औरैया : ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर बिगड़ी बात, बिना शादी किए बारात लेकर लौटा दूल्हा
-दुल्हन की मां ने सोने की चेन और 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का लगाया आरोप

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार सात फेरों से पहले ही दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया।

कस्बे के इस्लाम नगर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री प्रीति उर्फ पारुल (22) की शादी भीखेपुर के लक्ष्मण की मड़ैया निवासी स्व. पुत्तू के पुत्र विकास (24) के साथ तय हुई थी। 15 नवंबर को बाबरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवधाम गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

दुल्हन की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी 28 अक्टूबर 2026 को ककोर मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विकास के साथ संपन्न हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 14 नवंबर को लगुन और 15 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। लगुन (टीका) में वर पक्ष को ढाई लाख रुपये कीमत की बाइक भी दी गई थी।
मऊ: ग्राम सभा अमारी में जल जीवन मिशन की बदहाल स्थिति, पानी की टंकी के आसपास लगा गंदगी और घास का अंबार
मऊ। जनपद मऊ की ग्राम सभा अमारी में जल जीवन मिशन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत अन्य व्यवस्थाएं तो दिखाई दे रही हैं, लेकिन ग्रामवासियों को
पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

वहीं, पानी की टंकी के आसपास घास-फूस और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। टंकी परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित जिम्मेदारों की ओर से नियमित निगरानी नहीं की जा रही है।

अब सवाल यह है कि जल जीवन मिशन के तहत बनी इस व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों को कब तक मिलेगा? आखिर टंकी और परिसर की साफ-सफाई तथा रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है?

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए और टंकी परिसर की साफ-सफाई कराई जाए।
बाराबंकी सड़क हादसे में मां-बेटे की माैत
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास साेमवार काे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

जैदपुर थाना क्षेत्र के पारादीपुर निवासी सर्वेश कुमार वर्मा (37) अपनी मां शर्मावती वर्मा (60) को बाइक से लेकर अवसानेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। रास्ते में भानमऊ चौराहे के पास एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची भानमऊ चौकी पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वृंदावन के होटल में छत्तीसगढ़ की युवती की मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट, युवक पर प्रताड़ना का आरोप
प्रेम मंदिर के सामने होटल में ठहरी थी 24 वर्षीय युवती, रायपुर के युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के कोतवाली वृंदावन क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में साेमवार काे युवती की लाश मिली। युवती मूलत: छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी। तलाशी के दाैरान कमरे से पुलिस काे एक सुसाइड नाेट मिला, जिसमें रायपुर के एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि केशवधाम चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक होटल में छत्तीसगढ़ के रायपुर की 24 वर्षीय पार्वती की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू की। जांच में पता चला है कि युवती 13 नवंबर को अकेले वृंदावन दर्शन करने के लिए पहुँची थी। यहाँ पहुँचने के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से प्रेम मंदिर के सामने स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया था। होटल प्रबंधन ने उसे कमरा नंबर 116 आवंटित किया था। मृतका वृंदावन के विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर रही थी और उसने 16 नवंबर तक होटल में ठहरने की योजना बनाई थी।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, 15 नवंबर की दोपहर के बाद से पार्वती अपने कमरे से बाहर नहीं आई थी। इसी बीच, शाम के समय उसके पिता ने जब कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो युवती की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन का उत्तर न मिलने पर पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद सोमवार सुबह उन्होंने होटल रिसेप्शन पर संपर्क कर कर्मचारियों से कमरा चेक करने का अनुरोध किया। जब होटल स्टाॅफ कमरे के पास पहुँचा और अंदर जाकर देखा तो पार्वती मृत अवस्था में पाई गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुँची और घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की। पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में पार्वती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है।

सीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैधानिक कार्रवाई कर रही है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।-
टावर पर शादी करने वाले प्रेमी युगल गिरफ्तार, जानिए पुलिस ने क्यों की कार्रवाई

जौनपुर में चार घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़े रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, सड़क जाम और मोबाइल नेटवर्क बाधित करने का आरोप

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी करने वाले प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को चालान न्यायालय भेज दिया।

नेहा गौतम अपने प्रेमी अभिजीत गौतम से शादी करने की जिद पर रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। इस मामले के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। वहीं बंधवा-जमालापुर मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहीं। साथ ही मोबाइल नेटवर्क सेवा भी करीब पांच से छह घंटे तक प्रभावित हुई थीं। पुलिस और प्रशासन को दोनों को नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। करीब चार घंटे बाद टावर पर ही दोनों की शादी कराई गई, जिसके बाद युवती नीचे उतरी थी।

क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने परिजन पर दबाव बनाने, आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन को डराने तथा अपने उद्देश्य की पूर्ति और प्रसिद्धि पाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह घटनाक्रम किया था। इस कृत्य से आमजन को परेशानी हुई और सार्वजनिक आवागमन के साथ मोबाइल नेटवर्क सेवा भी बाधित हुईं। इसी के चलते दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को न्यायालय भेज दिया गया है।
Mirzapur: हादसा या हत्या की साजिश? शास्त्री पुल से लापता किशोर का 39 दिन बाद भी सुराग नहीं, पिता ने दोस्तों पर लगाया लाश गायब करने का आरोप

*पीड़ित परिवार का सनसनीखेज खुलासा: बेटे का मोबाइल 63913240XX हादसे के बाद से स्विच ऑफ, न तो लाश मिली न जिंदा बेटा*
*पिता संतोष कुमार का आरोप- दोस्तों ने दुर्घटना की आड़ में हत्या कर लाश गायब की, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

Mirzapur News। क्या शास्त्री पुल पर हुआ वह मोटर हादसा, सच में हादसा था या फिर दोस्तों ने ही हत्या कर लाश को गंगा में गायब कर दिया? ये सवाल पिछले 39 दिनों से एक पिता के कलेजे को चीर रहा है।
मिर्ज़ापुर नगर क्षेत्र के कटरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रुखड़घाट निवासी गरीब पिता संतोष कुमार ने घटना के बाद से लेकर अब तक कई बार शिकायत करते हुए बेटे का पता लगाने की गुहार लगाते हुए थक-हार चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई आशा कि किरण नज़र नहीं आई है जिससे पीड़ित परिवार को बेटे के मिलने की आश अब निराश होने लगी है।
परिजनों के मुताबिक बीते 28 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट में पीड़ित परिवार के लोगों ने आस-पड़ोस के लोगों के साथ प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी को संबोधित दो पन्ने की शिकायती पत्र दी थी, मांग किया था कि उनके बेटे का पता लगाया जाएं कि दुर्घटना के बाद सोनू (19 वर्ष) ना तो मौके पर घायलावस्था में मिला ना ही अभी तक नदी से उसकी लाश बरामद हुई है तो वह गया तो गया कहां? कहीं वह किसी गहरी साजिश का शिकार तो नहीं हुआ है? इन आशंकाओं ने अब इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
*--पिता ने क्या कहा, जो सबसे अहम है--*
सोनू कुमार के दुर्घटना की तिथि 10 अक्टूबर 2026 से अब तक 39 दिन बीत जाने के बाद भी बेटे का शव कहीं से बरामद नहीं किया गया।" संतोष कुमार के मुताबिक सोनू के पास मोबाइल था जो हादसे के बाद से स्विच ऑफ है। ऐसे में पूर्ण आशंका है कि उनके पुत्र सोनू को उसके साथियों द्वारा साजिश व षडयंत्र कर मोटर दुर्घटना की आड़ में हत्या कर लाश को गायब कर दिया गया है।"
पीड़ित पिता का कहना है कि उनके पुत्र का न तो लाश ही मिल रहा है, ना ही कोई सुराग की वह गया तो गया कहां? ऐसी परिस्थिति में थानाध्यक्ष कोतवाली कटरा को उचित आदेश दिया जाना न्यायसंगत होगा। पिता ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात उनका बेटा सोनू देवेन्द्र कुमार उर्फ बउआ के साथ स्कूटी से शास्त्री सेतु पर पहुंचा था कि तभी स्कॉर्पियो संख्या BR24 AR 3731 ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे स्कूटी चला रहा बउआ गंभीर रुप से घायल हो गया था, जबकि उनके बेटे सोनू का कुछ पता नहीं चला कि वह कहा गया जो स्कूटी पर पीछे सवार था। आशंका जताई गई थी कि वह छिटकर गंगा नदी में गिर गया होगा। ऐसा घायल बउआ का कहना रहा है। जबकि दुर्घटना स्थल से दुर्घटना के दौरान स्कूटी से छिटकर गंगा नदी में जा गिरने को लेकर जताईं जा रही आशंकाओं को लोग एक सिरे से नकार रहे हैं कि ऐसा संभव नहीं है।
पीड़ित पिता का कहना है कि गंगा नदी में गिरने की आशंका को देखते हुए वह लोग गोताखोरों की मदद से चुनार तक गंगा नदी के तलहटी को छान चुके हैं। जबकि NDRF सिर्फ औपचारिकता कर चली गई। पिता गरीब है, खुद गंगा में बेटे को नहीं खोज सकता। उसने शास्त्री पुल और टोल प्लाजा के CCTV फुटेज खंगालने और समीर पुत्र खुर्शीद व 3 अज्ञात लोगों से पूछताछ की मांग की है। अब सवाल ये है कि, अगर गंगा में गिरा था तो 34 दिन में लाश तो मिलनी चाहिए थी। और अगर नहीं मिला तो क्या ये हादसा नहीं, हत्या है? आखिरकार संतोष का बेटा गया तो गया कहां, ना तो वह घायलावस्था मिला,ना ही उसका शव? दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पुलिस द्वारा हरसंभव प्रयास करते हुए गंगा नदी में तलाश की जा चुकी है। परिजनों को जिन पर सक है उनसे भी पूछताछ की जा चुकी है, वहीं पीड़ित परिवार के लोग पुलिस की इस दलील को एक सिरे से खा़ारिज करते हुए आरोप लगाते हुए कहते हैं कि यदि पुलिस कड़ाई से घायल साथी और अन्य साथियों से पूछताछ करे तो सोनू का राजफाश हो जाएगा, लेकिन पुलिस गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुर्घटना वाले दिन स्कूटी चला रहा साथी भी अब ठीक हो अपने घर आ चुका है तथा गायब सोनू के अन्य साथी जो घटना वाले दिन से ही गायब चल रहे थे अब वह भी घूम रहे हैं, लेकिन नहीं पता चला है तो सोनू का जो अब भी तलाश किया जा रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके बेटे का मोबाइल 63913240XX हादसे के बाद से स्विच ऑफ है, वहीं न तो लाश मिली न जिंदा बेटा मिला है!
मऊ: ग्राम सभा अमारी में मनरेगा और वृद्धावस्था पेंशन का सोशल ऑडिट करने पहुंची जिला ऑडिट टीम
मऊ। जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में जिला सोशल ऑडिट यूनिट की टीम द्वारा मनरेगा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का ऑडिट किया गया। इसके लिए जिला ऑडिट यूनिट की ओर से गायत्री यादव एवं उनकी टीम के सदस्यों को गांव में भेजा गया।

ऑडिट के दौरान मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों तथा वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित अभिलेखों और लाभार्थियों के विवरण की जांच की गई। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति का सत्यापन करना है।
उत्तर प्रदेश में चार आईएएस और 55 पीसीएस अधिकारियों का तबादला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए चार आईएएस और 55 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के तबादले कर दिए। ये स्थानांतरण आगामी विधानसभा चुनाव के मदृेनजर चुनाव आयोग के निर्देश के बाद एक जिले में तीन साल से तैनात अधिकारियों को हटाने के लिये चल रही कार्यवाही के तहत किये गये हैं। इनमें अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और नगर निकायों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।

प्रदेश सरकार ने चार आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें शैलेश कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) फिरोजाबाद बनाया गया है। प्रतिभा सिंह को उपाध्यक्ष, फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण, शत्रोहन वैश्य को विशेष सचिव श्रम और वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अपर आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है।

55 पीसीएस अधिकारियों का तबादला

अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त, चित्रकूट धाम मंडल से अपर आयुक्त, सहारनपुर मंडल बनाया गया है। विवेक कुमार मिश्रा को सचिव, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से सचिव वाराणसी विकास प्राधिकरण, सुशील प्रताप सिंह को सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण से सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, अतुल कुमार को कुलसचिव भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, अपर निदेशक संस्कृति तथा संयुक्त निदेशक (प्रशासन), नागरिक उड्डयन निदेशालय से सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण, वेद प्रकाश मिश्रा को सचिव, वाराणसी विकास प्राधिकरण से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), हापुड़, पंकज कुमार को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मेरठ से अपर आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बृजेश कुमार सिंह को सचिव, मेरठ विकास प्राधिकरण से विशेष कार्याधिकारी, नोएडा, क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, नोएडा से विशेष कार्याधिकारी, दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा), बुलंदशहर भेजा गया है।

इसी तरह ज्ञान चंद्र गुप्ता को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), बस्ती से संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी, अयोध्या तीर्थ विकास परिषद, सुंदंदु सुधाकरन को अपर आयुक्त, वाराणसी मंडल से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), बस्ती, पंकज कुमार श्रीवास्तव को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संतकबीरनगर, ऋषिकांत राजवंशी को उपजिलाधिकारी, बलिया से अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), बांदा, सत्य प्रकाश-तृतीय को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संतकबीरनगर से महाप्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ। माया शंकर यादव को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), बांदा से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मेरठ, अखिलेश को अपर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया है।

इनके अलावा शशि भूषण को अपर आयुक्त, मुरादाबाद मंडल से अपर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, धीरज श्रीवास्तव को संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी, अयोध्या तीर्थ विकास परिषद से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अमेठी, ज्योति सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अमेठी से अपर आयुक्त, वाराणसी मंडल, जयजीत कौर होरा को अपर आयुक्त, प्रयागराज मंडल से कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय।

अपूर्वा यादव को उपजिलाधिकारी, मुजफ्फरनगर से उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय में नवीन तैनाती मिली है।

सौम्या मिश्रा को विशेष कार्याधिकारी, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी से उपजिलाधिकारी, प्रयागराज मेला विकास प्राधिकरण एवं विशेष कार्याधिकारी, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, रामकुमार को विशेष कार्याधिकारी, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी से सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी, आकाश कुमार को उपजिलाधिकारी, लखनऊ से उपजिलाधिकारी, बहराइच,अनिल कुमार यादव को सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी से उपजिलाधिकारी, मुजफ्फरनगर, ऋतुप्रिया को विशेष कार्याधिकारी, कानपुर विकास प्राधिकरण से उपजिलाधिकारी, झांसी। गजेंद्र पाल सिंह को उपजिलाधिकारी, अलीगढ़ से उपजिलाधिकारी, बलरामपुर। अजय कुमार शर्मा को विशेष कार्याधिकारी, ग्रेटर नोएडा से उपजिलाधिकारी, अलीगढ़। विवेक कुमार शुक्ला को उपजिलाधिकारी, प्रयागराज मेला विकास प्राधिकरण एवं विशेष कार्याधिकारी, प्रयागराज विकास प्राधिकरण से विशेष कार्याधिकारी, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी, संदीप कुमार तिवारी को उपजिलाधिकारी, प्रयागराज से उपजिलाधिकारी, मुरादाबाद नियुक्त किया है।

इसके साथ ही साथ रामवीर सिंह को सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद से उपजिलाधिकारी, अलीगढ़, आरती को उपजिलाधिकारी, लखीमपुर खीरी से सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद, आलोक कुमार वर्मा को अपर आयुक्त, वाराणसी मंडल से सचिव, अयोध्या विकास प्राधिकरण, राजेश कुमार मिश्रा को सचिव, अयोध्या विकास प्राधिकरण से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उन्नाव, रमेश यादव को अपर आयुक्त, सहारनपुर मंडल से अपर आयुक्त, मेरठ मंडल, सुशील कुमार गोंड को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उन्नाव से उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, विनय कुमार सिंह-द्वितीय को अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल), वाराणसी से सचिव, मेरठ विकास प्राधिकरण, कुलदीप सिंह को नगर मजिस्ट्रेट, सहारनपुर से अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल), वाराणसी, रामकेश सिंह को महाप्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से नगर मजिस्ट्रेट, सहारनपुर बनाया गया है।

अविनाश त्रिपाठी को उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण से अपर नगर आयुक्त नगर निगम लखनऊ, आनंद कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामपुर से उपनिदेशक (प्रशासन), खेल निदेशालय लखनऊ, डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय को उपनिदेशक (प्रशासन) खेल निदेशालय लखनऊ से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामपुर, विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त, वाराणसी मंडल से अपर आयुक्त, आगरा मंडल, माधव उपाध्याय को उपजिलाधिकारी, मुरादाबाद से उपजिलाधिकारी, हरदोई, चंद्र प्रकाश पांडेय को सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम झांसी से उपजिलाधिकारी, कानपुर देहात, नरेंद्र सिंह यादव को उपजिलाधिकारी, कानपुर देहात से सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम झांसी भेजा गया है। इसी प्रकार ज्योत्सना को उपजिलाधिकारी, जौनपुर से उपजिलाधिकारी, हापुड़, रमेश चंद्र पांडेय को उपजिलाधिकारी, हापुड़ से उपजिलाधिकारी, जौनपुर। देवेंद्र सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), कन्नौज से अपर जिलाधिकारी (नगर), ट्रांस गोमती, लखनऊ। रतन को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), चंदौली से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), कन्नौज, राज कुमार मित्तल को अपर जिलाधिकारी (नगर), ट्रांस गोमती, लखनऊ से अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), चंदौली भेजा है।

अतुल कुमार सिंह को उपजिलाधिकारी, शाहजहांपुर से उपजिलाधिकारी, बलिया भेजा गया है। संजय चावला को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), झांसी से महाप्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ, अशोक कुमार गुप्ता को महाप्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), झांसी। प्रिंस वर्मा को उपजिलाधिकारी, मुरादाबाद से उपजिलाधिकारी, सहारनपुर और कृष्ण राज सिंह को उपजिलाधिकारी, सहारनपुर से उपजिलाधिकारी मुरादाबाद में नवीन तैनाती मिली है।
थाना छपिया पुलिस द्वारा अवैध देशी तमंचा रखने वाले 02 अभियुक्तो को किया गया गिरफ्तार

01 अदद देशी तमंचा .315 बोर व 01 अदद जिन्दा कारतूस बरामद-


गोण्डा। दिनांक 15.11.2026 को थाना छपिया पुलिस द्वारा रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग तथा अपराधों की रोकथाम के दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति माहरा गौरा से छपिया मार्ग की तरफ जा रहे हैं, जिनके पास अवैध असलहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर चाँदारती रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर 02 अभियुक्तों 1. पवन कुमार पाण्डेय पुत्र रामसुधाकर पाण्डेय निवासी ग्राम लोहरौली थाना छपिया जनपद गोण्डा तथा 2. कमलकान्त उर्फ श्यामू पुत्र संतकुमार निवासी ग्राम चुआर थाना छपिया जनपद गोण्डा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त पवन कुमार पाण्डेय के कब्जे से 01 अदद अवैध देशी तमंचा .315 बोर तथा अभियुक्त कमलकान्त उर्फ श्यामू के कब्जे से 01 अदद अवैध जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त दोनों अभियुक्तों के कब्जे से क्रमशः 2,100 रुपये एवं 830 रुपये नकद बरामद हुए। अभियुक्तगण के कब्जे से मिली सफेद अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP43BM9203 के वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज किया गया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना छपिया पर मु0अ0सं0 417/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तगणों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई।
विंध्याचल में दर्शनार्थियों की गाड़ियों को रोककर परेशान करने का आरोप, कस्बा पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मिर्जापुर। विंध्याचल में बंगाली के चौराहे से रेलवे मोड़ होते हुए रेहड़ा चुंगी तक आने-जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को रोककर कथित रूप से जबरन परेशान किए जाने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कस्बा पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम श्रद्धालुओं में नाराजगी है। आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ इस तरह का व्यवहार धार्मिक नगरी की छवि को भी प्रभावित करता है। आरोप है कि कुछ लोगों के आर्थिक स्वार्थ के चलते आम दर्शनार्थियों की सुविधा और सम्मान से खिलवाड़ हो रहा है।

अब श्रद्धालुओं की उम्मीद जनपद की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से है। उनसे मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कस्बा पुलिस की भूमिका और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा हो तथा लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं का सम्मान और सुरक्षित आवागमन पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।