कन्नौज में सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत, एक घायल*


कन्नौज में तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला है। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा दोस्त घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज से कानपुर रेफर किया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन को लेकर थार कार होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर वाहन की तलाश में जुटी है।

आपको बताते चलें कि कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार अपनी बाइक से गांव के ही तीन दोस्तों 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता, 45 वर्षीय वेदराम पाल और 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता के साथ विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। सोमवार देर रात तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विजय कुमार, मनीष कुमार सविता और वेदराम पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। वाहन थार कार होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके।

इस हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि यह रात को करीब साढ़े 11 बजे थाना इंदरगढ़ के कचाटीपुर गांव के पास एक्सीडेंट हुआ है जिसमे एक फोर व्हीलर गाडी ने चार लोगों को टक्कर मारी है जिसमे से तत्काल उनको तिर्वा मेडिकल कालेज लाया गया था, जिसमे से तीन लोगों को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, एक के हलकी फुलकी चोट लगी है।  सभी के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है और इसमें अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।  समस्त विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद एवं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के पैतृक आवास पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से की मुलाकात, कहा- श्रीप्रकाश मणि का सैन्य एवं राजनीतिक जीवन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का रहा प्रतीक ।
देवरिया, 09 नवंबर। M N पांडेय ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के पूर्व सांसद एवं भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री आज बैतालपुर विकासखंड स्थित उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे और उनके आवास पर दिवंगत नेता के पार्थिक शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।  मुख्यमंत्री ने सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित शोकाकुल परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
      मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद के व्यक्तित्व एवं उनसे जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों को याद करते हुए कहा कि वे स्वयं भी उनके सांसद रहे हैं। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत सरल, व्यावहारिक और दृढ़ निश्चयी रहा। उन्होंने अपने पूरे जीवन में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च स्थान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार उनके अपने परिवार की तरह है। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित पूरे परिवार के साथ वे इस दुःख की घड़ी में खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए प्रभु श्रीराम से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
      मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व सांसद की धर्मपत्नी शशि त्रिपाठी से भी मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व सांसद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी देवरिया से वर्तमान सांसद हैं। उनके दूसरे पुत्र मृगांक त्रिपाठी तथा एक पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं।
      इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, सदर विधायक सलभ मणि त्रिपाठी, सलेमपुर विधायक एवं राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया तथा बरहज विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका मिश्रा सहित जनपद एवं आसपास के जिलों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अंतर्यामी सिंह, राजेश मिश्रा एवं पवन मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सैन्य सम्मान प्रदान किया।इस दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

*जीवन परिचय एक नजर में*

       उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार, 08 नवंबर को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह 11:15 बजे निधन हो गया था। वह 91 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना उनके पुत्र एवं सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने दी थी। उनका जन्म 30 जून 1935 को जनपद देवरिया के बरपार गांव में हुआ था। उन्होंने जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और लगभग चार दशक तक सैन्य सेवा में रहते हुए देश की सेवा की। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह भारतीय सेना में उप सेना प्रमुख (डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर भी रहे। उनकी विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।
       सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 1996 एवं 1999 में देवरिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने 11वीं एवं 13वीं लोकसभा में जनपद का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन से जनपद ने एक अनुभवी सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।
इमरजेंसी में त्वरित इलाज पर जोर, गंभीर मरीजों के लिए व्यवस्था और मजबूत
फर्रुखाबाद। जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया की इमरजेंसी में गंभीर मरीजों को जल्द से जल्द आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष फोकस है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में इमरजेंसी सेवाओं में मरीज की स्थिति के अनुसार तत्काल उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय उपचार शुरू होने का होता है। ऐसे में गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार मरीज को संबंधित विशेषज्ञ सेवा से जोड़ने और गंभीर मरीजों की लगातार निगरानी की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि दुर्घटना, अचानक गंभीर बीमारी, सांस संबंधी परेशानी, तेज बुखार अथवा अन्य आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीज को उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि इमरजेंसी सेवा में समय ही सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए चिकित्सकीय टीम को मरीज की गंभीरता के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यकतानुसार आगे की चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका सीधा लाभ गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मिल रहा है।
जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं का विस्तार, मरीजों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम
फर्रुखाबाद। जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया में मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में जांच एवं उपचार व्यवस्था को इस तरह मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक रूप से निजी केंद्रों या अन्य स्थानों पर न जाना पड़े।

अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यक जांच कराकर उसकी रिपोर्ट के आधार पर उपचार को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे मरीज को एक ही स्वास्थ्य संस्थान में जांच और उपचार की सुविधा मिलने से समय तथा अतिरिक्त खर्च दोनों बचाने में मदद मिलती है।

विशेष रूप से भर्ती मरीजों और गंभीर मरीजों के उपचार में समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध होना उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि उपलब्ध जांच सुविधाओं का अधिकतम लाभ मरीजों को मिले और जांच व्यवस्था में अनावश्यक देरी न हो।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मरीज को बेहतर उपचार तभी मिलेगा, जब बीमारी की सही समय पर पहचान हो और आवश्यक जांच की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से जिला अस्पताल की जांच एवं उपचार व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए कम से कम परेशानी उठानी पड़े।
सरकारी अस्पतालों में दवा उपलब्धता पर विशेष निगरानी, मरीजों को समय पर मिल रही जरूरी दवाएं;

जन औषधि केंद्रों से कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण उपचार का विकल्प


फर्रुखाबाद।
सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को इलाज के साथ जरूरी दवाएं भी समय पर उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष निगरानी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को जरूरी दवाओं के लिए भटकना न पड़े।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों में आवश्यक दवाओं के स्टॉक पर नजर रखने के साथ मांग के अनुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। दवा वितरण व्यवस्था में यह भी देखा जा रहा है कि मरीज को चिकित्सक की सलाह के अनुसार निर्धारित दवा समय पर उपलब्ध हो और स्टॉक में कमी की स्थिति पहले से सामने आ सके।
साथ ही प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत संचालित केंद्र मरीजों के लिए कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। जन औषधि योजना के उत्पाद बास्केट में विभिन्न रोगों से संबंधित बड़ी संख्या में दवाएं शामिल हैं, जिससे हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, एलर्जी और अन्य सामान्य बीमारियों की दवाओं तक किफायती पहुंच बढ़ी है।

स्वास्थ्य विभाग का फोकस केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता, सही भंडारण, स्टॉक की नियमित निगरानी और मरीजों को निर्धारित दवा उपलब्ध कराने पर भी है। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं मिलने से नियमित दवा लेने वाले मरीजों, बुजुर्गों और लंबे समय से उपचार करा रहे लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का उद्देश्य मरीज को जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरी उपचार भी उपलब्ध कराना है। दवाओं की उपलब्धता में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए स्टॉक की निगरानी और आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
दीपों की रोशनी से जगमगाया प्राथमिक विद्यालय मुसहर बस्ती उरैनी, बच्चों के साथ प्रधानाध्यापक ने मनाई दीपावली
पैरालंपिक एवं एशियन पैरा गेम्स में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली प्रीति पाल का मंत्री कपिल देव ने किया सम्मान

मुजफ्फरनगर स्थित अपने आवास पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं देश का गौरव प्रीति पाल ने अपने परिजनों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रीति पाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि जनपद मुजफ्फरनगर के ग्राम हाशमपुर की बेटी प्रीति पाल ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अदम्य इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय हैं।

प्रीति पाल ने वर्ष 2024 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित पैरालंपिक खेलों में महिलाओं की 100 मीटर एवं 200 मीटर टी-35 स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके साथ ही वह पैरालंपिक में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनकी इन उपलब्धियों के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

प्रीति पाल ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सफलता का सिलसिला जारी रखते हुए जापान में आयोजित वर्ष 2026 के एशियन पैरा गेम्स में भी महिलाओं की 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस प्रकार पैरालंपिक और एशियन पैरा गेम्स में उनके नाम चार महत्वपूर्ण पदक दर्ज हैं।

उनकी खेल उपलब्धियों को सम्मान देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। 24 मार्च 2026 को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग में यह जिम्मेदारी प्रदान की गई है। यह प्रदेश सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों को सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रीति पाल को बीडीओ के पद पर नियुक्ति मिलना उनकी खेल उपलब्धियों के साथ-साथ प्रदेश में प्रतिभा और परिश्रम को मिल रहे सम्मान का भी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रीति पाल की सफलता विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। निश्चित रूप से उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को अपने सपनों को साकार करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
जागाहेड़ी टोल प्लाजा के निकट भीषण सड़क हादसे में छह युवाओं की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक : कपिल देव

आशीष कुमार

मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र अंतर्गत जागाहेड़ी टोल प्लाजा के निकट आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कार के बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग लगने से छह युवाओं की दर्दनाक मृत्यु हो जाने की घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।

इस हादसे में हरियाणा के जनपद हांसी के ग्राम राखी खास एवं मोठ निवासी अंकित, अजय, अमन, अनुज, साहिल एवं अंकित के असामयिक निधन की सूचना पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत युवाओं के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान मंत्री कपिल देव ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं सभी आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि एक ही हादसे में छह युवाओं का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। यह घटना न केवल उनके परिवारों, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी; कई यात्री घायल, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा लखनऊ में जीरो पॉइंट मोहन के पास हुआ। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और एक बच्चे को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी सूचना है।

जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी (हरियाणा) से छपरा (बिहार) जा रही बस सोमवार सुबह 7:08 बजे जीरो पॉइंट मोहन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में उस समय लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन और नेतृत्व में अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के साथ फायर स्टेशन आलमबाग से एक फायर टेंडर, सरोजनी नगर से रेस्क्यू व्हीकल और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (एमडीआरवी) को मौके पर भेजा गया।

पुलिस बल के साथ मिलकर अग्निशमन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्हें बाहर निकालने के लिए एमडीआरवी में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस के भीतर फंसे 15 से 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सभी टीमों के बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते महज 35 मिनट में पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और बच्चे को तत्काल एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

वहीं, चित्रकूट से दीपदान कर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्राली पटल गई, जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, इसके साथ ही 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है और सात लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक, सिंगरामऊ द्वारा बच्चों को पटाखे व मिठाई वितरित

जौनपुर। दीपावली के अवसर पर आज सिंगरामऊ थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मौर्या द्वारा मल्लूपुर तथा महदा गांव में बच्चों को पटाखे व मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सिंगरामऊ थाने के हेड कॉन्स्टेबल विशेष द्विवेदी, जितेंद्र कुमार, रियाज अहमद, रमाशंकर मौर्य, मानस पांडे, कल्पना सिंह भी उपस्थित रहे। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मौर्या ने कहा कि दीपावली के अवसर पर देश के भविष्य कहे जाने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की भावना के साथ यह कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर गांव के लोग भी उपस्थित रहे।