ऐतिहासिक पल्थी मेले का दंगल के साथ भव्य समापन, 51 जोड़ियों ने दिखाए कुश्ती के दांव-पेच
सत्येन्द्र यादव
मार्टीनगंज- आज़मगढ़।
12 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में आजमगढ़ के सुजीत ने वाराणसी के आकाश को दी पटखनी, पूर्वांचल के नामचीन पहलवानों ने दिखाया दमखम
दीदारगंज (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के पल्थी बाजार में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मेले का शनिवार को भव्य समापन हुआ। मेले के अंतिम दिन आयोजित विराट दंगल प्रतियोगिता में पूर्वांचल के नामचीन पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दंगल देखने के लिए पल्थी बाजार सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग उमड़े रहे। देर शाम तक अखाड़े में कुश्ती का रोमांच बना रहा।
पल्थी का ऐतिहासिक मेला क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मेले में तिघरा, चरौवा, बिहटा, दरियापुर, डीहपुर, गुवाई, मीर अहमदपुर, सरावां, गद्दोपुर, हड़वां, समुद्रपुर, खदरा सहित दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पहुंचे। मेले में बच्चों और महिलाओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने झूला, स्पंज झूला और चरखी का आनंद लिया, वहीं आर्केस्ट्रा के कार्यक्रम ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
मेले में चाट, फुल्की, जलेबी और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की खूब भीड़ रही। इसके अलावा बिसातखाने की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। बच्चों में गुब्बारे और खिलौने खरीदने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मेले में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
मेले के दूसरे दिन रामलीला समिति की ओर से मेला मैदान में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मऊ, प्रयागराज, महाराजगंज, गोरखपुर, जौनपुर, आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों के सैकड़ों नामचीन पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अखाड़े में एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देते हुए शानदार कुश्ती का प्रदर्शन किया। दर्शक तालियों और जयकारों के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे।
दंगल में कुल 51 जोड़ियों की कुश्ती कराई गई। प्रतियोगिता में आजमगढ़ के नीबी और जौनपुर के केराकत के पहलवानों का विशेष दबदबा रहा। सबसे रोमांचक मुकाबला 12 हजार रुपये की इनामी कुश्ती का रहा। इसमें आजमगढ़ के नीबी निवासी पहलवान सुजीत और वाराणसी के पहलवान आकाश आमने-सामने हुए। दोनों पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। अंततः सुजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आकाश को पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनकी जीत पर दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ खुशी जाहिर की। विजयी पहलवानों को रामलीला समिति एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों के अलावां जेई राकेश कुमार यादव, अभिषेक यादव, इन्द्रेश यादव, डॉ वीरेन्द्र यादव आदि की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मेले और दंगल के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक नंदजी सिंह सहित पुलिसकर्मी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। वहीं रामलीला समिति के अध्यक्ष नंदलाल मौर्य अपनी पूरी समिति के सदस्यों के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे। दंगल प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका तिजू सेठ ने निभाई।
ऐतिहासिक मेले के सफल आयोजन और दंगल प्रतियोगिता में उमड़ी भारी भीड़ से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
2 hours and 35 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
12.6k