बृजेश सिंह के रघुकुल निवास में  मनाया गया छठ महापर्व
वाराणसी (राजहंस सिंह)। उत्तर प्रदेश के पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC ) बृजेश सिंह की धर्मपत्नी तथा विधान परिषद सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह ने वाराणसी स्थित अपने आवास रघुकुल पर धूमधाम तथा पूरे रीति रिवाज से छठ महापर्व मनाया। बृजेश सिंह ने कहा कि छठ महापर्व मुख्य रूप से भगवान सूर्य देव और प्रकृति की आभार व्यक्त करने वाली देवी षष्ठी माता (छठी मइया) की उपासना के लिए मनाया जाता है। उन्होंने देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह ने कहा कि भगवान सूर्य की उपासना करने से सारी मनोकामनाएं पूर्ण होतीहैं।
छठ पर्व पर झारखंडी सरोवर में सूर्य देव को दूध अर्पित कर की गई पूजा-अर्चना
बलरामपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर झारखंडी महादेव मंदिर स्थित सरोवर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सूर्य देव को दूध अर्पित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’,एडीएम शिव नारायण सिंह,राजकुमार श्रीवास्तव,अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य एवं डीपी सिंह बैस ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ सूर्य देव को दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा लोकमंगल और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता एवं पवित्रता के अनुरूप श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो की मौत, 20 से 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी गली धुएं के गुबार से भर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, राधिका अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

हालांकि, अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और इमारत में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से घिर गया था। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत की बात सामने आई थी।

उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) ने बताया कि आग की घटना के बाद चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था। इनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई। वहीं, नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सीएम योगी आज उत्तर प्रदेश में 'स्व-गणना' और 'घर-घर जनगणना' प्रक्रिया का करेंगे शुभारंभ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान 'जनगणना-2027' के दूसरे चरण के तहत सोमवार को राज्य में 'स्व-गणना' और 'घर-घर जनगणना' की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विश्व के सबसे बड़े और भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान 'जनगणना-2027' के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 'स्व-गणना' और 'घर-घर जनगणना' की प्रक्रिया का शुभारंभ भी करूंगा।"

सीएम योगी ने जानकारी दी कि 'स्व-गणना' की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी और 'घर-घर जनगणना' की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगी।उन्होंने कहा, "प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आइए, जनभागीदारी और जनविश्वास की भावना को सशक्त करते हुए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को नई गति प्रदान करें।"

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में सोमवार को 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासी मेरा परिवार हैं। इस परिवार के सुख-दुख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है 'योगी की पाती'।"मुख्यमंत्री ने कहा, "पिछले 50 से अधिक सप्ताह से हर पाती के माध्यम से मैं अपने प्रदेश वासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करता आ रहा हूं। यह मेरे लिए केवल पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है।"
केडीआर फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
जौनपुर। जनपद की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था केडीआर फाउंडेशन के तत्वावधान में केडीआर हाउस, 36 बदलापुर, जौनपुर में एक विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के तमाम लोगों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के दौरान लगभग 150 मरीजों की आँखों की निःशुल्क जाँच की गई।
मोतियाबिंद की पहचान: जाँच के उपरांत करीब 80 मरीजों में मोतियाबिंद (Cataract) की पुष्टि हुई। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य की भी विशेष जाँच की गई, जिसमें लगभग 70 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जिन मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया है, उन्हें फाउंडेशन द्वारा आरजे शंकरा अस्पताल ले जाकर निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा, जिससे उन्हें आँखों की रोशनी वापस पाने में पूरी मदद मिल सके। केडीआर फाउंडेशन का यह प्रयास ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य सुधार और नेत्र देखभाल की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिसकी स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहना की जा रही है। संस्था के अध्यक्ष विनोद आर सिंह ने बताया कि मानवता की सेवा करना ही इस संस्था का उद्देश्य है। अपने माता पिता के आशीर्वाद से वे हमेशा लोगों की भलाई का काम करते रहेंगे।
दलित सम्मेलन में सपा प्रमुख अखिलेश ने भाजपा सरकार पर किया हमला, बोले- अंगद का पैर रखने के लिए जमीन भी चाहिए
-सपा ने आगरा में दलित सम्मेलन को किया आयाेजित

लखनऊ,आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार काे आगरा में पार्टी की ओर से आयाेजित दलित महा सम्मेलन में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्हाेंने भाजपा काे दलित विराेधी और विकास विराेधी बताते हुए अपनी सरकार के कार्याें का उल्लेख किया उन्हाेंने कहा कि मेट्रो, रफ्तार वाले एक्सप्रेसवे, आगरा से नोएडा तक के एक्सप्रेसवे और इनर रिंग रोड को सपा सरकार की देन है। उन्होंने 100 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि आज भी लोगों के घरों में लैपटॉप चल रहे होंगे। उन्होंने दोहराया कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा।

रविवार को समाजवादी पार्टी के तत्वाधान में दलित महा सम्मेलन का आयोजन राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव सपा रामजीलाल सुमन के संयोजकत्व में आगरा में पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में किया गया । इसमें आगरा, अलीगढ मण्डल के जनपदों सहित 25 जनपदों से पार्टी के सांसद विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का जनाधार बढ़ाने और दलित वोटरों को पार्टी से जोडने हेतु दलित महासम्मेलन आयोजित किया गया।

आगरा में करीब 45 मिनट के अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस दलित सम्मेलन के बाद भाजपा की जमीन खिसक जाएगी तो जब जमीन नहीं होगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे। उन्हाेंने कहा कि जबसे पीडीए ने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में हराया है, तबसे भाजपा षड्यंत्र कर 10 साल में भेदभाव की सरकार चला रही है। जो लोग डबल इंजन की बात करते हैं काशी में डबल इंजन जीराे पर आया है। उन्हाेंने पीडीए के फुल फार्म पीड़ित, दुखी और अपमानित बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक हाेते हैं और फिर परीक्षा रद्द करने का काम करते हैं। अखिलेश यादव सम्मेलन में सम्मिलित होने के बाद डा0 आकाश अग्रवाल नव निर्वाचित सदस्य विधान परिषद के परिजनों से भेंट के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर मंच पर प्रो0रामगोपाल यादव- प्रमुख महासचिव सपा/ सांसद राज्यसभा, हरेन्द्र मलिक सांसद मुजफ्फरनगर, रुचि वीरा सांसद मुरादाबाद, रागिन सोनकर विधायक मछली शहर, तूफानी सरोज विधायक केराकत, अंकित भारती विधायक सैदपुर, श्याम सुन्दर भारती विधायक बछरावा, एम0एल0 भारती अध्यक्ष बाबा वाहिनी उ0प्र0, सर्वेश अम्बेडकर पूर्व मंत्री समेत कई सांसद-विधायक, पदाधिकारी उपस्थित रहे।
छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया: रविवार को निर्जला व्रत के बाद तालाबों के किनारे पूजा की; सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। छठ पर्व पर रविवार को व्रतियों ने दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को पूजा के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर और ग्रामीण इलाकों में कई जगह तालाबों के किनारे पूजा हुई।

छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई थी। शनिवार को खरना हुआ, जिसके लिए खास प्रसाद बनाए गए। बाजारों में लोगों ने खरीदारी की और छठ पूजा समितियों ने पूजा स्थलों की सफाई की।

पं. प्रदीप तिवारी ने बताया कि अथर्ववेद में भी छठ पर्व का वर्णन है। मान्यता है कि सच्चे मन से छठ माता और सूर्य देव की पूजा करने से मनोकामना पूरी होती है। माताएं बच्चों और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं।

इस मौके पर कई लोग सूर्य देव को दंडवत प्रणाम करते हैं। वे घर में कुल देवी या देवता को प्रणाम करने के बाद नदी तट तक दंडवत जाते हैं। पहले खड़े होकर सूर्य देव को प्रणाम करते हैं, फिर पेट के बल जमीन पर लेटकर दाहिने हाथ से एक रेखा खींचते हैं। नदी तट तक पहुंचने तक वे इस प्रक्रिया को दोहराते हैं।

छठ गीतों से माहौल गूंजता रहा और घरों से भी गीत सुनाई दिए। सूर्यास्त के बाद लोग अपने घर लौटे। रातभर जागरण किया जाता है।
मुरार नगर में छठी मैया के उपलक्ष्य में भव्य दंगल, अयोध्या के बाबा राठी और पंजाब के जोरावर के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला/हरदोई। मुरार नगर सोम में छठी मैया के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य दंगल कार्यक्रम का शुभारंभ बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा ने फीता काटकर किया। दंगल में दूर-दराज से आए नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। विशेष आकर्षण अयोध्या के प्रसिद्ध पहलवान बाबा राठी और पंजाब के पहलवान जोरावर के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला रहा। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दंगलप्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया तथा पूरे आयोजन का आनंद लिया। प्रशासन की व्यवस्थाएं भी सराहनीय रहीं। आयोजक जितेंद्र सिंह उर्फ अंकित सिंह ने सभी दर्शकों, पहलवानों, गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठजनों, पत्रकारों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को छठी मैया के जागरण का आयोजन किया जाएगा।
दो दिन से लापता बालिका का गांव के बाहर मिला शव

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में घर से बाहर खेल रही 4 वर्षीय बालिका के लापता होने के दो दिन बाद गांव के बाहर उसका शव बरामद हुआ है। शव बरामदगी की सूचना से गांव में हड़कंप मचा है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बरामदगी स्थल का निरीक्षण कर अधीनसथोँ आवश्यक दशा निर्देश दिए हैं।
      पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया 13 नवंबर को थाना लोनार क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कमालपुर निवासी ध्यान सिंह पुत्र रामरतन द्वारा अपनी 04 वर्षीय पुत्री के घर के बाहर खेलते समय लापता हो जाने तथा वापस घर न आने के संबंध में थाना लोनार पर प्रार्थना पत्र दिया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर *थाना लोनार पर गुमशुदगी पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना लोनार पुलिस द्वारा बालिका की सकुशल बरामदगी हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही थी ।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी व क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के नेतृत्व में टीमों का गठन कर लगाया गया था। 15 नवंबर को गांव के बाहर भाग में बच्ची का शव मिला।फील्ड युनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकंलन की कार्यवाही की गयी है। शव को नियमानुसार पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेजा गया है । घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीम प्रयासरत है।
स्वगणना में लगाए गए प्रगनकों और पर्यवेक्षकों को वितरित किये गए प्रपत्र
‎ Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई ‎जिलाधिकारी राहुल पांडेयऔर अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में जनगणना 2027 के अंतर्गत  प्रगणक एवं फील्ड पर्यवेक्षकों को नियुक्त पत्र, एएचएल, परिचय पत्र एवं तथा अन्य प्रपत्र वितरित किया गया। वितरण का कार्य विकासखंड वार लगाए गए वितरण काउन्टर से किया गया 
‎      ‎उपजिलाधिकारी सादर गुलाब चन्द्र ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना दिनाँक 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक  किया जाएगा। उक्त कार्य हेतु सभी विभागों के अधिकारियों को पहले से ही जिलाधिकारी हरदोई के आदेशानुसार मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लक्ष्य दे दिया गया है। तहसील सदर में तहसीलदार सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पारिषद एवं अधिशासी अधिकारी गोपामऊ जनगणना 2027 में चार्ज अधिकारी है।  सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी पदेन सह  चार्ज अधिकारी हैं। नगर पालिका हरदोई द्वारा भी  वितरण  कराया जा रहा है। नगर पंचायत गोपामउ द्वारा पूर्व से  वितरण कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी हरदोई दीपाली भार्गव के निर्देशन में एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र एवं तहसीलदार सदर द्वारा अपनी उपस्थिति में सभी प्रगणक एवं फील्ड पर्यवेक्षकों को वितरण संपन्न कराया है।