उत्साह के पैडल, खुशियों की रफ्तार, कामयाबी की मंज़िल...

मायने नहीं रखता लड़की होना, जिया ने 80 लड़कों की साइकिल रैली में बनाया मुकाम

भोपाल। नाम मिन्हा... मिन्हा जिया...! उम्र के उस 11वें पड़ाव पर हैं, जहां छुईमुई-सी बनकर घर के किसी कोने में बैठा दी गई होती...! स्कूल, मदरसा, घर और घरेलू कामकाज ही उसका नसीब बन चुके होते...! लेकिन जज्बा लड़कों को हर क्षेत्र में आगे रखे जाने वाले समाज में जिया ने एक अलग ही संदेश दिया...! कोई क्षेत्र, किसी एक वर्ग की बपौती नहीं...! लड़कियां भी किसी से कुछ कम नहीं...!

शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में उत्साह की एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। करीब 80 लड़कों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम को मिस्बाह ने आकार दिया। लंबी दौड़ लगी और कामयाबी की मंज़िल तक पहुंची तो मिन्हा जिया भी इसकी गोल्ड मेडलिस्ट में शामिल थीं। इस दौड़ में मिस्बाह, तकी, ताहा, मूसा के हाथ भी अवॉर्ड से भरे थे। आश्चर्य और प्रशंसाओं से भरे मजमे में जब पुरस्कार वितरण किया गया तो जिया को खास तौर पर रेखांकित किया गया। जाहिर किया गया कि समाज में लड़कियां भी किसी दौड़ में न कमजोर हैं और न ही किसी से पीछे।

अगली दौड़ मड रैली की तर्ज पर

विधायक आतिफ अकील फैंस क्लब के युवाओं द्वारा बच्चों की इस आयोजन को बैक सपोर्ट और बल दिया गया था। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने इस रैली के सेकंड राउंड की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगला राउंड मड रैली की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा।

जिया के शौक निराले

ग्यारहवें वर्ष में पहुंच चुकी जिया का पहनावा, दोस्ती और हावभाव अब भी लड़कों के समान हैं। उनकी दुपट्टा ओढ़ी सहेलियां न होकर चाय दुकान पर चुस्कियां लेते दोस्त हैं। हॉकी और फुटबॉल मैदान उसका साथी है। स्केट्स के सहारे दौड़ लगाना उसका मिज़ाज है। पापा शाहिद और अम्मा वसीम बानो चिंतित और फिक्रमंद भी हैं। फूफ्फो हुमैरा और भाई दानिश और बहन मंशा इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि तेज रफ्तार से बढ़ती जिया के कदम रोके जाएं या इन्हें रफ्तार दी जाए।

पुरातत्व विभाग करेगा देवरा के प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार

• विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में आयुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल 

भोपाल। ग्राम देवरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार को लेकर मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुरातत्व विभाग के आयुक्त भोपाल मदन कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में मनावर से पन्नालाल गेहलोत एवं सैयद रिजवान अली भी शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के समक्ष देवरा के प्राचीन शिव मंदिर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्ता रखते हुए मंदिर के संरक्षण, जीर्णोद्धार तथा सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता रखी। विधायक डॉ. अलावा द्वारा विभाग को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया कि मंदिर को प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल के रूप में संरक्षण की कार्रवाई पूर्व में की जा चुकी है, लेकिन सर्वेक्षण के बाद भी मौके पर विभागीय निगरानी एवं संरक्षण संबंधी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से नहीं की गई हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुरातत्व विभाग के आयुक्त मदन कुमार ने देवरा शिव मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए विभागीय स्तर पर निर्देश जारी किए तथा सर्वे टीम गठित कर स्थल का निरीक्षण एवं तकनीकी मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए। सर्वे टीम द्वारा मंदिर की वर्तमान स्थिति, स्थापत्य एवं संरक्षण की आवश्यकता का परीक्षण किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि देवरा शिव मंदिर के मूल स्वरूप और ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक एवं पुरातात्विक पद्धति से जीर्णोद्धार कराया जाए तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा कि देवरा का प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। 

जहां मिल बैठेंगे पढ़े-लिखे रिश्तों के चाहतमंद, दिसंबर में होगा सम्मेलन

भोपाल। रिश्ते आसमान से तय होकर आते हैं, लेकिन उनको एक करना जमीन पर मौजूद लोगों की कोशिशें पूरा करती हैं। राजधानी समेत मप्र के कई शहरों में इस काम को अंजाम देने के लिए एक संस्था जेनिथ ऑर्गेनाइजेशन और सालेहा कई वर्षों से काम कर रही है। तेजी से हुए शिक्षा के प्रति लगाव और जरूरत के दौर में हर अभिभावक अपने बच्चों के लिए पढ़े लिखे रिश्तों की तलाश में है। इसी मंशा के साथ पहली दिसम्बर को एक तार्रुफी जलसा आयोजित किया गया है। संस्था के जाहिद खान ने बताया कि ज़ेनिथ आर्गेनाइजेशन और सालेहाशादी डॉट कॉम द्वारा 44 वॉ रिश्तो का तारूफी प्रोग्राम (परिचय सम्मलेन) का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रोग्राम में मध्य प्रदेश के सभी शहरों से माँ-बाप अपने लड़के और लड़कियों के साथ रिश्ते तालाशने के लिए शामिल होंगे। संस्था ने रिश्ते तलाशने के लिए एक वेबसाइट www.salehashadi.com भी लॉच की हैं, जिसमे लॉगिन होकर अपना बायोडाटा अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा प्रोग्राम में शामिल होने के लिए व्हाट्सप्प नंबर 9893067184 (ज़ाहिद खान ) पर फोटो के साथ भेज सकते हैं। इसके अलावा 8770559119 पर संपर्क कर बायोडाटा भेजा जा सकता है। जाहिद खान ने बताया कि प्रोग्राम में डिजिटल स्क्रीन पर इंट्रोडक्शन के ज़रिये लोगों को रिश्ते दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रोग्राम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन करना ज़रूरी है। प्रोग्राम के बाद में वेबसाइट या व्हाट्सप्प के ज़रिये रिश्ते देख सकते हैं।

इनका कहना है :

संस्था 26 साल से खिदमत कर रही है। अब तक 42 कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है। शिक्षित परिवार और शिक्षित जोड़ों की दरकार को ध्यान में रखते हुए यह सम्मेलन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए 20 नवम्बर तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

जाहिद खान,

जेनिथ ऑर्गेनाइजेशन और सालेहा शादी डॉट कॉम 



हज आवेदकों को राहत, दो वेटिंग लिस्ट क्लियर, 627 को मिला मौका

नई हज पॉलिसी में वेटिंग लिस्ट के 20 फीसदी आवेदकों को प्राथमिकता, शॉर्ट हज पैकेज जारी 

भोपाल। हज पर जाने की उम्मीद लगाए बैठे मध्यप्रदेश के आवेदकों के लिए राहत की खबर है। हज-2027 की प्रक्रिया में प्रतीक्षा सूची से बड़ी संख्या में आवेदकों को मौका मिलने का रास्ता साफ हुआ है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने पहली वेटिंग लिस्ट के बाद अब दूसरी वेटिंग लिस्ट भी जारी कर दी है। मध्यप्रदेश के हज आवेदकों के बीच भी इसे लेकर उत्साह है। राज्य से जुड़े चयन आंकड़ों में 627 तक चयन क्रम दिखाई देता है, जबकि प्रतीक्षा सूची में भी बड़ी संख्या में आवेदक शामिल हैं। हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट पर मध्यप्रदेश की चयनित और प्रतीक्षा सूची अलग-अलग उपलब्ध कराई गई है।

नई नीति ने बढ़ाई उम्मीद

इस बार हज प्रक्रिया की सबसे अहम बात यह है कि हज नीति-2027 में वर्ष 2026 की अंतिम वेटिंग लिस्ट के शीर्ष 20 प्रतिशत आवेदकों को प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है। इसका मकसद लगातार बढ़ती प्रतीक्षा सूची के बीच उन आवेदकों को अतिरिक्त अवसर देना है, जो पिछले साल चयन से मामूली अंतर से रह गए थे। केंद्र सरकार ने इसे वेटिंग लिस्ट के बेहतर और अपेक्षाकृत न्यायसंगत प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

70:30 का कोटा, बढ़ाने की कोशिश

हज-2027 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया और निजी हज ऑपरेटरों के बीच सीटों का अनुपात 70:30 रखने का प्रस्ताव है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार हज कमेटी के हिस्से में 1,22,518 सीटें, जबकि निजी क्षेत्र के लिए 52,507 सीटें प्रस्तावित हैं। पिछले वर्ष भारत का कुल हज कोटा 1,75,025 था। केंद्र सरकार ने भारतीय जायरीनों के लिए सऊदी अरब से अतिरिक्त कोटा हासिल करने के प्रयास जारी रखने की बात कही है।

हर 135 जायरीन पर एक हज इंस्पेक्टर 

नई नीति में जमीनी स्तर पर हज यात्रियों को बेहतर सहायता देने के लिए स्टेट हज इंस्पेक्टर की व्यवस्था भी मजबूत की गई है। अब हर 135 हज यात्रियों पर एक स्टेट हज इंस्पेक्टर होगा। पहले यह अनुपात 150 यात्रियों पर एक निरीक्षक का था। इससे सऊदी अरब में हज यात्रियों की स्थानीय समस्याओं, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता को अधिक प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

शॉर्ट हज पैकेज को मिली निरंतरता

हज-2026 में शुरू किए गए 20 दिन के लघु हज पैकेज को हज-2027 में भी जारी रखने का फैसला किया गया है। कम अवधि में हज की इबादत पूरी कर वापस लौटने के इच्छुक जायरीनों के लिए यह विकल्प खासा उपयोगी माना जा रहा है। इसके अलावा मीना में सोफा-कम-बेड, मक्का में होटल शैली के आवास और मक्का-मदीना के बीच हाई-स्पीड ट्रेन जैसी यात्री-केंद्रित व्यवस्थाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

कोलकाता नया एम्बार्केशन प्वाइंट

हज-2027 की व्यवस्था में कोलकाता को अतिरिक्त एम्बार्केशन प्वाइंट के रूप में शामिल किया गया है। पूर्वी भारत से बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है। हज कमेटी की मौजूदा प्रक्रिया में विभिन्न राज्यों के जायरीन को निर्धारित एम्बार्केशन प्वाइंट से सऊदी अरब रवाना किया जाता है।

मेडिकल जांच होगी ज्यादा सख्त

नई हज नीति में स्वास्थ्य और सुरक्षा को भी खास महत्व दिया गया है। मेडिकल स्क्रीनिंग को सऊदी अरब के स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप और सख्त किया गया है। गंभीर अथवा कुछ पुरानी बीमारियों से जूझ रहे आवेदकों को हज यात्रा की अनुमति नहीं दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। उद्देश्य यह है कि यात्रा के दौरान जायरीनों की सेहत से जुड़ी गंभीर परिस्थितियों को न्यूनतम किया जा सके।

अब एआई बताएगा हज की राह

हज-2027 की नीति में तकनीक का इस्तेमाल भी बड़े स्तर पर बढ़ाया गया है। आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन, उड़ानों की मांग के आकलन तथा शिकायतों की रियल टाइम निगरानी जैसे कामों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित व्यवस्थाएं लागू करने की योजना है। इसके अलावा हिंदी, उर्दू और प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में संवाद करने वाला एआई असिस्टेंट विकसित किया जा रहा है। यह यात्रियों को आवेदन, भुगतान, उड़ान, आवास, सामान, शिकायत और आपातकालीन सहायता से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इससे विशेष रूप से पहली बार हज पर जाने वाले और बुजुर्ग यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। सऊदी अरब के नुसुक प्लेटफॉर्म के साथ भी भारतीय व्यवस्था को जोड़ने की योजना है।

हज प्रक्रिया हुई और डिजिटल

हज-2027 के आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल और हज सुविधा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन लिए गए हैं। हज कमेटी ने आवेदन, चयन, प्रतीक्षा सूची और आगे की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया है। आधिकारिक वेबसाइट पर चयनित और वेटिंग लिस्ट के आवेदकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

मध्यप्रदेश के आवेदकों में बढ़ी उम्मीद

दो वेटिंग लिस्ट जारी होने और नई नीति में पुराने वेटिंग आवेदकों के शीर्ष 20 प्रतिशत को प्राथमिकता दिए जाने से मध्यप्रदेश के उन आवेदकों में उम्मीद जगी है, जो चयन से वंचित रह गए थे। अब सीटों के रिक्त होने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे चयन होने पर प्रतीक्षा सूची के आवेदकों को भी हज का अवसर मिल सकता है।

समाज को नई दिशा देने वालों को कोशिश का ईनाम, AMP लाएगा पर्दे पर

भोपाल। एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफ़ेशनल्स ने नेशनल अवॉर्ड फ़ॉर सोशल एक्सीलेंस 2026 की घोषणा कर दी है। यह अवॉर्ड पूरे भारत में लोगों और ऑर्गनाइज़ेशन्स को कम्युनिटी वेलफ़ेयर, एजुकेशन, महिला एम्पावरमेंट और सोशल अपलिफ्ट में उनके शानदार योगदान के लिए दिया जाता है।

इस साल, AMP को इंदौर और भोपाल समेत प्रदेश के जाने-माने चेंजमेकर्स और NGOs को सम्मानित कर रहा है, जिनकी बिना थके कोशिशों ने ज़मीनी स्तर पर एक स्थायी असर डाला है।

 इंदौर के इंडिविजुअल चेंजमेकर्स

सोशल वर्क में जिन लोगों को उनकी बिना स्वार्थ की सेवा और लीडरशिप के लिए AMP द्वारा सम्मानित किया जा रहा है, उनमें मोहम्मद सलीम राज बेलीम, माज़ खान (माज़ सर), तारिक शेख, मोहम्मद अनवर खान, वसीम इकबाल आदि शामिल हैं। एजुकेशन, कम्युनिटी डेवलपमेंट और पब्लिक वेलफेयर में उनके डेडिकेशन ने इंदौर को इनक्लूसिव ग्रोथ का एक मॉडल बना दिया है।

 स्टेट अवॉर्ड से सम्मानित ऑर्गनाइज़ेशन

AMP मध्य प्रदेश के कई ऑर्गनाइज़ेशन को उनके शानदार काम के लिए भी सम्मानित किया जा रहा है। इसमें स्किल डेवलपमेंट पर काम करने वाले NGOs के लिए उमर फारूक खट्टानी अवॉर्ड 2026 अंजुमन बैतूल माल इंदौर को दिया जा रहा है। बेस्ट NGO अवॉर्ड ऑफ़ द ईयर (स्टेट) की श्रेणी में 

शक्तिशाली महिला संगठन समिति, खजराना एजुकेशन सोसाइटी, स्पेशल जूरी अवॉर्ड ऑफ़ द ईयर (स्टेट), जुबिलेंट वेलफेयर सोसाइटी, मदर मरियम एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, माइनॉरिटी स्कूल एसोसिएशन MP को शामिल किया गया है।

ये ऑर्गनाइज़ेशन महिलाओं को मज़बूत बनाने, माइनॉरिटी एजुकेशन को सपोर्ट करने और पूरे राज्य में पिछड़े समुदायों को वेलफेयर सर्विस देने में सबसे आगे रहे हैं।

 इस मौके पर AMP के एक एनजीओ कनेक्ट हेड मुबीन बैग ने एनजीओ को मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि नेशनल अवॉर्ड फॉर सोशल एक्सीलेंस उन लोगों को हमारी मुबारकबाद है, जो एक बेहतर समाज बनाने के लिए खामोशी से लेकिन लगातार काम करते हैं। इंदौर और पूरे मध्य प्रदेश के अवॉर्ड पाने वालों का काम सेवा, दया और राष्ट्र-निर्माण की सच्ची भावना को दिखाता है। हम सभी विजेताओं को बधाई देते हैं और उनके मिशन में और ज़्यादा सफलता की कामना करते हैं। अवार्ड की घोषणा 15 अगस्त 2026 को ऑनलाइन हुई।

यह सेरेमनी AMP के नेशनल प्रोग्राम के हिस्से के तौर पर कम्युनिटी NGOs द्वारा सोशल इम्पैक्ट इनिशिएटिव्स को सेलिब्रेट करने और बढ़ाने के लिए हुई। एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफेशनल्स के एसए अजमेरी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ऑफ़ मुस्लिम प्रोफेशनल्स एक नेशनल प्लेटफॉर्म है, जो पूरे भारत में एजुकेशन, करियर गाइडेंस, एंटरप्रेन्योरशिप और सोशल सर्विस इनिशिएटिव्स के ज़रिए प्रोफेशनल्स और कम्युनिटीज़ को मज़बूत बनाने के लिए समर्पित है।

एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप : एक नए युग का आरंभ, मो. तारिक़ बने संयोजक, डॉ. राजीव जैन अध्यक्ष

भोपाल। एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप ने अपनी नई कार्यकारिणी घोषित की, जिसमें डॉ. राजीव जैन को अध्यक्ष और प्रमोद शर्मा को महासचिव नियुक्त किया गया। निवर्तमान टीम को विदाई दी गई। मित्रता और स्नेह के प्रतीक 'एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप, भोपाल' ने एक आयोजन के तहत अपनी नई कार्यकारिणी का गठन किया। इस अवसर पर निवर्तमान कार्यकारणी को विदाई दी गई, साथ ही संयोजक मो. तारिक़, डॉ. राजीव जैन को अध्यक्ष और प्रमोद शर्मा को महासचिव बनाए जाने के साथ संगठन में एक नए युग का सूत्रपात हुआ।वर्ष 2010 में भोपाल विश्वविधालया के कुछ झंडा बरदार रहें दोस्तों द्वारा स्थापित यह संगठन आज भोपाल के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 600 पूर्व छात्रों को एक मंच पर ला चुका है। इसमें पूर्व छात्र नेता और समाज के गणमान्य नागरिक भी शामिल हैं। ग्रुप अपने वार्षिक कैलेंडर के तहत वर्षभर सामाजिक, धार्मिक, खेल, सांस्कृतिक, देशभक्ति, पर्यावरण, जन जागरूकता, स्वास्थ्य शिविरों और मित्रता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता है, जिनके माध्यम से सदस्य पुराने दिनों को याद कर आपसी संबंधों को और मजबूत करते हैं। यह परंपरा न केवल सदस्यों को भावनात्मक जुड़ाव प्रदान करती है, बल्कि सामूहिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी पोषित करती है।

निवर्तमान टीम को विदाई, उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

समारोह में निवर्तमान कार्यकारणी के कार्यकाल की विशेष रूप से सराहना की गई। संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य पूर्व मंत्री दीपक जोशी, संयोजक मोहम्मद तारिक, अध्यक्ष पयोज जोशी, महा सचिव राजकुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष नितिन लोहानी और महिला अध्यक्ष आराधना संजर सहित पूरी टीम के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस टीम ने अपने कार्यकाल में 'एक्टिव फ्रेंड्स ग्रुप' को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विशेष रूप से दीपक जोशी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की प्रशंसा की, जिन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और उसे आगे बढ़ाया। पयोज जोशी के अध्यक्षीय काल और राजकुमार श्रीवास्तव के महा सचिव के रूप में किए गए कार्यों की भी विस्तार से चर्चा की गई, जिन्होंने अनेक कार्यक्रमों को सफल बनाया।

निवर्तमान टीम द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, जैसे कि स्वास्थ्य शिविरों ने जरूरतमंदों की मदद की, जबकि पर्यावरण जागरूकता अभियानों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया। सांस्कृतिक और देशभक्ति के कार्यक्रमों ने सदस्यों के बीच एकता और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ किया। इन सभी पहलों के लिए पूरी निवर्तमान कार्यकारिणी की प्रशंसा की गई और उनके समर्पण को नमन किया गया। 

नई कार्यकारिणी का गठन और भविष्य की दिशा

नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन के भविष्य की रूपरेखा भी स्पष्ट की गई। नवगठित कार्यकारिणी में मो. तारिक संयोजक, डॉ. राजीव जैन अध्यक्ष, प्रमोद शर्मा महा सचिव होंगे। त्रिभुवन मिश्रा, रामू श्रीवास, ब्रजेश शुक्ला, राजू उपाध्याय, अनीता आर्या और पूर्वा राय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यभार संभालेंगे। सचिव पद के लिए मान सिंह, अनिल श्रीवास्तव, नीलिमा तिवारी और रचना डेविड की नियुक्ति की गई है। राजकुमार श्रीवास्तव को संगठन मंत्री और नितिन डागा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती शशी सोनी होंगी, जबकि युवा प्रकोष्ठ की अध्यक्षता अंकित शर्मा करेंगे, जिनके महा सचिव सूर्यकांत चतुर्वेदी होंगे। संरक्षक मंडल और अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का भी गठन किया गया है। इस नई टीम में विभिन्न पृष्ठभूमि और अनुभवों के सदस्यों को शामिल किया गया है, जो संगठन को नई दिशा देने और उसकी गतिविधियों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उपाध्यक्ष और सचिवों की बड़ी संख्या यह दर्शाती है कि संगठन में अधिक से अधिक सदस्यों को सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले संबोधन में दोस्ती के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “आज मुझे जो जिम्मेदारी आप सबने दी है, उसके लिए तहे दिल से आभार। यह सिर्फ एक ग्रुप नहीं, बल्कि हमारी यादें और हमारी पहचान है। दोस्ती वो नहीं जो सिर्फ जान देती है, बल्कि वो है जो साथ निभाती है। एक्टिव फ्रेंड्स का मतलब ही यही है – हर सुख-दुख में साथ खड़े रहना।” उनके शब्दों में संगठन के मूल सिद्धांतों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता झलकती थी।

उन्होंने निवर्तमान टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, पर्यावरणीय, खेल और देशभक्ति के कार्यक्रम भविष्य के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। डॉ. जैन ने नई टीम के साथ मिलकर कुछ प्रमुख वादे किए, जिनमें रिश्तों को और मजबूत करना, पुराने और नए दोस्तों को जोड़ना, समाज सेवा को बढ़ावा देना, वार्षिक कैलेंडर में और अच्छे काम शामिल करना, तथा युवाओं को जोड़कर इस परंपरा को आगे बढ़ाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। डॉ. जैन ने कहा, “हमारा वादा है कि हम दिलों को जोड़ने का हुनर रखते हैं। हम मिलकर इस ग्रुप को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य संगठन के सदस्यों के बीच व्यक्तिगत संबंधों को और गहरा करना होगा, साथ ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी सक्रिय रूप से निभाना होगा। युवाओं को जोड़ने का उनका लक्ष्य विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह संगठन की निरंतरता और भविष्य की प्रगति सुनिश्चित करेगा। पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का उनका विचार सदस्यों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करेगा।

विभाजन विभीषिका दिवस पर मशाल यात्रा के माध्यम से देंगे युवाओं को संदेश, होगा पाकिस्तान का पुतला दहन

राष्ट्र बजरंग दल के प्रांत अध्यक्ष कमलेश ठाकुर और भाजपा नेता दुर्गेश केसवानी होंगे मुख्य वक्ता 

भोपाल। देश की आजादी के समय विभाजन की त्रासदी को जानना हर हिंदू के लिए इसलिए आवश्यक है क्योंकि देश का विभाजन धार्मिक आधार पर ही किया गया था यह कहना राष्ट्र बजरंग दल के भोपाल महानगर अध्यक्ष राजा भैया सेन का।

राजा भैया के अनुसार राष्ट्र बजरंग दल द्वारा मशाल यात्रा कार्यक्रम में देश विभाजित होने के असल कारणों तथा देश की एकता को बनाए रखने पर युवाओं को प्रांत अध्यक्ष कमलेश ठाकुर और भाजपा नेता दुर्गेश केसवानी संबोधित करेंगे। राजा भैया सेन से जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्र बजरंग दल की मशाल यात्रा कार्यक्रम शुक्रवार शाम 4 बजे विजय भूमि छोला दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा जिसमें देश विभाजन की त्रासदी पर आक्रोश व्यक्त करते हुए पाकिस्तान का पुतला और झंडा जलाया जाएगा। आयोजन में लगभग एक हजार युवाओं की उपस्थिति होगी।

सीता मैया, भगवान शंकर तथा हनुमान जी की भव्य मूर्तियां लालच के निशाने पर

• तिनका परमिशन, पहाड़ खुदाई, बड़े नाम का फायदा उठाने की कोशिश 

• अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा किया जा रहा आस्थाओं पर प्रहार

खान अशु 

भोपाल। जहां एक ओर भारत हिन्दू राष्ट्र बनने की तरफ अग्रसर है, हर तरफ राम नाम की गूंज है, देवी देवताओं के सम्मान के प्रयास प्रबल हैं, वहीं एक अंतर्राष्ट्रीय कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने आस्थाओं को धराशाई करने का मन बना रखा है। कंपनी द्वारा एक सरकारी अनुमति को आधार बनाकर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के निशान मिटाने का प्रपंच रचा जा रहा है। मनमानी तरीके से किए जा रहे खनन से भविष्य में इन प्राचीन धरोहर का नाम-ओ-निशान मिट सकता है।

मामला धार जिले की मनावर तहसील के ग्राम देवरा का है। यहां परमार कालीन विशाल शिव मंदिर प्राचीनकाल से स्थित है। जो वर्तमान समय में पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। यहां सीतापुरी में माता सीता की पौराणिक एवं अमुल्य धरोहर अनगिनत प्रमाण के साथ प्राचीन गुफा के रूप में स्थित है। वहीं जंगलों में भगवान शंकर तथा हनुमान जी की भव्य मूर्तियां जिर्णशिर्ण अवस्था में हैं। वहीं अण्डियाव में भव्य पत्थर के नंदी की प्रतिमा है।

नाम की मंजूरी, धरोहर पर निशाना 

सूत्रों का कहना है कि एक बड़े औद्योगिक घराने बिरला समूह से संबद्ध अंतर्राष्ट्रीय कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने पुरातत्व विभाग को अंधेरे में रखकर खनन संबंधी अनुमति प्राप्त कर लीं। जिसके अनुसार उसे ग्राम टोंकी स्थिति प्लांट द्वारा खनन हेतु 344.783 हेक्टेयर चूना पत्थर के लिए ग्राम देवरा, सीतापुरी, उदयपुर और मुहाली के लिए बताई जाती हैं। गौरतलब है कि मनावर तहसील के इन ग्रामों की जमीन मध्य प्रदेश को पर्यावरण वन एवं जलवायु के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

हो गया यह खेल

सूत्रों का कहना है कि कंपनी अपने निजी स्वार्थ के लिए पुरानी धरोहरों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उसके द्वारा देवरा जैसे स्थान पर, जहां भव्य मंदिर जीर्णशीर्ण अवस्था में मौजूद हैं, इसके आसपास खुदाई कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि चिन्हित और अनुमति प्राप्त स्थान से इतर यह खुदाई की जा रही है। जिससे पुरातन धरोहर के मिटने का खतरा पैदा हो गया है।

बड़े नाम का फायदा

सूत्रों का कहना है कि चूंकि आदित्य बिरला समूह देश में एक नामवर उद्योग समूह है। जिसकी दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश तक तूती बोलती है। इसी ख्याति को भुनाते हुए अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा मनमाने तरीके से खनन किया जा रहा है। इससे होने वाले पुरातत्विक नुकसान को भी गुमराह किया जा रहा है।

दूरी का भी फायदा

बताया जाता है कि इस अव्यवस्था को लेकर पुरातत्व एवं अभिलेखागार विभाग इंदौर को स्थानीय लोगों द्वारा कई बार सूचित किया गया और शिकायत की गई। लेकिन इंदौर से मनावर की दूरी और इस क्षेत्र का दूरस्थ में होना किसी परिणाम तक नहीं पहुंच पाया। बताया जाता है कि इंदौर से कागजों पर ही फैसले कर दिए जा रहे हैं और उनके परिपालन पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सूत्रों का कहना है अल्ट्राटेक द्वारा दिल्ली से मिली अनुमति के नाम पर भी विभाग को गुमराह करके अपने फायदे के लिए खनन कर रहा है।

अब शिकायत भोपाल से लेकर दिल्ली तक 

सूत्रों का कहना है कि प्राचीन धरोहर, धार्मिक आस्थाओं और पर्यावरण के इस नुकसान को लेकर नेशनल एनजीओ नया कारवां ने बीड़ा उठाया है। संस्था इस अव्यवस्था को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक आवाज उठाने वाली है, जिससे इस अनमोल प्राचीन संस्कृति को बचाया जा सके। साथ ही जंगलों में जहां-जहां अवशेष हैं, वहां फैक्ट्री के खनन करने पर प्रतिबंध लगाया जा सके।

इनका कहना 

इस मामले में अल्ट्राटेक सीमेंट के मुख्यमहाप्रबंधक

विपिन सक्सेना से बात करना चाही तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

प्राचीन धरोहर और धार्मिक आस्थाओं पर प्रहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली की अनुमति निरस्त करने और खनन बंद करने तक उच्च स्तरीय प्रयास किए जाएंगे।

मोहम्मद तारिक 

फाउंडर, नया कारवां 

भोपाल

आंखों में उतर आए मदीने के मंजर, जुबां पर अल्लाह का शुक्र

• हज 2027 के लिए मप्र से चुने गए 5998 आवेदक, 4060 वेटिंग में

भोपाल। आंखों में खुशी के मारे भर आए आंसुओं का सैलाब था, जुबां पर अल्लाह का शुक्र और दिल में उठते हुए हजारों खयालात... देवास के मोहम्मद इरफान ने पहली बार हज आवेदन किया था, इस लॉटरी प्रक्रिया में वे चुन लिए गए थे। वे खुदकिस्मत करार दे रहे थे कि पहली बार में उनके लिए हज का बुलावा आ गया।

हालात भोपाल में उस वक्त बने जब मुम्बई हज कमेटी ऑफ इंडिया से प्रदेश के हज आवेदकों का कुर्रा कंप्यूटर पर डिस्प्ले हुआ। प्रदेश के कुल 10058 आवेदकों का कुर्रा किया। जिनमें से प्रदेश के कोटे के मुताबिक 5998 लोगों को हज पर जाने के लिए चुना गया। इसके बाद करीब 4060 लोगों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। अन्य प्रदेशों से बचे हुए कोटे से ऐसे आवेदकों को एडजस्ट किया जाएगा। गत वर्ष भी प्रदेश को मिले अतिरिक्त कोटे से बड़ी संख्या में लोगों को हज पर जाने का मौका मिला था। चुने गए हाजियों में 65+ आयु के 972 आवेदकों को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है, जबकि उनमें 65 महिलाएं ऐसी भी हैं, जो बिना मेहरम के हजयात्रा पर जाएंगी।

अभी से तैयारी शुरू करें: नदवी

हज हाउस में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में शहर मुफ्ती अब्दुल कलाम साहब कासमी ने तिलावत -ए-कुरआन की। इस मौके पर मौजूद काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने कहा कि एक दौर था, जब हज सफ़र मुश्किल हुआ करता था और हज आसान था। लेकिन अब सफ़र आसान हो गया है और हज मुश्किल बात हो गई है। उन्होंने कहा कि अपनी दैनिक जिंदगी की आदतों की वजह से यह हालात बने हुए हैं। उन्होंने चुने गए हाजियों को मशविरा दिया कि अभी से हज की तैयारी शुरू करें, पैदल चलने, दुआएं सीखने और सफर की परेशानियों की आदत डालें, ताकि हज सफ़र में दिक्कत न आए। इस मौके पर मप्र वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि हज और हाजियों की खिदमत नसीब की बात है। अल्लाह ने उन्हें सेंट्रल हज कमेटी से लेकर प्रदेश हज कमेटी तक में बहुत काम करने का मौका दिया, जिसके लिए वे अल्लाह के शुक्रगुजार हैं। डॉ पटेल ने कहा कि उनके कार्यकाल में हज हाउस निर्माण, हज इम्बोरकेशन प्वाइंट और हज मुसाफिरों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की गईं। इस मौके पर हज कमेटी की प्रशासनिक अधिकारी डॉ फरजाना ग़जाल ने भी विचार व्यक्त किए।

उत्साह खत्म या कमेटी की अलाली

हज हाउस में आयोजित कुर्रा प्रसारण का लाइव प्रसारण देखने के लिए गिनती के लोग हाजिर हुए थे। हज आवेदकों की तादाद कमेटी कर्मचारियों और मीडिया से भी कम कही जा सकती है। इसको लेकर उठी बात पर जिला हज कमेटी अध्यक्ष असलम इलयास ने कहा कि यह प्रक्रिया हाजियों की सुविधा के लिए ही की गई थी। कमेटी ने आवेदकों को कुर्रा आयोजन का दावतनामा भेजा ही नहीं, कारण यह है कि ऑनलाइन कुर्रा आवेदक अपने स्थान से ही देख सकते हैं, उन्हें भोपाल तक आने जाने की परेशानी से निजात देने के लिए यह कयास किया गया था।

फैक्ट फाइल 

प्रदेश से आवेदक 10058

प्रदेश का हज कोटा 5998

65+ बुजुर्ग हजयात्री 972

बिना मेहरम की हज्जानी 65

वेटिंग लिस्ट में शामिल 4060

यहां हर दिन चुनाव जारी, ताकि बनी रहे सहकारिता की भावना

• रोज आते हैं प्रस्ताव, दौड़ जाती है फाइल

खान अशु 

भोपाल। लोकसभा, विधानसभा, नगरीय निकाय या पंचायतों के चुनाव का एक निर्धारित समय है, जिसके लिहाज से यहां की चयन प्रक्रिया आकार लेती है। लेकिन प्रदेश का एक विभाग ऐसा भी है, जहां हरदिन कोई न कोई चुनाव आकार लेता दिखाई देता है। प्रदेशभर में समितियों की बड़ी तादाद इसकी वजह है।

नजारा प्रदेश के सहकारिता विभाग का है। जहां चुनावी मौसम हर रोज मंडराने के हालात बनते हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस समय प्रदेशभर में करीब 54000 सहकारी समितियां काम कर रही हैं। दुग्ध, सब्जी, खाद, गृह निर्माण, राशन समेत कई बातों से जुड़ी इन समितियों में से करीब आधी ऐसी हैं, जिनपर चुनावी प्रक्रिया लागू है। जबकि खाद, बीज आदि से जुड़ी करीब 5 हजार समितियाँ इस समय निष्क्रिय हैं।

इधर प्रस्ताव, उधर चुनाव

विभाग की कार्यप्रणाली इस तरह तैयार की गई है कि किसी भी सहकारिता समय की निर्धारित अवधि पूर्ण होने से पहले ही उसकी चुनावी प्रक्रिया शुरु कर दी जाती है। किसी भी समिति से चुनाव प्रस्ताव मिलते ही विभाग अपने काम में जुट जाता है। सदस्य सूची, चुनाव तिथि, निर्वाचन अधिकारी और चुनाव पश्चात चुनी गई समिति को अधिकार देने की भूमिका वे निभाते हैं। कार्य की द्रुत गति का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि दफ्तर में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की टेबल पर किसी लंबित फाइल का निशान दिखाई नहीं देता है। आज का काम आज ही, की तर्ज पर इस दफ्तर में काम किया जा रहा है।

पारदर्शिता प्रथम

विभाग के बड़े से लेकर छोटे अधिकारी तक और निचले स्तर के क्लेरिकल स्टॉफ तक सतत कैमरे की निगरानी में बने हुए हैं। जहां उच्च अधिकारी अपने मातहतों पर निगरानी रखते हैं, वहीं बड़े अफसरों पर भी नजर बनी रहे, यह व्यवस्था इस कार्यालय में बनाई गई है।

सबका सहयोग, सबको आदर

सतपुड़ा भवन के एक फ्लोर पर स्थित इस सहकारिता निर्वाचन विभाग में हर आगंतुक को आत्मीय व्यवहार मिलता है। यहाँ आने वाले किसी भी जिज्ञासु या याचक को उसके प्रश्न का मुनासिब जवाब देने के लिए हर स्तर के अधिकारी मौजूद हैं। आने वाले हर व्यक्ति को संतुष्टि के साथ वापस भेजने की परम्परा सहकारिता विभाग के इस कार्यालय ने तय कर रखी है।