दलित सम्मेलन में सपा प्रमुख अखिलेश ने भाजपा सरकार पर किया हमला, बोले- अंगद का पैर रखने के लिए जमीन भी चाहिए
-सपा ने आगरा में दलित सम्मेलन को किया आयाेजित
लखनऊ,आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार काे आगरा में पार्टी की ओर से आयाेजित दलित महा सम्मेलन में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्हाेंने भाजपा काे दलित विराेधी और विकास विराेधी बताते हुए अपनी सरकार के कार्याें का उल्लेख किया उन्हाेंने कहा कि मेट्रो, रफ्तार वाले एक्सप्रेसवे, आगरा से नोएडा तक के एक्सप्रेसवे और इनर रिंग रोड को सपा सरकार की देन है। उन्होंने 100 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि आज भी लोगों के घरों में लैपटॉप चल रहे होंगे। उन्होंने दोहराया कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा।
रविवार को समाजवादी पार्टी के तत्वाधान में दलित महा सम्मेलन का आयोजन राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव सपा रामजीलाल सुमन के संयोजकत्व में आगरा में पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में किया गया । इसमें आगरा, अलीगढ मण्डल के जनपदों सहित 25 जनपदों से पार्टी के सांसद विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का जनाधार बढ़ाने और दलित वोटरों को पार्टी से जोडने हेतु दलित महासम्मेलन आयोजित किया गया।
आगरा में करीब 45 मिनट के अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस दलित सम्मेलन के बाद भाजपा की जमीन खिसक जाएगी तो जब जमीन नहीं होगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे। उन्हाेंने कहा कि जबसे पीडीए ने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में हराया है, तबसे भाजपा षड्यंत्र कर 10 साल में भेदभाव की सरकार चला रही है। जो लोग डबल इंजन की बात करते हैं काशी में डबल इंजन जीराे पर आया है। उन्हाेंने पीडीए के फुल फार्म पीड़ित, दुखी और अपमानित बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक हाेते हैं और फिर परीक्षा रद्द करने का काम करते हैं। अखिलेश यादव सम्मेलन में सम्मिलित होने के बाद डा0 आकाश अग्रवाल नव निर्वाचित सदस्य विधान परिषद के परिजनों से भेंट के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर मंच पर प्रो0रामगोपाल यादव- प्रमुख महासचिव सपा/ सांसद राज्यसभा, हरेन्द्र मलिक सांसद मुजफ्फरनगर, रुचि वीरा सांसद मुरादाबाद, रागिन सोनकर विधायक मछली शहर, तूफानी सरोज विधायक केराकत, अंकित भारती विधायक सैदपुर, श्याम सुन्दर भारती विधायक बछरावा, एम0एल0 भारती अध्यक्ष बाबा वाहिनी उ0प्र0, सर्वेश अम्बेडकर पूर्व मंत्री समेत कई सांसद-विधायक, पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Nov 16 2026, 13:39
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k