महिला सहित तीन को पीटकर किया घायल , रिपोर्ट दर्ज
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
में दबंगों ने रंजिश के चलते एक महिला सहित तीन लोगों को पीट कर घायल कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मंगली पुरवा मजरा बंजरिया निवासी सत्यपाल के अनुसार उसकी बहू सरला देवी 8 नवंबर को 11:00 बजे फतेहपुर गाजी की बैंक से रुपए निकाल कर ला रही थी। ग्राम भुड़वा के पास शैलेंद्र ने उसकी बहू को रोक लिया और धक्का मुक्की की जिससे वह गिर गई और उसके काफी चोट लग गई। सूचना पर भतीजा संतोष और भाई श्रवण मौके पर आए तो उन्होंने घटना का कारण पूछा जिससे नाराज होकर शैलेंद्र, रामसागर, संजय, जयपाल, अखिलेश, प्रमोद, मंजेश एवं विनोद आदि ने डंडों से हमला कर दिया जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया। प्रभारी निरीक्षक वीर बहादुर सिंह ने बताया आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
बच्चा चाेर समझकर मानसिक विक्षिप्त महिला काे पीटा, तीन पकड़े गये
लखनऊ। लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर पीटने के मामले में वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में कुछ व्यक्ति एक महिला के हाथ पैर बांधकर उसके साथ मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच की गई। जांच में पता चला कि महिला मूलरूप से जनपद बाराबंकी की निवासी है और मानसिक रूप से कमजोर है। वह महिला आज सुबह के समय सुगामऊ क्षेत्र में पास की झुग्गी-झोपड़ियों की ओर चली गई, जहां उसने एक छोटे बच्चे को गोद में उठा लिया। इस पर वहां मौजूद व्यक्तियों ने महिला को बच्चा चोर समझकर उसके साथ मारपीट की।

थाना पुलिस को महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तथा वह किसी बच्चे की चोरी करने का प्रयास नहीं कर रही थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पति की लिखित तहरीर पर मामला दर्ज कर प्रकरण में प्रकाश में आए तीन व्यक्तियों हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर डीएम ने किया बेरिया घाट का निरीक्षण, समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

विधायक आशीष सिंह आशू, डीएम और एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, सुरक्षा से लेकर प्रकाश, सफाई और पार्किंग पर दिया जोर


Sb न्यूज़ रिपोर्टर धर्म सिंह
हरदोई/बिलग्राम। आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत बिलग्राम तहसील क्षेत्र के मल्लावां स्थित बेरिया घाट का विधायक बिलग्राम-मल्लावां आशीष सिंह आशू, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घाट तक आने-जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, जाली और संकेतक लगाने को कहा। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी बिलग्राम को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, अधिशासी अभियंता सिंचाई अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी के आदेश पर आरोपियों पर दलित एक्ट की रिपोर्ट दर्ज

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई कोतवाली के ग्राम बिलालपुर में दलित पिता पुत्र के साथ हुई मारपीट की घटना में एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दलित एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।
    कोतवाली के ग्राम बिलालपुर निवासी निर्दोष कुमार पुत्र रघुवीर द्वारा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार 6 नवंबर को शाम 4 बजे उसका 12 वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार धरती के फूल खोदने गया था तभी विपक्षी सूरज सिंह पुत्र श्री कृष्ण सिंह ने अपने भाई  आर पी सिंह के साथ मिलकर उसके पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। जिसकी शिकायत लेकर वह विपक्षी के घर गया तो विपक्षी ने अपने भाई पिता और कन्हैया बक्श सिंह पुत्र सर्वेश सिंह के साथ मिलकर उसे जातिसूचक गाली गलौज करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मार डालने की धमकी दी।उसने कोतवाली शाहाबाद में शिकायत दी थी लेकिन पुकीस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई।विपक्षी उसे शिकायत करने पर गांव में न रहने देने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैँ।
      प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राय ने बताया तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
मानदेय बढ़ने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के परिवारों की दिवाली हुई और खुशहाल
-कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बढ़ी आमदनी से बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू जरूरतें पूरी करना हुआ आसान

-2017 के मुकाबले 4 गुना हुआ मानदेय, 3.46 लाख से अधिक कर्मियों को मिल रहा लाभ

-5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और 3 साड़ियों की सुविधा ने भी बढ़ाईं खुशियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बढ़ाए गए मानदेय ने इस बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की दिवाली को पहले से अधिक खुशहाल बना दिया। हर महीने मिलने वाली बढ़ी हुई राशि ने न केवल उनके घरेलू बजट को राहत दी, बल्कि त्योहार की तैयारियों और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद की। सीमित आमदनी में घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहीं इन कर्मियों के लिए मानदेय वृद्धि आर्थिक संबल बनकर आई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई, घर के जरूरी सामान और दिवाली त्योहार की खरीदारी के लिए पहले की तरह अतिरिक्त चिंता नहीं करनी पड़ी। इस साल सब कुछ बड़ी सरलता के साथ हुआ।

बढ़ी आमदनी से त्योहार की खुशियां हुईं दोगुनी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा ने बताया कि मानदेय में बढ़ोतरी से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। पहले सीमित आमदनी में घर का खर्च चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई और दूसरी जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता था। अब हर महीने अतिरिक्त राशि मिलने से घरेलू बजट संभालना आसान हुआ है। बच्चों के लिए जरूरी सामान खरीदने, त्योहार की तैयारी करने और कुछ पैसे बचाने का अवसर भी मिल रहा है। दिवाली पर बढ़े मानदेय का लाभ साफ दिखाई दिया। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने में आर्थिक परेशानी पहले से कम रही। सहायिका सीमा ने कहा कि मानदेय बढ़ने के साथ परिवार को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलना भी बड़ी राहत है। इससे बीमारी के समय इलाज के खर्च की चिंता कम हुई है।

2017 के मुकाबले चार गुना हुआ मानदेय

योगी सरकार ने कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का चार हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। वर्ष 2017 में कार्यकर्ताओं को तीन हजार और सहायिकाओं को महज 1,500 रुपये मिलते थे। इस तरह नौ वर्षों में मानदेय चार गुना तक पहुंच गया है। प्रदेश की 1,75,982 कार्यकर्ताओं और 1,70,656 सहायिकाओं समेत 3.46 लाख से अधिक कर्मियों को इसका लाभ मिल रहा है। कार्यकर्ताओं को हर महीने चार हजार और सहायिकाओं को दो हजार रुपये अतिरिक्त मिल रहे हैं।

इलाज और सुविधाओं से सामाजिक सुरक्षा मजबूत

योगी सरकार ने कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी है। इसके साथ ही अब दो के बजाय तीन साड़ियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। इस व्यवस्था पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग लीना जौहरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
लखनऊ : बाेरे में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
लखनऊ। लखनऊ में बंथरा इलाके के अमावां जंगल में मंगलवार को बोरे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्ट्या जांच में पाया गया है कि युवक की हत्या करके शव बोरी में लाकर यहां फेंका गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि थाना बंथरा थाना क्षेत्रान्तर्गत अमावां जंगल में पुलिया के नीचे एक संदिग्ध बोरा पड़ा हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की लाश है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए फारेंसिक टीम को बुलाया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य संकलित किए।

थाना प्रभारी ने बताया कि अमावां जंगल में एक कच्चा रास्ता पुलिया की तरफ जाता है। पुलिया के नीचे एक बोरे में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष होगी। शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक का हुलिया पतला-दुबला एवं लंबा तथा उसने लाल रंग की शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा है। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। अज्ञात में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्राह्मण समाज के अपमान पर उबाल! अभद्र गानों के विरोध पर खुलेआम धमकी, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे समाज के लोग

कटका क्लब अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र का दो टूक संदेश—समाज के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा न जाए, धमकी और दबंगई पर पुलिस करे सख्त कार्रवाई

सुल्तानपुर। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के चौपाई राय का पुरवा गांव में ब्राह्मण समाज को लेकर कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक गाने बजाने का मामला गरमा गया है। आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा ब्राह्मण समाज को निशाना बनाकर भद्दे गाने बजाए जा रहे थे। जब समाज के लोगों ने इसका विरोध किया तो उन्हें खुलेआम धमकियां दी गईं। इस घटना से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने गोसाईगंज थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष अखण्ड देव मिश्र को पूरे मामले से अवगत कराया और लिखित तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान कटका क्लब अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने, जातिसूचक अपमान करने और विरोध की आवाज को धमकियों से दबाने की मानसिकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस को बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान के सवाल पर चुप्पी नहीं साधी जाएगी। पुलिस प्रशासन मामले को हल्के में न लेते हुए निष्पक्ष जांच करे और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
इस मौके पर कुलदीप शर्मा, महेश शर्मा, दीपक शर्मा, आदित्य राय, आयुष सहित दर्जनों युवा मौजूद रहे।
आर्थिक तंगी नहीं रोक पाएगी सपनों की उड़ान, अभ्युदय योजना बनी मेधावियों का सहारा
-प्रदेश के 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

-आईएएस, पीसीएस, नीट और जेईई समेत विभिन्न परीक्षाओं के लिए मिल रहा निःशुल्क मार्गदर्शन

लखनऊ। कमजाेर आर्थिक परिस्थितियां अब मेधावी युवाओं के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी कोचिंग का खर्च उठा पाने में असमर्थ अल्प आय वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उम्मीद की नई किरण बन रही है। समाज कल्याण विभाग की इस पहल के तहत प्रदेशभर में संचालित 157 केंद्रों पर वर्तमान में 19,856 अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। यहां उन्हें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और परीक्षा के अनुरूप तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजना के माध्यम से अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, जेईई और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इससे उन युवाओं को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण निजी कोचिंग संस्थानों का रुख करना मुश्किल होता है। अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, विषयवार अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी से युवाओं को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। योजना का असर अब सफलता के रूप में भी सामने आने लगा है। कानपुर में संचालित तीन केंद्रों से जेईई मेंस, यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट समेत अब तक 15 अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे।
लखनऊ में सड़क किनारे मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बादशाह खेड़ा नहरिया के पास सड़क किनारे महिला का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि आज सुबह यूपी डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि बादशाह खेड़ा नहरिया के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर वह स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की जानकारी पर आसपड़ोस के लोग भी पहुंचे गये। भगत सिंह वार्ड नंबर एक बादशाहखेड़ा निवासी रंजीत सिंह ने शव की शिनाख्त अपनी पत्नी अनीता सिंह के रूप में की। उसने पुलिस को बताया कि 09 नवंबर की शाम अनीता अपने भाई बिट्टू के यहां मल्हौर गई थीं और वापस नहीं लौटी। आज उसका शव यहां पाया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल की गई है, शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान प्रथम दृष्टया दिखाई नहीं दिया है। पुलिस टीम ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के कारणों की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत स्पष्ट हो सकेगी। प्रकरण में जांच एवं अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी की पराली प्रबंधन पहल से किसानों को मिला नया रास्ता, खेतों का अवशेष बना कमाई का साधन
-योगी सरकार में पराली जलाने की मजबूरी खत्म करने की दिशा में बढ़े कदम, बायोगैस प्लांट से किसानों को आर्थिक लाभ और पर्यावरण को राहत

लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में पराली प्रबंधन को किसानों के लिए आर्थिक अवसर में बदलने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोर फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित करने पर है। इसके तहत पराली को बॉयोगैस उत्पादन से जोड़कर किसानों को अतिरिक्त आय, खेतों को जैविक खाद और पर्यावरण को प्रदूषण से राहत देने की पहल की जा रही है। इस व्यवस्था से पराली अब किसानों के लिए समस्या नहीं, बल्कि कमाई का नया जरिया बन रही है। प्रदेश में अभी 40 बॉयोगैस प्लांट संचालित हैं और निकट भविष्य में 78 और प्लांट स्थापित किए जाने हैं।

बाराबंकी के हरख ब्लॉक स्थित करामतखेड़ा गांव के योगेश इसका उदाहरण हैं। वह साल में गेहूं, धान और आलू की तीन फसलें उगाते हैं। पहले एक फसल की कटाई के बाद खेतों में बची पराली उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाती थी। उसे जलाने पर जुर्माने का डर और खेत में छोड़ने पर अगली फसल की बुआई में देरी की आशंका रहती थी। अब फसल कटते ही पराली खेत से उठ जाती है और वह समय से अगली फसल की तैयारी शुरू कर देते हैं।

टिकरा गांव के किसान बलराम बताते हैं कि पराली बॉयोगैस प्लांट तक पहुंचने से उसके निस्तारण पर होने वाला खर्च बच रहा है। पहले एक एकड़ खेत से पराली हटाने पर करीब 2,500 से 3,000 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। कई बार समय पर खेत खाली करने के दबाव में किसान पराली जलाने को मजबूर हो जाते थे। इससे पर्यावरण के साथ मिट्टी की सेहत और उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को भी नुकसान पहुंचता था। अब पराली का इस्तेमाल बॉयोगैस बनाने में हो रहा है। प्रसंस्करण के बाद बचने वाले जैविक अवशेष को खाद के रूप में उपयोग किया जा रहा है।

कृषि विभाग और गेट्स फाउंडेशन की तकनीकी इकाई ने तैयार किया मॉडल

कृषि विभाग के मार्गदर्शन में गेट्स फाउंडेशन की टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (टीएसयू) ने पराली प्रबंधन का यह मॉडल विकसित किया है। बेहतर व्यावसायिक चक्र तैयार करने के लिए सप्लाई चेन से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। इसमें किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को विशेष रूप से जोड़ा गया और उन्हें पायलट प्रोजेक्ट में भागीदारी के लिए तैयार किया गया। इस मॉडल का उद्देश्य खेतों से पराली का समयबद्ध संग्रहण, उसका सुरक्षित परिवहन और बॉयोगैस संयंत्रों में उपयोग सुनिश्चित करना है। इससे किसानों को पराली निस्तारण की समस्या से राहत मिल रही है और फसल अवशेषों का उपयोग ऊर्जा उत्पादन के लिए हो रहा है।

पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। इसका असर पर्यावरण के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसके अलावा आग की तेज गर्मी मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचाती है और मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित होती है। इसके विपरीत पराली का उचित प्रबंधन और जैविक अपघटन मिट्टी में जैविक पदार्थ की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है।

बाराबंकी के उप कृषि निदेशक उमेश कुमार साह के मुताबिक, जनपद में देवा रोड और हैदरगढ़ में कंप्रेस्ड बॉयोगैस (सीबीजी) प्लांट स्थापित होने से हरख, हैदरगढ़, फतेहपुर और रामनगर ब्लॉक में यह पहल आगे बढ़ाई जा रही है। इन क्षेत्रों से एकत्रित पराली का इस्तेमाल बॉयोगैस तैयार करने में किया जा रहा है। किसानों के खेतों से समय पर पराली उठाई जा रही है और प्रसंस्करण के बाद निकलने वाला जैविक अवशेष खाद के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पराली संग्रहण और ढुलाई से जुड़े कार्यों में भी रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। खेतों में पराली संग्रहण के काम में कम से कम 10 से 12 लोग और संयंत्र में लगभग दो हजार लोग रोजगार से जुड़े हैं।

मशीनों, एफपीओ और एग्रीगेटरों से मजबूत हुई सप्लाई चेन

योगी सरकार के कृषि विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसान उत्पादक संगठनों और व्यक्तिगत लाभार्थियों को सीआरएम मशीनें खरीदने पर अनुदान सहायता दी जाती है। मशीनों की उपलब्धता को पराली की मांग से जोड़ने के लिए तकनीकी सहायता इकाई के माध्यम से एफपीओ और एग्रीगेटरों के सुपर एग्रीगेटरों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) कराए गए हैं। इन सुपर एग्रीगेटरों के सीबीजी प्लांट के साथ पहले से समझौते हैं।

इस व्यवस्था में एफपीओ और एग्रीगेटरों को सुपर एग्रीगेटरों के माध्यम से प्लांट से जोड़ा गया है। उन्हें मशीनों के संचालन एवं रखरखाव, पराली संग्रहण और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने का प्रशिक्षण भी दिया गया है। ये संगठन किसानों को इस व्यवस्था से जोड़ने, खेतों की मैपिंग और फसल कटाई के अनुसार संग्रहण की योजना बनाने में मदद करते हैं। पराली की कटाई के लिए स्लेशर, रैकर और बेलर जैसी मशीनों का उपयोग किया जाता है। बेलर की मदद से पराली की गठरियां बनाई जाती हैं। इसके बाद इन्हें कलेक्शन सेंटर पर एकत्र कर वाहनों और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से बॉयोगैस प्लांट तक पहुंचाया जाता है। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य फसल कटाई के तुरंत बाद पराली का उठान सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों को अगली फसल की बुआई में परेशानी न हो।

प्रतिदिन 150 टन पराली से तैयार हो रही बॉयोगैस

देवा रोड स्थित सीबीजी प्लांट से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां प्रतिदिन करीब 150 टन पराली का प्रसंस्करण कर बॉयोगैस तैयार की जा रही है। इससे प्रतिदिन लगभग 15 से 19 हजार किलोग्राम बॉयोगैस का उत्पादन हो रहा है। प्लांट में धान और मक्के की पराली का उपयोग किया जाता है। इन फसलों के अवशेषों में सिलिका की मात्रा अधिक होने के कारण पशु चारे के रूप में इनका इस्तेमाल सीमित है। वहीं, किसान आमतौर पर गेहूं की पराली का उपयोग पशुओं के चारे के तौर पर करते हैं। ऐसे में धान और मक्के की पराली को बायोगैस उत्पादन से जोड़ना उसके उपयोग का एक वैकल्पिक रास्ता बन रहा है।

प्रदेश में 78 और बॉयोगैस प्लांट स्थापित करने की तैयारी

कृषि विभाग के निदेशक टीएम त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 40 बॉयोगैस प्लांट संचालित हैं और निकट भविष्य में 78 और प्लांट स्थापित किए जाने हैं। इन संयंत्रों में पराली के उपयोग से कंप्रेस्ड बॉयोगैस के रूप में ऊर्जा मिलेगी। साथ ही, प्रसंस्करण से प्राप्त जैविक उप-उत्पाद खाद के रूप में उपलब्ध होंगे, जो खेतों की उर्वरता और मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।