496 खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले: तीन साल से तैनात अधिकारियों को हटाने के आदेश के बाद बड़ा फेरबदल
संजीव सिंह बलिया ! लखनऊ:भारत निर्वाचन आयोग के एक जिले में तीन साल से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात 496 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीआरसी) का इधर से उधर तबादला किया गया है। इन अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर तैनाती दी गई है। संयुक्त सचिव लाल मणि यादव के हस्ताक्षर से सोमवार को जारी आदेश में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के 27 अक्टूबर के पत्र तथा उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा द्वारा 13 नवंबर को उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव पर विचार के बाद शासन ने इन खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले को मंजूरी दी है। 496 अधिकारियों की लिस्ट जारी शासन ने 496 खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले की विस्तृत लिस्ट भी जारी कर दी है। ये अधिकारी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) में तैनात थे। अब उन्हें अपने मौजूदा जिले से हटाकर दूसरे जिलों के ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर भेजा गया है। निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद फेरबदल बताया जा रहा है कि भारत निर्वाचन आयोग के उस आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिसमें किसी एक जिले में तीन वर्ष से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद प्रदेश में ताबड़तोड़ तबादले जारी हो रहे हैं और शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर फेरबदल किए गए हैं। आदेश के अनुसार, संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल से प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में काफी चर्चा शुरू हो गई है, क्योंकि एक साथ इतने बड़ी संख्या में बीआरसी अधिकारियों का तबादला दुर्लभ माना जा रहा है
बलिया के नगरा में छठ पर्व पर एक ही गांव के चार दोस्तों की मौत, दो कारों की रेस के दौरान कार पेड़ से टकराई
संजीव सिंह बलिया: छठ पर्व की खुशियों के बीच नगरा थाना क्षेत्र के गौवापार गांव में शोक की लहर छा गई है। शनिवार देर रात नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार फॉक्सवैगन वर्टस कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ताड़ के पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक ही गांव के चार युवा दोस्तों की मौत हो गई। हादसा कैसे हुआ पुलिस के अनुसार, गौवापार गांव के अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल शनिवार शाम नगरा बाजार गए थे। रात करीब 9:30 बजे वे कार से घर लौट रहे थे, तभी निछुआडीह मोड़ के पास उनकी कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। आरंभिक सूचना में दो कारों के बीच आगे निकलने की होड़ की बात कही गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पेड़ से टकराने के बाद करीब पांच बार पलटते हुए सड़क से लगभग 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। चारों दोस्तों की मौत हादसे के बाद आसपास के लोगों ने चारों युवकों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। अभिषेक और कुणाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गोलू और धनंजय को बेहतर इलाज के लिए मऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में गोलू ठाकुर (21), कुणाल पासवान (24) और धनंजय पटेल (लगभग 26) गौवापार गांव के रहने वाले हैं, जबकि अभिषेक पटेल (27) बलिया के जमुआवा गांव का निवासी बताया गया है। गांव में मातम एक साथ चार अर्थियां उठने से गौवापार गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि छठ पर्व की तैयारियों के बीच पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के सटीक कारण और दो कारों के बीच रेस की आशंका की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
रसड़ा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के दामाद IAS विशाल सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से जनजातीय शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान में मिला सम्मान
संजीव सिंह बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा के दिवंगत पूर्व विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के दामाद एवं ओडिशा कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी विशाल सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया है। यह सम्मान 12 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ कार्यक्रम के दौरान दिया गया। ईएमआरएस में उत्कृष्ट योगदान विशाल सिंह को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (EMRS) में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्थागत विकास एवं जनजातीय शिक्षा को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे वर्तमान में ओडिशा के क्योंझर जिले के जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट हैं। राष्ट्रीय जनजातीय शिक्षा सोसायटी (NESTS), जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन, ने EMRS के प्रदर्शन के लिए कुंजी प्रदर्शन संकेतक (KPI) ढांचा तैयार किया है। इसी आधार पर देशभर के पांच सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ईएमआरएस चुने गए, जिनमें ओडिशा के क्योंझर जिले का EMRS रांकी भी शामिल रहा। जिलाधिकारी की भूमिका सराही गई क्योंझर के जिलाधिकारी के रूप में विशाल सिंह EMRS के जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं समर्थन को विद्यालय की संस्थागत उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान माना गया। राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने EMRS के मेधावी विद्यार्थियों एवं पूर्व विद्यार्थियों से भी संवाद किया। कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आयोजित किया गया। बलिया के लिए गौरव का क्षण बलिया की रसड़ा विधानसभा से निर्वाचित दिवंगत पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह के परिवार से जुड़े विशाल सिंह की यह उपलब्धि जनपद के लिए गर्व का विषय है। उनके इस राष्ट्रीय सम्मान को स्थानीय समाज एवं शिक्षा-प्रशासन के लोगों ने भी बलिया की प्रतिभा और सेवा भावना की पहचान बताया है।
छठ पूजा पर 16 नवंबर को बलिया में स्थानीय अवकाश की मांग, महिला शिक्षक संघ ने DM-BSA को सौंपा ज्ञापन
संजीव सिंह बलिया। छठ पूजा के पावन अवसर पर 16 नवंबर को जनपद बलिया में स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर महिला शिक्षक संघ, बलिया ने जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संघ की अध्यक्ष श्रीमती किरण भारती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से जनपद के शिक्षण संस्थानों में छठ पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश प्रदान करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि छठ पर्व की महत्ता और जनपद में इसके व्यापक आयोजन को देखते हुए 16 नवंबर को अवकाश दिया जाना उचित होगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष किरण भारती के साथ जिला महामंत्री प्रियंका सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुमन चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी शर्मीला सिंह, दुबहड़ अध्यक्ष विजेता सिंह, मनियर अध्यक्ष अंजू सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन पर उचित एवं सहानुभूतिपूर्ण निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
विकास भवन में डीएम का औचक निरीक्षण, पेंशन के लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
संजीव सिंह बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति की स्थिति भी जांची। पेंशन मामलों पर सख्त निर्देश जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि पेंशन से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनधारकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि पेंशन मामलों में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। कर्मचारियों को दिए निर्देश जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने तथा पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीआरओ गुलशन, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संदर्भ पेंशन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जिला प्रशासन पहले से भी सक्रिय है। जिलाधिकारी ने हाल ही में रुकी पेंशन या अभिलेखों में तकनीकी त्रुटि से प्रभावित लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय जाकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की थी।
छठ पूजा: आस्था, अनुशासन और सूर्य उपासना का महापर्व प्रकृति, परिवार और भारतीय संस्कृति का उत्सव
संजीव सिंह बलिया/नई दिल्ली: भारत के सबसे आस्थापूर्ण लोकपर्वों में से एक छठ पूजा आज पूरे देश और विदेशों में भक्ति, अनुशासन तथा प्रकृति-प्रेम के संदेश के साथ मनाया जा रहा है। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह चार दिवसीय महापर्व बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान है। सूर्य और छठी मैया की उपासना छठ पूजा सूर्य देव तथा छठी मैया, जिन्हें वैदिक परंपरा में उषा के रूप में भी देखा जाता है, की उपासना का पर्व है। यह उन विरले पर्वों में से है जिसमें डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है। इस पर्व में भव्य कर्मकांड, पुरोहित या मूर्ति-पूजा पर ज्यादा बल नहीं होता। स्वच्छ घाट, बाँस का सूप, ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और व्रती का संकल्प ही इसकी मुख्य आधारशिला हैं। सूर्य को जीवन, स्वास्थ्य और ऊर्जा देने वाला देवता माना जाता है। चार दिन की अनुष्ठान यात्रा छठ पूजा चार दिनों तक चलती है और प्रत्येक दिन का अपना धार्मिक तथा सामाजिक महत्व है। नहाय-खाय में व्रती पवित्र जल में स्नान करता है और घर की शुद्धि के साथ कद्दू, चने की दाल तथा अरवा चावल का भोजन करता है। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का कठोर निर्जला व्रत शुरू हो जाता है, जो आस्था, संयम और तप का परिचायक है। ठेकुआ: भक्ति की मिठास छठ की पहचान गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बने ठेकुए से है। व्रती इसे अपने हाथों से बनाता है और इसे छठी मैया तथा सूर्य देव को अर्पित करने के बाद ही प्रसाद रूप में वितरित किया जाता है। सूप में ठेकुए के अलावा कसार, लड्डू, सेब, केला, नारियल, सिंघाड़ा और गन्ना भी सजाए जाते हैं। घाट पर दीपक, लोकगीत और परिवार की सामूहिक भागीदारी इस पर्व को एक जीवंत लोक-उत्सव बना देती है। समानता और सामाजिक समरसता छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। घाट पर जाति, वर्ग या आर्थिक स्थिति का भेद नहीं रहता; सभी व्रती एक साथ सूर्य को अर्घ्य देते हैं। घाट की सफाई, प्रसाद तैयार करना, सूप सजाना और व्यवस्था में परिवार, पड़ोसी तथा समाज के लोग मिलकर भाग लेते हैं। यह पर्व सहयोग, साझा संस्कृति और परस्पर भाईचारे का संदेश देता है। पर्यावरण और प्रकृति का संदेश छठ में बाँस, पत्ते, मिट्टी के बर्तन और प्राकृतिक सामग्री का प्रयोग पर्यावरण-संरक्षण की भावना को दर्शाता है। नदी या तालाब की सफाई तथा सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति श्रद्धा इस पर्व के मूल संदेश हैं। विशेषज्ञों के अनुसार सूर्योदय और सूर्यास्त के समय अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के चक्र से जुड़ी है, जबकि व्रत और अनुशासन मन तथा शरीर को अनुशासित रखने का माध्यम माने जाते हैं। बिहार से विश्व तक पहले मुख्यतः बिहार और पूर्वांचल तक सीमित रहा छठ आज दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, गुजरात और पंजाब सहित अनेक राज्यों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। प्रवासी भारतीयों के साथ यह पर्व अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और दुबई जैसे देशों में भी पहुँच चुका है। विदेश में रह रहे लोगों के लिए छठ अपने गाँव, घाट, परिवार और मातृभूमि से जुड़ने का माध्यम बन गया है। घाटों पर सजते सूप, गूँजते लोकगीत और प्रसाद की मिठास इसे एक विश्वस्तरीय सांस्कृतिक उत्सव बनाते हैं। लोकगीतों में जीवंत परंपरा “केलवा जे फरेला घवद से” जैसे लोकगीत छठ की भावनात्मक पहचान हैं। शारदा सिन्हा और मैथिली ठाकुर जैसे कलाकारों ने इन गीतों को घर-घर तक पहुँचाया, जिससे यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रही है। ये गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि छठी मैया, सूर्य देव, परिवार और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का संवाहक हैं। घाटों पर गूँजते ये स्वर छठ की लोक-आत्मा को दर्शाते हैं। निष्कर्ष छठ पूजा आस्था, त्याग, अनुशासन, समानता और प्रकृति-प्रेम का अद्भुत संगम है। यह हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति दिखावे में नहीं, बल्कि संकल्प, शुद्धता और समाज के प्रति समर्पण में निहित है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में छठ हमें अपनी जड़ों, परिवार और संस्कृति से जोड़ता है। यही कारण है कि कहा जाता है—“छठ है तो बिहार है, और छठ है तो हमारी संस्कृति जिंदा है।” — कलम से समरजीत सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, समाजशास्त्र विभाग, देवेंद्र पीजी कॉलेज, बेल्थरा रोड, बलिया
नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव के प्रथम बलिया के नगराआगमन पर होगा भव्य स्वागत

संजीव सिंह बलिया। वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य श्री लाल बिहारी यादव चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद पहली बार 13 नवंबर को दिन में 11 बजे बलिया जनपद पहुंच रहे हैं। उनके प्रथम जनपद आगमन पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा नगरा स्थित शहनाई पैलेस में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
उक्त जानकारी समाजवादी पार्टी बलिया के जिला उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने प्रेस को दी। उन्होंने कहा कि श्री लाल बिहारी यादव की जीत शिक्षकों के संघर्ष, विश्वास और समाजवादी विचारधारा की जीत है। उनके प्रथम बलिया आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
श्री पाण्डेय ने समाजवादी पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नगरा स्थित शहनाई पैलेस पहुंचकर नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन करें।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण लिए रसड़ा में प्रगणक-पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का अंतिम बैच, जनसंख्या गणना की तैयारी तेज
संजीव सिंह रसड़ा बलिया। भारत की आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना को त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए तहसील रसड़ा में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल, सिसवार कला, रसड़ा-बलिया में पांच बैचों में संचालित हुआ।प्रथम बैच - 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक एवं द्वितीय बैच- 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक तृतीय बैच - 02 से 04 नवम्बर 2026 तक एवं चतुर्थ बैच- 5- से 7 नवम्बर 2026 तक और अंतिम बैच 10 से 12 नवंबर 2026 तक चलेगा जिसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन होगा प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित निर्धारित जानकारी एकत्र करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनगणना में कोई भी व्यक्ति या परिवार छूटे नहीं। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को गणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन, जानकारी की जांच-पुष्टि तथा पर्यवेक्षकों द्वारा निगरानी से जुड़े बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनगणना-2027 में डेटा की सटीकता और संगति सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल ऐप में जांच एवं पुष्टि की व्यवस्था शामिल की गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशिक्षण हेतु स्थान कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल, सिसवार कला, रसड़ा-बलिया रखा गया। हैं! कार्यक्रम तहसील रसड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया, जबकि जिला स्तर पर बलिया के जनगणना अधिकारियों का समन्वय रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को गणना क्षेत्र, परिवार सूची, जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के प्रयोग, त्रुटियों से बचाव तथा नागरिकों से सही जानकारी संकलन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। पर्यवेक्षकों को क्षेत्रीय निगरानी, गुणवत्ता जांच और प्रगणकों के कार्य की समीक्षा के लिए तैयार किया गया। अधिकारियों की भूमिका प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार राहुल सिंह, उप जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह (PCS), अपर जिला अधिकारी (वि0/रा0) एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार (PCS), मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी आलोक कुमार (IAS) तथा जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह (IAS) का समन्वय रहा। जनगणना-2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या गणना है, जिसमें परिवारों के सभी सदस्यों की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक, प्रवासन एवं प्रजनन संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी। उपस्थित गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर जनगणना कार्यक्रम अधिकारी हलचल चौधरी, जनगणना प्रशिक्षक माधवेंद्र प्रताप सिंह, अनुराग तिवारी, अमित सिंह, महिला जिला शिक्षक संघ से रंजना पांडेय, अभिषेक सिंह , अनुज सिंह,ओमप्रकाश, पुष्पेंद्र सिंह , हरेंद्र यादव,राकेश पांडेय,अवधेश सिंह,अखिलेश्वर शुक्ल,रामकृष्ण मौर्य,तहसील  ऑपरेटर सरदार समेत अनेक सम्मानित शिक्षक, शिक्षिका एवं शिक्षा मित्र उपस्थित रहे। नागरिकों से अपील प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सहयोग करें और अपने परिवार की सही जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना का मुख्य ध्येय वाक्य—“हर व्यक्ति, हर परिवार, छूटे न कोई”—इस अभियान की भावना को दर्शाता है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरतों के आकलन तथा नीति-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। “आइए निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी।” बदलता बलिया—संवरता बलिया।
दीपावली पर परिवार साथ सीएम योगी से मिले केयान ग्रुप के एमडी विनय कुमार सिंह, गीडा में डिस्टलरी और मेगा प्रोजेक्ट की प्रगति पर हुई चर्चा
संजीव सिंह बलिया!गोरखपुर: दीपावली के शुभ अवसर पर केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) तथा श्रेयस ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन विनय कुमार सिंह ने अपनी पत्नी दीप्ति सिंह और पुत्र श्रेयस सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लिया। परियोजनाओं की समीक्षा मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में बन रही केयान डिस्टलरी तथा धुरियापार स्थित ‘अल्ट्रा सुपर मेगा प्रोजेक्ट’ की प्रगति की जानकारी ली। विनय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि डिस्टलरी का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए उद्यमियों को प्रेरित किया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। गीडा क्षेत्र में केयान डिस्टलरीज की अनाज-आधारित इथेनॉल परियोजना को राज्य सरकार ने प्रमुख निवेश परियोजनाओं में शामिल किया है। केयान डिस्टलरी की उपलब्धि केयान डिस्टलरीज की गीडा सेक्टर-26 स्थित अनाज-आधारित डिस्टलरी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अप्रैल 2025 में किया था। यह संयंत्र प्रतिदिन 3.5 लाख लीटर इथेनॉल का उत्पादन करने की क्षमता रखता है, जिसे 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकता है। लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में सीधे लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी इतने ही लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। संयंत्र धान, मक्का सहित अन्य अनाजों का उपयोग कर इथेनॉल का उत्पादन करता है। विनय कुमार सिंह का उद्यम विनय कुमार सिंह श्रेयस ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं। उनके नेतृत्व में समूह ने चावल प्रसंस्करण एवं निर्यात, ग्रीन एनर्जी, बायोफ्यूल तथा इथेनॉल क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उनकी कंपनी केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड में वे निदेशक हैं और उनका डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर (डीआईएन) 06801765 है। श्रेयस सॉर्टेक्स इंडस्ट्रीज, बलिया में आधुनिक तकनीक से प्रीमियम बासमती और गैर-बासमती चावल का प्रसंस्करण होता है। कंपनी अपने प्रमुख ब्रांड ‘सुहेला’ के माध्यम से 40 से अधिक देशों में निर्यात करती है। सतत विकास पर जोर विनय कुमार सिंह को उद्योग में ‘जीरो लिक्विड डिस्चार्ज’ तकनीक और ऑटोमेशन को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। उनका समूह नवीकरणीय ऊर्जा, बायोफ्यूल और इथेनॉल उत्पादन के साथ-साथ स्टील, एविएशन तथा इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में भी विस्तार की योजना बना रहा है। केयान डिस्टलरीज की परियोजना को किसानों की आय बढ़ाने, ईंधन आयात पर निर्भरता घटाने और सतत एविएशन फ्यूल जैसे उन्नत ग्रीन फ्यूल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
दीपों की रोशनी से जगमगाया प्राथमिक विद्यालय मुसहर बस्ती उरैनी, बच्चों के साथ प्रधानाध्यापक ने मनाई दीपावली
संजीव सिंह नगरा (बलिया)। प्रकाश एवं खुशियों के महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्राथमिक विद्यालय मुसहर बस्ती उरैनी, नगरा, बलिया में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ दीपावली का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजीव नयन पांडेय ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर को दीपों एवं रोशनी से सजाया गया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सुख, समृद्धि, ज्ञान एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधानाध्यापक राजीव नयन पांडेय ने बच्चों को दीपावली के पर्व का महत्व बताते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भावना एवं स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का भी माध्यम हैं।विद्यालय परिवार की यह पहल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी बिखेरने वाली रही। संदेश: आइए, इस दीपावली हम सभी संकल्प लें कि शिक्षा का दीप हर घर तक पहुंचे, हर बच्चे के जीवन में ज्ञान का उजाला हो और समाज का कोई भी बच्चा खुशियों एवं शिक्षा से वंचित न रहे।