PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव से मची अफरा-तफरी

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई में PNG गैस पाइपलाइन में लीकेज की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में किसी बड़े हादसे को लेकर भय और चिंता देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए। PNG गैस अत्यंत ज्वलनशील होती है, ऐसे में पाइपलाइन में लीकेज की स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता। समय रहते रिसाव पर काबू पाना और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है।
घटना के बाद लोगों ने संबंधित गैस कंपनी और जिम्मेदार विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की जांच कराने तथा लीकेज को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत जताई है।
फिलहाल गैस रिसाव के कारणों, प्रभावित क्षेत्र और संबंधित विभाग की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।
अनिल कुमार सिंह होंगे भदोही के नए डीएम:शैलेश कुमार का चंदौली तबादला, 20 महीने का था कार्यकाल





रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार शाम 5 बजे आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इसके तहत भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार का तबादला चंदौली कर दिया गया है। उनकी जगह लखनऊ में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक बैंकिंग सहकारी समितियां के पद पर तैनात 2017 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।



अप्रैल 2025 में संभाली थी जिम्मेदारी


शैलेश कुमार ने अपने 2025 में भदोही के जिलाधिकारी का पदभार संभाला था। वह करीब 20 महीने तक इस पद पर रहे। 15 नवंबर को जारी तबादला सूची में उन्हें चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर किसान यूनियन ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी की अध्यक्षता में सोमवार को डाक बंगले पर संगठन के पदाधिकारियों ने एक पंचायत का आयोजन किया। किसान यूनियन ने गन्ना मूल्य वृद्धि सहित कई मांगो को लेकर प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री और मुख्य मंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा।
      सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी श्री धर त्रिपाठी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम डा अविनाश कुमार को ज्ञापन देकर गन्ने के मूल्य 600/-रू0 प्रति कुन्तल करने,आपदा से किसानो की फसले नष्ट होने की भरपाई व मुआवजा देने और प्रदेश के किसानो का कर्ज माफ किया जाए।प्रदेश में प्राइवेट दुकानो पर डी०एपी खाद व यूरिया खाद दाम निर्धारित किये जाएं।अन्ना पशुओ व बंदरो द्वारा फसलो के नुकसान को बचाने हेतु जानवरो पकडवाया जाए।नगर पालिका शाहाबाद का कुडा सडक किनारे से हटाकर सुरक्षित जगह पर डालने की मांग की गयी।
      इस अवसर पर किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
फाइलेरिया के खिलाफ 19 नवंबर से महाअभियान
घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, पात्र लोगों को सामने खिलाई जाएगी मुफ्त दवा


Sb न्यूड ब्यूरो रितेश मिश्रा
बेनीगंज हरदोई य
फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग आगामी 19 नवंबर से विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां के अंतर्गत 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक सामूहिक औषधि सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा।
सीएचसी कोथावां के अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र के प्रत्येक गांव और घर तक स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित टीमें पहुंचेंगी। टीमों द्वारा पात्र लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की निर्धारित दवाएं निशुल्क अपने सामने खिलाई जाएंगी, ताकि दवा का शत-प्रतिशत सेवन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बुधवार, शनिवार और रविवार को छोड़कर अन्य सभी दिनों में घर-घर जाकर दवा खिलाने का कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को दवा का सेवन कराकर फाइलेरिया संक्रमण की रोकथाम करना और क्षेत्र को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाना है।
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय लोगों से अभियान में सहयोग करने तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाने वाली निर्धारित दवाओं का सेवन करने की अपील की है।
चाय विक्रेता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने साथी पर लगाया शराब पिलाकर हत्या का आरोप
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई कोतवाली कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा सुठेना के ग्राम तकिया निवासी चाय विक्रेता युवक की संदिग्ध अवस्था में इलाज के दौरान जिला अस्पताल में निधन हो गया। परिजनों ने एक साथी पर शराब पिलाकर हत्या का आरोप लगाया।

           कोतवाली कछौना के ग्राम सुठेना के ग्राम तकिया के सियाराम सक्सेना का 34 वर्षीय लड़का प्रमोद सक्सेना गाजू मार्ग पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। जिसकी शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे कछौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात युवक का निधन हो गया। मृतक की पत्नी ने पूरे मामले की सूचना कछौना पुलिस को दी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। मृतक के तीन बच्चे हैं। इस घटना से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है मृतक शराब का आदी था। कछौना पुलिस ने बताया पूरे मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट व साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
यूपी में कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 45.44 करोड़ रुपये मंजूर, तिलहन उत्पादन से लेकर डिजिटल खेती तक पर होगा खर्च
- मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का होगा आधुनिकीकरण, 16 जिलों में नहीं बल्कि जनपद स्तरीय लैब में लगेंगे 16 एएएस और 16 नाइट्रोजन एनालाइजर

लखनऊ, 16 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों के कल्याण और कृषि अवसंरचना के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए करीब 45.44 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि से तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने, डिजिटल कृषि व्यवस्था विकसित करने, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और फसल विविधीकरण कार्यक्रमों को गति दी जाएगी।
प्रदेश सरकार की ओर से जारी स्वीकृतियों के तहत राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स) के लिए केंद्रांश और राज्यांश मिलाकर 19 करोड़ 56.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस धनराशि का उपयोग प्रदेश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने और खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयासों को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
इसी तरह डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत 7 करोड़ 92.26 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। यह स्वीकृति भारत सरकार की ओर से जारी द्वितीय मदर सैंक्शन के सापेक्ष केंद्र और राज्यांश को मिलाकर प्रदान की गई है। इससे प्रदेश में कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और कृषि व्यवस्था को आधुनिक बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
- मृदा परीक्षण सुविधाओं का होगा आधुनिकीकरण
किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता और पोषक तत्वों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम के लिए भी अलग-अलग मदों में धनराशि स्वीकृत की गई है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत इन कार्यक्रमों के लिए 7 करोड़ 36.67 लाख, 1 करोड़ 60 लाख, 2 करोड़ 35 लाख और 6.66 लाख रुपये की स्वीकृतियां दी गई हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद स्तरीय मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए 6 करोड़ 40 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत सूक्ष्म पोषक तत्वों के त्वरित विश्लेषण के लिए प्रयोगशालाओं में 16 एटॉमिक एब्जॉर्प्शन स्पेक्ट्रोमीटर (AAS) और 16 नाइट्रोजन एनालाइजर की स्थापना से संबंधित कार्य कराए जाएंगे। इससे मिट्टी की जांच की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
- फसल विविधीकरण को भी मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार ने आरएडीएल (RADL) योजना के तहत केंद्रांश और राज्यांश मिलाकर 11.67 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के किसानों के लिए क्रॉप डायवर्सीफिकेशन प्रोग्राम को आगे बढ़ाने के लिए 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इन वित्तीय स्वीकृतियों के जरिए प्रदेश में कृषि क्षेत्र को तकनीक आधारित बनाने, मिट्टी की सेहत सुधारने, तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार सुनील यादव की माता की पुण्यतिथि पर लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

प्रतापगढ़। वरिष्ठ पत्रकार एवं आजतक और जी न्यूज के जिला संवाददाता सुनील यादव की माता स्वर्गीय श्रीमती महारानी देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिचितों, शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर स्वर्गीय महारानी देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में दोपहर से ही लोगों के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी रहा। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने सुनील यादव और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। लोगों ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
पुण्यतिथि के अवसर पर सुनील यादव के परिजनों की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें शामिल होकर लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
प्रदेश के 24,141 अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय को 41 करोड़ से रुपये से अधिक आवंटित
- कला शिक्षा, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा तथा कार्यानुभव शिक्षा के अनुदेशकों को मिलेगा समयबद्ध मानदेय

लखनऊ। योगी सरकार परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ शिक्षण कार्य में योगदान दे रहे अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय भुगतान को लेकर प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय के लिए 41 करोड़ 3 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि का आवंटन किया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कार्यरत कुल 24,141 अंशकालिक अनुदेशकों को मानदेय भुगतान किया जाएगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा मोनिका रानी की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। आवंटित धनराशि का उपयोग निर्धारित वित्तीय नियमों एवं शर्तों के अनुसार करते हुए संबंधित अनुदेशकों को मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

तीन श्रेणियों के 24,141 अनुदेशकों को मिलेगा मानदेय

प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें कला शिक्षा के 8,414, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के 9,574 तथा कार्यानुभव शिक्षा के 6,153 अनुदेशक शामिल हैं। इस प्रकार तीनों श्रेणियों में कुल 24,141 अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय के लिए बजट निर्धारित किया गया है।

जनपदवार निर्धारित किया गया बजट

जारी विवरण में सभी 75 जनपदों- कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों की श्रेणीवार संख्या और उनके नवंबर माह के मानदेय के लिए निर्धारित धनराशि का उल्लेख किया गया है। इसमें आगरा, अलीगढ़, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी सहित सभी जनपद शामिल हैं। जनपदवार कार्यरत अनुदेशकों की संख्या के आधार पर मानदेय की धनराशि निर्धारित की गई है।

वित्तीय नियमों के अनुरूप होगा भुगतान

आवंटित धनराशि का व्यय वित्तीय नियमों तथा ‘फाइनेंशियल मैनेजमेंट एंड प्रोक्योरमेंट 2024’ के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। संबंधित बिल एवं वाउचर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विवरण और अभिलेख निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने होंगे। जिस मद में धनराशि आवंटित की गई है, उसी मद में उसका उपयोग किया जाएगा। धनराशि का किसी अन्य मद में स्थानांतरण अथवा निर्धारित आवंटन से अधिक व्यय अनुमन्य नहीं होगा।

दोहरा भुगतान होने पर संबंधित अधिकारी की होगी जिम्मेदारी

निर्देशों के अनुसार किसी भी स्थिति में दोहरे भुगतान की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी इसकी जिम्मेदारी वहन करेंगे। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश को भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी कराने और इसकी प्रगति से राज्य परियोजना कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश: प्रेम-जाल में फंसाकर प्रेमिका को मारकर कुएं में फेंका! चीखा 'गिर गई', पर पेट से पानी नहीं निकला तो खुला हत्या का राज- पिता बोला PO
*मड़िहान का सनसनीखेज कांड: 15 नवंबर शाम 5.30 बजे घर से 300 मीटर दूर ले जाकर प्रिंस राज उर्फ कोमल ने की वारदात, निमंत्रण से लौटे पिता ने थाने में दी तहरीर

मीरजापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम कानीदरी दाढीराम में इश्क का खौफनाक अंत हुआ है। एक पिता ने अपने ही गांव के मनबढ़ युवक पर अपनी 18 वर्षीय बेटी प्रिया को बहला-फुसलाकर, पैसे का लालच देकर अवैध संबंध बनाने और फिर प्रेम-प्रसंग में हत्या कर लाश को कुएं में फेंक देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़ित पिता लालजी पुत्र स्वर्गीय माता प्रसाद की तहरीर के अनुसार पूरी कहानी कुछ इस प्रकार से है।

जिसमें मृतका प्रिया (18 वर्ष) के पिता ने प्रभारी निरीक्षक मड़िहान को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि गांव का ही प्रिंसराज उर्फ कोमल पुत्र राजकुमार काफी मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है। उसने उनकी पुत्री प्रिया (18 वर्ष) को बहला-फुसलाकर और पैसे का लालच देकर अवैध संबंध बना लिया था।
14 नवंबर 2026 को वह अपनी पत्नी व पुत्र के साथ निमंत्रण में मीरजापुर शहर के ग्राम धनीपट्टी गया था। इसी मौके का फायदा उठाकर रविवार 15 नवंबर 2026 को शाम 5.30 बजे प्रिंसराज उर्फ कोमल ने प्रिया को बहला-फुसलाकर घर से 300 मीटर दूर कुएं के पास ले गया और हत्या कर लाश को कुएं में फेंक दिया।
*---प्रिया को मारकर फिर रचा ड्रामा---*

आरोप है कि लाश को कुएं में फेंकने के बाद आरोपी खुद ही चिल्लाने लगा कि "प्रिया कुएं में गिर गयी है!" हो-हल्ला सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कुएं से लाश को बाहर निकाला है तो देखा गया कि प्रिया की मौत हो चुकी थी।
*परिजनों का सबसे बड़ा सवाल जिसने खोला राज*
परिजनों ने कहा है कि, अगर प्रिया खुद कुएं में गिरी होती तो डूबने से उसके पेट में पानी होता, लेकिन जब लाश निकाली गई तो पेट से पानी नहीं निकला। इससे साफ है कि पिंड छुड़ाने के लिए पहले से मारकर उसे कुएं में गिरा दिया गया है, ताकि इसे गिरने का रुप दिया जा सके। पिता लालजी ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी प्रिंसराज उर्फ कोमल के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं हत्या का FIR दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

*पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कराया गया पोस्टमार्टम*

सोमवार को देर शाम प्रिया का मुख्यालय पर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान जहां भारी तादाद में पीड़ित परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे हैं, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मड़िहान थाना पुलिस फोर्स सहित क्षेत्राधिकारी मड़िहान भी मौके पर डटे रहे हैं। पीड़ित परिवार के लोग बेटी का शव गांव ले जाना चाहते थें वही पुलिस अंतिम दाह संस्कार का दबाव डाल रही थी ऐसा परिजनों का आरोप रहा है। दूसरी ओर मड़िहान थाना प्रभारी का कहना रहा है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुहम्मदाबाद गोहना में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने तमसा नदी स्थित रामघाट एवं राजघाट पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना की।

सोमवार की भोर से ही व्रती महिलाएं छठ माता के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचने लगी थीं। महिलाओं ने कई घंटों तक नदी के जल में खड़े होकर सूर्योदय की प्रतीक्षा की।

भगवान सूर्य के उदय होते ही विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठ माता के गीत गाते हुए श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया और व्रती महिलाएं अपने घरों के लिए रवाना हुईं।

छठ महापर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री स्वयं नगर पंचायत द्वारा बनाए गए कैंप कार्यालय में कई घंटों तक मौजूद रहीं। उन्होंने पर्व की व्यवस्थाओं पर नजर रखी। इस दौरान तमसा नदी के घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरा घाट परिसर दुल्हन की तरह सजा नजर आया।

इस अवसर पर प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पंचायत के कर्मचारी, सभासद, ठेकेदार एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, डायमंड, गुंजन श्रीवास्तव, अजीत जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, राजेश जायसवाल, राधेश्याम वर्मा, अंजनी गुप्ता, अजय गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, द्वारपाल जायसवाल, सूरज सिंह एवं संतोष मल्होत्रा सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

इस प्रकार मुहम्मदाबाद गोहना में छठ महापर्व धार्मिक आस्था, भक्ति और आपसी सौहार्द के वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।