अघोषित बिजली कटौती बंद न होने पर होगा उग्र आंदोलन

- सरकार को चेतावनी - हाईवे जाम करने पर मजबूर मत करो

भोपाल। लोड शेडिंग और अघोषित बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों का जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है, भक्तगण नवरात्र में मां जगदम्बा की आरती अंधेरे में करने को विवश हैं। ग्रामीण क्षेत्र में हर शाम से रात तक की बिजली कटौती के चलते गंभीर आपराधिक घटनाओं का भय बढ़ता जा रहा है इस स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना के जिम्मेदार मुख्यमंत्री होंगे, यह कहना है पूर्व जिला पंचायत सदस्य विष्णु विश्वकर्मा का। उन्होंने गुरुवार को ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं और रहवासियों के साथ बिजली कटौती के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। रायसेन रोड बायपास चौराहे पर आयोजित सांकेतिक प्रदर्शन में विष्णु विश्वकर्मा ने शासन प्रशासन पर शहर की तुलना में ग्रामीणों से भेदभाव करने के आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में लक्धक आयोजनों की बहार चल रही है और गाँव में मां भवानी के पंडालों में अंधेरा पसरा हुआ है। किसान नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य विष्णु विश्वकर्मा ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी एयर कंडीशन दफ्तरों में बैठे हैं और गांव में हमारे अन्नदाता किसान वर्ग का भविष्य अंधेरे में डूबा हुआ है। सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान शासन प्रशासन को चेतावानी देते हुए उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों द्वारा दो दिवस के अंदर व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था, अगर दो दिवस में अघोषित बिजली कटौती पर लगाम नहीं लगाई गई तो कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क को जाम कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के हित की रक्षा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रत्येक नागरिक के मूलभूत अधिकारों के लिए कांग्रेस हमेशा चिंतित रही है और इसी कारण बिजली कटौती के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अचल ठाकुर, रघुराज सराठे, धीरज मेर, अरुण विश्वकर्मा, समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लोड शेडिंग के कारण की जा रही बिजली कटौती को लेकर सौंपा ज्ञापन

भोपाल । ग्रामीण इलाकों में लोड शेडिंग के चलते लगातार अघोषित बिजली कटौती जारी है, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक क्रियाकलाप बुरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। बिजली की अघोषित कटौती के विरोध में तथा विभाग के जमीनी अमले द्वारा की जा रही लापरवाही के विरोध में प्रदेश कांग्रेस सचिव और पूर्व जिला पंचायत सदस्य विष्णु विश्वकर्मा ने ऊर्जा विभाग के सचिव तथा पाॅवर मैनेजमेंट कंपनी मप्र के प्रबंध निदेशक विशेष गढ़पाले को ज्ञापन दिया। किसान नेता विष्णु विश्वकर्मा ने ज्ञापन में बिजली कटौती से उत्पन्न कई समस्याओं को उठाते हुए उनके निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि नवरात्र में विराजित देवी के झांकी पंडालों में भी धार्मिक और सांस्कृतिक गति विधियो समेत अन्य धार्मिक आयोजन भी बिजली कटौती के कारण नहीं हो पा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई लिखाई भी प्रभावित हो रही है, शाम से देर रात तक होने वाली कटौती के कारण आपराधिक घटनाओं की संभावना भी कांग्रेस सचिव द्वारा अपने ज्ञापन में जताई गई है। वहीं पॉवर मैनेजमेंट कंपनी मप्र के प्रबंध निदेशक विशेष गढ़पाले ने इस मामले पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अघोषित बिजली कटौती न हो इस बावत अधिकारियों को निर्देशित देने की बात कही।

शारदीय नवरात्र : माँ के स्वागत में जुटे श्रद्धालु

भारत भूषण विश्वकर्मा

7400794801

भोपाल। शक्ति उपासना के सबसे बड़े पर्व नवरात्र (शारदीय) का आज से शुभारंभ हो रहा है। शहर में जगजननी के स्वागत की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। एक तरफ प्रसिद्ध मंदिरों में वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में जगह जगह भव्य तथा सुंदर पंडालों में देवी की स्थापना कर आराधना की जायेगी। इसके साथ ही शहर में आयोजित होने वाले अन्य कई सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे गरबा और डांडिया के साथ-साथ देवी जागरण और दुर्गा सप्तशती पाठ का दौर भी चलेगा। वहीं भोपाल जिले में स्थित तरावली हरसिद्धि माता मंदिर, काली मंदिर कालीघाट में होने वाले विशेष वैदिक अनुष्ठान शारदीय नवरात्र को महोत्सव जैसी भव्यता प्रदान करेंगे। शहर के नए और पुराने क्षेत्रों में सजाये गए झांकी पंडालों में बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष आकर्षक खेलों, प्रतियोगिताओं समेत अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

- पहले दिन होती है माँ शैलपुत्री की पूजा

नवरात्र के पहले दिन माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की पूजा होती है। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने से इन्हें शैलपुत्री कहा गया है। इनके एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में कमल है, जो शक्ति तथा शांति संतुलन को परिभाषित करते हैं। माँ शैलपुत्री के ज्ञात स्वरूप के अनुसार वे वृषभ पर सवार हैं तथा धवल वस्त्र धारण करने वाली देवी हैं। शास्त्रों में मान्यता है कि माँ शैलपुत्री की आराधना से चंद्र दोष दूर होता है, मन में स्थिरता, साहस और आरोग्य की प्राप्ति होती है। प्रथम दिन इनकी पूजा से ही नवरात्र की साधना का आधार मजबूत होता है। इस दिन सफेद वस्त्र और सफेद फूल अर्पित करना अत्यंत शुभ एवं लाभप्रद माना जाता है।

- हाथी पर सवार होकर आएंगी माँ दुर्गा, जानिए घट स्थापना का शुभ मुहूर्त

धार्मिक और ज्योतिष के जानकारों के अनुसार आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होने वाले इस नौ दिवसीय पर्व का शुभारंभ होता है। इस बार माँ दुर्गा का आगमन रविवार होने से हाथी पर होगा, जिसे शास्त्रों में बेहद शुभ और समृद्धि, वर्षा और सुख-शांति का प्रतीक माना गया है। ज्योतिष के विद्वान बताते हैं कि पंचांग के अनुसार प्रतिपदा तिथि विगत रात्रि 09:19 बजे से शुरू होकर आज रात्रि 09:30 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार घट स्थापना तथा पूजन आज (रविवार को) करना ही शुभ एवं शास्त्र सम्मत होगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार कलश स्थापना के लिए इस बार दो उत्तम मुहूर्त हैं। प्रातःकाल का मुख्य मुहूर्त सुबह 06:19 बजे से सुबह 10:12 बजे तक बताया गया है। जिसकी अवधि कुल 3 घंटा 53 मिनट है यही सबसे उत्तम माना गया है। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक रहेगा। जो लोग सुबह पूजन स्थापना आदि नहीं कर पाएं, वे इस मुहूर्त में स्थापना कर सकते हैं। पंडितों के अनुसार रात में और चित्रा नक्षत्र-वैधृति योग के प्रथम चरण में घट स्थापना नहीं करनी चाहिए। कलश में जल, गंगाजल, आम के पत्ते, नारियल, मौली, सुपारी, अक्षत रखकर मिट्टी के पात्र में जौ बोने की परंपरा है, इसे शक्ति के आह्वान का प्रतीक माना जाता है।

जो अकलियत पर जुल्म करते हैं, उनकी सरकार का पतन करीब होता है: काजी-ए-शहर

• ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक, मप्र भी शामिल होगा दिल्ली प्रदर्शन में 

भोपाल। इतिहास इस बात का गवाह रहा है कि जो भी सरकार अकलियतों (अल्पसंख्यकों) पर जोर, जुल्म, ज्यादती, दमन करता है, उसका पतन निकट होता है। यूसीसी के नाम पर जो नया कानून थोपा जा रहा है, उससे समाज के कई वर्ग प्रभावित होंगे। जिस कानून की पैरवी आज की जा रही है, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोवलकर ने भी विरोध करते हुए इसको समाज की अवधारणा के खिलाफ बताया था।

शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने यह बात सोमवार को पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के मेंबर विधायक आरिफ मसूद, मौलाना मिस्बाह साहब, मौलाना तकी साहब आदि भी इस दौरान मौजूद थे। पर्सनल लॉ बोर्ड की मप्र इकाई की बैठक के बाद विधायक मसूद ने कहा कि यूसीसी कानून स्वीकार नहीं किया जाएगा, इस बात का अधिकार उन्हें संविधान ने दिया है, हर व्यक्ति को अपने विवेक अनुसार कोई भी धर्म और उसकी व्यवस्थाएं मानने की आजादी है। इसका जिक्र संविधान के अनुच्छेद 29 में भी मौजूद है। मसूद ने बताया कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा 17 सितम्बर को दिल्ली के जंतर मंतर पर किए जाने वाले प्रदर्शन में मप्र से भी लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर लीगल टीम काम कर रही हैं। इस बात पर कोई संदेह नहीं है कि यूसीसी मामले में जिस तरह ट्राइबल को अलग रखा गया है, वैसे ही मुस्लिम समाज को इस्लामी मान्यताओं का पालन करने की अनुमति न्यायालय से मिलेगी।

शहर काजी ने कहा 

शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी और मुस्लिम संगठनों ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल को वापस लेने या मुसलमानों को इसके दायरे से बाहर रखने की मांग की है। 

• यूसीसी के खिलाफ सड़कों पर उतरने के बजाय कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, जिसके लिए वरिष्ठ वकीलों का एक पैनल तैयार किया गया है।

• शहर काजी ने तर्क दिया है कि यदि आदिवासी समुदायों और कुछ अन्य विशेष समूहों को यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है, तो उसी आधार पर मुस्लिम समुदाय को भी इससे छूट दी जानी चाहिए।

उत्साह के पैडल, खुशियों की रफ्तार, कामयाबी की मंज़िल...

मायने नहीं रखता लड़की होना, जिया ने 80 लड़कों की साइकिल रैली में बनाया मुकाम

भोपाल। नाम मिन्हा... मिन्हा जिया...! उम्र के उस 11वें पड़ाव पर हैं, जहां छुईमुई-सी बनकर घर के किसी कोने में बैठा दी गई होती...! स्कूल, मदरसा, घर और घरेलू कामकाज ही उसका नसीब बन चुके होते...! लेकिन जज्बा लड़कों को हर क्षेत्र में आगे रखे जाने वाले समाज में जिया ने एक अलग ही संदेश दिया...! कोई क्षेत्र, किसी एक वर्ग की बपौती नहीं...! लड़कियां भी किसी से कुछ कम नहीं...!

शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में उत्साह की एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। करीब 80 लड़कों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम को मिस्बाह ने आकार दिया। लंबी दौड़ लगी और कामयाबी की मंज़िल तक पहुंची तो मिन्हा जिया भी इसकी गोल्ड मेडलिस्ट में शामिल थीं। इस दौड़ में मिस्बाह, तकी, ताहा, मूसा के हाथ भी अवॉर्ड से भरे थे। आश्चर्य और प्रशंसाओं से भरे मजमे में जब पुरस्कार वितरण किया गया तो जिया को खास तौर पर रेखांकित किया गया। जाहिर किया गया कि समाज में लड़कियां भी किसी दौड़ में न कमजोर हैं और न ही किसी से पीछे।

अगली दौड़ मड रैली की तर्ज पर

विधायक आतिफ अकील फैंस क्लब के युवाओं द्वारा बच्चों की इस आयोजन को बैक सपोर्ट और बल दिया गया था। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने इस रैली के सेकंड राउंड की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगला राउंड मड रैली की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा।

जिया के शौक निराले

ग्यारहवें वर्ष में पहुंच चुकी जिया का पहनावा, दोस्ती और हावभाव अब भी लड़कों के समान हैं। उनकी दुपट्टा ओढ़ी सहेलियां न होकर चाय दुकान पर चुस्कियां लेते दोस्त हैं। हॉकी और फुटबॉल मैदान उसका साथी है। स्केट्स के सहारे दौड़ लगाना उसका मिज़ाज है। पापा शाहिद और अम्मा वसीम बानो चिंतित और फिक्रमंद भी हैं। फूफ्फो हुमैरा और भाई दानिश और बहन मंशा इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि तेज रफ्तार से बढ़ती जिया के कदम रोके जाएं या इन्हें रफ्तार दी जाए।

पुरातत्व विभाग करेगा देवरा के प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार

• विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में आयुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल 

भोपाल। ग्राम देवरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार को लेकर मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुरातत्व विभाग के आयुक्त भोपाल मदन कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में मनावर से पन्नालाल गेहलोत एवं सैयद रिजवान अली भी शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के समक्ष देवरा के प्राचीन शिव मंदिर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्ता रखते हुए मंदिर के संरक्षण, जीर्णोद्धार तथा सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता रखी। विधायक डॉ. अलावा द्वारा विभाग को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया कि मंदिर को प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल के रूप में संरक्षण की कार्रवाई पूर्व में की जा चुकी है, लेकिन सर्वेक्षण के बाद भी मौके पर विभागीय निगरानी एवं संरक्षण संबंधी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से नहीं की गई हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुरातत्व विभाग के आयुक्त मदन कुमार ने देवरा शिव मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए विभागीय स्तर पर निर्देश जारी किए तथा सर्वे टीम गठित कर स्थल का निरीक्षण एवं तकनीकी मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए। सर्वे टीम द्वारा मंदिर की वर्तमान स्थिति, स्थापत्य एवं संरक्षण की आवश्यकता का परीक्षण किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि देवरा शिव मंदिर के मूल स्वरूप और ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक एवं पुरातात्विक पद्धति से जीर्णोद्धार कराया जाए तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा कि देवरा का प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। 

जहां मिल बैठेंगे पढ़े-लिखे रिश्तों के चाहतमंद, दिसंबर में होगा सम्मेलन

भोपाल। रिश्ते आसमान से तय होकर आते हैं, लेकिन उनको एक करना जमीन पर मौजूद लोगों की कोशिशें पूरा करती हैं। राजधानी समेत मप्र के कई शहरों में इस काम को अंजाम देने के लिए एक संस्था जेनिथ ऑर्गेनाइजेशन और सालेहा कई वर्षों से काम कर रही है। तेजी से हुए शिक्षा के प्रति लगाव और जरूरत के दौर में हर अभिभावक अपने बच्चों के लिए पढ़े लिखे रिश्तों की तलाश में है। इसी मंशा के साथ पहली दिसम्बर को एक तार्रुफी जलसा आयोजित किया गया है। संस्था के जाहिद खान ने बताया कि ज़ेनिथ आर्गेनाइजेशन और सालेहाशादी डॉट कॉम द्वारा 44 वॉ रिश्तो का तारूफी प्रोग्राम (परिचय सम्मलेन) का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रोग्राम में मध्य प्रदेश के सभी शहरों से माँ-बाप अपने लड़के और लड़कियों के साथ रिश्ते तालाशने के लिए शामिल होंगे। संस्था ने रिश्ते तलाशने के लिए एक वेबसाइट www.salehashadi.com भी लॉच की हैं, जिसमे लॉगिन होकर अपना बायोडाटा अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा प्रोग्राम में शामिल होने के लिए व्हाट्सप्प नंबर 9893067184 (ज़ाहिद खान ) पर फोटो के साथ भेज सकते हैं। इसके अलावा 8770559119 पर संपर्क कर बायोडाटा भेजा जा सकता है। जाहिद खान ने बताया कि प्रोग्राम में डिजिटल स्क्रीन पर इंट्रोडक्शन के ज़रिये लोगों को रिश्ते दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रोग्राम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन करना ज़रूरी है। प्रोग्राम के बाद में वेबसाइट या व्हाट्सप्प के ज़रिये रिश्ते देख सकते हैं।

इनका कहना है :

संस्था 26 साल से खिदमत कर रही है। अब तक 42 कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है। शिक्षित परिवार और शिक्षित जोड़ों की दरकार को ध्यान में रखते हुए यह सम्मेलन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए 20 नवम्बर तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

जाहिद खान,

जेनिथ ऑर्गेनाइजेशन और सालेहा शादी डॉट कॉम 



हज आवेदकों को राहत, दो वेटिंग लिस्ट क्लियर, 627 को मिला मौका

नई हज पॉलिसी में वेटिंग लिस्ट के 20 फीसदी आवेदकों को प्राथमिकता, शॉर्ट हज पैकेज जारी 

भोपाल। हज पर जाने की उम्मीद लगाए बैठे मध्यप्रदेश के आवेदकों के लिए राहत की खबर है। हज-2027 की प्रक्रिया में प्रतीक्षा सूची से बड़ी संख्या में आवेदकों को मौका मिलने का रास्ता साफ हुआ है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने पहली वेटिंग लिस्ट के बाद अब दूसरी वेटिंग लिस्ट भी जारी कर दी है। मध्यप्रदेश के हज आवेदकों के बीच भी इसे लेकर उत्साह है। राज्य से जुड़े चयन आंकड़ों में 627 तक चयन क्रम दिखाई देता है, जबकि प्रतीक्षा सूची में भी बड़ी संख्या में आवेदक शामिल हैं। हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट पर मध्यप्रदेश की चयनित और प्रतीक्षा सूची अलग-अलग उपलब्ध कराई गई है।

नई नीति ने बढ़ाई उम्मीद

इस बार हज प्रक्रिया की सबसे अहम बात यह है कि हज नीति-2027 में वर्ष 2026 की अंतिम वेटिंग लिस्ट के शीर्ष 20 प्रतिशत आवेदकों को प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है। इसका मकसद लगातार बढ़ती प्रतीक्षा सूची के बीच उन आवेदकों को अतिरिक्त अवसर देना है, जो पिछले साल चयन से मामूली अंतर से रह गए थे। केंद्र सरकार ने इसे वेटिंग लिस्ट के बेहतर और अपेक्षाकृत न्यायसंगत प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

70:30 का कोटा, बढ़ाने की कोशिश

हज-2027 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया और निजी हज ऑपरेटरों के बीच सीटों का अनुपात 70:30 रखने का प्रस्ताव है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार हज कमेटी के हिस्से में 1,22,518 सीटें, जबकि निजी क्षेत्र के लिए 52,507 सीटें प्रस्तावित हैं। पिछले वर्ष भारत का कुल हज कोटा 1,75,025 था। केंद्र सरकार ने भारतीय जायरीनों के लिए सऊदी अरब से अतिरिक्त कोटा हासिल करने के प्रयास जारी रखने की बात कही है।

हर 135 जायरीन पर एक हज इंस्पेक्टर 

नई नीति में जमीनी स्तर पर हज यात्रियों को बेहतर सहायता देने के लिए स्टेट हज इंस्पेक्टर की व्यवस्था भी मजबूत की गई है। अब हर 135 हज यात्रियों पर एक स्टेट हज इंस्पेक्टर होगा। पहले यह अनुपात 150 यात्रियों पर एक निरीक्षक का था। इससे सऊदी अरब में हज यात्रियों की स्थानीय समस्याओं, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता को अधिक प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

शॉर्ट हज पैकेज को मिली निरंतरता

हज-2026 में शुरू किए गए 20 दिन के लघु हज पैकेज को हज-2027 में भी जारी रखने का फैसला किया गया है। कम अवधि में हज की इबादत पूरी कर वापस लौटने के इच्छुक जायरीनों के लिए यह विकल्प खासा उपयोगी माना जा रहा है। इसके अलावा मीना में सोफा-कम-बेड, मक्का में होटल शैली के आवास और मक्का-मदीना के बीच हाई-स्पीड ट्रेन जैसी यात्री-केंद्रित व्यवस्थाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

कोलकाता नया एम्बार्केशन प्वाइंट

हज-2027 की व्यवस्था में कोलकाता को अतिरिक्त एम्बार्केशन प्वाइंट के रूप में शामिल किया गया है। पूर्वी भारत से बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है। हज कमेटी की मौजूदा प्रक्रिया में विभिन्न राज्यों के जायरीन को निर्धारित एम्बार्केशन प्वाइंट से सऊदी अरब रवाना किया जाता है।

मेडिकल जांच होगी ज्यादा सख्त

नई हज नीति में स्वास्थ्य और सुरक्षा को भी खास महत्व दिया गया है। मेडिकल स्क्रीनिंग को सऊदी अरब के स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप और सख्त किया गया है। गंभीर अथवा कुछ पुरानी बीमारियों से जूझ रहे आवेदकों को हज यात्रा की अनुमति नहीं दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। उद्देश्य यह है कि यात्रा के दौरान जायरीनों की सेहत से जुड़ी गंभीर परिस्थितियों को न्यूनतम किया जा सके।

अब एआई बताएगा हज की राह

हज-2027 की नीति में तकनीक का इस्तेमाल भी बड़े स्तर पर बढ़ाया गया है। आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन, उड़ानों की मांग के आकलन तथा शिकायतों की रियल टाइम निगरानी जैसे कामों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित व्यवस्थाएं लागू करने की योजना है। इसके अलावा हिंदी, उर्दू और प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में संवाद करने वाला एआई असिस्टेंट विकसित किया जा रहा है। यह यात्रियों को आवेदन, भुगतान, उड़ान, आवास, सामान, शिकायत और आपातकालीन सहायता से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इससे विशेष रूप से पहली बार हज पर जाने वाले और बुजुर्ग यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। सऊदी अरब के नुसुक प्लेटफॉर्म के साथ भी भारतीय व्यवस्था को जोड़ने की योजना है।

हज प्रक्रिया हुई और डिजिटल

हज-2027 के आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल और हज सुविधा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन लिए गए हैं। हज कमेटी ने आवेदन, चयन, प्रतीक्षा सूची और आगे की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया है। आधिकारिक वेबसाइट पर चयनित और वेटिंग लिस्ट के आवेदकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

मध्यप्रदेश के आवेदकों में बढ़ी उम्मीद

दो वेटिंग लिस्ट जारी होने और नई नीति में पुराने वेटिंग आवेदकों के शीर्ष 20 प्रतिशत को प्राथमिकता दिए जाने से मध्यप्रदेश के उन आवेदकों में उम्मीद जगी है, जो चयन से वंचित रह गए थे। अब सीटों के रिक्त होने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे चयन होने पर प्रतीक्षा सूची के आवेदकों को भी हज का अवसर मिल सकता है।

समाज को नई दिशा देने वालों को कोशिश का ईनाम, AMP लाएगा पर्दे पर

भोपाल। एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफ़ेशनल्स ने नेशनल अवॉर्ड फ़ॉर सोशल एक्सीलेंस 2026 की घोषणा कर दी है। यह अवॉर्ड पूरे भारत में लोगों और ऑर्गनाइज़ेशन्स को कम्युनिटी वेलफ़ेयर, एजुकेशन, महिला एम्पावरमेंट और सोशल अपलिफ्ट में उनके शानदार योगदान के लिए दिया जाता है।

इस साल, AMP को इंदौर और भोपाल समेत प्रदेश के जाने-माने चेंजमेकर्स और NGOs को सम्मानित कर रहा है, जिनकी बिना थके कोशिशों ने ज़मीनी स्तर पर एक स्थायी असर डाला है।

 इंदौर के इंडिविजुअल चेंजमेकर्स

सोशल वर्क में जिन लोगों को उनकी बिना स्वार्थ की सेवा और लीडरशिप के लिए AMP द्वारा सम्मानित किया जा रहा है, उनमें मोहम्मद सलीम राज बेलीम, माज़ खान (माज़ सर), तारिक शेख, मोहम्मद अनवर खान, वसीम इकबाल आदि शामिल हैं। एजुकेशन, कम्युनिटी डेवलपमेंट और पब्लिक वेलफेयर में उनके डेडिकेशन ने इंदौर को इनक्लूसिव ग्रोथ का एक मॉडल बना दिया है।

 स्टेट अवॉर्ड से सम्मानित ऑर्गनाइज़ेशन

AMP मध्य प्रदेश के कई ऑर्गनाइज़ेशन को उनके शानदार काम के लिए भी सम्मानित किया जा रहा है। इसमें स्किल डेवलपमेंट पर काम करने वाले NGOs के लिए उमर फारूक खट्टानी अवॉर्ड 2026 अंजुमन बैतूल माल इंदौर को दिया जा रहा है। बेस्ट NGO अवॉर्ड ऑफ़ द ईयर (स्टेट) की श्रेणी में 

शक्तिशाली महिला संगठन समिति, खजराना एजुकेशन सोसाइटी, स्पेशल जूरी अवॉर्ड ऑफ़ द ईयर (स्टेट), जुबिलेंट वेलफेयर सोसाइटी, मदर मरियम एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, माइनॉरिटी स्कूल एसोसिएशन MP को शामिल किया गया है।

ये ऑर्गनाइज़ेशन महिलाओं को मज़बूत बनाने, माइनॉरिटी एजुकेशन को सपोर्ट करने और पूरे राज्य में पिछड़े समुदायों को वेलफेयर सर्विस देने में सबसे आगे रहे हैं।

 इस मौके पर AMP के एक एनजीओ कनेक्ट हेड मुबीन बैग ने एनजीओ को मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि नेशनल अवॉर्ड फॉर सोशल एक्सीलेंस उन लोगों को हमारी मुबारकबाद है, जो एक बेहतर समाज बनाने के लिए खामोशी से लेकिन लगातार काम करते हैं। इंदौर और पूरे मध्य प्रदेश के अवॉर्ड पाने वालों का काम सेवा, दया और राष्ट्र-निर्माण की सच्ची भावना को दिखाता है। हम सभी विजेताओं को बधाई देते हैं और उनके मिशन में और ज़्यादा सफलता की कामना करते हैं। अवार्ड की घोषणा 15 अगस्त 2026 को ऑनलाइन हुई।

यह सेरेमनी AMP के नेशनल प्रोग्राम के हिस्से के तौर पर कम्युनिटी NGOs द्वारा सोशल इम्पैक्ट इनिशिएटिव्स को सेलिब्रेट करने और बढ़ाने के लिए हुई। एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफेशनल्स के एसए अजमेरी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफेशनल्स एक नेशनल प्लेटफॉर्म है, जो पूरे भारत में एजुकेशन, करियर गाइडेंस, एंटरप्रेन्योरशिप और सोशल सर्विस इनिशिएटिव्स के ज़रिए प्रोफेशनल्स और कम्युनिटीज़ को मज़बूत बनाने के लिए समर्पित है।

एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप : एक नए युग का आरंभ, मो. तारिक़ बने संयोजक, डॉ. राजीव जैन अध्यक्ष

भोपाल। एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप ने अपनी नई कार्यकारिणी घोषित की, जिसमें डॉ. राजीव जैन को अध्यक्ष और प्रमोद शर्मा को महासचिव नियुक्त किया गया। निवर्तमान टीम को विदाई दी गई। मित्रता और स्नेह के प्रतीक 'एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप, भोपाल' ने एक आयोजन के तहत अपनी नई कार्यकारिणी का गठन किया। इस अवसर पर निवर्तमान कार्यकारणी को विदाई दी गई, साथ ही संयोजक मो. तारिक़, डॉ. राजीव जैन को अध्यक्ष और प्रमोद शर्मा को महासचिव बनाए जाने के साथ संगठन में एक नए युग का सूत्रपात हुआ।वर्ष 2010 में भोपाल विश्वविधालया के कुछ झंडा बरदार रहें दोस्तों द्वारा स्थापित यह संगठन आज भोपाल के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 600 पूर्व छात्रों को एक मंच पर ला चुका है। इसमें पूर्व छात्र नेता और समाज के गणमान्य नागरिक भी शामिल हैं। ग्रुप अपने वार्षिक कैलेंडर के तहत वर्षभर सामाजिक, धार्मिक, खेल, सांस्कृतिक, देशभक्ति, पर्यावरण, जन जागरूकता, स्वास्थ्य शिविरों और मित्रता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता है, जिनके माध्यम से सदस्य पुराने दिनों को याद कर आपसी संबंधों को और मजबूत करते हैं। यह परंपरा न केवल सदस्यों को भावनात्मक जुड़ाव प्रदान करती है, बल्कि सामूहिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी पोषित करती है।

निवर्तमान टीम को विदाई, उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

समारोह में निवर्तमान कार्यकारणी के कार्यकाल की विशेष रूप से सराहना की गई। संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य पूर्व मंत्री दीपक जोशी, संयोजक मोहम्मद तारिक, अध्यक्ष पयोज जोशी, महा सचिव राजकुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष नितिन लोहानी और महिला अध्यक्ष आराधना संजर सहित पूरी टीम के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस टीम ने अपने कार्यकाल में 'एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप' को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विशेष रूप से दीपक जोशी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की प्रशंसा की, जिन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और उसे आगे बढ़ाया। पयोज जोशी के अध्यक्षीय काल और राजकुमार श्रीवास्तव के महा सचिव के रूप में किए गए कार्यों की भी विस्तार से चर्चा की गई, जिन्होंने अनेक कार्यक्रमों को सफल बनाया।

निवर्तमान टीम द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, जैसे कि स्वास्थ्य शिविरों ने जरूरतमंदों की मदद की, जबकि पर्यावरण जागरूकता अभियानों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया। सांस्कृतिक और देशभक्ति के कार्यक्रमों ने सदस्यों के बीच एकता और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ किया। इन सभी पहलों के लिए पूरी निवर्तमान कार्यकारिणी की प्रशंसा की गई और उनके समर्पण को नमन किया गया। 

नई कार्यकारिणी का गठन और भविष्य की दिशा

नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन के भविष्य की रूपरेखा भी स्पष्ट की गई। नवगठित कार्यकारिणी में मो. तारिक संयोजक, डॉ. राजीव जैन अध्यक्ष, प्रमोद शर्मा महा सचिव होंगे। त्रिभुवन मिश्रा, रामू श्रीवास, ब्रजेश शुक्ला, राजू उपाध्याय, अनीता आर्या और पूर्वा राय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यभार संभालेंगे। सचिव पद के लिए मान सिंह, अनिल श्रीवास्तव, नीलिमा तिवारी और रचना डेविड की नियुक्ति की गई है। राजकुमार श्रीवास्तव को संगठन मंत्री और नितिन डागा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती शशी सोनी होंगी, जबकि युवा प्रकोष्ठ की अध्यक्षता अंकित शर्मा करेंगे, जिनके महा सचिव सूर्यकांत चतुर्वेदी होंगे। संरक्षक मंडल और अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का भी गठन किया गया है। इस नई टीम में विभिन्न पृष्ठभूमि और अनुभवों के सदस्यों को शामिल किया गया है, जो संगठन को नई दिशा देने और उसकी गतिविधियों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उपाध्यक्ष और सचिवों की बड़ी संख्या यह दर्शाती है कि संगठन में अधिक से अधिक सदस्यों को सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले संबोधन में दोस्ती के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “आज मुझे जो जिम्मेदारी आप सबने दी है, उसके लिए तहे दिल से आभार। यह सिर्फ एक ग्रुप नहीं, बल्कि हमारी यादें और हमारी पहचान है। दोस्ती वो नहीं जो सिर्फ जान देती है, बल्कि वो है जो साथ निभाती है। एक्टिव फ्रेंड्स का मतलब ही यही है – हर सुख-दुख में साथ खड़े रहना।” उनके शब्दों में संगठन के मूल सिद्धांतों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता झलकती थी।

उन्होंने निवर्तमान टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, पर्यावरणीय, खेल और देशभक्ति के कार्यक्रम भविष्य के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। डॉ. जैन ने नई टीम के साथ मिलकर कुछ प्रमुख वादे किए, जिनमें रिश्तों को और मजबूत करना, पुराने और नए दोस्तों को जोड़ना, समाज सेवा को बढ़ावा देना, वार्षिक कैलेंडर में और अच्छे काम शामिल करना, तथा युवाओं को जोड़कर इस परंपरा को आगे बढ़ाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। डॉ. जैन ने कहा, “हमारा वादा है कि हम दिलों को जोड़ने का हुनर रखते हैं। हम मिलकर इस ग्रुप को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य संगठन के सदस्यों के बीच व्यक्तिगत संबंधों को और गहरा करना होगा, साथ ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी सक्रिय रूप से निभाना होगा। युवाओं को जोड़ने का उनका लक्ष्य विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह संगठन की निरंतरता और भविष्य की प्रगति सुनिश्चित करेगा। पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का उनका विचार सदस्यों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करेगा।