विंध्याचल में दर्शनार्थियों की गाड़ियों को रोककर परेशान करने का आरोप, कस्बा पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मिर्जापुर। विंध्याचल में बंगाली के चौराहे से रेलवे मोड़ होते हुए रेहड़ा चुंगी तक आने-जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को रोककर कथित रूप से जबरन परेशान किए जाने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कस्बा पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम श्रद्धालुओं में नाराजगी है। आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ इस तरह का व्यवहार धार्मिक नगरी की छवि को भी प्रभावित करता है। आरोप है कि कुछ लोगों के आर्थिक स्वार्थ के चलते आम दर्शनार्थियों की सुविधा और सम्मान से खिलवाड़ हो रहा है।

अब श्रद्धालुओं की उम्मीद जनपद की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से है। उनसे मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कस्बा पुलिस की भूमिका और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा हो तथा लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं का सम्मान और सुरक्षित आवागमन पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
विजय संकल्प यात्रा में विशाल काफिले के साथ शामिल हुए ओमवीर भड़ाना, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
**परविंदर चौधरी उर्फ जैन साहब बोले- योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करना यात्रा का उद्देश्य**

**बहसुमा/मुजफ्फरनगर।** राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर जिले के राजापुर कला गांव से लखनऊ के लिए रवाना हुई विजय संकल्प यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा में उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर भड़ाना हस्तिनापुर से अपने विशाल काफिले के साथ शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से यात्रा का भव्य स्वागत किया।

भारतीय गौ सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष मेरठ परविंदर चौधरी उर्फ जैन साहब ने कहा कि विजय संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार प्रदेश की कमान सौंपने का संकल्प लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

यात्रा के दौरान मीरापुर थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद नूरपुर पालिका अध्यक्ष ने भी यात्रा की अगवानी करते हुए पदाधिकारियों पर पुष्पवर्षा की और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा।

यात्रा के रात्रि विश्राम के लिए रामपुर में स्थानीय गेस्ट हाउस में बेहतर व्यवस्था कराई गई। प्रशासन की व्यवस्थाओं को देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार ने जिलाधिकारी की सराहना की। यात्रा में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ लखनऊ की ओर प्रस्थान किया।
भदोही में छठ पूजा शांतिपूर्ण संपन्न:एसपी और एएसपी ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले में छठ पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। त्योहार के दौरान पुलिस घाटों और संवेदनशील जगहों पर तैनात रही।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने गोपीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गंगा घाट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था देखी।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ जिले के अलग-अलग छठ घाटों का दौरा किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों और भीड़ संभालने की तैयारियों का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद लोगों से बात की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया।

घाटों और संवेदनशील जगहों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी निभाई। पुलिस के मुताबिक, जिले में कानून-व्यवस्था बनी रही और छठ पूजा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
देवी श्रद्धा किशोरी की मधुर वाणी में श्रीमद् भागवत कथा सुनने भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
जौनपुर। तेजीबाजार क्षेत्र के बरचौली में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के पावन आयोजन में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता की अनुपम छटा देखने को मिल रही है। प्रसिद्ध कथावाचक निर्मल शरण महाराज के मुखारविंद से जहां श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर रहे हैं, वहीं उनकी सबसे छोटी पुत्री देवी श्रद्धा किशोरी जी ने पहली बार अपने क्षेत्र में कथा मंच पर विराजमान होकर श्रीराम कथा का संगीतमय वाचन किया। उनकी मधुर वाणी, सुंदर प्रस्तुति और भावपूर्ण शैली ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।देवी श्रद्धा किशोरी जी ने जिस सहजता, आत्मविश्वास और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन प्रसंगों का वर्णन किया, उसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उनकी मधुर आवाज के साथ संगीतमय कथा प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा के दौरान श्रोता पूरी तन्मयता से रामकथा का श्रवण करते नजर आए।क्षेत्रवासियों के बीच इस आयोजन को एक अद्भुत और दुर्लभ संयोग के रूप में देखा जा रहा है कि प्रसिद्ध कथावाचक निर्मल शरण महाराज की पुत्री भी उन्हीं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कथा मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। खास बात यह है कि अपने क्षेत्र में पहली बार मंच से श्रीराम कथा सुनाने के बावजूद उनकी प्रस्तुति में कहीं भी झिझक दिखाई नहीं दी, बल्कि उनकी वाणी और कथन शैली में परिपक्वता की झलक देखने को मिली।कथा सुनने पहुंचीं महिलाओं और श्रद्धालुओं ने देवी श्रद्धा किशोरी जी की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि पहली ही कथा प्रस्तुति में इतनी सुंदर वाणी, मधुर गायन और प्रभावशाली ढंग से रामकथा सुनाना उनकी विशेष प्रतिभा को दर्शाता है। लोगों ने विश्वास जताया कि यदि इसी लगन, साधना और समर्पण के साथ वह आगे बढ़ती रहीं तो निश्चित रूप से कथा जगत में अपनी अलग पहचान बनाएंगी और अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
बरचौली में देवी श्रद्धा किशोरी जी की इस प्रस्तुति की चर्चा क्षेत्र में लोगों के बीच आकर्षण का विषय बनी हुई है।
जयप्रभा ग्राम में आज से आस्था का महाकुंभ
गोंडा।जिले के गोंडा बलरामपुर मार्ग पर जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित जयप्रभा ग्राम की माटी एक बार पुनः आस्था व गौरवपूर्ण पल का साक्षी बनने जा रहा है।यहाँ दीन दयाल शोध संस्थान परिसर स्थित चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार के पावन अवसर पर यहाँ आस्था का महाकुंभ लगेगा।जिसमें अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक राजन जी महाराज लाखों सनातन प्रेमियों को आठ दिनों तक मर्यादा पुरुषोत्तम राम की भक्ति की गंगा में डुबकी लगवाएंगे।17 नवंबर से प्रारंभ हो रही इस ऐतिहासिक राम कथा में देश के सभी अखाड़ों के महामंडलेश्वर समेत अन्य संतों व विदेशों से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।जिसके मद्देनजर  लगभग 200 बीघा में संतों और बटुकों की धर्मनगरी बसाई जा रही है।इसमें देश व विदेश आने वाले संतों के लिए कार्टेज बनाए गए हैं,इसमें उनके लिए स्नानागार व शौचालय समेत अन्य सुविधाएं भी रहेंगी।प्रत्येक कार्टेज में चार बेड के साथ चार कुर्सियां भी लगाई गई हैं,इसके साथ ही प्रत्येक कार्टेज के प्रवेश द्वार पर एक सेवादार की तैनाती की गई है जो एक आदेश पर नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराएगा।इनके अतिरिक्त 200 बटुकों के ठहरने व भोजन के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है तथा संतों की संख्या के मद्देनजर होटल भी बुक किए गए हैं।श्री राम कथा का शुभारंभ बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योग गुरु बाबा रामदेव कराएंगे।मंगलवार को अपरान्ह 12 बजे से अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक राजन जी महाराज की कथा प्रारंभ हो जाने के पश्चात धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यहाँ से कुंडा प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे,इसके अतिरिक्त 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कथा में आएंगे।कथा में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर उनके भोजन, बैठने और उनके वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।

हैलीकॉप्टर से पहुंचेंगे महामंडलेश्वर,पीठाधीश्वर समेत अन्य वीआईपी

श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट व श्री चित्रकूट बाला जी ट्रस्ट के अध्यक्ष संत आलोक दास जी महराज की अगुवाई में हो रही कथा में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरि,चिदानंद मुनि समेत कई महामंडलेश्वर सहित देश के कोने कोने से संत शामिल होंगे।इनके ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है।महामंडलेश्वर व पीठाधीश्वरों को लाने व ले जाने के लिए किराए पर हेलीकाप्टर भी लिया गया है,जो कथा समाप्ति तक उपलब्ध रहेगा।श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य व राम वल्लभाकुंज पीठाधीश्वर महंत राजकुमार दास ने महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर समेत अन्य संतों के ठहरने व भोजन व्यवस्था को लेकर की जा रही व्यवस्था की जानकारी प्राप्त किया।
वैभव छोड़ पहाड़ पर: तीर्थ पुरोहित से विधायक बने पंडित रत्नाकर मिश्रा का अनोखा संकल्प, गायत्री साधना स्थल पर संध्या आरती में उमड़े भक्त

मिर्ज़ापुर (उत्तर प्रदेश)। विख्यात देवी धाम विंध्याचल धाम क्षेत्र अपने धार्मिक महत्व के लिए ही नहीं बल्कि गहन आध्यात्मिक आस्था और तप के लिए भी प्रसिद्ध है। विंध्य की पहाड़ियों और गुफाओं में देश के कोने-कोने से साधक तप साधना में लीन होने के लिए आते हैं। इनमें कुछ नामी होते हैं तो कुछ गुमनामी में ही ईश्वर को पा लेते हैं। नवरात्रि पर तो यहाँ तंत्र साधकों का मेला लगता है, यह तो सर्वविदित है।


*साधना: विंध्य की गुफा में 33वें साल भी लीन हुए BJP विधायक रत्नाकर मिश्रा, राष्ट्ररक्षा के लिए 15 दिन का मौन अनुष्ठान*



लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि विंध्याचल देवी धाम के तीर्थ पुरोहित और मिर्जापुर नगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा देवी के अनन्य आराध्य साधक भी हैं, जो प्रतिवर्ष एक निश्चित समय पर सारे सुख-सुविधाओं और राजनैतिक वैभव को त्यागकर पहाड़, गुफाओं में साधना में लीन हो जाते हैं। उनका यह अनवरत सिलसिला पिछले तीन दशकों से चला आ रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाजपा विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा इन दिनों राष्ट्र एवं प्रदेश सहित क्षेत्र की रक्षा और सुख-समृद्धि हेतु विंध्य पर्वत पर स्थित अपने द्वारा स्थापित माँ गायत्री साधना स्थल पर 15 दिवसीय कठिन साधना कर रहे हैं।
इसी क्रम में साधना के 15 वें दिन संध्या काल में माँ का पूजन, आरती कर राष्ट्र की रक्षा, सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना की।

*नगर विधायक की तपस्या बनी चर्चा: लोग बोले- इस दौरान सांसारिक मोह-माया से दूर सिर्फ माँ की साधना में लीन रहते हैं विधायक जी*


इस दौरान बड़ी संख्या में दूर-दूर से आए भक्तगण भी इस दिव्य पूजन-अर्चन के साक्षी बने।
बताते चलें कि इस बार 33वें वर्ष भी माँ की कृपा से क्षेत्र, प्रदेश एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए विंध्याचल देवी धाम के तीर्थ पुरोहित एवं बीजेपी नगर विधायक माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के उपरांत अपने साधना स्थल के लिए रवाना हुए थे।
विंध्याचल के युवा पत्रकार हेमंत शुक्ला बताते हैं कि, "विधायक जी इस दौरान सांसारिक मोह-माया से पूरी तरह दूर होकर सिर्फ और सिर्फ माँ गायत्री साधना में लीन देखे जाते हैं। न कोई सियासत, न कोई प्रोटोकॉल - बस माँ और उनका साधक।" अंत में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विंध्य पर्वत स्थित माँ गायत्री साधना स्थल पर 15 दिवसीय साधना के बाद माँ का पूजन एवं आरती कर राष्ट्र, प्रदेश एवं क्षेत्र की रक्षा, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूर्णाहुति के उपरांत आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
एक जनप्रतिनिधि का सत्ता के शिखर पर रहते हुए भी साधना के शिखर को न छोड़ना, विंध्य की इस माटी के आध्यात्मिक संस्कार को ही दर्शाता है। ---
वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर लाखों व्रतियों ने पूर्ण किया 36 घंटे का निर्जला व्रत
गंगा-वरुणा के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जय छठी मइया के जयघोष से गूंज उठी काशी

भोर से ही घाटों पर जुटे श्रद्धालु, पारंपरिक गीतों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधि-विधान से संपन्न हो गया। इस अवसर पर गंगा और वरुणा नदी के घाटों सहित शहर के सरोवरों, कुंडों, तालाबों और ग्रामीण अंचलों के जलाशयों पर लाखों व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर की पहली किरण के साथ ही पूरा वातावरण छठी मइया के जयघोष और पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा।

सूर्योदय की पहली किरण के साथ व्रतियों ने अर्पित किया अर्घ्य

सोमवार तड़के से ही गंगा और वरुणा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा लेकर घाटों पर पहुंचीं। दउरे में ठेकुआ, फल, नारियल और पूजन सामग्री सजाई गई थी। इसके बाद महिलाएं कमर भर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा करने लगीं।

जैसे ही पूरब दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने हाथ जोड़कर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, वंशवृद्धि तथा समाज के कल्याण की कामना की। सूर्योदय के साथ घाटों पर दिखाई दिया यह अद्भुत दृश्य श्रद्धा और भक्ति का अनुपम उदाहरण बना रहा।

छठ गीतों से गूंजते रहे गंगा के घाट

छठ महापर्व के अंतिम दिन काशी के घाटों पर आस्था के साथ लोकसंस्कृति की भी अनूठी छटा देखने को मिली। व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ पारंपरिक छठ गीत गाकर भगवान सूर्य से उदय होने की मनुहार करती रहीं। 'उगा हो सुरूजमल, पुरूबे से उगेले नारायन', 'उग हो सूरुज देव भईल अरघ के बेर' और 'केलवा के पात पर, उगेले सूरज देव...' जैसे लोकगीतों से गंगा के घाट गुंजायमान होते रहे। हर ओर 'जय छठी मइया' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूरी रात घाटों पर चला भजन-कीर्तन, 36 घंटे बाद व्रत का पारण

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करने के बाद भी हजारों व्रती महिलाएं घाटों पर ही रुकी रहीं। उन्होंने खुले आसमान के नीचे ठंड और ओस के बीच पूरी रात छठी मइया की आराधना की। रातभर भजन-कीर्तन और पारंपरिक गीतों के बीच महिलाओं ने जागरण किया। सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण हुआ।

अर्घ्य के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से व्रत का पारण किया। इसके बाद परिजनों और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ का प्रसाद वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। घरों की छतों पर बनाए गए कृत्रिम घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सूर्योपासना की।

प्रमुख गंगा घाटों,वरूणातट पर सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एनडीआरएफ की टीमें, जल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घाटों पर लगातार निगरानी करते रहे। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, एसीपी कोतवाली, एसीपी दशाश्वमेध समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भोर से ही गंगा के प्रमुख घाटों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

राजघाट, गायघाट, भैसासुर घाट, मणिकर्णिका घाट, त्रिलोचन घाट और सिंधिया घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती रही। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहीं।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय महापर्व

गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत बीते शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन शनिवार को खरना के अवसर पर व्रती महिलाओं ने गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया गया, जबकि चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन हुआ।

पूर्ण शुद्धता, संयम, तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक छठ महापर्व एक बार फिर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की भव्यता का साक्षी बना। गंगा के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और लोकगीतों की गूंज ने पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

डाला छठ के समापन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया संदेश

वाराणसी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकआस्था के महापर्व डाला छठ के समापन पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज, छठ के महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस पावन पर्व में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूँ कि वे व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं और देश भर में मौजूद मेरे परिवार के सदस्यों पर अपनी कृपा बनाए रखें।
बृजेश सिंह के रघुकुल निवास में  मनाया गया छठ महापर्व
वाराणसी (राजहंस सिंह)। उत्तर प्रदेश के पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC ) बृजेश सिंह की धर्मपत्नी तथा विधान परिषद सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह ने वाराणसी स्थित अपने आवास रघुकुल पर धूमधाम तथा पूरे रीति रिवाज से छठ महापर्व मनाया। बृजेश सिंह ने कहा कि छठ महापर्व मुख्य रूप से भगवान सूर्य देव और प्रकृति की आभार व्यक्त करने वाली देवी षष्ठी माता (छठी मइया) की उपासना के लिए मनाया जाता है। उन्होंने देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह ने कहा कि भगवान सूर्य की उपासना करने से सारी मनोकामनाएं पूर्ण होतीहैं।
छठ पर्व पर झारखंडी सरोवर में सूर्य देव को दूध अर्पित कर की गई पूजा-अर्चना
बलरामपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर झारखंडी महादेव मंदिर स्थित सरोवर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सूर्य देव को दूध अर्पित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’,एडीएम शिव नारायण सिंह,राजकुमार श्रीवास्तव,अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य एवं डीपी सिंह बैस ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ सूर्य देव को दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा लोकमंगल और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता एवं पवित्रता के अनुरूप श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो की मौत, 20 से 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी गली धुएं के गुबार से भर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, राधिका अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

हालांकि, अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और इमारत में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से घिर गया था। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत की बात सामने आई थी।

उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) ने बताया कि आग की घटना के बाद चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था। इनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई। वहीं, नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।