आजमगढ़:रक्षाबंधन पर महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, सुरक्षा का दिया संदेश

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर तिलक किया और मिठाई खिलाई। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस की सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्था पर विश्वास जताते हुए अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आजमगढ़ श्री विवेक, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं, नीट परीक्षा उत्तीर्ण छात्राओं, परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ी महिलाओं, पारिवारिक विवादों से संबंधित पीड़ित महिलाओं, साइबर फ्रॉड में धनराशि वापस पाने वाली पीड़िताओं तथा रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष एवं शिकायत प्रकोष्ठ से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की।
इसके अलावा समूह सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपहार प्रदान किए तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था की।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने, पारिवारिक विवादों का परिवार परामर्श के माध्यम से समाधान कराने और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।
महिलाओं ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के प्रयासों से उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए आजमगढ़ पुलिस सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।
Aug 30 2026, 18:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1