लोहरइया व बभनौली वेस्ट लहसनी के  विद्यालय परिसर में पंकज सिंह के निर्देशन में बच्चों को स्कूल ड्रेस का उपहार — शिक्षकों की पहल से चहक उठे चेहरे
संजीव सिंह बलिया! विद्यालय परिसर में बच्चों को स्कूल ड्रेस का उपहार — शिक्षकों की पहल से चहक उठे चेहरे खण्ड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में लोहरइया व बभनौली वेस्ट लहसनी के विद्यार्थियों को टी-शर्ट एवं लोअर वितरित खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह के दिशा-निर्देश के क्रम में आज प्राथमिक विद्यालय लोहरइया पर विद्यालय के बच्चों को स्कूल ड्रेस के रूप में टी-शर्ट एवं लोअर वितरित किए गए। वितरण विशिष्ट बी.टी.सी. नगरा के अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राघवेन्द्र प्रताप राही तथा सहायक अध्यापिका रिंकी, अमिषा सुजान, सुधा चौहान, पूजा, तारा चौहान एवं अर्चना श्रीवास्तव के सौजन्य से किया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय बभनौली वेस्ट लहसनी के बच्चों को भी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार एवं सहायक अध्यापक अजय कुमार तथा रंजू चौहान के सहयोग से टी-शर्ट एवं लोअर वितरित किए गए। कार्यक्रम में अजय श्रीवास्तव, विद्यालय प्रबन्ध समिति की अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला देवी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। शिक्षकों द्वारा किए गए इस संवेदनशील प्रयास से बच्चों में खुशी और उत्साह देखा गया। उपस्थित गणमान्य लोगों ने शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना की।
विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा को निकले राम-लक्ष्मण, नगरा रामलीला में ताड़का वध का हुआ सजीव मंचन
रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे रामलीला महोत्सव के चौथे दिन ऋषि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा और ताड़का वध की लीला का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया। लीला के दौरान दिखाया गया कि वन में ऋषि विश्वामित्र यज्ञ कर रहे थे, लेकिन राक्षसों के उत्पात के कारण उनका यज्ञ बार-बार बाधित हो रहा था। राक्षसों के अत्याचार से परेशान होकर महर्षि विश्वामित्र अयोध्या पहुंचे और राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए उनके पुत्र श्रीराम और लक्ष्मण को साथ भेजने का आग्रह किया। पुत्रों के वियोग की आशंका से राजा दशरथ चिंतित हुए, लेकिन गुरु वशिष्ठ के समझाने पर उन्होंने श्रीराम और लक्ष्मण को महर्षि विश्वामित्र के साथ भेज दिया। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं। मार्ग में ताड़का के आतंक का प्रसंग सामने आता है। ऋषि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ताड़का का वध कर देते हैं। ताड़का वध के साथ ही वन में ऋषियों के लिए भयमुक्त वातावरण बनने और धर्म की रक्षा का संदेश मंचन के माध्यम से दिया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से पूरे प्रसंग को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर मुख्य सेवक के रूप में नगर पंचायत नगरा के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार भारती, वरिष्ठ लिपिक रविश कुमार शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह तथा पूर्व प्रधान एवं भाजपा नेता अशोक गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की आरती उतारी और तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति की ओर से रामदरस यादव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सुनील गुप्ता, मुन्ना गणपति, शशि प्रकाश, हरेराम गुप्ता, केपी यादव, संतोष पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य एवं रामलीला प्रेमी मौजूद रहे। रामलीला के इन प्रसंगों ने दर्शकों को धर्म, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। अगली लीला में मारीच और सुबाहु वध का मंचन किया गया।
सपा की मासिक बैठक में शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की रणनीति पर चर्चा, प्रत्याशियों की जीत के लिए जुटे कार्यकर्ता
संजीव सिंह बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य की अध्यक्षता में पार्टी की मासिक बैठक संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष बनने के बाद उनके नेतृत्व में यह पहली मासिक बैठक थी, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों एवं नेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। चुनावी रणनीति पर जोर बैठक का प्रमुख एजेंडा वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी लाल बिहारी यादव तथा वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों को गति देने, मतदाताओं से व्यापक जनसंपर्क स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों एवं प्रत्याशियों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। नेताओं ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विधानसभा की दिशा तय करेगा चुनाव पूर्व विधायक श्रीमती मंजू सिंह ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन चुनावों को गंभीरता से लेने और आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहने की अपील की। जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि दोनों अधिकृत प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी साथी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटें। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही चुनावी सफलता का आधार है। संगठन को मजबूत बनाने पर बल बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क करने और समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया। उपस्थित रहे गणमान्य इस अवसर पर रंजीत चौधरी, डा. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, संजय उपाध्याय, सुशील पांडेय कान्हजी, रामजी गुप्ता, सुनील सर्राफ, शशिकांत चतुर्वेदी, संजय मिश्र, राजेश गौड़, अकमल नईम खान, राजन कन्नौजिया, हरेंद्र गोंड, मदन राय, प्रमोद यादव, भगवान वर्मा, कामेश्वर सिंह, जमाल आलम, शिव शरण तिवारी, रामेश्वर पासवान, रवींद्र नाथ यादव, जय प्रकाश यादव मुन्ना, शैलेश सिंह, रोहित चौबे, जलालुद्दीन, मनोज सिंह, विनायक मौर्य, रमाशंकर यादव, संजय यादव, उदय बहादुर सिंह, बसपारी जी, सामू ठाकुर, रवींद्र यादव, राजकुमार पांडेय, अमित दुबे, प्रभुनाथ यादव, रामनाथ पटेल, ओम प्रकाश यादव, अमलेश चौहान, महमूद अंसारी, बीरबहादुर वर्मा, दशरथ यादव, देवानंद गौतम, श्रीमती नित्या सैनी, उत्तीर्ण पांडेय, सर्वजीत यादव, सुधिष्ठ यादव, नीरज यादव एवं सुभाष यादव सहित अन्य नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीराम जन्म की लीला ने मोहा मन, नगरा रामलीला प्रांगण जयकारों से गूंजा
रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। जनता इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित रामलीला महोत्सव के तीसरे दिन रावण के अत्याचार से लेकर भगवान श्रीराम के जन्म तक की लीला का भव्य मंचन किया गया। श्रीराम जन्म के प्रसंग पर पूरा रामलीला प्रांगण बधाई गीतों और “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आए। धरती की पुकार, विष्णु का अवतार मंच पर कलाकारों ने दिखाया कि रावण के अत्याचारों से त्रस्त धरती माता ने देवताओं से रक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद धर्म की स्थापना और अधर्म के नाश हेतु भगवान विष्णु ने अयोध्या के राजा दशरथ के यहां श्रीराम के रूप में अवतार लिया। दशरथ के चारों पुत्रों—श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न—के जन्म का प्रसंग मंचित होते ही दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कलाकारों के सशक्त अभिनय और संवादों ने रामायण के प्रसंग को जीवंत कर दिया। मुख्य सेवकों ने की आरती इस अवसर पर मुख्य सेवक के रूप में बेल्थरा के पूर्व विधायक गोरख पासवान तथा डिहवा प्रधान प्रतिनिधि मोनू राजभर ने संयुक्त रूप से भगवान विष्णु की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला समिति की ओर से दोनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित रहे गणमान्य इस मौके पर गुड्डू सैनी, राजू चौहान, राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, शशि प्रकाश, हरे राम गुप्ता, रामप्रसाद गुप्ता, सुनील गुप्ता, नंदलाल गुप्ता, उदय नारायण, प्रदीप बबलू कसेरा और चंदन राजभर , सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगरा की प्राचीन आदर्श रामलीला में हुआ भरत मिलाप प्रसंग का भावपूर्ण मंचन, प्रभु श्रीराम ने भरत जी को सौंपे खड़ाऊँ
संजीव सिंह नगरा (बलिया)। नगरा स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर के प्रांगण में आयोजित प्राचीन आदर्श रामलीला कमेटी, नगरा की रामलीला में आज भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़ा अत्यंत भावुक एवं मार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान भरत जी और शत्रुघ्न जी ऋषि-मुनियों के साथ अयोध्या से वन में भगवान श्रीराम को वापस लाने तथा उनका वनवास समाप्त कर अयोध्या लौटने का आग्रह करने पहुँचे। भरत जी ने भगवान श्रीराम से अयोध्या वापस चलकर राजपाट संभालने की विनती की, लेकिन पिता के वचन का पालन करने के संकल्प पर अडिग प्रभु श्रीराम ने वनवास की अवधि पूरी होने से पहले अयोध्या लौटने से इनकार कर दिया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम ने अपनी चरण-पादुकाएँ (खड़ाऊँ) भरत जी को सौंप दीं और उन्हें अयोध्या वापस लौटने के लिए विदा किया। यह प्रसंग भाई-भाई के अटूट प्रेम, त्याग, समर्पण, मर्यादा और धर्मपालन का अनुपम उदाहरण है। रामलीला के इस मार्मिक मंचन ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा भगवान श्रीराम और भरत जी के आदर्शों का संदेश दिया। रामलीला के प्रमुख व्यासगण: रमेश पाठक, पवन पाठक, उमेश पाठक, रवि पाठक एवं राजा पाठक। आयोजक: संजय सिंह एवं रितेश चौरसिया। प्राचीन आदर्श रामलीला कमेटी, नगरा द्वारा आयोजित यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जय श्रीराम!
दीपावली से पहले ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर 3,500 रुपये, परिवार को मिलेगा कैशलेस इलाज
संजीव सिंह बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेश के ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि की घोषणा की। अब ग्राम प्रहरियों को प्रतिमाह 2,500 रुपये के स्थान पर 3,500 रुपये मानदेय मिलेगा। मंगलवार को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई। बलिया में देखा गया लाइव कार्यक्रम मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखने के लिए जनपद बलिया की पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल तथा विभिन्न थानों में विशेष व्यवस्था की गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात ग्राम प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मानदेय वृद्धि की घोषणा होते ही ग्राम प्रहरियों में खुशी का माहौल देखा गया। मिठाई बांटकर मनाई खुशी घोषणा के बाद विभिन्न थानों में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों को बधाई दी तथा मिठाई वितरित की। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए इसे उनके मनोबल को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया। मानदेय में एकमुश्त 40 फीसदी की वृद्धि से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12,000 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। ग्रामीण सुरक्षा में अहम भूमिका पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरी अहम कड़ी हैं। गांवों की गतिविधियों की समय पर और सटीक जानकारी संबंधित थानों तक पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से ग्राम प्रहरियों का मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अपराध पर रहे सतर्क पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से गौ-तस्करी, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्रों की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। महत्वपूर्ण सूचना देने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उपस्थित रहे गणमान्य कार्यक्रम में बांसडीह विधायक केतकी सिंह, विधान परिषद सदस्य पप्पू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस निर्णय को ग्राम प्रहरियों के आर्थिक हितों और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है !
रावण जन्म से इंद्रलोक पर आक्रमण तक की लीला मंचित, नगरा में कलाकारों के अभिनय से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
राम ईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार की शाम रावण जन्म से लेकर इंद्रलोक पर आक्रमण तक की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला में रावायण के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया गया, जिससे दर्शकों की भारी उपस्थिति और तालियों से उत्साहवर्धन हुआ। लीला के प्रमुख प्रसंग मंचन के दौरान रावण, कुंभकरण और विभीषण के जन्म, तीनों भाइयों की तपस्या, भगवान ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त करने तथा रावण विवाह सहित विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद रावण की बढ़ती शक्ति और उसके अहंकार को दर्शाते हुए इंद्रलोक पर आक्रमण की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों की प्रभावशाली अभिनय कला और संवाद अदायगी पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। तिलक-आरती व स्वागत रामलीला के दौरान मुख्य सेवक के रूप में उपस्थित बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित राय, राजेंद्र पांडेय, धनंजय सिंह ‘धनु’, चंद्रमणि यादव और रमेश पाठक ने भगवान श्रीराम एवं माता जानकी का तिलक-आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति की ओर से अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व आयोजन के दौरान रामलीला के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने रामलीला को आपसी सद्भाव, मर्यादा और आदर्शों का संदेश देने वाला आयोजन बताया। रामलीला के माध्यम से धर्म, कर्तव्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने का उद्देश्य रखा गया। उपस्थित रहे कार्यक्रम में समिति के राजेश गुप्ता, उदय नारायण वर्मा, गणपति, मुन्ना, हरेराम गुप्ता, के पी यादव, बृजमोहन गुप्ता, शशि प्रकाश सहित अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। रामलीला के दौरान जयकारों और तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।
नारद मोह भंग की लीला ने जीता दर्शकों का मन, अहंकार त्याग का मिला संदेश
राम ईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के तहत रविवार की शाम नारद मोह भंग की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। लीला के अनुसार, देवर्षि नारद को अपनी तपस्या पर अभिमान हो जाता है। उनके अहंकार को दूर करने के लिए भगवान विष्णु अपनी माया से लीला रचते हैं। इसी क्रम में नारद जी मोह में पड़ जाते हैं। जब उन्हें अपनी भूल का एहसास होता है, तो वे क्रोधित होकर भगवान विष्णु को श्राप दे देते हैं। यह प्रसंग रामलीला में अहंकार, मोह और विनम्रता के संदेश को दर्शाने के लिए प्रस्तुत किया जाता है। कलाकारों ने नारद जी के मोह, भगवान विष्णु की माया और श्राप देने के प्रसंग को अभिनय, संवाद और मंच सज्जा के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से जीवंत किया। मंचन के दौरान दर्शकों ने भगवान के जयकारे लगाए और कलाकारों की प्रस्तुति की भरपूर सराहना की। इस अवसर पर सेवक के रूप में सूर्यनाथ पांडेय एवं राधेश्याम सिंह ने भगवान की आरती उतारी। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग पहुंचे। मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, क्रांति यादव, राजेश गुप्ता, हरेराम गुप्ता, रामप्रसाद गुप्ता, सुनील प्रसाद गुप्ता, रामायण ठाकुर तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सार्वजनिक रामलीला समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए हुए है।
नवरात्र के पहले दिन नगरा के मंदिरों पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
आचार्य ओमप्रकाश वर्मा नगरा (बलिया)! आश्विन मास शुक्ल पक्ष शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को क्षेत्र के देवी, देव मंदिरों में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी सुबह से लेकर शाम तक जय माता दी के जयकारो की गूंज रही। नवरात्र को देखते हुए सेव केला कोन, आदि सामग्रियों के दाम पहले से बढ़ गये है। स्थानीय नगर पंचायत स्थित माँ दुर्गा मंदिर, जगत जननी जगदम्बा भवानी के पूजन-अर्चन के लिए प्रातः काल से ही भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु जन यथा शीघ्र पूजन-अर्चन कर माँ दुर्गा से आशीष लिया। जय माँ दुर्गे हर-हर महादेव के उद्घोष से क्षेत्र भक्ति मय एवं देवी मय हो गया। भक्त गण अपने घरों में कलश स्थापना कर माँ भगवती का विधि-विधान से श्रद्धा पूर्वक पूजा-पाठ किया। विभिन्न घरों में माँ दुर्गा का पाठ का आयोजन किया गया। *या देवी सर्वभूतेषु ........... सर्व मंगल मांगल्ये* के उद्घोष से गूंज उठा क्षेत्र के श्रीनाथ बाबा मंदिर नरही, प्राचीन दुर्गा जी मंदिर, ब्लॉक स्थित माँ दुर्गा जी, हनुमान जी मंदिर, पांडेपुर स्थित बाबा कामेश्वर नाथ, नरही स्थित श्री नाथ बाबा महादेवशिवालय, इसारी सलेमपुर स्थित चंदेश्वर महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों व देवालयों पर श्रद्धालुओं ने जल, अक्षत, पुष्प, प्रसाद, दूध सहित सर्वोच्च विधि से माँ भगवती का पूजन-अर्चन किये। घरों में माता रानी के कलश स्थापना ,अखंडदीप के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ आरंभ हुआ। लोग माँ भगवती को प्रसन्न करने के लिए उपवास भी रखा। मंदिरों पर पुलिस चक्रमण करती रही।
जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगरा, भव्य शोभायात्रा में झांकियों ने मोहा मन राम-लक्ष्मण-सीता, हनुमान जी, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की झांकियां
राम ईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा में रविवार को सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में श्रीरामलीला महोत्सव के शुभारंभ पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, धार्मिक धुनों और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। सुसज्जित वाहनों पर विराजमान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की मनमोहक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। झांकियों में देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूपों का दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की निगाहें झांकियों पर टिकी रहीं। चारों ओर गूंजते जयकारों और भक्तिमय संगीत से वातावरण पूरी तरह राममय हो गया। शोभायात्रा का शुभारंभ जनता इंटर कॉलेज परिसर से हुआ। आकर्षक ढंग से सजे वाहनों पर सवार देवी-देवताओं के स्वरूप, गाजे-बाजे की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। शोभायात्रा नगरा-रसड़ा मार्ग से होते हुए घोसी मार्ग, बेल्थरा मार्ग और सिकंदरपुर मार्ग से गुजरी तथा पुनः अपने निर्धारित स्थान पर पहुंची। पूरे रास्ते शोभायात्रा का मनमोहक दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय प्रकाश, रामदरस यादव क्रांति, राजेश गुप्ता, हरे राम गुप्ता, राम प्रसाद गुप्ता, सुनील कुमार, शशि प्रकाश, रामायण ठाकुर और मुन्ना गणपति,उदयनरायण,के पी यादव,अभिषेक यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तत्पर रहकर शोभायात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे रहे। उल्लेखनीय है कि जनता इंटर कॉलेज परिसर में 11 से 21 अक्टूबर तक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में श्रीधाम वृंदावन के आदर्श राम-कृष्ण लीला संस्थान तथा उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामलीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रविवार को निकली भव्य शोभायात्रा ने महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास को नई ऊंचाई प्रदान की। आकर्षक झांकियों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने नगरा में रामलीला महोत्सव के आगाज को यादगार बना दिया।