आजमगढ़:-अज्ञात कारणों से लगी आग में गृहस्थी का सामान, जेवर व नकदी सहित लाखों का सामान जलकर राख
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में सोमवार देर शाम को अज्ञात कारणों से लगी आग में गृहस्थी का सामान जेवर व नगदी सहित लाखों का सम्मान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने हल्का लेखपाल व स्थानीय थाने पर सूचना दिया है। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव निवासी फिरोज अहमद पुत्र रमजान के घर में बीते सोमवार को देर शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिस समय आग लगी उसे समय फिरोज अहमद किसी कार्य से सुल्तानपुर गए थे, तथा परिवार के अन्य लोग खेत में धान की रोपाई कर रहे थे, घर पर कोई नहीं था। आग लगने की सूचना पर परिवार के लोग खेत से भागे-भागे आए तथा आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो कमरे का ताला तोड़कर किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। लोगों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक घर में रखा बेड, सोफा, फ्रिज, वाशिंग मशीन, अलमारी, कूलर, दो बक्सा व उसमें रखा गद्दा, रजाई, कंबल व अन्य सामान, सिलाई मशीन, सिंगारदान तथा दस हजार रुपए नगदी व जेवर जलकर राख हो गया। पीड़ित फिरोज के अनुसार आग लगने से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, वहीं परिवार के लोग शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जता रहे हैं। पीड़ित द्वारा आग लगने की सूचना हल्का लेखपाल वृजेश कुमार व स्थानीय थाने पर दे दी गई है। लेखपाल बृजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया है।
आजमगढ़:-साधन सहकारी समिति अंबारी के रास्ते में मलबा बना बाधक, खरीफ सीजन में उर्वरक आपूर्ति ठप

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़।  खरीफ सीजन में धान की रोपाई अपने चरम पर है, लेकिन क्षेत्र के किसानों को अभी तक साधन सहकारी समिति अंबारी शाह से डीएपी और यूरिया नहीं मिल सकी है। किसानों का आरोप है कि समिति के रास्ते में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान गिराए गए मकान का मलबा अब तक नहीं हटाया गया है, जिससे उर्वरक से लदे वाहन समिति तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। उर्वरक नहीं मिलने से किसानों को खुले बाजार से अधिक कीमत पर खाद खरीदनी पड़ रही है। इससे खेती की लागत बढ़ गई है और किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि रोपाई के इस महत्वपूर्ण समय पर खाद की उपलब्धता न होना गंभीर समस्या है। क्षेत्र के किसान चंद्रिका प्रसाद, रमेश यादव, किशन राजभर, सुरेंद्र यादव, भोनू और रविंद्र यादव ने बताया कि पूरे सीजन में अब तक समिति से न तो डीएपी मिली है और न ही यूरिया। मजबूरी में खुले बाजार से महंगे दामों पर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से रास्ते से मलबा हटवाकर समिति में शीघ्र उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि समय पर फसल की देखभाल की जा सके।नायब तहसीलदारफूलपुर राजाराम से बात करने पर बताया गया कि मलवा हटवाने का निर्देश राजस्व निरीक्षक को दिया गया है जल्द मलवा हटवाया जाएगा
आजमगढ़:-माहुल में शिया समुदाय ने निकाला छः सफर का जुलूस, बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल हुए अकीदतमंद, दिन भर चली मजलिसे हुई तकरीरें
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। अंजुमन-ए-सज्जादिया, माहुल के तत्वावधान में सोमवारी बाजार से हजरत इमाम हुसैन की याद में मंगलवार को 97 वें चेहलुम का जुलूस निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने खिराजे अकीदत पेश किया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। नगर पंचायत माहुल में मंगलवार को हजरत इमाम हुसैन की याद में 97वें चेहलुम का आयोजन किया गया। चेहलुम का जुलूस सुबह नमाज-ए-फज्र के बाद निकाला गया। इस्लामी कैलेंडर के अनुसार यह कार्यक्रम 6 सफर 1448 हिजरी के अवसर पर आयोजित किया गया। अंजुमन-ए-सज्जादिया, माहुल के तत्वावधान में आयोजित किये गए इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के साथ अलम-ए-मुबारक, ज़ुलजनाह और अमारी मौजूद रहे, जिनकी अकीदतमंदों ने ज़ियारत की। इस दौरान लोगों ने हज़रत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उन्हें ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया और ग़म में उनकी आँखें नम हो गईं। जुलूस नगर के सोमवारी बाजार से निकलकर इमामबाड़ा होते हुए रौजा पर समाप्त हुआ। मौलाना मिर्जा यासूब अब्बास, वसी हसन खान, सैयद कैसर हुसैन रिजवी ने कहा कि इस्लाम इंसानियत का नाम है। हजरत इमाम हुसैन, पैगंबर हजरत मुहम्मद के नवासे, हजरत अली और बीबी फातिमा के पुत्र थे। उन्हें इस्लाम में सत्य, इंसाफ और जुल्म के खिलाफ लड़ने के प्रतीक के रूप में माना जाता है। उन्होंने साल 680 में कर्बला की जंग में यज़ीद की तानाशाही के सामने झुकने से इनकार कर दिया था और अपने परिवार तथा साथियों की कुर्बानी दी थी। 10 मुहर्रम (आशुरा का दिन) को कर्बला के मैदान में इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों को यज़ीद की विशाल सेना द्वारा शहीद कर दिया गया था। इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों को भी भूखा-प्यासा रखा गया और मार डाला गया। जुलूस देर शाम कस्बा के रौजा पर समाप्त हुआ। जुलूस में रौनके इस्लाम, मुबारकपुर, हुसैनियत मिशन, लालपुर अंबेडकर नगर, सज्जादिया मिशन, माहुल, दादा ए मंज़िले ए आमा, घोसी मऊ, सिपाहे हुसैनी, बनौली सुल्तानपुर पंजतनवी, गुलामपुर सुल्तानपुर शामिल हुए। इस मौके पर सेठ इरशाद आलवी, मिर्ज़ा यासूब अब्बास,वसी हसन खान,सेठ कैसर हुसैन रिज़वी,नगी कैफान रज़ा,नायाब हैदर,जीशान इंजीनियर,सेठ यूनुस हैदर, जीशान हैदर खान चल रहे थे।
आजमगढ़:-आजमगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, एसपी के पीआरओ मनीष पाल बने पवई के नए थाना प्रभारी पवई

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। पुलिस विभाग में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) मनीष पाल को पवई थाने की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवनियुक्त थाना प्रभारी मनीष पाल ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार, अराजक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी और खुफिया तंत्र को भी मजबूत किया जाएगा। मनीष पाल के पवई थाना प्रभारी बनने के बाद क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में पवई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई देखने को मिलेगी।
आजमगढ़:-पहले ही प्रयास में एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट परीक्षा में सफल हुईं आंधीपुर की रुचि यादव, क्षेत्र में खुशी की लहर
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के आधीपुर गांव निवासी कुमारी रुचि यादव ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट (टीए) परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कल देर शाम में परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, रिश्तेदारों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। रुचि यादव, पुत्री कैलाश प्रसाद उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन एवं निरंतर अध्ययन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से गांव एवं आसपास के क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है तथा बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। रुचि यादव की प्रारंभिक शिक्षा हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई मथुरा इंटर कॉलेज, नाहरपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने टीडी कॉलेज, जौनपुर से बीएससी (एग्रीकल्चर) एवं बीटीसी की शिक्षा प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए वह जौनपुर में रहकर निरंतर अध्ययन कर रही थीं। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में यह सफलता अर्जित की। रुचि यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों एवं अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। परिवार के लोगों ने बताया कि रुचि शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने रुचि यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है।
आजमगढ़:-बेसहारा गौवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था, नई उम्मीद सेवा समिति की पहल सराही गई
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। अहरौला विकासखंड के ग्राम सभा रसूलपुर अहमद अली स्थित उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित गौशाला में रह रहे बेसहारा गौवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था कर नई उम्मीद सेवा समिति ने सराहनीय पहल की। समिति के इस सेवाभावी कार्य की क्षेत्रवासियों ने प्रशंसा करते हुए इसे जीव-दया और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। समिति के सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गायों के लिए हरे चारे की व्यवस्था की तथा उनके संरक्षण और देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर समिति के सक्रिय सदस्य सुजीत जायसवाल आशू, रमेश राजभर, संतोष मौर्य, सुनील सिंह, सुभाष राजभर और लालमन यादव सहित अन्य सहयोगियों ने अपना योगदान दिया। वक्ताओं ने कहा कि बेसहारा और मूक पशुओं की सेवा करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। समिति द्वारा समय-समय पर किए जा रहे जनहित एवं जीव-दया के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। उपस्थित लोगों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा गौ सेवा को समाज के लिए प्रेरणादायक अभियान बताया गया।
आजमगढ़:-भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार
सरायमीर पुलिस की कार्रवाई, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया आरोपी; गहने, नकदी, मोबाइल व तमंचा बरामद
वी कुमार यदुवंशी 
आजमगढ़। भूत-प्रेत, जादू-टोना और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को सरायमीर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 9 मई को राजापुर सिकरौर निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर झांसे में लिया और कान की बाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद ठगकर फरार हो गए। इस मामले में सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी अलीगढ़, वर्तमान पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, दो कान की झालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ बाजारों में घूमकर अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाता था। परिवार पर संकट या भूत-प्रेत का साया होने का भय दिखाकर उन्हें विश्वास में लेता और शुद्धिकरण के नाम पर जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में धोखाधड़ी, टप्पेबाजी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
आजमगढ़:-स्थानांतरित खंड विकास अधिकारी को दी गई भावभीनी विदाई
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर विकास खंड कार्यालय के मीटिंग कक्ष में बुधवार को स्थानांतरित पूर्व खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल के प्रतापगढ़ स्थानांतरण पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्तमान खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इशरत रोमेल के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता एवं विकास कार्यों में योगदान की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में विकास खंड क्षेत्र में कई योजनाओं का सफल संचालन हुआ तथा कर्मचारियों को सदैव सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा। कार्यक्रम में कार्यालय स्टाफ सहित ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक, ब्लॉक मिशन मैनेजर तथा स्वयं सहायता समूह से जुड़े कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अंत में इशरत रोमेल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फूलपुर में मिला सहयोग और अपनापन सदैव याद रहेगा। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार लेखाकार, संजय सिंह, रहमतुल्लाह, गौरव यादव, राजेन्द्र प्रसाद, एडीओ आईएसवी राजीव मोर्य, एपीओ विजयचंद यादव, अरुण, रवि,अभिमन्यु अखिलेश, बृजेश कुमार, अरविंद कुमार, सुनील  गौड़, गुलाब चंद शर्मा, ओमप्रकाश ब्लाक प्रमुख प्रतिनिध मंगला यादव, सन्देस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।
आजमगढ़:-15 से 22 मई तक लगेंगे ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निर्देश पर जनपद के फूलपुर विद्युत वितरण खण्डों में 15, 16, 18, 19, 20, 21 एवं 22 मई 2026 को ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’ आयोजित किए जाएंगे। अधीक्षण अभियन्ता गौरव तिवारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार यह कैम्प विद्युत वितरण खण्ड फूलपुर, सठियांव एवं कप्तानगंज सहित अन्य क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता फूलपुर हरीश प्रजापति व उपखंड अधिकारी फूलपुर भूप सिंह और अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेगा कैम्प के दौरान उपभोक्ता अपने बिजली बिल जमा कर सकेंगे, बिल संशोधन करा सकेंगे, नए विद्युत संयोजन प्राप्त कर सकेंगे, लोड वृद्धि, मीटर परिवर्तन तथा अन्य वाणिज्यिक समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाएगा। कैम्प का संचालन संबंधित अधिशासी अभियन्ता (वितरण) के नेतृत्व में किया जाएगा।
विभाग द्वारा कैम्प स्थलों के चयन के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।

आजमगढ़:-चित्रकला कार्यशाला में ‘संयोजन’ की बारीकियों पर विद्यार्थियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश (संस्कृति विभाग) के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज, अंबारी में आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला के अंतर्गत शुक्रवार को चित्रकला में ‘संयोजन’ (कंपोजिशन) विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को चित्र की कलात्मक संरचना एवं प्रभावशीलता के महत्वपूर्ण सिद्धांतों से अवगत कराया गया। कार्यशाला संयोजक डॉ उगेश रवि ने सरल एवं सहज शैली में बताया कि किसी भी चित्र की सुंदरता और प्रभाव उसके संयोजन पर निर्भर करता है। उन्होंने रेखाओं, आकृतियों, रंगों तथा रिक्त स्थान के संतुलित विन्यास को चित्रकला की आत्मा बताते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से इसकी बारीकियां समझाईं। उनके निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक चित्रों का निर्माण कर संयोजन के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारा। कार्यक्रम में जनता इंटर कालेज अंबारी, भगवंती देवी स्मारक राजकीय बालिका इंटर कालेज अंबारी एवं राधाकृष्ण सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की सृजनशीलता और कला के प्रति समर्पण ने कार्यशाला को प्रेरणादायी बना दिया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक रामसकल यादव ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में कलात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। उन्होंने इसे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यशाला के सफल संचालन में शेषनाथ यादव, सुमित यादव, देवी प्रसाद यादव, वीरेंद्र यादव एवं देवेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।