उत्तर प्रदेश में 16 आईएएस अफसरों का तबादला, कई जिलों के जिलाधिकारी बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने सोमवार शाम को 16 आईएएस अफसरों का स्थानंतरण किया है। इनमें कई जिलों के जिलाधिकारी और दो मंडलायुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा चार पीसीएस अफसरों का भी तबादला हुआ है।
तबादले के क्रम में कानपुर के मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन काे वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वाराणसी के मंडलायुक्त एस.राजलिंगम को इसी पद पर कानपुर भेजा गया है। दोनों अफसरों की अदला-बदली की गई है। वहीं, रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। डॉ. बलकार सिंह को मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण से हटाकर ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी तरह अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया है। भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव, रमेश रंजन को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद लखनऊ से गोंडा जिले का नया जिलाधिकारी बनाया है। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास के पद पर भेजा गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी मिली है। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया है। इससे पहले वह विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात थे।
श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार और शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का पदभार सौंपा गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है।
चार पीसीएस अधिकारियों का ट्रांसफर
शासन ने चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में रेणुका दीक्षित को इटावा के उपजिलाधिकारी पद से हटाकर शामली का उपजिलाधिकारी बनाया है। डा. विश्व भूषण को उपसचिव उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से संयुक्त निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय, आगरा के उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक को उपजिलाधिकारी प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। वहीं, सौम्य मिश्रा को स्थानांतरणाधीन उपजिलाधिकारी से प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी पद से हटाकर आगरा का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि शासन ने इससे पहले चार आईएएस, 55 पीसीएस के अलावा बड़े पैमाने में नायब तहसीलदारों के तबादले किये गए थे। आने वाले दिनों में भी कुछ और तबादले देखने को मिल सकते हैं। यह स्थानांतरण आगामी विधानसभा चुनाव को मद्देनजर अधिकारियाें की तैनाती अवधि देखते हुए हो रहे हैं।
लखनऊ। योगी सरकार परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ शिक्षण कार्य में योगदान दे रहे अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय भुगतान को लेकर प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय के लिए 41 करोड़ 3 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि का आवंटन किया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कार्यरत कुल 24,141 अंशकालिक अनुदेशकों को मानदेय भुगतान किया जाएगा।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा मोनिका रानी की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। आवंटित धनराशि का उपयोग निर्धारित वित्तीय नियमों एवं शर्तों के अनुसार करते हुए संबंधित अनुदेशकों को मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
तीन श्रेणियों के 24,141 अनुदेशकों को मिलेगा मानदेय
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें कला शिक्षा के 8,414, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के 9,574 तथा कार्यानुभव शिक्षा के 6,153 अनुदेशक शामिल हैं। इस प्रकार तीनों श्रेणियों में कुल 24,141 अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय के लिए बजट निर्धारित किया गया है।
जनपदवार निर्धारित किया गया बजट
जारी विवरण में सभी 75 जनपदों- कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों की श्रेणीवार संख्या और उनके नवंबर माह के मानदेय के लिए निर्धारित धनराशि का उल्लेख किया गया है। इसमें आगरा, अलीगढ़, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी सहित सभी जनपद शामिल हैं। जनपदवार कार्यरत अनुदेशकों की संख्या के आधार पर मानदेय की धनराशि निर्धारित की गई है।
वित्तीय नियमों के अनुरूप होगा भुगतान
आवंटित धनराशि का व्यय वित्तीय नियमों तथा ‘फाइनेंशियल मैनेजमेंट एंड प्रोक्योरमेंट 2024’ के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। संबंधित बिल एवं वाउचर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विवरण और अभिलेख निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने होंगे। जिस मद में धनराशि आवंटित की गई है, उसी मद में उसका उपयोग किया जाएगा। धनराशि का किसी अन्य मद में स्थानांतरण अथवा निर्धारित आवंटन से अधिक व्यय अनुमन्य नहीं होगा।
दोहरा भुगतान होने पर संबंधित अधिकारी की होगी जिम्मेदारी
निर्देशों के अनुसार किसी भी स्थिति में दोहरे भुगतान की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी इसकी जिम्मेदारी वहन करेंगे। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश को भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी कराने और इसकी प्रगति से राज्य परियोजना कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के ईनामी दो बदमाश घायल
औरैया : ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर बिगड़ी बात, बिना शादी किए बारात लेकर लौटा दूल्हा
-दुल्हन की मां ने सोने की चेन और 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का लगाया आरोप
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार सात फेरों से पहले ही दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया।
कस्बे के इस्लाम नगर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री प्रीति उर्फ पारुल (22) की शादी भीखेपुर के लक्ष्मण की मड़ैया निवासी स्व. पुत्तू के पुत्र विकास (24) के साथ तय हुई थी। 15 नवंबर को बाबरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवधाम गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
दुल्हन की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी 28 अक्टूबर 2026 को ककोर मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विकास के साथ संपन्न हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 14 नवंबर को लगुन और 15 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। लगुन (टीका) में वर पक्ष को ढाई लाख रुपये कीमत की बाइक भी दी गई थी।
Nov 16 2026, 20:19
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k