स्वास्थ्य विभाग *NCD स्क्रीनिंग अभियान में 30 सितंबर तक राज्य में 1.73 करोड़ से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच*






*हर घर तक पहुंचकर पात्र लोगों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य: स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत* पटना



बिहार में गैर-संचारी रोगों (Non-Communicable Diseases–NCD) की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित व्यापक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 02 से 30 सितंबर 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल 1,73,96,717 लोगों की NCD स्क्रीनिंग की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों में गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक पहचान के लिए स्क्रीनिंग गतिविधियों को लगातार गति दी जा रही है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुँह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर, फैटी लीवर (NAFLD), हृदय संबंधी समस्याओं तथा साँस एवं फेफड़ों से संबंधित रोगों (COPD) की जांच की जा रही है। स्क्रीनिंग में बीमारी के संभावित लक्षण अथवा स्वास्थ्य संबंधी जोखिम सामने आने पर संबंधित व्यक्ति को आवश्यक परामर्श, उपचार एवं आगे की चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। अभियान के दौरान उच्च रक्तचाप की जांच के लिए कुल 1,71,10,853 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें _*7,05,214*_ लोगों में उच्च रक्तचाप की पहचान हुई। इनमें से 5,84,697 लोगों को निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराकर उपचार दिया जा रहा है, जबकि 1,20,517 लोगों को जीवनशैली में सुधार के लिए परामर्श दिया गया है। इसी प्रकार, मधुमेह की जांच के लिए कुल 1,67,95,236 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 6,01,319 लोगों में मधुमेह की पहचान हुई। इनमें से 4,94,713 लोगों को निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराकर उपचार दिया जा रहा है तथा 1,06,606 लोगों को जीवनशैली में सुधार के लिए परामर्श दिया गया है। साँस एवं फेफड़ों से संबंधित रोग COPD की जांच के लिए कुल 80,31,104 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 11,165 लोगों में COPD की पहचान हुई। इनमें से 7,561 लोगों को निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराकर उपचार दिया जा रहा है, जबकि 3,604 लोगों को तंबाकू सेवन से बचने एवं योग के संबंध में परामर्श दिया गया है। वहीं, फैटी लीवर (NAFLD) की जांच के लिए कुल 78,75,415 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 10,935 लोगों में NAFLD की पहचान हुई। इनमें से 7,070 लोगों को निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराकर उपचार दिया जा रहा है तथा 3,865 लोगों को खान-पान में सुधार के लिए परामर्श दिया गया है। हृदय संबंधी समस्याओं की जांच के लिए कुल 1,14,373 लोगों की ECG जांच की गई। विभागीय आंकड़ों में इनमें से 89,044 की रिपोर्ट सामान्य, 24,334 की रिपोर्ट Non-STEMI (Abnormal) श्रेणी तथा 995 की रिपोर्ट STEMI श्रेणी में दर्ज की गई है। _*STEMI*_ रिपोर्ट वाले मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया है। मुँह के कैंसर की जांच के लिए कुल 1,33,18,635 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 308 लोगों में मुँह के कैंसर की पहचान दर्ज की गई तथा 201 लोगों को निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराई गई है। महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की प्रारंभिक पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्तन कैंसर की जांच के लिए कुल 42,30,913 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 53 महिलाओं में संदिग्ध लक्षण पाए गए। आगे की जांच एवं बायोप्सी के बाद 42 महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि हुई, जिन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार, गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की जांच के लिए कुल 30,51,110 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 45 महिलाओं में संदिग्ध लक्षण पाए गए, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं उपचार से जोड़ा गया है। माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने अभियान की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारा लक्ष्य राज्य के हर घर तक पहुंचकर पात्र लोगों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करना है।” उन्होंने अधिकारियों तथा मैदानी स्तर पर कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, अभियान को इसी गति से जारी रखने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जांच से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को शुरुआती स्तर पर नियंत्रित करने की संभावना बढ़ती है। राज्य में नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक ‘जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार’ विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत घर-घर जाकर तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त, उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में ECG, CBC, LFT, KFT, लिपिड प्रोफाइल एवं TSH सहित विभिन्न जांचें भी बड़े पैमाने पर की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच एवं NCD स्क्रीनिंग कराने की अपील की है।
आपका हृदय, आपकी हर खुशी का आधार” संदेश के साथ पारस हेल्थ पटना में वॉकाथॉन आयोजित*



• विश्व हृदय दिवस पर *“#APartOfYourHeart”* अभियान के तहत शेखपुरा मोड़ तक निकली जागरूकता यात्रा पटना: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर “आपका हृदय, आपकी हर खुशी का आधार” संदेश के साथ पारस हेल्थ, पटना द्वारा “#APartOfYourHeart” अभियान के तहत वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीघा विधानसभा के विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह एवं निदेशक, जनरल सर्जरी डॉ. अहमद अब्दुल हई ने हरी झंडी दिखाकर किया। वॉकाथॉन पारस हेल्थ, पटना से शुरू होकर शेखपुरा मोड़ तक गया। इसमें एनसीसी, आईटीबीपी, एसएसबी, बीएमपी, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वॉकाथॉन के साथ जुंबा एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के माध्यम से भी लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर *जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह* ने कहा, “हमारा हृदय हमारे जीवन और हमारी हर खुशी से जुड़ा है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव पर नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण हैं। इस अभियान के माध्यम से हम लोगों को अपने हृदय की देखभाल के प्रति जागरूक करना चाहते हैं।” इस अवसर पर दीघा विधानसभा के *विधायक डॉ. संजीव चौरसिया* ने कहा, “हृदय को स्वस्थ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर हम हृदय रोगों के जोखिम को कम कर सकते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” *निदेशक जेनेरल सर्जरी डॉ. अहमद अब्दुल हई* ने कहा, “हृदय को स्वस्थ रखने के लिए छोटी-छोटी अच्छी आदतें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमित पैदल चलना, संतुलित खान-पान और समय पर स्वास्थ्य जांच हृदय रोगों से बचाव में सहायक हैं। इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।” वॉकाथॉन के दौरान डॉ. सिद्धनाथ सिंह, डॉ. राम सागर राय, डॉ. जावेद अनवर, डॉ. कुमार आदित्य, डॉ. चन्द्र किशोर एवं डॉ. अतुल मोहन ने भी लोगों को “स्वस्थ हृदय, स्वस्थ जीवन” का संदेश दिया। *“#APartOfYourHeart”* अभियान के माध्यम से पारस हेल्थ, पटना ने लोगों से अपने हृदय की देखभाल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। *पारस एचएमआरआई के बारे में* पारस एचएमआरआई पटना ने 2013 में परिचालन शुरू किया। यह बिहार का पहला कॉर्पोरेट अस्पताल है जिसके पास परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड द्वारा लाइसेंस प्राप्त कैंसर उपचार केंद्र है।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने स्वच्छता अभियान में लिया भाग*,*स्वच्छ और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया*


पटना साहिब सांसद एवम् पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद आज अपने संसदीय क्षेत्र के जल्ला मंडल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य बाढ़ जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रसाद, महामंत्री गजेंद्र सिंह, पुटटू यादव, कुंवर विजय पासवान, संजीव यादव , मनीष यादव सहित कार्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर मनाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा को उत्सव और जनभागीदारी को संकल्प बनाने का अवसर है। स्वच्छता अभियान इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इंडी एलायंस की बैठक हारे हुए नेताओं का मिलन समारोह (गेट-टुगेदर): ऋतुराज सिन्हा






पटना

भाजपा के राष्ट्रीय संकुल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक ऋतुराज सिन्हा ने इंडी एलायंस की बैठक पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने इस बैठक को जनता से नकारे और हारे हुए नेताओं का मिलन समारोह करार दिया है। सिन्हा ने विपक्ष के इस गठबंधन को बिना किसी नीति और विज़न का कुनबा बताया। ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि इस बैठक का देश या लोक-नीति से कोई सरोकार नहीं है। यह सिर्फ कांग्रेस के डूबते जहाज को सहारा देने और राहुल गांधी के विफल नेतृत्व को राजनीतिक ऑक्सीजन देने की एक और हताश कोशिश है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, यह गठबंधन जनता के बीच जाने के बजाय अपनी नाकामी छुपाने का बहाना ढूंढने लगता है। विपक्ष चुनाव आयोग की संवैधानिक 'विशेष गहन संशोधन' (SIR) प्रक्रिया और ईवीएम पर रोना रोने की अग्रिम बुकिंग कर लेता है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मान्य लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बदनाम करना अब विपक्ष का स्थायी एजेंडा बन चुका है। भानुमति के इस कुनबे में राजद के तेजस्वी यादव भी अपनी बची-खुची सियासी जमीन तलाश रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि जिनके पास अपने राज्य के विकास के लिए कोई विज़न नहीं बचा, वे अब दिल्ली में बैठकर देश सुधारने का ढोंग कर रहे हैं। तेजस्वी यादव की राजनीति केवल तुष्टिकरण के भरोसे टिकी है और यह बैठक बिहार में उनकी खिसकती साख को बचाने का आखिरी मौका मात्र है। उन्होंने अंत में कहा कि न तो कांग्रेस के पास कोई स्पष्ट नीति है और ना ही इंडी अलायंस में शामिल राजद जैसी क्षेत्रीय पार्टियों के पास कोई सही नीयत। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवाद को चुन चुकी है और विपक्ष की इस नकारात्मक व अवसरवादी 'बहानेबाजी की सियासत' को सिरे से खारिज कर दिया है। जनता इंडी एलायंस के डूबते जहाज पर कभी भरोसा नहीं करेगी।
रेवंत रेड्डी का बयान हिंदुओं का अपमान, कांग्रेस नेतृत्व देश से माफी मांगे : संजय सरावगी* ‎ ‎
‎



*वोट बैंक की राजनीति करने वालों को यह भी नहीं पता कि रामायण के 'लंका कांड' में लंका जाने से पहले भगवान राम ने महादेव की पूजा की थी : संजय सरावगी*


राजनीतिक लाभ के लिए भगवान और सनातन को भी बांटने का प्रयास कर रही कांग्रेस : संजय सरावगी* ‎ ‎*उत्तर-दक्षिण की धार्मिक पहचान को लेकर समाज में विभाजन पैदा करना कांग्रेस की पुरानी राजनीति : संजय सरावगी* ‎ ‎*कांग्रेस नेता बार-बार सनातन और भगवान का अपमान कर रहे, अब हद हो गई : संजय सरावगी* ‎ ‎ ‎पटना, 29 सितंबर। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा भगवान को लेकर दिए गए बयान पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने रेवंत रेड्डी के बयान को हिंदू समाज की धार्मिक आस्था का अपमान बताते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। ‎ ‎संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक लाभ के लिए लगातार सनातन धर्म और हिंदू आस्था को निशाना बनाते रहे हैं। लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कांग्रेस के नेता भगवान को भी बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान किसी एक क्षेत्र, राज्य या राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय को उत्तर और दक्षिण भारत के नाम पर बांटना समाज को विभाजित करने की राजनीति है। ‎ ‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से समाज को जोड़ने और सद्भाव बढ़ाने की अपेक्षा होती है, लेकिन रेवंत रेड्डी का बयान राजनीतिक लाभ के लिए समाज में विभाजन पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था को राजनीतिक पहचान और क्षेत्रीय विभाजन से जोड़ना देश की सामाजिक एकता के लिए उचित नहीं है। ‎ ‎उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक सनातन परंपरा की अपनी विविधता और गहरी जड़ें हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं को अलग-अलग राजनीतिक पहचान देकर प्रस्तुत करना देश की सांस्कृतिक एकता को कमजोर करने का प्रयास है। ‎ ‎उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे और रेवंत रेड्डी के बयान के लिए हिंदू समाज से माफी मांगे। संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि भारत की विविधता उसकी ताकत है और अलग-अलग क्षेत्रों की धार्मिक परंपराएं देश की साझा सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। ‎ ‎संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस के नेता रह-रहकर राजनीतिक फायदे के लिए सनातन और भगवान का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन करोड़ों लोगों की आस्था को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे बयानों और राजनीति को समझ रही है तथा समय आने पर इसका जवाब भी देगी। ‎ ‎उन्होने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वालों को यह भी नहीं पता कि रामायण के 'लंकाकांड' में लंका जाने से पहले भगवान राम ने महादेव की पूजा की थी। ‎ ‎उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह वोट की राजनीति के लिए समाज को बांटने के बजाय देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और सभी धर्मों की आस्था के सम्मान की राजनीति करे।
विश्व हृदय दिवस पर पारस हेल्थ पटना में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश*



पटना। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर पारस हेल्थ, पटना में हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपने हृदय की देखभाल करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पारस हेल्थ पटना के *डाॅ. अहमद अब्दुल हई* कार्डियोलॉजी विभाग से *डॉ. सिद्धनाथ सिंह, डॉ. जमशेद अनवर, डॉ. रामसागर रॉय एवं डॉ. चंद्र किशोर* तथा सीटीवीएस विभाग से *डॉ. कुमार आदित्य एवं डॉ. अतुल मोहन* उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने हृदय रोगों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खान-पान, व्यायाम तथा तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। पारस हेल्थ पटना के *जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह* ने कहा, “विश्व हृदय दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारे हृदय का महत्व केवल हमारे लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए है जो हमसे जुड़े हैं। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित जांच, संतुलित जीवनशैली और समय पर चिकित्सकीय सलाह बेहद जरूरी है। आइए, इस विश्व हृदय दिवस पर हम अपने और अपने प्रियजनों के हृदय स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लें।” कार्यक्रम के दौरान *#APartOfYourHeart* अभियान के माध्यम से लोगों को अपने हृदय का ख्याल रखने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। *पारस एचएमआरआई के बारे में* पारस एचएमआरआई पटना ने 2013 में परिचालन शुरू किया। यह बिहार का पहला कॉर्पोरेट अस्पताल है जिसके पास परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड द्वारा लाइसेंस प्राप्त कैंसर उपचार केंद्र है।
*भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’*





बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विधायक नीरज सिंह बबलू, विधान पार्षद जनक राम, निवेदिता सिंह एवं शीला प्रजापति, मिजोरम के प्रभारी देवेश कुमार, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रदेश मंत्री सुनील राम, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, बिहार उद्यमी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, आयोग के सदस्य सुग्रीव रैदास, कार्यालय मंत्री विनय कुमार, पैनलिस्ट राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक एवं प्रेरक कार्यों, सामाजिक प्रयासों, उपलब्धियों और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को देशवासियों के सामने रखते हैं। कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे सामान्य नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बना है। इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और उनके कार्यों से देश के अन्य नागरिकों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किए जाने से युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों में नई ऊर्जा का संचार होता है। यह कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर भी देता है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देश की विविधता, जनशक्ति और सामूहिक प्रयासों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है। कार्यक्रम के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
पारस हेल्थ पटना में मनाया गया ‘पोषण माह 2026’, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया गया जागरूक*
`

पटना: पारस हेल्थ, पटना के पोषण एवं आहार-विज्ञान विभाग द्वारा ‘पोषण माह 2026’ के अवसर पर छह दिवसीय जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “पोषण की शक्ति को पहचानें” रहा। इसका उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल के कर्मचारियों एवं आम लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए मनोरंजक खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, स्कूली बच्चों, मरीजों एवं कर्मचारियों के लिए चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए विभिन्न बीमारियों से संबंधित विशेष पोषण जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें विशेषज्ञों ने खान-पान, जीवनशैली एवं बीमारी से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस अवसर पर *आहार विशेषज्ञ डॉ. सुकृति कुमारी* ने कहा, “सही पोषण केवल बीमारियों से बचाव का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और बेहतर जीवन की आधारशिला है। हमारा प्रयास है कि लोग अपने दैनिक भोजन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करके लंबे समय तक स्वस्थ रहें। पोषण माह के माध्यम से हमने मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ भोजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।” पारस हेल्थ पटना के *जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह* ने कहा, “स्वस्थ समाज के निर्माण में उचित पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक अस्पताल की जिम्मेदारी केवल बीमारी का उपचार करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और सही खान-पान के प्रति जागरूक करना भी है। पोषण माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार के महत्व को समझने और इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। मैं पोषण एवं आहार-विज्ञान विभाग की पूरी टीम को इस सफल पहल के लिए बधाई देता हूं।” कार्यक्रम के समापन अवसर पर चिकित्सकीय सतत शिक्षा कार्यक्रम एवं विशेषज्ञ चिकित्सक संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अहमद अब्दुल हई, डॉ. वी. के. ठाकुर, डाॅ. विवेक रंजन, डॉ. नाज़िया निगार, डॉ. विनिता पांडेय, डॉ. स्मिता सिंह, डॉ. प्रशांत, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. बिनीता सिन्हा, डॉ. मोहामिद हई, डाॅ. रश्मि प्रसाद, डाॅ. मसीहुल्लाह डाॅ. नेहा रॉय सहित कई अन्य चिकित्सक भी उपस्थित रहे। *पारस एचएमआरआई के बारे में* पारस एचएमआरआई पटना ने 2013 में परिचालन शुरू किया। यह बिहार का पहला कॉर्पोरेट अस्पताल है जिसके पास परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड द्वारा लाइसेंस प्राप्त कैंसर उपचार केंद्र है।
स्वास्थ्य विभाग* *स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि के निर्देश पर मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई,



पटना, हाजीपुर एवं दरभंगा में खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन* *हाजीपुर में 72 किलो मिलावटी पनीर नष्ट, दरभंगा में 21 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 18 किलो खराब पनीर नष्ट, फतुहा में फॉर्मेलिन मिला दूध जब्त कर करीब 126 लीटर दूध कराया गया नष्ट* *फतुहा में Food Supplements के ठिकाने पर संयुक्त छापेमारी, 6 नमूने जांच के लिए संग्रहित* पटना, 12 सितंबर 2026 राज्य में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के निर्देश पर राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, छापेमारी, नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला परीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में हाजीपुर, दरभंगा और पटना जिले में खाद्य सुरक्षा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सपायर्ड, खराब एवं मानकों के विपरीत पाए गए खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया। वहीं, फतुहा क्षेत्र में दूध के नमूने में फॉर्मेलिन पाए जाने के बाद करीब 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया। जबकि, पटना शहर स्थित संतुष्टि स्वीट्स और उसकी विनिर्माण इकाई में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा औचक निरीक्षण एवं सघन जांच की गई, साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। *हाजीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, मिलावटी पनीर नष्ट* वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्टेशन रोड में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा मिलावटी पनीर के खिलाफ कार्रवाई की गई। सुधीर किराना दुकान से 14 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, श्री गणेश पनीर हाउस से 58 किलोग्राम पनीर में स्टार्च की मिलावट पाए जाने पर उसे भी विनष्ट कराया गया। साथ ही, नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। *दरभंगा के बेनीपुर में एक्सपायर्ड दूध-पनीर पर कार्रवाई* दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर में खाद्य संरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण एवं जांच की गई। जांच के दौरान पार्लर में 21 लीटर एक्सपायर्ड सुधा मिल्क और 18 किलोग्राम खराब पनीर पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। *पटना के फतुहा में दूध में फॉर्मेलिन की पुष्टि, करीब 126 लीटर दूध नष्ट* पटना जिले के सबलपुर फतुहा क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई की। अभिहित पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी-सह-खाद्य संरक्षा अधिकारी की उपस्थिति में सबलपुर, फतुहा टेढ़ी पुल के निकट स्थित राजीव डेयरी में दूध एवं पनीर की जांच की गई। जांच में दूध के नमूने में फॉर्मेलिन की उपस्थिति पाई गई। इसके बाद करीब 126 लीटर दूध को नष्ट कराया गया। आवश्यक नमूने भी संग्रहित किए गए हैं और जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। *Food Supplements के ठिकाने पर संयुक्त छापेमारी, 6 नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे* फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements, Barishpur, Fatuha, Patna में भी संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण एवं छापेमारी की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय एवं पुलिस पदाधिकारियों की टीम शामिल रही। निरीक्षण के दौरान परिसर में Food Supplements, Raw Materials तथा निर्माण में प्रयुक्त Manufacturing Equipment पाए गए। परिसर में कुछ निर्मित तथा कुछ अर्द्धनिर्मित Food Supplements भी पाए गए। नियमानुसार जांच एवं विश्लेषण के लिए कुल 06 नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान Food Supplements के अतिरिक्त कोई अन्य औषधि नहीं पाई गई तथा किसी आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई। संस्थान के स्वाधिकारी द्वारा Food Supplements के निर्माण एवं संबंधित खाद्य विनिर्माण अनुज्ञप्ति उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। दस्तावेजों एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। *जनता की थाली से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जांच और कार्रवाई रहेगी जारी* स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया है कि वे लोगों को केवल सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि एक्सपायर्ड, खराब, मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री का भंडारण, उपयोग या बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
राज्य भर से राजभवन मार्च में शामिल होने के लिए लोग पटना आ रहे हैं ; ए के-47 चलाने का आदेश देने वाले को निलंबित किया जाए





पटना राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने 01 पोलो रोड, स्थित अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कल 19 अगस्त, 2026 को राजभवन (लोकभवन) मार्च कर रहे हैं। इसमें सभी छात्र, युवा और सभी लोगों से राजभवन (लोकभवन) मार्च में भाग लेने की अपील की है। इन्होंने कहा कि शासन और सत्ता में बैठे हुए लोगों से जवाब मांगा जा रहा है कि छात्र आन्दोलन पर एक के-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया, लेकिन अब तक सरकार से जवाब नहीं मिला है। पेपर लीक मामले पर पूरे राज्यभर में आन्दोलन हुआ, जिसमें लाठियां बरसाई गई, आंसू गैस के गोले छोड़े गये और गोलियां चलायी गई। छात्रों पर ए के -47 का इस्तेमाल किया गया, जिसमें सीवान के तीन लोगों को गोलियां लगी। पटना के मेदांता अस्पताल में इनलोगों का ईलाज चला, लेकिन मुख्यमंत्री इनलोगों से मिलने तक नहीं गये। बिहार में संवेदनहीन और नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली सरकार सत्ता में है। कई बार मैं ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखा लेकिन उसका जवाब नहीं मिला। बिना मुख्यमंत्री के अनुमति के गोलियां नहीं चलायी गई। सीवान और जहानाबाद में गोलियां चलायी गई और ए के.47 का इस्तेमाल किया गया। छात्रों पर गोलाबारी करने वाले सिपाही के पास ए के-47 कैसे आई। और किस यूनिट और शस्त्रागार से जारी की गई। हथियार जारी करने का आदेश किसने दिए और आधुनिक हथियार के आवंटन की पूरी कमांड चैन की भूमिका सामने आनी चाहिए। आरोपी सिपाही किस यूनिट में तैनात था क्या हुआ नियमित जिला पुलिस का हिस्सा था क्या वह एसपी की सुरक्षा में तैनात था या एसटीएफ या एसआईटी जैसी विशेष इकाई से संबद्ध था। क्या इससे पहले छात्र प्रदर्शन में ए के-47 का इस्तेमाल हुआ था। भीड़ नियंत्रण की अनुमति किसने दी थी। फायरिंग का आदेश किसने दिया। जिले के आरक्षी अधीक्षक पर अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्हें निलंबित क्यों नहीं किया गया, सिर्फ सिपाही को बली का बकरा बनाया गया है। कारतूसों का हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। गिर विभाग की भूमिका और जिम्मेदारी क्या है यह स्पष्ट करना चाहिए हथियारों की तैनाती और कानून व्यवस्था की इस पूरी व्यवस्था की निगरानी कैसे होती है यह स्पष्ट करना चाहिए। इन्होंने कहा कि सबसे अफसोस की बात है कि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री किरण रिजूजू ने पार्लियामेंट को भी गुमराह किया और कहा कि गोलियां नहीं चलायी गई है। जबकि, बिहार सरकार ने अपने शपथ पत्र में माना है कि गोलियां चली है। किस तरह से केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छात्रों के मामले पर राजनीति कर रही है और लोगों को गुमराह कर रही है, यह स्पष्ट रूप से सामने आ गया। इन्होंने कहा कि बिहार बेरोजगारी का केंद्र बन गया है और पेपर लीक की राजधानी है। ऐसा कोई भी परीक्षा नहीं है, जिसमें पेपरलीक नहीं हुआ हो। 21 वर्षों से एनडीए की सरकार है लेकिन बिहार में बेरोजगारी, पलायन, पेपरलीक के मामले नम्बर वन पर है। इन्होंने भाजपा नेताओं से पूछा है कि नया बिहार बनाने की बात करते थे। क्या नया बिहार में शिक्षा, चिकित्सा, बिहार का विकास का फिसड्डीपन होना, इसी को नया बिहार माना जाए। बिहार में सृजन घोटाला, डस्टबीन घोटाला, इस्टीमीट घोटाला और भ्रष्टाचार को सरकार के संरक्षण में लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार आंख मंूदे हुए है। सरकार अपनी गलतियों से नहीं सीखा है और लगातार लोगों के हितों का नुकसान हो रहा है। बिहार में अच्छी शिक्षा, कदाचार मुक्त परीक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त विकास सपना लगने लगा है। बिहार में भर्ती में भी भेदभाव होता है। लोकतांत्रिक तरीके से अधिकार मांगने वाले छात्रों पर ए के-47 चलाया जाता है। बिहार में छात्रों और आम जनों पर जुल्म करने वाली सरकार है। बिहार में सरकार वीक है इसीलिए पेपर लीक होते हैं। परीक्षा प्रणाली में सुधार कहीं नहीं दिखता है। मुख्यमंत्री गोली कांड पर चुप क्यों हैं? न्यायिक जांच का आदेश क्यों नहीं दे रहे हैं? और सीवान के एसपी का तबादला से कुछ नहीं होगा उनका निलंबन क्यों नहीं किया गया? इन्होंने कहा कि कल के आन्दोलन को दबाने के लिए सरकार छात्र नेताओं की गिरफ्तारी करवा रही है और आन्दोलन को दबाने के लिए अनुचित तरीका अपनाया जा रहा है। कल के राजभवन (लोकभवन) मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की । संवाददाता सम्मेलन के बाद तेजस्वी प्रसाद यादव जी ने की आर ई 4 अभ्यार्थियों के आन्दोलन में शामिल नेताओं और छात्रों से मिलने के लिए गर्दनीबाग स्थित, धरना स्थल पर पार्टी नेताओं के साथ पहुंचे। और कहा कि अविलंब सरकार इनकी जायज मांगों को पूरा करे। इस अवसर पर संवाददाता सम्मेलन में राजद के प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल, सांसद श्री संजय यादव, पूर्व मंत्री श्री आलोक कुमार मेहता, श्री कुमार सर्वजीत, विधान पार्षद डॉ0 सुनील कुमार सिंह, श्री सोनू कुमार राय, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, चितरंजन गगन, डॉ0 अनवर आलम, विनय कुमार यादव, महताब आलम सहित अन्य गणमान्य नेतागण उपस्थित थे। (एजाज अहमद)