कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर डीएम ने किया बेरिया घाट का निरीक्षण, समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश
विधायक आशीष सिंह आशू, डीएम और एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, सुरक्षा से लेकर प्रकाश, सफाई और पार्किंग पर दिया जोर
Sb न्यूज़ रिपोर्टर धर्म सिंह
हरदोई/बिलग्राम। आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत बिलग्राम तहसील क्षेत्र के मल्लावां स्थित बेरिया घाट का विधायक बिलग्राम-मल्लावां आशीष सिंह आशू, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घाट तक आने-जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, जाली और संकेतक लगाने को कहा। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी बिलग्राम को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, अधिशासी अभियंता सिंचाई अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1