जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं का विस्तार, मरीजों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम
फर्रुखाबाद। जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया में मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में जांच एवं उपचार व्यवस्था को इस तरह मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक रूप से निजी केंद्रों या अन्य स्थानों पर न जाना पड़े।

अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यक जांच कराकर उसकी रिपोर्ट के आधार पर उपचार को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे मरीज को एक ही स्वास्थ्य संस्थान में जांच और उपचार की सुविधा मिलने से समय तथा अतिरिक्त खर्च दोनों बचाने में मदद मिलती है।

विशेष रूप से भर्ती मरीजों और गंभीर मरीजों के उपचार में समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध होना उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि उपलब्ध जांच सुविधाओं का अधिकतम लाभ मरीजों को मिले और जांच व्यवस्था में अनावश्यक देरी न हो।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मरीज को बेहतर उपचार तभी मिलेगा, जब बीमारी की सही समय पर पहचान हो और आवश्यक जांच की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से जिला अस्पताल की जांच एवं उपचार व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए कम से कम परेशानी उठानी पड़े।
सरकारी अस्पतालों में दवा उपलब्धता पर विशेष निगरानी, मरीजों को समय पर मिल रही जरूरी दवाएं;

जन औषधि केंद्रों से कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण उपचार का विकल्प


फर्रुखाबाद।
सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को इलाज के साथ जरूरी दवाएं भी समय पर उपलब्ध कराने पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष निगरानी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को जरूरी दवाओं के लिए भटकना न पड़े।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों में आवश्यक दवाओं के स्टॉक पर नजर रखने के साथ मांग के अनुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। दवा वितरण व्यवस्था में यह भी देखा जा रहा है कि मरीज को चिकित्सक की सलाह के अनुसार निर्धारित दवा समय पर उपलब्ध हो और स्टॉक में कमी की स्थिति पहले से सामने आ सके।
साथ ही प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत संचालित केंद्र मरीजों के लिए कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। जन औषधि योजना के उत्पाद बास्केट में विभिन्न रोगों से संबंधित बड़ी संख्या में दवाएं शामिल हैं, जिससे हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, एलर्जी और अन्य सामान्य बीमारियों की दवाओं तक किफायती पहुंच बढ़ी है।

स्वास्थ्य विभाग का फोकस केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता, सही भंडारण, स्टॉक की नियमित निगरानी और मरीजों को निर्धारित दवा उपलब्ध कराने पर भी है। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं मिलने से नियमित दवा लेने वाले मरीजों, बुजुर्गों और लंबे समय से उपचार करा रहे लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का उद्देश्य मरीज को जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरी उपचार भी उपलब्ध कराना है। दवाओं की उपलब्धता में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए स्टॉक की निगरानी और आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
दीपों की रोशनी से जगमगाया प्राथमिक विद्यालय मुसहर बस्ती उरैनी, बच्चों के साथ प्रधानाध्यापक ने मनाई दीपावली
पैरालंपिक एवं एशियन पैरा गेम्स में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली प्रीति पाल का मंत्री कपिल देव ने किया सम्मान

मुजफ्फरनगर स्थित अपने आवास पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं देश का गौरव प्रीति पाल ने अपने परिजनों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रीति पाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि जनपद मुजफ्फरनगर के ग्राम हाशमपुर की बेटी प्रीति पाल ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अदम्य इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय हैं।

प्रीति पाल ने वर्ष 2024 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित पैरालंपिक खेलों में महिलाओं की 100 मीटर एवं 200 मीटर टी-35 स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके साथ ही वह पैरालंपिक में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनकी इन उपलब्धियों के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

प्रीति पाल ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सफलता का सिलसिला जारी रखते हुए जापान में आयोजित वर्ष 2026 के एशियन पैरा गेम्स में भी महिलाओं की 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस प्रकार पैरालंपिक और एशियन पैरा गेम्स में उनके नाम चार महत्वपूर्ण पदक दर्ज हैं।

उनकी खेल उपलब्धियों को सम्मान देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। 24 मार्च 2026 को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग में यह जिम्मेदारी प्रदान की गई है। यह प्रदेश सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों को सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रीति पाल को बीडीओ के पद पर नियुक्ति मिलना उनकी खेल उपलब्धियों के साथ-साथ प्रदेश में प्रतिभा और परिश्रम को मिल रहे सम्मान का भी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रीति पाल की सफलता विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। निश्चित रूप से उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को अपने सपनों को साकार करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
जागाहेड़ी टोल प्लाजा के निकट भीषण सड़क हादसे में छह युवाओं की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक : कपिल देव

आशीष कुमार

मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र अंतर्गत जागाहेड़ी टोल प्लाजा के निकट आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कार के बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग लगने से छह युवाओं की दर्दनाक मृत्यु हो जाने की घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।

इस हादसे में हरियाणा के जनपद हांसी के ग्राम राखी खास एवं मोठ निवासी अंकित, अजय, अमन, अनुज, साहिल एवं अंकित के असामयिक निधन की सूचना पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत युवाओं के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान मंत्री कपिल देव ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं सभी आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि एक ही हादसे में छह युवाओं का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। यह घटना न केवल उनके परिवारों, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी; कई यात्री घायल, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा लखनऊ में जीरो पॉइंट मोहन के पास हुआ। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और एक बच्चे को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी सूचना है।

जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी (हरियाणा) से छपरा (बिहार) जा रही बस सोमवार सुबह 7:08 बजे जीरो पॉइंट मोहन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में उस समय लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन और नेतृत्व में अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के साथ फायर स्टेशन आलमबाग से एक फायर टेंडर, सरोजनी नगर से रेस्क्यू व्हीकल और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (एमडीआरवी) को मौके पर भेजा गया।

पुलिस बल के साथ मिलकर अग्निशमन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्हें बाहर निकालने के लिए एमडीआरवी में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस के भीतर फंसे 15 से 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सभी टीमों के बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते महज 35 मिनट में पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और बच्चे को तत्काल एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

वहीं, चित्रकूट से दीपदान कर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्राली पटल गई, जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, इसके साथ ही 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है और सात लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक, सिंगरामऊ द्वारा बच्चों को पटाखे व मिठाई वितरित

जौनपुर। दीपावली के अवसर पर आज सिंगरामऊ थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मौर्या द्वारा मल्लूपुर तथा महदा गांव में बच्चों को पटाखे व मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सिंगरामऊ थाने के हेड कॉन्स्टेबल विशेष द्विवेदी, जितेंद्र कुमार, रियाज अहमद, रमाशंकर मौर्य, मानस पांडे, कल्पना सिंह भी उपस्थित रहे। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मौर्या ने कहा कि दीपावली के अवसर पर देश के भविष्य कहे जाने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की भावना के साथ यह कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर गांव के लोग भी उपस्थित रहे।
2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना सुनिश्चित: तनुज पांडेय
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता तनुज पांडेय ने अपने आवास आशा मधुपुर में दीपावली की शुभकामनाएं देने के अवसर पर पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बदलापुर विधानसभा की राजनीतिक स्थिति, क्षेत्रीय विकास और आगामी चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने पूर्व विधायक ओमप्रकाश 'बाबा' दुबे की प्रस्तावित साइकिल यात्रा पर टिप्पणी करने के साथ ही वर्तमान विधायक रमेश चंद्र मिश्र के संतृप्त बदलापुर के दावे पर भी सवाल उठाए।पूर्व विधायक ओमप्रकाश 'बाबा' दुबे की 11 नवंबर को प्रस्तावित साइकिल यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर तनुज पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि दुबे जी साइकिल यात्रा के बाद हाथी यात्रा भी निकालेंगे। वहीं, यह पूछे जाने पर कि क्या वह इन यात्राओं के जवाब में कोई बड़ी लकीर खींचेंगे, उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई मुकाबला नहीं है। उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर अपनी बात और समाजवादी पार्टी का संदेश पहुंचाना है।वर्तमान विधायक रमेश चंद्र मिश्र द्वारा बदलापुर विधानसभा को संतृप्त बताए जाने पर तनुज पांडेय ने कहा कि कोई भी विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह संतृप्त नहीं हो सकता। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और हर क्षेत्र में सुधार की संभावनाएं बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं और विकास की जरूरतों को ध्यान में रखना चाहिए। वहीं किसानों के हित में बात करते हुए कहा कि आज खाद पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहे जिससे किसानों की बुवाई प्रभावित है वहीं सपा कार्यकाल में किसानों के हित की बात बेरोजगारों की हित की बात हर समय हुई है। और आगे भी होती रहेगी क्योंकि हमारे पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े थे और आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हीं के बताए हुए मार्ग पर चलकर आज युवाओं की धड़कन बने हुए हैं।
शिवसेना प्रमुख के खिलाफ कोर्ट में केस करनेवाले मुन्ना त्रिपाठी का आकस्मिक निधन
जौनपुर। उत्तर भारतीय समाज के अपमान को लेकर शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के खिलाफ कोर्ट में केस करने वाले अखंड राष्ट्र अखबार के संपादक मंगलेश्वर त्रिपाठी उर्फ मुन्ना त्रिपाठी ( उम्र 49 वर्ष) का बीती रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने हिंदू महासभा की तरफ से जौनपुर लोकसभा के लिए नामांकन भी किया था। बाद में बीजेपी प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के अनुरोध पर नाम वापस ले लिया था। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। आज दोपहर में गोमती नदी किनारे स्थित इमिलिया घाट पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख डॉ उमेश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य शिव प्रताप सिंह उर्फ नाटे सिंह, भाजपा नेता श्रीकृष्ण पांडे, प्रधान संतलाल सोनी, पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार प्रणय तिवारी, पत्रकार प्रमोद पांडे, समाजसेवी सुरेश तिवारी, पत्रकार संगम लाल पांडे, पत्रकार पब्बर दुबे, साधु तिवारी, पत्रकार श्रवण उपाध्याय, ठाकुर प्रसाद तिवारी, सुभाष मिश्रा समेत सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके सुपुत्र पत्रकार ओमकार त्रिपाठी ने उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, विधायक संजय उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, डॉ राधेश्याम तिवारी,उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह, डीआईजी अजय पाल शर्मा, पत्रकार अनिल तिवारी, पत्रकार चंद्रकांत दुबे, पत्रकार राजेश उपाध्याय, मीरा भाईंदर महानगरपालिका परिवहन समिति के सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, ब्राह्मण संगठन के अध्यक्ष कमलेश पांडे, देवेश तिवारी, कमला प्रसाद तिवारी बड़े बाबू, समाजसेवी रामजी उपाध्याय, डी एस तिवारी समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
दीपावली पर भी खाली रहा हाथ: बलिया समेत कई जनपदों में शिक्षामित्रों का मानदेय अटका, पोर्टल या विभाग—जिम्मेदार कौन?
संजीव सिंह बलिया। दीपावली जैसे मुख्य त्योहार पर उत्तर प्रदेश के बलिया समेत कई जनपदों के शिक्षामित्रों को उनका मानदेय नहीं मिल पाने से निराशा और आक्रोश बढ़ा है। शिक्षामित्रों का कहना है कि टोकन जारी होने के बाद भी खाते में राशि नहीं पहुंची, जिससे त्योहार की खुशियां फीकी पड़ गई हैं।
बलिया में टोकन जारी, भुगतान लंबित
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रांतीय अध्यक्ष द्वारा राज्य सरकार के मुख्य सचिव को अवगत कराया गया था कि पोर्टल संबंधी समस्या से कई जनपदों में मानदेय भुगतान रुका हुआ है। मुख्य सचिव की ओर से आश्वासन दिया गया था कि जिन जनपदों में शुक्रवार तक टोकन जारी हो गए हैं, वहां दीपावली से एक दिन पहले शाम तक भुगतान हो जाएगा।
बलिया में मुख्य कोषाधिकारी आनंद दुबे द्वारा शुक्रवार शाम टोकन जारी कर दिए जाने के बाद भी शिक्षामित्रों के खातों में मानदेय नहीं पहुंचा। इससे शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है।
पोर्टल बनाम विभाग की जिम्मेदारी
शिक्षामित्रों का सवाल है कि टोकन जारी होने के बाद भी भुगतान न होने का कारण क्या है—क्या यह पोर्टल की तकनीकी खामी है या विभागीय स्तर पर तैयारी की कमी? उनका आरोप है कि त्योहार जैसे संवेदनशील समय में मेहनताना रोके रखना प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है।
प्रदेश में लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय प्रभावित होने की बात कही जा रही है। संघ के अनुसार, पहले पीएफएमएस पोर्टल से बिल बैंक में पहुंचने के 24 घंटे के भीतर राशि खातों में आ जाती थी, लेकिन सितंबर से लागू नई भुगतान प्रणाली के बाद प्रक्रिया लंबी और जटिल हो गई है।
शिक्षामित्रों में मायूसी
दीपावली पर परिवार की जरूरतें, खरीदारी और त्योहार से जुड़े खर्चों को देखते हुए समय पर मानदेय मिलना शिक्षामित्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भुगतान न होने से कई शिक्षामित्र आर्थिक दबाव में हैं और उन्होंने तत्काल भुगतान की मांग की है।
शिक्षामित्र संघ ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि टोकन जारी हो चुके सभी मामलों में तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में त्योहारों से पहले भुगतान की पूरी तैयारी की जाए, ताकि कर्मचारियों को बार-बार इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।