण की क्या व्यवस्था है, इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी संबंधित इकाइयों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार अपशिष्ट निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के संचालन एवं अपशिष्ट के उपचार की स्थिति पर भी जिलाधिकारी महोदय ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित एसटीपी एवं अन्य अपशिष्ट उपचार इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी वास्तविक संचालन स्थिति, उपचार क्षमता तथा बीओडी एवं सीओडी से संबंधित विवरण सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि लापरवाही पाए जाने पर शासन को कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित किया जा सके। जल निगम ग्रामीण के संबंधित अधिकारी द्वारा बीओडी एवं सीओडी से संबंधित जानकारी प्रस्तुत न कर पाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक जानकारी एवं अभिलेखों के साथ समीक्षा में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने पौधरोपण स्थलों के चयन, रोपित पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला गंगा समिति की समीक्षा में गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करने को कहा।
          
जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्य केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी अपने उत्तरदायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
           
उन्होंने किसानों एवं आमजन से अपील की कि पराली एवं कूड़ा न जलाएं। इससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है तथा जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर पराली एवं कूड़ा जलाने पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करें। बैठक में सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मतदाता जागरूकता अभियान का जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने किया शुभारम्भ
लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता जरूरी, युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर दिया बल

एक-एक मत देश और समाज के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका -पवन कुमार गंगवार

मतदाता जागरूकता का उद्देश्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में लोकतांत्रिक चेतना, जिम्मेदारी एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास को मजबूत भी है करना -जिलाधिकारी



मीरजापुर, 17 नवम्बर 2026- जनपद में मतदाता जागरूकता को व्यापक स्वरूप प्रदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, महुवरिया के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाता और उसकी सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिकाधिक सहभागी, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक हो और निर्धारित समय पर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। एक-एक मत देश और समाज के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा मतदान करने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता का उद्देश्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में लोकतांत्रिक चेतना, जिम्मेदारी एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से कहा कि वे विद्यालयों में मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा विद्यार्थियों को लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दें। शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके माध्यम से जागरूकता का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए, जिससे मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। आज के विद्यार्थी कल के जिम्मेदार नागरिक और लोकतंत्र के सजग प्रहरी बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार, अभिभावकों, रिश्तेदारों एवं आस-पड़ोस के लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा अन्य पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के समय किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने विवेक का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बी0एल0ओ0 अपने बूथ पर फार्म 6, 7 एवं 8 के साथ उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जुड़ा व्यापक अभियान बनाया जाए। इसके लिए विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विद्यालय मतदाता जागरूकता का एक प्रभावी केंद्र बने, जहां से निकलने वाला संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाताओं पर आधारित है। मतदाता जागरूकता अभियान में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और निर्वाचन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता से सम्बन्धित शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, प्राचार्य पीएमश्री राजकीय इण्टर कालेज सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
नवकुंभ साहित्य सेवा संस्थान जौनपुर इकाई की गोष्ठी का शुभारंभ
जौनपुर। साहित्यिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रीय संस्था नव कुम्भ साहित्य सेवा संस्थान के जौनपुर इकाई की प्रथम गोष्ठी का शुभारंभ रविवार 15 नवंबर 2026 को अलीखानपुर शीतला चौकियां जौनपुर में आयोजित की गया।नवकुंभ साहित्य सेवा संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष अंगद कुमार राही के आयोजन तथा के आर स्नेही की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।उपस्थित कवियों में कवि अंगद कुमार राही ने ग़जल, कवि दलसिंगार ने कविता, बबलू प्रेमी,प्रमोद कुमार प्रेमी, राम चन्दर नागर,रवि राव सहित उपस्थित सभी ने अपनी-अपनी कविताओं से सभी का रसास्वादन किया।अध्यक्षता कर रहे के आर स्नेही ने उपस्थित सभी साहित्यकारों के रचनाओं की प्रशंसा किया तत्पश्चात अपनी रचनाओं को रखा। जौनपुर इकाई की प्रथम गोष्ठी के शुभारंभ हेतु राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार राही एवं राष्ट्रीय मिडिया प्रभारी विनय शर्मा दीप ने नवनियुक्त अध्यक्ष अंगद कुमार राही एवं सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।अंत में आयोजक व संस्था के जिलाध्यक्ष अंगद कुमार राही ने सभी का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2027 के तहत आलेख्य निर्वाचक नामावली का हुआ प्रकाशन।*
    
सुलतानपुर,जिलाधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Summary Revision-2027) के प्रकाशन के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्रीमती रत्नप्रिया सहित समस्त उप जिलाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, अपना दल तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के  प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
          
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दृष्टिगत जनपद में अवस्थित 184-जगदीशपुर (अ0), 187-इसौली, 188-सुलतानपुर, 189-सदर, 190-लम्भुआ एवं 191-कादीपुर (अ0जा0) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सम्मिलित प्रत्येक मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों से संबंधित फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से समस्त मतदेय स्थलों पर दिनांक 17.11.2026 को आलेख्य प्रकाशन करा दिया गया है।
          
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि आलेख्य निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर लें तथा मतदाता सूची में महिलाओं एवं थर्ड जेण्डर के मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से छूटे हुए पात्र मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
अनिल कुमार सिंह ने भदोही डीएम का कार्यभार संभाला: जनसमस्याओं के जल्द निस्तारण और विकास कार्यों को गति देने को प्राथमिकता बताया


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। नए जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने देर रात जिला कोषागार पहुंचकर भदोही का कार्यभार संभाला। उन्होंने जनसमस्याओं के जल्द निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने को प्राथमिकता बताया।

कार्यभार संभालने के बाद प्रेस से बातचीत में सिंह ने कहा कि जिले के विकास और जनहित से जुड़े काम आगे बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने शासन की मंशा के मुताबिक विकास कार्यों को गति देने की बात कही।

बीते सोमवार शाम शासन ने कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। भदोही के जिलाधिकारी शैलेष कुमार का तबादला चंदौली कर दिया गया था। उनकी जगह अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया।
वाराणसी: होटल में ठहरे युवक ने साली की हत्या कर लगाई फांसी,पुलिस छानबीन में जुटी

लखनऊ ,वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबतपुर एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। खुद को पति-पत्नी बताकर होटल में ठहरे एक युवक ने अपनी प्रेमिका जो रिश्ते में उसकी साली लगती थी की गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिखारीपुर (डीएलडब्ल्यू) निवासी जय विकास (20) पुत्र राज प्रकाश केसरी और बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी निवासी प्रिया केसरी (23) पुत्री नंदलाल केसरी ने सोमवार दोपहर बाबतपुर स्थित 'केजे इंटरनेशनल होटल' में कमरा बुक किया था। दोनों ने होटल स्टाफ को खुद को पति-पत्नी बताया था। रात करीब 10 बजे जब होटल का स्टाफ डिनर का ऑर्डर लेने कमरे के पास पहुंचा, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्टाफ ने इसकी सूचना मैनेजर को दी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला, तो होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

कमरा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस

सूचना पाकर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी गोमती जोन नृपेन्द्र समेत बड़ागांव थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख सभी के रोंगटे खड़े हो गए। युवती का शव बाथरूम के अंदर खून से लथपथ पड़ा था, जिसके गले पर धारदार हथियार (चाकू) से वार किए जाने के गहरे निशान थे। युवक का शव: कमरे के पंखे के फंदे से लटका हुआ पाया गया।

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य संकलित किए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी तय होने से नाराज था युवक

परिजनों से पूछताछ में जो बातें सामने आईं, उसके मुताबिक मृतका प्रिया बड़ागांव यूनियन बैंक के पास स्थित 'अनन्या ब्यूटी पार्लर' में ब्यूटीशियन का काम करती थी। प्रिया की बड़ी बहन की शादी के बाद उसकी पहचान जय विकास से हुई थी, जो रिश्ते में उसका बहनोई (बहन का देवर) लगता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अफेयर शुरू हो गया।

हाल ही में प्रिया की शादी किसी अन्य स्थान पर तय हो गई थी, जिससे जय विकास बेहद नाराज चल रहा था। वह प्रिया पर लगातार अपने साथ शादी करने का दबाव बना रहा था। यहाँ तक कि वह अपने साथ सिंदूर भी लेकर होटल आया था। जब प्रिया ने उसकी बात नहीं मानी, तो आक्रोशित होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और खुद भी जान दे दी।

डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया गया था। उनकी उपस्थिति में होटल का कमरा खुलवाया गया। प्रथम दृष्टया युवक द्वारा युवती की हत्या कर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या प्रतीत हो रही है। इसमें युवक एवं युवती आपस में रिश्तेदार हैं। युवक, युवती की बहन का देवर है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में सभी पहलुओं पर गहनता से जाँच की जा रही है।
मऊ: जमीनी विवाद में सुनवाई न होने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, प्रशासन ने सुरक्षित नीचे उतारा

कोपागंज (मऊ)। जनपद मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डांडी में उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीनी विवाद में सुनवाई न होने से नाराज अवनीश सोनकर नामक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक का आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चाओं का माहौल बना रहा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रामकथा का शुभारंभ करेंगे बाबा रामदेव व धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
*कथा में अयोध्या सहित देश भर के संत होंगे शामिल

गोण्डा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत जयप्रभा ग्राम में आज मंगलवार अपरान्ह 12 बजे से 9 दिवसीय श्री राम कथा प्रारंभ होगी।कथा के पहले दिन योग गुरु बाबा रामदेव,बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व अयोध्या सहित देश के संत महात्मा शामिल होंगे।वे कथा वाचक राजन जी महाराज की कथा का शुभारंभ करेंगे।कथा प्रारंभ होने के बाद बाबा रामदेव,धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व अन्य संत लगभग एक घंटे तक मंच पर रहेंगे और राजन जी महाराज की श्री राम कथा का श्रवण करेंगे।पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व योग गुरु बाबा रामदेव का हेलीकाप्टर जयप्रभा ग्राम में पोखरे के पास बने हेलीपैड पर उतरेगा।श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट व श्री चित्रकूट बाला जी ट्रस्ट के अध्यक्ष व श्री राम कथा के आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज ने अपने निज निवास के समीप यह हेलीपैड बनवाया है।बाबा रामदेव व पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हेलीपैड से सीधे कथा स्थल के लिए रवाना होंगे।इस कथा के लिए लगभग 200 बीघा में पंडाल और वीवीआईपी टेंट सिटी बसाई गई है।आयोजन मंडल के अनुसार,पंडाल में जमीन पर बैठकर लगभग दो लाख लोग कथा का श्रवण कर सकेंगे,आम लोगों को कथा सुनने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था नहीं है तो वहीं अयोध्या अथवा देश के अन्य संतों के लिए सोफे की व्यवस्था की गई है।कथा में दूर दराज से आने वाले लोगों के लिए उनके घरों और गावों तक 100 से ज्यादा बसें और 50 से ज्यादा गाड़ियां भेजी जा रही हैं।कथा के आयोजक व प्रख्यात संत महंत आलोक दास जी महराज ने बताया कि कथा का उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म की जानकारी देना है।उन्होंने बताया कि कथा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व बाबा रामदेव सहित देश के कई संत महात्मा कथा में शामिल होंगे।