11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नहर की गहराई नापने के दौरान लोहे की पाइप में उतरा करंट, इलाज के लिए जौनपुर ले गए थे परिजन; ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े परिजन।
एस. के. यादवमार्टिनगंज (आजमगढ़)।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर स्थित शारदा सहायक खंड-32 रजवाहा नहर में सोमवार को सफाई कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से 35 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे मजदूर को उपचार के लिए जौनपुर ले जाया गया, जहां देर शाम चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सूरहन गांव निवासी दैनिक सिंह उर्फ चुन्नू गांव के बाबी, अभय और शाहहंसा को मजदूरी के लिए नहर पर ले गए थे। बताया जाता है कि ठेकेदार की ओर से नहर की साफ-सफाई का कार्य जेसीबी और पोकलैंड मशीन से कराया जा रहा था। इसी दौरान नहर की गहराई का सीमांकन करने के लिए कैमरा यंत्र के साथ लोहे की पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा था। पाइप को दाएं-बाएं करने और ऊपर उठाने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। इससे पाइप पकड़कर काम कर रहे सूरहन गांव निवासी शाहहंसा गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जौनपुर पहुंचाया, जहां देर शाम डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन शव को घर लेकर पहुंचे और ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी रबीना, मां चनवता देवी और चार वर्षीय पुत्री लाड़ी है। परिवार के मुखिया की मौत से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर मार्टिनगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




20 नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा, करीब 1500 बेरोजगार युवाओं ने कराया पंजीकरण; मुख्य अतिथि ने वितरित किए नियुक्ति पत्र







1 hour and 17 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2