आजमगढ़: रक्षाबंधन पर पौधों को बांधी राखी, पुरानी पेंशन बहाली का लिया संकल्प
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अटेवा के बैनर तले शिक्षक-कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अनूठी पहल की। विकासखंड फूलपुर की ग्राम पंचायत कनेरी में शुक्रवार को शिक्षक-कर्मचारियों ने कटहल और पपीता के पौधे लगाए। इसके बाद बहनों ने पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि पौधे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा का प्रतीक हैं। इसी भावना के साथ रक्षाबंधन पर पौधारोपण कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई। शिक्षिका ज्ञानती देवी ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन पर बहनें भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, उसी तरह पौधों को राखी बांधकर कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होने तक यह मांग जारी रहेगी। जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। सरकार को कर्मचारियों के हित में ओपीएस बहाल करना चाहिए। इस दौरान महेंद्र चौरसिया, जितेंद्र चौरसिया, सिंबल कुमारी, गुड्डी कुमारी, प्रियांशी, प्रिया, राहुल, संदीप और श्रीकांति सहित शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।
आजमगढ़: घायलों से मिले डीएम व एसएसपी, रक्षाबंधन पर बंधवाई राखी
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल लोगों का हाल जानने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछा तथा उन्हें हरसंभव सहायता और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और चल रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही घायलों को समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर डीएम और एसएसपी ने घायलों व उनके परिजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान घायलों के परिजनों ने अधिकारियों को रक्षाबंधन की राखी बांधी। अधिकारियों ने उन्हें हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की इस पहल से दुर्घटना में घायल लोगों और उनके परिजनों को भावनात्मक संबल मिला। अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा और सहायता के लिए निरंतर तत्पर है।
आजमगढ़: रोडवेज बस और पशु लदी पिकअप में जोरदार टक्कर, चालक और एक महिला की मौत

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पवई थाना के चकिया अंडरपास के पास बृहस्पतिवार की रात लगभग 12:30 बजे लखनऊ से बलिया जा रही रोडवेज बस की सामने चल रही पशु लदी पिकअप से भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में  बस चालक रजनीकांत यादव और एक महिला की मौत हो गयी है, जबकि करीब  आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में दो यात्री बुरी तरह फंस गए। पुलिस और यूपीडा की टीम ने  लोहे की रॉड काटकर दोनों यात्रियों को बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, एडीएम प्रशासन नवीन चावला, एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सड़क हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गयी है। घायलों का इलाज चल रहा है।
आजमगढ़:-पानी भरे गड्ढे में डूबने से अधेड़ मजदूर की मौत, घर में मचा कोहराम
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के घियहां गांव में बुधवार शाम बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 42 वर्षीय मजदूर रामनाथ यादव की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। गुरुवार को स्वजन के गांव पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। घियहां गांव निवासी रामनाथ यादव (42) पुत्र केदार यादव बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत में खाद डालने के बाद घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि खेत के पास शौच के बाद पानी छूने के लिए वह गड्ढे के समीप पहुंचे थे। बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भरा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह मुंह के बल गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े रामनाथ पर पड़ी। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे संजय यादव पुत्र शोभनाथ यादव ने पुलिस को घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी है। बताया गया कि मृतक की बेटी सहित परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे गुरुवार को गांव पहुंचे। स्वजन के पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आजमगढ़:-सभासद एवं भाजपा नेता सुजीत जायसवाल आशु ने पौधरोपण कर मनाया जन्मदिन

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल निवासी शासन द्वारा नामित सभासद एवं भाजपा नेता सुजीत जायसवाल आशु ने अपना 30वां जन्मदिन पौधरोपण कर मनाया। उन्होंने अतरडीहा गांव स्थित मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सुजीत जायसवाल ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके बिना स्वच्छ हवा और संतुलित पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ सहित अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान न होकर निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।

जन्मदिन के अवसर पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आशुतोष पांडेय, अतुल मोदनवाल, सत्यनारायण पांडेय, जितेंद्र पांडेय, अविरल शुक्ला, राज पांडेय, आयुष प्रजापति आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़:रक्षाबंधन पर महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, सुरक्षा का दिया संदेश

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर तिलक किया और मिठाई खिलाई। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस की सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्था पर विश्वास जताते हुए अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आजमगढ़ श्री विवेक, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं, नीट परीक्षा उत्तीर्ण छात्राओं, परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ी महिलाओं, पारिवारिक विवादों से संबंधित पीड़ित महिलाओं, साइबर फ्रॉड में धनराशि वापस पाने वाली पीड़िताओं तथा रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष एवं शिकायत प्रकोष्ठ से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की।

इसके अलावा समूह सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपहार प्रदान किए तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था की।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने, पारिवारिक विवादों का परिवार परामर्श के माध्यम से समाधान कराने और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।

महिलाओं ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के प्रयासों से उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए आजमगढ़ पुलिस सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।

आजमगढ़:-प्रधानाध्यापकों की बैठक में विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता व व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़।  ब्लॉक संसाधन केंद्र फूलपुर पर शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के समस्त प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं और शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में खण्ड शिक्षाधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत अब तक संतृप्त न हुए कार्यों की विद्यालयवार समीक्षा की गयी। विद्यालयों में साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति तथा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी का लाभ शत-प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी जनरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयवार नवीन नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया गया।बैठक में निपुण तालिका एवं संदर्शिका आधारित शिक्षण, निपुण प्लस के अंतर्गत शत-प्रतिशत बच्चों के आकलन तथा विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें।बैठक में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
आजमगढ़:-एपीजे अबुल कलाम लाइब्रेरी पर शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा अम्बारी

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अम्बारी स्थित माहुल रोड पर एपीजे अबुल कलाम लाइब्रेरी में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लाइब्रेरी परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया गया। कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी के प्रबंधक हाजी सफीक अहमद ने तिरंगा झंडा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया। लोगों ने कहा कि आजादी लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। कार्यक्रम के दौरान तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम का संदेश लोगों के बीच देखने को मिला। लाइब्रेरी परिसर में मौजूद लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। एपीजे अबुलकलाम लाइब्रेरी के प्रबंधक हाजी सफीक अहमद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। तिरंगा झंडा हमे देश की सेवा ,समर्पण और सामाजिक समरसता के प्रति सचेष्ट करता है । हमे ईमानदारी पूर्वक देश हित मे काम करना चाहिए । जिससे समाज और देश का विकास हो सकें । एपीजे अबुल कलाम लाइब्रेरी का नाम देश के महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर है, जिन्होंने युवाओं को शिक्षा, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में भी शिक्षा और युवा पीढ़ी के महत्व पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अम्बारी क्षेत्र में भी जगह-जगह देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
आजमगढ़:-दशमड़ा में 12 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-जुलजनाह, अलम व ताबूत
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। मोहर्रम के अवसर पर बुधवार, 12 अगस्त को दशमड़ा स्थित बरामदगाह-दरगाह परिसर से जुलूस-ए-जुलजनाह, अलम व ताबूत निकाला जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
आयोजकों के अनुसार जुलूस रात 8 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आए धर्मगुरु, जाकिर और नौहाख्वान शामिल होंगे। इस दौरान मजलिस, तकरीर और नौहाख्वानी का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौलाना सैयद वसी हसन खान मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा मौलाना सैयद आदिल आफखान, मौलाना  शुजा अली सोनौरी, मौलाना सैयद शान-ए-इलाही सहित अन्य वक्ताओं की तकरीर होगी। वहीं नौहाख्वानी में हैदर अली शिराजी समेत अन्य लोग अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न अंजुमनों की भी सहभागिता रहेगी। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। एडवोकेट समीम काजिम ने लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर शिरकत करने की अपील की है।
आजमगढ़:- बलिया जनपद के रसड़ा विधानसभा के विधायक स्व उमाशंकर सिंह को अर्पित किया गया पुष्प

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। रविवार को फूलपुर क्षेत्र स्थित फरहान कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में रसड़ा विधानसभा, बलिया के बसपा विधायक रहे स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं क्षेत्रीय लोग पहुंचे और स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन इमरान अहमद हेटलर, फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से बसपा के भावी प्रत्याशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से आयोजन स्थल पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और अपने क्षेत्र के विकास तथा लोगों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया। उनके निधन से बहुजन समाज पार्टी शहीत गरीब असहाय परिवारों को भी गहरा आघात पहुंचा है। वक्ताओं ने दिवंगत नेता के विचारों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। श्रद्धांजलि सभा में प्रमोद कुमार सिंह, सर्वेश कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, दशरथ सिंह, विजय कुमार मंडल प्रभारी , चंद्रधारी सुमन विधानसभा प्रभारी , मायाराम गौतम पूर्व मंडल प्रभारी, राधेश्याम गौतम विधानसभा अध्यक्ष, सुनील कुमार यादव विधानसभा महासचिव , हाफिज दिलशाद, कोषाध्यक्ष, विक्रम चौहान, बृजलाल बिंद, अमृतलाल, चंद्रभान गौतम, चंद्रभान चौहान, जितेंद्र चौहान, राजनाथ उर्फ करीया सिंह, राम केवल गौतम, विधानसभा प्रभारी हरिश्चंद्र गौतम मंडल प्रभारी, अरविंद कुमार जिला अध्यक्ष , समेत बड़ी संख्या में भाजपा सपा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक इमरान अहमद हेटलर ने सभा में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के विचारों और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।