राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर आशीष वर्मा ने पत्रकारों को दी शुभकामनाएं, लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताया
सुल्तानपुर:- राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर *भाजपा जिला उपाध्यक्ष जिला कार्य समिति पिछड़ा मोर्चा, विधानसभा 190 लंभुआ के आशीष वर्मा* ने समस्त पत्रकार बंधुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर *आशीष वर्मा ने कहा कि* पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज का सजग प्रहरी बनकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और शासन-प्रशासन तक आम जनता की आवाज पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। तमाम चुनौतियों के बावजूद पत्रकार साथी सच्चाई और जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। समाज को जागरूक बनाने तथा सकारात्मक बदलाव लाने में पत्रकारिता का योगदान अतुलनीय है।अंत में उन्होंने सभी पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता हमेशा बनी रहे।
फतेहपुर : ट्रक से कुचलकर मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्तों की मौत
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह गडरियन पुरवा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन दाेस्ताें काे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर माैके पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान स्पर्श गौतम, अनुज पाल और विशेष पटेल के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष के करीब है। परिजनों ने बताया कि तीनों दोस्त एक साथ जिम करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर गडरियन पुरवा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी माेटर साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों काे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक सभी की माैत हाे चुकी थी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
तकब्बुर और घमंड इंसान के अखलाक को खत्म कर देता है : मौलाना कमर  हसनैन


Pryagraj  बख्शी बाजार काजी जी की मस्जिद मे  ऐयामी  फ़ातमिया मजलिस आयोजित की गई जिसको दिल्ली से आये मौलाना  कमर हसनैन ने खिताब किया उन्होंने कहा की इस्लाम ने इंसान को विनम्रता, सादगी और अच्छे अखलाक के साथ जिंदगी गुजारने की तालीम देता है। इंसान को कभी भी जमीन पर अकड़कर और घमंड के साथ नहीं चलना चाहिए। अल्लाह तआला ने कुरआन में साफ तौर पर फरमाया है कि इंसान न तो अपनी अकड़ से जमीन को चीर सकता है और न ही अपनी ऊंचाई से पहाड़ों की बुलंदियों तक पहुंच सकता है। ये तमाम बातें अल्लाह के नजदीक सख्त नापसंदीदा हैं।
दिल्ली ईरानी कल्चर से आये मौलाना कमर हसनैन ने बयान के दौरान कहा कि अल्लाह को गुरूर, तकब्बुर, अकड़ और घमंड बिल्कुल पसंद नहीं है। इंसान को अपनी हैसियत और औकात को समझते हुए जिंदगी गुजारनी चाहिए। सूरह लुकमान में भी इसी तरह इंसान को नसीहत दी गई है कि लोगों से अपना चेहरा फेरकर बात न करो और न ही अकड़ के साथ जमीन पर चलो।
उन्होंने कहा कि जब किसी इंसान या मोमिन भाई से मुलाकात हो तो चेहरे पर सख्ती और नाराजगी के बजाय मुस्कुराहट होनी चाहिए। किसी से मुस्कुराकर मिलना अच्छे अखलाक की पहचान है। मुस्कुराने में इंसान की जेब से कुछ खर्च नहीं होता, लेकिन इससे सामने वाला आपके अच्छे व्यवहार और अखलाक का कायल जरूर हो जाता है। इसलिए हर इंसान को घमंड से दूर रहकर मोहब्बत, विनम्रता और अच्छे व्यवहार के साथ दूसरों से पेश आना चाहिए।
औरैया : ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर बिगड़ी बात, बिना शादी किए बारात लेकर लौटा दूल्हा
-दुल्हन की मां ने सोने की चेन और 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का लगाया आरोप

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार सात फेरों से पहले ही दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया।

कस्बे के इस्लाम नगर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री प्रीति उर्फ पारुल (22) की शादी भीखेपुर के लक्ष्मण की मड़ैया निवासी स्व. पुत्तू के पुत्र विकास (24) के साथ तय हुई थी। 15 नवंबर को बाबरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवधाम गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

दुल्हन की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी 28 अक्टूबर 2026 को ककोर मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विकास के साथ संपन्न हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 14 नवंबर को लगुन और 15 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। लगुन (टीका) में वर पक्ष को ढाई लाख रुपये कीमत की बाइक भी दी गई थी।
मऊ: ग्राम सभा अमारी में जल जीवन मिशन की बदहाल स्थिति, पानी की टंकी के आसपास लगा गंदगी और घास का अंबार
मऊ। जनपद मऊ की ग्राम सभा अमारी में जल जीवन मिशन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत अन्य व्यवस्थाएं तो दिखाई दे रही हैं, लेकिन ग्रामवासियों को
पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

वहीं, पानी की टंकी के आसपास घास-फूस और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। टंकी परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित जिम्मेदारों की ओर से नियमित निगरानी नहीं की जा रही है।

अब सवाल यह है कि जल जीवन मिशन के तहत बनी इस व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों को कब तक मिलेगा? आखिर टंकी और परिसर की साफ-सफाई तथा रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है?

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए और टंकी परिसर की साफ-सफाई कराई जाए।
बाराबंकी सड़क हादसे में मां-बेटे की माैत
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास साेमवार काे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

जैदपुर थाना क्षेत्र के पारादीपुर निवासी सर्वेश कुमार वर्मा (37) अपनी मां शर्मावती वर्मा (60) को बाइक से लेकर अवसानेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। रास्ते में भानमऊ चौराहे के पास एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची भानमऊ चौकी पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वृंदावन के होटल में छत्तीसगढ़ की युवती की मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट, युवक पर प्रताड़ना का आरोप
प्रेम मंदिर के सामने होटल में ठहरी थी 24 वर्षीय युवती, रायपुर के युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के कोतवाली वृंदावन क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में साेमवार काे युवती की लाश मिली। युवती मूलत: छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी। तलाशी के दाैरान कमरे से पुलिस काे एक सुसाइड नाेट मिला, जिसमें रायपुर के एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि केशवधाम चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक होटल में छत्तीसगढ़ के रायपुर की 24 वर्षीय पार्वती की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू की। जांच में पता चला है कि युवती 13 नवंबर को अकेले वृंदावन दर्शन करने के लिए पहुँची थी। यहाँ पहुँचने के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से प्रेम मंदिर के सामने स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया था। होटल प्रबंधन ने उसे कमरा नंबर 116 आवंटित किया था। मृतका वृंदावन के विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर रही थी और उसने 16 नवंबर तक होटल में ठहरने की योजना बनाई थी।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, 15 नवंबर की दोपहर के बाद से पार्वती अपने कमरे से बाहर नहीं आई थी। इसी बीच, शाम के समय उसके पिता ने जब कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो युवती की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन का उत्तर न मिलने पर पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद सोमवार सुबह उन्होंने होटल रिसेप्शन पर संपर्क कर कर्मचारियों से कमरा चेक करने का अनुरोध किया। जब होटल स्टाॅफ कमरे के पास पहुँचा और अंदर जाकर देखा तो पार्वती मृत अवस्था में पाई गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुँची और घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की। पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में पार्वती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है।

सीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैधानिक कार्रवाई कर रही है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।-
टावर पर शादी करने वाले प्रेमी युगल गिरफ्तार, जानिए पुलिस ने क्यों की कार्रवाई

जौनपुर में चार घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़े रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, सड़क जाम और मोबाइल नेटवर्क बाधित करने का आरोप

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी करने वाले प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को चालान न्यायालय भेज दिया।

नेहा गौतम अपने प्रेमी अभिजीत गौतम से शादी करने की जिद पर रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। इस मामले के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। वहीं बंधवा-जमालापुर मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहीं। साथ ही मोबाइल नेटवर्क सेवा भी करीब पांच से छह घंटे तक प्रभावित हुई थीं। पुलिस और प्रशासन को दोनों को नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। करीब चार घंटे बाद टावर पर ही दोनों की शादी कराई गई, जिसके बाद युवती नीचे उतरी थी।

क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने परिजन पर दबाव बनाने, आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन को डराने तथा अपने उद्देश्य की पूर्ति और प्रसिद्धि पाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह घटनाक्रम किया था। इस कृत्य से आमजन को परेशानी हुई और सार्वजनिक आवागमन के साथ मोबाइल नेटवर्क सेवा भी बाधित हुईं। इसी के चलते दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को न्यायालय भेज दिया गया है।
Mirzapur: हादसा या हत्या की साजिश? शास्त्री पुल से लापता किशोर का 39 दिन बाद भी सुराग नहीं, पिता ने दोस्तों पर लगाया लाश गायब करने का आरोप

*पीड़ित परिवार का सनसनीखेज खुलासा: बेटे का मोबाइल 63913240XX हादसे के बाद से स्विच ऑफ, न तो लाश मिली न जिंदा बेटा*
*पिता संतोष कुमार का आरोप- दोस्तों ने दुर्घटना की आड़ में हत्या कर लाश गायब की, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

Mirzapur News। क्या शास्त्री पुल पर हुआ वह मोटर हादसा, सच में हादसा था या फिर दोस्तों ने ही हत्या कर लाश को गंगा में गायब कर दिया? ये सवाल पिछले 39 दिनों से एक पिता के कलेजे को चीर रहा है।
मिर्ज़ापुर नगर क्षेत्र के कटरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रुखड़घाट निवासी गरीब पिता संतोष कुमार ने घटना के बाद से लेकर अब तक कई बार शिकायत करते हुए बेटे का पता लगाने की गुहार लगाते हुए थक-हार चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई आशा कि किरण नज़र नहीं आई है जिससे पीड़ित परिवार को बेटे के मिलने की आश अब निराश होने लगी है।
परिजनों के मुताबिक बीते 28 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट में पीड़ित परिवार के लोगों ने आस-पड़ोस के लोगों के साथ प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी को संबोधित दो पन्ने की शिकायती पत्र दी थी, मांग किया था कि उनके बेटे का पता लगाया जाएं कि दुर्घटना के बाद सोनू (19 वर्ष) ना तो मौके पर घायलावस्था में मिला ना ही अभी तक नदी से उसकी लाश बरामद हुई है तो वह गया तो गया कहां? कहीं वह किसी गहरी साजिश का शिकार तो नहीं हुआ है? इन आशंकाओं ने अब इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
*--पिता ने क्या कहा, जो सबसे अहम है--*
सोनू कुमार के दुर्घटना की तिथि 10 अक्टूबर 2026 से अब तक 39 दिन बीत जाने के बाद भी बेटे का शव कहीं से बरामद नहीं किया गया।" संतोष कुमार के मुताबिक सोनू के पास मोबाइल था जो हादसे के बाद से स्विच ऑफ है। ऐसे में पूर्ण आशंका है कि उनके पुत्र सोनू को उसके साथियों द्वारा साजिश व षडयंत्र कर मोटर दुर्घटना की आड़ में हत्या कर लाश को गायब कर दिया गया है।"
पीड़ित पिता का कहना है कि उनके पुत्र का न तो लाश ही मिल रहा है, ना ही कोई सुराग की वह गया तो गया कहां? ऐसी परिस्थिति में थानाध्यक्ष कोतवाली कटरा को उचित आदेश दिया जाना न्यायसंगत होगा। पिता ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात उनका बेटा सोनू देवेन्द्र कुमार उर्फ बउआ के साथ स्कूटी से शास्त्री सेतु पर पहुंचा था कि तभी स्कॉर्पियो संख्या BR24 AR 3731 ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे स्कूटी चला रहा बउआ गंभीर रुप से घायल हो गया था, जबकि उनके बेटे सोनू का कुछ पता नहीं चला कि वह कहा गया जो स्कूटी पर पीछे सवार था। आशंका जताई गई थी कि वह छिटकर गंगा नदी में गिर गया होगा। ऐसा घायल बउआ का कहना रहा है। जबकि दुर्घटना स्थल से दुर्घटना के दौरान स्कूटी से छिटकर गंगा नदी में जा गिरने को लेकर जताईं जा रही आशंकाओं को लोग एक सिरे से नकार रहे हैं कि ऐसा संभव नहीं है।
पीड़ित पिता का कहना है कि गंगा नदी में गिरने की आशंका को देखते हुए वह लोग गोताखोरों की मदद से चुनार तक गंगा नदी के तलहटी को छान चुके हैं। जबकि NDRF सिर्फ औपचारिकता कर चली गई। पिता गरीब है, खुद गंगा में बेटे को नहीं खोज सकता। उसने शास्त्री पुल और टोल प्लाजा के CCTV फुटेज खंगालने और समीर पुत्र खुर्शीद व 3 अज्ञात लोगों से पूछताछ की मांग की है। अब सवाल ये है कि, अगर गंगा में गिरा था तो 34 दिन में लाश तो मिलनी चाहिए थी। और अगर नहीं मिला तो क्या ये हादसा नहीं, हत्या है? आखिरकार संतोष का बेटा गया तो गया कहां, ना तो वह घायलावस्था मिला,ना ही उसका शव? दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पुलिस द्वारा हरसंभव प्रयास करते हुए गंगा नदी में तलाश की जा चुकी है। परिजनों को जिन पर सक है उनसे भी पूछताछ की जा चुकी है, वहीं पीड़ित परिवार के लोग पुलिस की इस दलील को एक सिरे से खा़ारिज करते हुए आरोप लगाते हुए कहते हैं कि यदि पुलिस कड़ाई से घायल साथी और अन्य साथियों से पूछताछ करे तो सोनू का राजफाश हो जाएगा, लेकिन पुलिस गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुर्घटना वाले दिन स्कूटी चला रहा साथी भी अब ठीक हो अपने घर आ चुका है तथा गायब सोनू के अन्य साथी जो घटना वाले दिन से ही गायब चल रहे थे अब वह भी घूम रहे हैं, लेकिन नहीं पता चला है तो सोनू का जो अब भी तलाश किया जा रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके बेटे का मोबाइल 63913240XX हादसे के बाद से स्विच ऑफ है, वहीं न तो लाश मिली न जिंदा बेटा मिला है!
मऊ: ग्राम सभा अमारी में मनरेगा और वृद्धावस्था पेंशन का सोशल ऑडिट करने पहुंची जिला ऑडिट टीम
मऊ। जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में जिला सोशल ऑडिट यूनिट की टीम द्वारा मनरेगा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का ऑडिट किया गया। इसके लिए जिला ऑडिट यूनिट की ओर से गायत्री यादव एवं उनकी टीम के सदस्यों को गांव में भेजा गया।

ऑडिट के दौरान मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों तथा वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित अभिलेखों और लाभार्थियों के विवरण की जांच की गई। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति का सत्यापन करना है।