दरवाज़े पर खड़ी बाइक चोरी,अज्ञात पर रिपोर्ट

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुजगड़ में दरवाज़े पर खड़ी बाइक चोरी होने के मामले पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।
कस्बे के मोहल्ला खत्ता जमाल खां निवासी रामदास पुत्र गुलाब के अनुसार उसका नया मकान नर्मदा रोड पर बना है। 13 नवंबर को सुबह दस बजे उसकी बाइक संख्या यूपी 30 एएफ 4162 नए घर के दरवाज़े पर खड़ी थी।जिसे कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया उसने बाइक को काफ़ी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
     पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने की स्व-गणना, कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी किया प्रतिभाग

*16 से 30 नवम्बर तक स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर से 04 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या गणना।*

         सुलतानपुर, 16 नवम्बर/जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं जनसामान्य की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वयं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस अवसर पर एडीएम (वि0/रा0) श्री राकेश सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रीती जैन, एसडीएम (सदर) श्रीमती गरिमा सोनाकिया सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्व-गणना की प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
        जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित किया जाएगा।
       जिलाधिकारी महोदय ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है।
       उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात प्राप्त होने वाले विशिष्ट स्व-गणना कोड को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे सत्यापन के उपरांत जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण हो सके। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
     
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता, सही एवं सटीक जानकारी तथा प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकेगा।
न्यायालय के आदेश पर शादी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी पर रिपोर्ट

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खानपुर निवासी युवक से उसकी शादी करवाने के नाम पर रूपए की ठगी किये जाने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।
    पीड़ित मुकेश कुमार पुत्र रमेश के अनुसार विवाह करवाने के लिए गांव निवासी रामदास पुत्र सुमेर ने 26 मई को उससे 60000 रूपए लिए और उसका विवाह करवा देने का आश्वासन दिया।उसके बाद विपक्षी ने शाहाबाद के बेझा चौराहे पर उसे बुलाया और एक महिला को दिखाकर कहा कि अब ये तुम्हारी पत्नी के रूप में रहेगी ले जाओ। उक्त महिला उसकी बाइक पर बैठकर कुछ दूर चली और बाथरूम करने के बहाने बाइक रुकवाकर कहीं भाग गई। ज़ब उसने विपक्षी से इस बारे में बताया और अपने रूपए की मांग की तो विपक्षी ने बताया वह चौकीदार है और उसका यही कार्य है। वह अपने गिरोह की महिलाओं को भेजकर इसी तरह की फर्जी शादी करवाता है। उसने घटना की सूचना बेहटा गोकुल पुलिस को दी एसपी को भी लिखित शिकायत भेजी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।
     न्यायालय के आदेश पर बेहटा गोकुल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
स्वजनगणना कार्यक्रम का किया गया शुभारम्भ

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को तहसील सभागार में स्वजनगणना कार्यक्रम का एसडीएम डा अविनाश कुमार द्वारा शुभारम्भ कर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
एसडीएम डा अविनाश कुमार ने उपस्थित अधिवक्ता,कर्मचारी और गणमान्य लोगों को प्रेरित करते हुए कहा सभी स्वगणना में प्रतिभाग कर जनगणना के कार्य को सफल बनाये। जनसंख्या केवल आकड़ा नहीं है, देश के विकास के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गौरव की बात है कि हमें अपनी जनगणना स्वयं करने का अवसर प्राप्त होगा। इसी उद्देश्य से आज यह कार्यशाला भी आयोजित की गयी कि हम पूरी प्रक्रिया को समझ सकें और समझ करके और लोगों को प्रेरित भी कर सके। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि दिनांक 30 नवम्बर तक स्वगणना की अवधि में सभी अपने परिवार एवं उनसे जुड़े हुए विषयों पर पूर्ण जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर दें और डिजिटल माध्यम से जनगणना एवं देश के विकास में सहयोग प्रदान करें।
तहसीलदार कुलवंत सिंह ने स्वगणना में सहयोग हेतु सभी से अपील करते हुए कहा कि स्वगणना का कार्य समय से पूर्ण करें। यह जनगणना हमारे लिए अत्यंत आवश्यक है।
PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव से मची अफरा-तफरी

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई में PNG गैस पाइपलाइन में लीकेज की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में किसी बड़े हादसे को लेकर भय और चिंता देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए। PNG गैस अत्यंत ज्वलनशील होती है, ऐसे में पाइपलाइन में लीकेज की स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता। समय रहते रिसाव पर काबू पाना और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है।
घटना के बाद लोगों ने संबंधित गैस कंपनी और जिम्मेदार विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की जांच कराने तथा लीकेज को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत जताई है।
फिलहाल गैस रिसाव के कारणों, प्रभावित क्षेत्र और संबंधित विभाग की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।
अनिल कुमार सिंह होंगे भदोही के नए डीएम:शैलेश कुमार का चंदौली तबादला, 20 महीने का था कार्यकाल





रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार शाम 5 बजे आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इसके तहत भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार का तबादला चंदौली कर दिया गया है। उनकी जगह लखनऊ में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक बैंकिंग सहकारी समितियां के पद पर तैनात 2017 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।



अप्रैल 2025 में संभाली थी जिम्मेदारी


शैलेश कुमार ने अपने 2025 में भदोही के जिलाधिकारी का पदभार संभाला था। वह करीब 20 महीने तक इस पद पर रहे। 15 नवंबर को जारी तबादला सूची में उन्हें चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर किसान यूनियन ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी की अध्यक्षता में सोमवार को डाक बंगले पर संगठन के पदाधिकारियों ने एक पंचायत का आयोजन किया। किसान यूनियन ने गन्ना मूल्य वृद्धि सहित कई मांगो को लेकर प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री और मुख्य मंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा।
      सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी श्री धर त्रिपाठी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम डा अविनाश कुमार को ज्ञापन देकर गन्ने के मूल्य 600/-रू0 प्रति कुन्तल करने,आपदा से किसानो की फसले नष्ट होने की भरपाई व मुआवजा देने और प्रदेश के किसानो का कर्ज माफ किया जाए।प्रदेश में प्राइवेट दुकानो पर डी०एपी खाद व यूरिया खाद दाम निर्धारित किये जाएं।अन्ना पशुओ व बंदरो द्वारा फसलो के नुकसान को बचाने हेतु जानवरो पकडवाया जाए।नगर पालिका शाहाबाद का कुडा सडक किनारे से हटाकर सुरक्षित जगह पर डालने की मांग की गयी।
      इस अवसर पर किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
फाइलेरिया के खिलाफ 19 नवंबर से महाअभियान
घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, पात्र लोगों को सामने खिलाई जाएगी मुफ्त दवा


Sb न्यूड ब्यूरो रितेश मिश्रा
बेनीगंज हरदोई य
फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग आगामी 19 नवंबर से विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां के अंतर्गत 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक सामूहिक औषधि सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा।
सीएचसी कोथावां के अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र के प्रत्येक गांव और घर तक स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित टीमें पहुंचेंगी। टीमों द्वारा पात्र लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की निर्धारित दवाएं निशुल्क अपने सामने खिलाई जाएंगी, ताकि दवा का शत-प्रतिशत सेवन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बुधवार, शनिवार और रविवार को छोड़कर अन्य सभी दिनों में घर-घर जाकर दवा खिलाने का कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को दवा का सेवन कराकर फाइलेरिया संक्रमण की रोकथाम करना और क्षेत्र को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाना है।
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय लोगों से अभियान में सहयोग करने तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाने वाली निर्धारित दवाओं का सेवन करने की अपील की है।
चाय विक्रेता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने साथी पर लगाया शराब पिलाकर हत्या का आरोप
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई कोतवाली कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा सुठेना के ग्राम तकिया निवासी चाय विक्रेता युवक की संदिग्ध अवस्था में इलाज के दौरान जिला अस्पताल में निधन हो गया। परिजनों ने एक साथी पर शराब पिलाकर हत्या का आरोप लगाया।

           कोतवाली कछौना के ग्राम सुठेना के ग्राम तकिया के सियाराम सक्सेना का 34 वर्षीय लड़का प्रमोद सक्सेना गाजू मार्ग पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। जिसकी शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे कछौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात युवक का निधन हो गया। मृतक की पत्नी ने पूरे मामले की सूचना कछौना पुलिस को दी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। मृतक के तीन बच्चे हैं। इस घटना से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है मृतक शराब का आदी था। कछौना पुलिस ने बताया पूरे मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट व साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
यूपी में कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 45.44 करोड़ रुपये मंजूर, तिलहन उत्पादन से लेकर डिजिटल खेती तक पर होगा खर्च
- मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का होगा आधुनिकीकरण, 16 जिलों में नहीं बल्कि जनपद स्तरीय लैब में लगेंगे 16 एएएस और 16 नाइट्रोजन एनालाइजर

लखनऊ, 16 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों के कल्याण और कृषि अवसंरचना के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए करीब 45.44 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि से तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने, डिजिटल कृषि व्यवस्था विकसित करने, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और फसल विविधीकरण कार्यक्रमों को गति दी जाएगी।
प्रदेश सरकार की ओर से जारी स्वीकृतियों के तहत राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स) के लिए केंद्रांश और राज्यांश मिलाकर 19 करोड़ 56.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस धनराशि का उपयोग प्रदेश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने और खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयासों को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
इसी तरह डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत 7 करोड़ 92.26 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। यह स्वीकृति भारत सरकार की ओर से जारी द्वितीय मदर सैंक्शन के सापेक्ष केंद्र और राज्यांश को मिलाकर प्रदान की गई है। इससे प्रदेश में कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और कृषि व्यवस्था को आधुनिक बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
- मृदा परीक्षण सुविधाओं का होगा आधुनिकीकरण
किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता और पोषक तत्वों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम के लिए भी अलग-अलग मदों में धनराशि स्वीकृत की गई है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत इन कार्यक्रमों के लिए 7 करोड़ 36.67 लाख, 1 करोड़ 60 लाख, 2 करोड़ 35 लाख और 6.66 लाख रुपये की स्वीकृतियां दी गई हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद स्तरीय मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए 6 करोड़ 40 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत सूक्ष्म पोषक तत्वों के त्वरित विश्लेषण के लिए प्रयोगशालाओं में 16 एटॉमिक एब्जॉर्प्शन स्पेक्ट्रोमीटर (AAS) और 16 नाइट्रोजन एनालाइजर की स्थापना से संबंधित कार्य कराए जाएंगे। इससे मिट्टी की जांच की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
- फसल विविधीकरण को भी मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार ने आरएडीएल (RADL) योजना के तहत केंद्रांश और राज्यांश मिलाकर 11.67 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के किसानों के लिए क्रॉप डायवर्सीफिकेशन प्रोग्राम को आगे बढ़ाने के लिए 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इन वित्तीय स्वीकृतियों के जरिए प्रदेश में कृषि क्षेत्र को तकनीक आधारित बनाने, मिट्टी की सेहत सुधारने, तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।