लखनऊ में खाटू श्याम मंदिर समेत कई मंदिराें में मना अन्नकूट महोत्सव, लगाया गया भाेग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दीपाेत्सव के बाद मंगलवार को विभिन्न जगहाें में अन्नकूट के भोग के साथ ही भगवान श्री कृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा—आराधना की गई। इस पूजा को लेकर मान्यता है कि भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर लोगों के जानमाल की रक्षा की थी। इसलिए दीपावली के बाद कार्तिक माह शुक्ल पक्ष में यह पर्व मनाया जाता है।

राजधानी लखनऊ में बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर में इस अवसर पर पूजा अर्चना की गयी। अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल प्राेफेसर दिनेश शर्मा ने पूजा अर्चना की। इस अवसर पर बडी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसी प्रकार कैसरबाग, मॉडल हाउस स्थित मातृ कृपा धाम काली मंदिर में अन्नकूट का भोग लगा कर प्रसाद वितरण किया गया। लोगों ने यहां पंक्तियों में बैठ कर होकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा भी विभिन्न धार्मिक स्थलों पर अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। घरों में भी गोर्वधन पूजा की गयी और प्रसाद अर्पित किया गया।
श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में भव्य अन्नकूट भंडारे का आयोजन,संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण किया प्रसाद
                                 
बलरामपुर। वीर विनय चौक स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में आयोजित श्री हनुमत जयंती महोत्सव-2026 के पावन अवसर पर विशाल एवं भव्य अन्नकूट भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया।

इस अवसर पर श्री देवीपाटन मंदिर के पूज्य महंत मिथिलेश नाथ योगी जी महाराज,पूर्व सांसद एवं वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला,बलरामपुर सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री पल्टूराम,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,पूज्य महंत बृजानंद जी महाराज (गेल्हापुर),छोटे बाबा जी महाराज (सोनबरसा),भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह एवं चंद्रप्रकाश सिंह ‘गुड्डू’, डॉ.अजय सिंह ‘पिंकू’,डीपी सिंह बैस,राधेश्याम वर्मा,संजय शर्मा,गोमती प्रसाद त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने अन्नकूट भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया तथा पूज्य स्वामी गुरु महेंद्र दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में श्रद्धा,भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस धार्मिक आयोजन ने सामाजिक समरसता,धार्मिक एकता और सेवा भावना का प्रेरणादायी संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान जी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि,शांति एवं सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं.सूर्यनाथ उपाध्याय की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण
जौनपुर। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और विद्यासागर सोनकर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया अनावरण, वक्ताओं ने उनके त्याग और संघर्ष को किया याद मीठे पार इंटर कॉलेज के संस्थापक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक पं. सूर्यनाथ उपाध्याय की नवनिर्मित प्रतिमा का मंगलवार को विद्यालय परिसर में भव्य समारोह के बीच अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन कुंवर वीरेंद्र प्रताप ने की। समारोह में पूर्व प्रमुख श्रीपति उपाध्याय, गोपीनाथ मिश्र, सेवानिवृत्त जिला जज विनोद मिश्र, रामकृष्ण त्रिपाठी, सेवानिवृत्त आईपीएस राममोहन सिंह, पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय, अभयराज उपाध्याय, श्याम नारायण उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य साहबलाल यादव, डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र,डॉ. मनोज मिश्र, पारसनाथ उपाध्याय, रविंद्र मिश्र, माताफेर मिश्र, संदीप उपाध्याय, डॉ. मधुकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीमा द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पंडित सूर्यनाथ उपाध्याय जैसे महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और योगदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए।विशिष्ट अतिथि विद्यासागर सोनकर ने कहा कि आजादी के आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। पंडित सूर्यनाथ उपाध्याय ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ ही जनसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान आज भी शिक्षा की ज्योति जला रहा है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।
अध्यक्षता कर रहे कुंवर वीरेंद्र प्रताप ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसके महापुरुषों और उनके आदर्शों से होती है। उनके विचारों और योगदान को संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इसके पूर्व विद्यालय के प्रबंधक संजय उपाध्याय ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों एवं अभ्यागतों का स्वागत किया। प्रबंधक एवं विद्यालय के शिक्षकों ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा मंचासीन गणमान्य लोगों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार ज्ञापित किया। समारोह में विद्यालय परिवार, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित हुए गौ-पूजन कार्यक्रम


*जनपद के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया गौ-पूजन*


*जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने गोवंशों को गुड़, केला खिलाकर पहनाई फूल-मालाएं*


*अस्थाई गौ-आश्रय स्थल परसपुर में मा० विधायक करनैलगंज द्वारा गोवंशों को गुड़, केला खिलाकर तथा फूल माला पहनाकर गौ माताओं का किया पूजा*


*गोण्डा 10 नवम्बर,2026*।
शासन एवं जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद में गोवंशों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके प्रति जनमानस में सेवा और समर्पण की भावना जागृत करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर गौ-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर पहुंचकर विधि-विधान एवं श्रद्धा भाव से गौ माताओं का पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया गया तथा उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर तिलक किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर गोवंशों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं संरक्षित जीवन की कामना की। इस दौरान गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और देखभाल का संदेश भी दिया गया।

जनपद के अस्थाई गौ आश्रय स्थल पिपरी कटरा बाजार, महेशभारी मुजेहना, घारीघाट बभनजोत, अर्जुनपुर इटियाथोक, राजगढ़ अमीन कटरा बाजार, उकरा पण्डरीकृपाल, पिपरा बाजार रुपईडीह, बैरीपुर, मधईपुर, गेड़सर, मझारा, तेंदुआ रानीपुर, सेमरी कला बेलसर, सिंगारघाट छपिया, जमथा तरबगंज, दौलतपुर ग्रंट, चन्दीपुर तरबगंज, कोचवा रुपईडीह, हारीपुर, लक्ष्मणपुर हरिवंश, गोविंदपारा, फिरोजपुर झंझरी, लौव्वाटेपरा, काजीदेवर, रुद्रगढ़ नौसी एवं जफरापुर सहित विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके अतिरिक्त कान्हा गौशाला कटरा बाजार तथा बृहद गौ संरक्षण केंद्र मोहम्मदपुर गढ़वाल में भी गौ-पूजन किया गया। गौ आश्रय स्थल परसपुर में माननीय विधायक करनैलगंज श्री अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर गौ माता का पूजन किया और गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया।

कार्यक्रमों में विभिन्न स्थानों पर ब्लॉक प्रमुख तरबगंज, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोवंश संरक्षण के साथ-साथ समाज में गौ सेवा, करुणा एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर अधिकारियों ने गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों की समुचित देखभाल, समय से चारा-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही गौवंश संरक्षण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
अन्नदान सेवा के तहत विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट नें अन्नपूर्णा प्रसादम’ का किया शुभारंभ

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने जरूरतमंदों को भोजन वितरित कर किया कार्यक्रम का उद्घाटन

संस्था के द्वारा प्रत्येक रविवार किया जाएगा भोजन वितरण

मीरजापुर। अन्नदान सेवा के तहत अन्नकूट के पावन पर्व पर माँ अन्नपूर्णा के आशीर्वाद एवं सभी सहयोगियों के विश्वास से विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क भोजन वितरण अभियान 'अन्नपूर्णा प्रसादम' का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने अपने कर-कमलों से जरूरतमंदों को भोजन वितरित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने संस्था के पिछले 8 वर्षों के  सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए विशेष रूप से रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। संस्था के अध्यक्ष कृष्णानंद ने बताया कि पिछले 05 वर्षों से जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण का कार्य किया जा रहा था जो विगत तीन माह से रुक गया था। अब इसे पुनः नियमित स्वरूप देते हुए प्रत्येक रविवार दोपहर 12 से 01 बजे तक ओलियर घाट स्थित निश्री रेस्टोरेंट के बाहर, वासलीगंज रोड पर निःशुल्क भोजन वितरित किया जाएगा। संस्था के सचिव अभिषेक साहू  ने बताया कि अन्नपूर्णा प्रसादम केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति हमारी संवेदनशीलता और सेवा का संकल्प है। संस्था परिवार और समाज के सहयोग से यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लाल, घंटाघर वार्ड के सभासद राधेश्याम, नामित सभासद श्याम सिंह, रत्नेश दुबे, भाजपा नगर अध्यक्ष डाॅली अग्रहरी इत्यादि लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा संस्था के शिव कुमार शुक्ला, आशुतोष हैहयवंशी, निशांत गुप्ता, हर्षित वर्मा, अक्षत गुप्ता,  विनय ऊमर, शशांक गुप्ता,  मोहित कसेरा, निश्चल गुप्ता, लवी गुप्ता, रौनक कसेरा एवं श्रेया अग्रवाल सहित संस्था परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Mirzapur: बाइक सिखाने के बहाने 12 वर्षीय छात्र को ले गया युवक, 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर सेमरी महाशक्ति इंटर कॉलेज के बगल स्थित चाय की दुकान से 12 वर्षीय बालक के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना 9 नवंबर 2026 को शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। अपहृत बालक की पहचान प्रिंस बिंद पुत्र केशव बिंद के रूप में हुई है। वह आईएसएस कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। परिजनों के अनुसार, एक युवक पिछले पांच दिनों से लगातार उक्त चाय की दुकान पर चाय पीने आता था। इस दौरान उसने परिवार के लोगों से जान-पहचान बना ली थी। आरोप है कि सोमवार की शाम युवक बालक के पिता के सामने ही उसे बाइक चलाना सिखाने के बहाने अपने साथ लेकर चला गया। काफी देर तक बालक के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिवार का आरोप है कि बालक को ले जाने के बाद फोन के माध्यम से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। परिजनों ने युवक की पहचान जिगना थाना क्षेत्र के रसौली गांव निवासी पिंटू हरिजन पुत्र माताम्बर हरिजन उर्फ लुद्दूर के रूप में बताई है। बताया गया कि युवक वर्तमान में विंध्याचल थाना क्षेत्र के कामापुर कला में रहता है। हालांकि, पुलिस की ओर से युवक की पहचान और फिरौती की मांग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना 9 नवंबर को ही सबसे पहले 112 नंबर पर पीआरवी पुलिस को दी गई थी। इसके बाद विंध्याचल थाने पर भी सूचना दी गई, लेकिन आरोप है कि सोमवार की शाम पुलिस पीड़ित परिवार के घर नहीं पहुंची। मंगलवार 10 नवंबर की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन अपने बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस प्रशासन से लगातार गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने तथा बालक को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।
महाराष्ट्र के भाजपा नेता रूद्रमणि पांडे का जौनपुर में सम्मान

जौनपुर। उल्हासनगर भाजपा लीगल सेल के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट रूद्रमणि पांडे का आज बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित महमदपुर गुलरा गांव में सम्मान किया गया।  एड. पांडे को उल्हासनगर का तेज तर्रार नेता माना जाता है। वे अपने एक करीबी रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। उनके आगमन की सूचना मिलने पर मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे और पूर्व प्रधानाचार्य रामअनंद पांडे ने उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुंबई के युवा उद्यमी संदीप पांडे तथा राकेश पांडे उपस्थित रहे। एड. पांडे मूल रूप से जनपद के ही अमारी, शाहगंज के निवासी हैं और उल्हासनगर में रहकर वकालत करते हैं। वर्ष 2012 में नगर पालिका का चुनाव भी लड़ चुके हैं। राजनीति और वकालत के अलावा रामचरितमानस प्रचार सेवा मंडल अंबरनाथ, हरिओम मानस सेवा संस्था उल्हासनगर, मां शारदा सनातन फाउंडेशन, उल्हासनगर, मां शारदा मानस सेवा मंडल, जय श्री राम सेवा मंडल जैसे अनेक धार्मिक संगठनों से भी जुड़े हुए हैं। वे इन संगठनों के विधि सलाहकार के रूप में नियुक्त हैं।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशों के क्रम में ग्रामसभा की बेशकीमती भूमि के विनिमय प्रकरण में अपर आयुक्त न्यायालय का महत्वपूर्ण निर्णय

*मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिला प्रशासन को उक्त सरकारी संम्पत्ति को कब्जा मुक्ति के निर्देश  के क्रम में हुई कारवाही*

*गोण्डा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी ग्रामसभा की भूमि के विनिमय पर उठे गंभीर सवाल, तत्कालीन उपजिलाधिकारी के हस्ताक्षर कूटरचित होने का मामला भी आया सामने*

*1996 के प्रकरण में मंडलीय शासकीय अधिवक्ता वी.पी. तिवारी ने न्यायालय में रखा शासन एवं ग्रामसभा का पक्ष*

गोण्डा। देवीपाटन मण्डल में ग्रामसभा नारायणपुर माझा तहसील करनैलगंज गोंडा बनाम जगदंबा प्रसाद की सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण, राजस्व अभिलेखों की शुचिता तथा सरकारी भूमि से संबंधित मामलों में विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अपर आयुक्त, प्रशासन द्वितीय न्यायालय के पीठासीन अधिकारी  राजेश कुमार यादव द्वारा ग्रामसभा की बेशकीमती भूमि के विनिमय से संबंधित महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरण में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को अंतिम आदेश पारित किया गया।

*मंडलायुक्त के निर्देश के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा उक्त सरकारी संपत्ति पर हुई कार्रवाई की गई*

प्रकरण जनपद गोण्डा की तहसील करनैलगंज के ग्रामसभा की भूमि को निजी खातेदारों की भूमि से विनिमय किए जाने से संबंधित है। निगरानी में ग्रामसभा के खाते में दर्ज बंजर, नवीन परती एवं चरागाह की भूमि के विनिमय की वैधानिकता को चुनौती दी गई थी। इसमें गोण्डा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी बेशकीमती भूमि भी शामिल थी।

प्रकरण में यह महत्वपूर्ण आपत्ति उठाई गई कि ग्रामसभा की बहुमूल्य भूमि के बदले विनिमय हेतु प्रस्तुत निजी भूमि के राजस्व अभिलेखों में कुछ गाटे नदी, खादर एवं परती के रूप में दर्ज थे। ऐसी भूमि का ग्रामसभा की बेशकीमती संपत्ति से विनिमय किए जाने की वैधानिकता पर गंभीर प्रश्न उठाए गए।

मामले में एक अन्य महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया कि विनिमय से संबंधित दिनांक 19 जुलाई 1996 के आदेश पर तत्कालीन उपजिलाधिकारी करनैलगंज ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने अपने पत्र दिनांक 16 अगस्त 2003 के माध्यम से हस्ताक्षर होने से स्पष्ट इनकार किया था। उन्होंने संबंधित आदेश एवं पत्रावली पर अपने हस्ताक्षर न होने तथा हस्ताक्षर कूटरचित होने की जानकारी दी थी। इसके अतिरिक्त तहसीलदार करनैलगंज की जांच आख्या दिनांक 31 जुलाई 2003 में भी संबंधित विनिमय आदेश को अविधिक बताया गया था।

प्रकरण में ग्रामसभा को सुनवाई का समुचित अवसर प्रदान किए जाने, विनिमय की वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए जाने तथा सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विधिक एवं राजस्व संबंधी बिंदुओं को उठाया गया। मंडलीय शासकीय अधिवक्ता श्री वी.पी. तिवारी द्वारा न्यायालय के समक्ष शासन एवं ग्रामसभा का पक्ष प्रस्तुत किया गया।

अपर आयुक्त, प्रशासन द्वितीय न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950 की धारा 333 के अंतर्गत प्रस्तुत निगरानी की सुनवाई के उपरांत दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को अंतिम आदेश पारित किया गया।

मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशों के क्रम में मंडल के सभी जनपदों में ग्रामसभा की सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण, राजस्व अभिलेखों के नियमित परीक्षण, सरकारी भूमि से संबंधित मामलों में पारदर्शिता तथा नियमानुसार प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
जौनपुर में ब्राह्मण चेतना समिति ने किया कुलपति प्रोफेसर त्रिपाठी का सम्मान
जौनपुर। ब्राह्मण चेतना समिति ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति प्रोफेसर आरएन त्रिपाठी का स्वागत किया। हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्राचार्य ज्ञानप्रकाश मिश्र द्वारा मंगलाचरण किया गया।ततपश्चात ब्राह्मण चेतना समिति के सम्मानित सदस्यों ने अपने मुख्य अतिथि प्रोफेसर त्रिपाठी सहित समस्त गणमान्य अतिथियों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम् द्वारा सम्मानित किया।
स्वागत कार्यक्रम में वक्ताओं में प्रमुख वक्ताओं ने अपने विचार प्रकट किए।डॉक्टर अरुण कुमार मिश्र, डॉक्टर वीएस उपाध्याय,डॉक्टर रामअवध यादव,पंडित प्रभाकर त्रिपाठी, डॉक्टर रजनी कांत द्विवेदी,प्रोफेसर डॉक्टर एसके पाठक,राजेश पांडे,असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर सब्यसाँची त्रिपाठी,परमहंस पांवड़े,निखिलेश सिंह, सोहनलाल,डॉक्टर अश्विनी तिवारी, समाजित द्विवेदी 'प्रखर' ,डॉक्टर रामजी तिवारी आदि ने अपने वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए कुलपति प्रोफेसर त्रिपाठी का स्वागत किया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख बक्शा एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीपति उपाध्याय ने प्रोफेसर त्रिपाठी को सर्वपल्ली राधाकृष्णन जैसे विद्वानों के सदृश बताते हुए भारत के राष्ट्रपति पद को सुशोभित करने का आशीर्वाद दिया।
प्रोफेसर त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जहाँ प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी ने साढ़े बारह वर्ष तक निवास किया उस स्थान पर सेवा करना,इससे बढ़कर धन्यता क्या हो सकती है । कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित रामकृष्ण त्रिपाठी ने प्रोफेसर त्रिपाठी को साधुवाद दिया।ब्राह्मण चेतना समिति के अध्यक्ष डॉक्टर रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी ने संक्षिप्त सूचना पर उपस्थित होने के लिए समस्त आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए प्रोफेसर त्रिपाठी के उज्ज्वल भविष्य की मङ्गल कामना की। कार्यक्रम में पंडित रामदयाल द्विवेदी,दया सागर राय, विनोद सिंह,कृष्णानन्द उपाध्याय,पारस नाथ उपाध्याय, पूर्व प्राचार्य अजय त्रिपाठी,संत प्रसाद राय,नन्हे सिंह,प्रशांत तिवारी आदि की गरिमामय उपस्थित रही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अशोक कुमार मिश्र ने किया।
ड्यूटी के लिए मांगा शिक्षकों का ब्योरा
*जिला विद्यालय निरीक्षक ने 196 विद्यालयों के प्रधानाचार्यां को लिखा पत्र*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा को नकलविहीन और सुचितापूर्ण कराने के लिए विभाग ने शिक्षकों का विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिले के सभी 196 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से शिक्षकों का ब्योरा मांगा गया है।



इसे 15 नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसी डाटा के आधार पर परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 81 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। इन पर मिली 112 आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद कमेटी ने 85 से 90 केंद्र बनाने पर सहमति दी है।

अब संशोधित सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। दूसरी ओर, परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। परिषद के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा है।



इसमें सहायक अध्यापकों, प्रवक्ताओं और प्रधानाचार्यों का विवरण निर्धारित समय तक अपलोड करने को कहा गया है। इसमें शिक्षक का नाम, विषय, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, विद्यालय का विवरण, नियुक्ति और पूर्व में परीक्षा ड्यूटी करने से संबंधित जानकारी देनी होगी। इस बार बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को क्यूआर कोडयुक्त पहचान पत्र भी जारी किया जाएगा। इससे केवल ड्यूटी पर लगाए गए शिक्षक ही परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात हो सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि इसी डाटा के आधार पर केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती भी की जाएगी।


उन्होंने बताया कि विभाग ने केवल नियमित शिक्षकों का विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। दागी या विवादित शिक्षकों का ब्योरा अपलोड नहीं किया जाएगा। समय से डाटा उपलब्ध होने पर केंद्र निर्धारण और ड्यूटी आवंटन में आसानी होगी। बोर्ड परीक्षा पांच फरवरी से शुरू होगी।