रामगंज बाजार में जलनिकासी संकट गहराया, नए नाले निर्माण की मांग तेज

* वेसभासद आरती जायसवाल ने मुख्यमंत्री समेत प्रशासनिक अधिकारियों को भेजा पत्र, मानसून से पहले समाधान की उठाई मांग

गोशाईगंज/अयोध्या। सदर तहसील क्षेत्र के मया ब्लॉक अंतर्गत बेलवारी खान ग्राम सभा के रामगंज बाजार में वर्षों पुरानी जलनिकासी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। गोशाईगंज नगर पंचायत की सभासद एवं जय बाबा अमरनाथ बर्फानी सेवा समिति (रजि.) की अध्यक्ष श्रीमती आरती जायसवाल ने शिव मंदिर से सब्जी मंडी तक नए नाले के निर्माण की मांग करते हुए मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक, जिलाधिकारी आदि को पत्र भेजा है।
भेजे गए पत्र में सभासद श्रीमती जायसवाल ने बताया कि करीब दो दशक पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा बिना समुचित योजना और अंतिम जल निकासी बिंदु (आउटफॉल) तय किए रामगंज बाजार स्थित शिव मंदिर से सब्जी मंडी तक लाखों रुपये खर्च कर नाली का निर्माण कराया गया था। लेकिन समय के साथ सड़क ऊंची होने और आसपास के मकान नीचे चले जाने से नाली की निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
उन्होंने कहा कि दूरदर्शी योजना के अभाव में यह नाली अब स्थानीय नागरिकों के लिए सुविधा के बजाय गंभीर समस्या बन चुकी है। वर्तमान हालात यह हैं कि घरों का गंदा पानी नाली तक तो पहुंचता है, लेकिन निकासी बाधित होने के कारण वहीं सड़ता रहता है। कई स्थानों पर पानी उल्टा लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है या फिर उफनकर संपर्क मार्ग पर फैल जाता है।
दूषित जलभराव के बीच आवाजाही करने को मजबूर स्थानीय नागरिकों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। सबसे अधिक चिंता आगामी मानसून को लेकर जताई जा रही है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिस दिशा में पहले नाली का ढलान बनाया गया था, वहां अब आवासीय निर्माण हो चुका है। ऐसे में यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो पहली ही बारिश में पूरा क्षेत्र जलमग्न हो सकता है और लोगों का घरों से निकलना तथा राहगीरों का आवागमन बाधित हो जाएगा।
इसी मुद्दे को लेकर सभासद प्रतिनिधि एवं दिनेश कुमार जायसवाल ने जिला पंचायत अयोध्या के प्रशासक/अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा और समस्या की गंभीरता से अवगत कराया। इस पर रोहित सिंह ने मामले के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मानसून पूर्व स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि जलभराव और संभावित स्वास्थ्य संकट से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
सरायरासी-सनेथू मार्ग की बंद रेलवे क्रॉसिंग पर बढ़ा विवाद, समाधान के लिए रेल मंत्री से मिलेंगे विधायक

* 20 हजार से अधिक ग्रामीण प्रभावित, छात्रों और किसानों की मुश्किलें बढ़ीं; अंडरपास की उठी मांग


अयोध्या। सरायरासी-सनेथू संपर्क मार्ग पर स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान स्थानीय ग्राम प्रधानों ने विधायक वेद प्रकाश गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के मार्ग बंद किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरायरासी रणधीर सिंह ‘लल्ला’ और सनेथू प्रधान विजय कुमार द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से कई गांवों के हजारों लोगों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। ग्रामीण वर्षों से इसी मार्ग का उपयोग करते आ रहे थे।
मार्ग बंद होने से छात्रों को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जबकि किसानों और आम नागरिकों को भी दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस फैसले से करीब 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई है।

ज्ञापन में रेलवे प्रशासन से जल्द अंडरपास या अन्य वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलने के लिए समय लिया है। साथ ही पत्र भेजकर पूरे प्रकरण से भी अवगत कराया गया है।
विधायक ने कहा, “बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इतने महत्वपूर्ण मार्ग को बंद करना उचित नहीं है। इससे ग्रामीणों, छात्रों और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेल मंत्री से मुलाकात कर अंडरपास अथवा वैकल्पिक रेलवे क्रॉसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।”
व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम से मिला व्यापार प्रतिनिधि मंडल, समाधान का मिला आश्वासन

अयोध्या। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अयोध्या के शिष्टमंडल ने जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी से मुलाकात कर व्यापारियों एवं आमजन से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
शिष्टमंडल में जिला महामंत्री मनोज जायसवाल, महानगर महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री नीरज जायसवाल, अयोध्या धाम अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महामंत्री नन्दलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान केसरवानी, सरदार कंवलजीत सिंह, अनूप गुप्ता, विकास गुप्ता तथा राकेश गुप्ता शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि नजूल विभाग द्वारा फ्रीहोल्ड हो चुकी भूमि का दाखिल-खारिज लंबित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अयोध्या एवं फैजाबाद नगर के बीच तीर्थ यात्रियों और आमजन के लिए सुगम आवागमन एवं बेहतर कनेक्टिविटी का अभाव भी बड़ी समस्या बना हुआ है।
व्यापारियों ने अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा रामपथ निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए दुकानों एवं मकानों की मरम्मत कराने पर नोटिस जारी किए जाने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही अयोध्या और फैजाबाद नगर में बढ़ती अतिक्रमण एवं पार्किंग समस्या, नाका क्षेत्र एवं चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग की जर्जर सड़कों, बिजली के खंभों के शिफ्टिंग कार्य में देरी तथा कैंट बोर्ड द्वारा गुप्तार घाट के मार्ग बंद किए जाने जैसी समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित कराया।
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सकारात्मक हस्तक्षेप से व्यापारियों, तीर्थ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को जल्द राहत मिलेगी।
सोहावल एसडीएम का अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, जेसीबी व ट्रैक्टर पकड़े, जांच शुरू


अयोध्या (सोहावल)। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोहावल की उपजिलाधिकारी सविता ने सोमवार सुबह  पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। पूराकलंदर क्षेत्र के सोफियापारा के पास की गई इस कार्रवाई में अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को पकड़ा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भट्टे के संचालन की आड़ में अवैध खनन किया जा रहा था। इतना ही नहीं, सरकारी सड़क को खोदकर मिट्टी निकाले जाने और उसे बेचने का मामला भी प्रकाश में आया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।

उपजिलाधिकारी सविता ने मौके पर पकड़े गए वाहनों को पुलिस के कब्जे में सौंपते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि अवैध खनन में कौन-कौन लोग शामिल हैं और सरकारी संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या में बनेगा भव्य लव-कुश पार्क, 17.72 करोड़ की लागत से 'कचरे से कला' थीम पर होगा विकास
-रामायण की कहानियों को स्क्रैप मूर्तियों के माध्यम से मिलेगा नया स्वरूप

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्मार्ट सिटी सोच को मिलेगा नया आयाम

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देने के लिए एक अनूठी पहल शुरू होने जा रही है। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रायबरेली राजमार्ग पर स्थित मऊशिवाला एमआरएफ सेंटर के समीप 17.72 करोड़ रुपये की लागत से लव-कुश पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह पार्क 'कचरे से कला' थीम पर आधारित होगा, जिसमें रामायण की पौराणिक कथाओं को स्क्रैप धातु की मूर्तियों, कलात्मक चित्रों और इंटरैक्टिव इंस्टालेशन्स के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।

नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे इस पार्क का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सांस्कृतिक संरक्षण को एक साथ जोड़ना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्मार्ट सिटी सोच को इस परियोजना से नया आयाम मिलेगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि पार्क विशेष रूप से भगवान राम के पुत्र लव और कुश की कहानियों पर केंद्रित होगा। रामायण काल की इन लोकप्रिय कथाओं को आधुनिक कला के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी पौराणिक इतिहास से जुड़ सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। पहले से ही अयोध्या में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता और पर्यटन सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। लव-कुश पार्क इस विकास की कड़ी को और मजबूत करेगा।

कचरे को कलाकृति में बदलने का अनूठा मॉडल

'कचरे से कला' थीम इस परियोजना की जान है। शहर के कचरे और स्क्रैप मटेरियल को इकट्ठा कर उससे भव्य मूर्तियां, मॉडल और इंस्टालेशन्स तैयार किए जाएंगे। राम-सीता, लव-कुश, अश्वमेध यज्ञ, वनवास की घटनाएं और अन्य महत्वपूर्ण प्रसंग स्क्रैप धातु की मूर्तियों के रूप में दर्शाए जाएंगे। इंटरैक्टिव इंस्टालेशन्स के जरिए पर्यटक स्वयं इन कथाओं का हिस्सा बन सकेंगे। उदाहरण के लिए, लव-कुश द्वारा घोड़े पकड़ने की घटना को 3D मॉडल और साउंड-लाइट शो के माध्यम से दिखाया जाएगा।

छात्रों के लिए विशेष टूर और वर्कशॉप का आयोजन

यह पार्क न केवल दर्शनीय होगा बल्कि शैक्षिक भी होगा। स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए विशेष टूर और वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता फैलाई जाएगी। साथ ही, यह साबित करेगा कि कचरा बोझ नहीं, बल्कि संसाधन हो सकता है।

पार्क में होंगी आधुनिक सुविधाएं

अयोध्या में राम मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन जैसे धार्मिक स्थलों के बाद लव-कुश पार्क पर्यटकों के लिए नया आकर्षण केंद्र बनेगा। रामायण की कथाओं से जुड़े श्रद्धालु यहां आकर न केवल आध्यात्मिक अनुभव करेंगे बल्कि पर्यावरण अनुकूल विकास का भी साक्षात्कार करेंगे। पार्क में वॉकवे, गार्डन, बैठने की व्यवस्था, रोशनी और सिक्योरिटी की आधुनिक सुविधाएं होंगी।

राम भक्तों व पर्यटकों के लिए यह नया केंद्र बनेगा

यह परियोजना सार्वजनिक कला, संस्कृति और सतत विकास का अनूठा संगम साबित होगी। आज के समय में जब प्लास्टिक और कचरे की समस्या बढ़ रही है, अयोध्या जैसे पवित्र शहर से 'कचरे से कला' का संदेश पूरे देश को प्रेरित करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के पार्क न केवल पर्यटन को बढ़ाते हैं बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। नगर निगम के मुताबिक निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। पूरा पार्क पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बनाया जाएगा। डिजाइन में रामायण की पारंपरिक शैली को आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ा गया है। लव-कुश पार्क अयोध्या को न केवल धार्मिक नगरी के रूप में बल्कि सांस्कृतिक और पर्यावरणीय उत्कृष्टता का प्रतीक भी बनाएगा। राम भक्तों, पर्यटकों, कलाकारों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए यह नया केंद्र बनेगा, जो 'कचरे से कला' का जादू दिखाते हुए भगवान राम की नगरी की गरिमा को और बढ़ाएगा।
अयोध्या में बड़ा हादसा: सरयू स्नान के दौरान तीन युवक डूबे, रेस्क्यू अभियान जारी

* गर्मी में बढ़ रहे डूबने के हादसे, सरयू नदी में फिर बड़ा हादसा

अयोध्या। सरयू नदी में स्नान के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मण घाट चौकी अंतर्गत सरयू तट पर स्नान करते समय तीन युवक नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि एक युवक को बचाने के प्रयास में बाकी दो लोग भी गहरे पानी में चले गए और तीनों लापता हो गए।
डूबने वालों की पहचान अभिषेक कुमार सोनी, अमित गुप्ता और राज गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों पुरानी बस्ती क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई।
इसी दौरान अमरोहा से आए दो अन्य श्रद्धालु भी सरयू में डूबने लगे, जिन्हें जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। दोनों श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और जल पुलिस की टीम द्वारा सरयू में डूबे तीनों युवकों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि तेज धूप और बढ़ते जलस्तर के बीच नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें।
अयोध्या में "दिल चीर के देख" की शूटिंग देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़

अयोध्या। वेब सीरीज फिल्म "दिल चीर के देख" की शूटिंग कई दिनों से जारी है। गुप्तार घाट पर शूटिंग पूरी कर अयोध्या में कई अलग अलग स्थानों पर फिल्म की शूटिंग होना है। मुंबई से आई फिल्म यूनिट के

फिल्म प्रोड्यूसर सचिन पाण्डेय ने बताया कि "बॉम्बे शो स्टूडियोज" के बैनर तले यह फिल्म "सोनी लिव" के लिए अयोध्या में अलग अलग स्थानों पर शूटिंग होना है।

डायरेक्टर धर्मेश पटेल ने बताया कि हमारे फिल्म यूनिट टीम में 200 से 250 लोग सुबह से रात तक काम कर रहे हैं। इस वेब सीरीज फिल्म जो कि अयोध्या की कहानी से संबंधित है, अयोध्या में कई स्थानों पर स्थित मंदिर पर फिल्माया जाएगा। 

 फिल्म की नायिका एंजेल राय है, जो किसी पहचान की मोहताज नहीं है। एंजेल राय फिल्म में शालिनी का किरदार निभा रही है। न्यू दिल्ली की मूल निवासी, मुंबई में रह कर अपनी पहचान कई म्यूजिक एल्बम से बना चुकी है, जिनमें "जब छाए मेरा जादू" व "रांझणा" (जी म्यूजिक ) इन्हें काफी प्रसिद्धि दिलाई है। और अभी हाल ही में वेब सीरीज "घोटाला" मूवी भी इनकी आई थी जिसे लोगों ने खूब पसंद किया।

एंजेल राय (angelrai07) के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर 2 करोड़ 52 लाख (25.2M) प्रशंसक है।फिल्म के नायक अनुज सिंह ढाका है।

रामनगरी की सुंदरता पर अतिक्रमण का दाग: ठेले और ई-रिक्शा से जाम, जनता परेशान
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में अवैध अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। राम जन्मभूमि क्षेत्र के अंतर्गत श्रीराम हॉस्पिटल–रेलवे स्टेशन रोड पर ठेला और ई-रिक्शा चालकों के कब्जे से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

* फुटपाथ पर दुकानें, सड़क पर जाम
सड़कों के किनारे और फुटपाथों पर ठेला लगाकर अवैध रूप से दुकानें संचालित की जा रही हैं। इससे न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। रेलवे स्टेशन और राम मंदिर क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

* कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता तक सीमित
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान तो चलाता है, लेकिन वह केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है। कुछ देर के लिए सड़कें खाली होती हैं, लेकिन टीम के जाते ही दोबारा कब्जा हो जाता है।

* प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप
नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही या कथित मिलीभगत के चलते अवैध कब्जे लगातार बढ़ रहे हैं। इससे रामनगरी की छवि भी प्रभावित हो रही है, जबकि अयोध्या देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र है।

* स्थायी कार्रवाई की मांग
स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध ठेले, ई-रिक्शा और सड़क किनारे संचालित दुकानों पर स्थायी और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और रामनगरी की गरिमा बनी रहे।

* लोगों में बढ़ रही नाराजगी
अब तक ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
अयोध्या की अनामिका मिश्रा ने रचा इतिहास, UPPCS में हासिल की चौथी रैंक
अयोध्या। अयोध्या की साकेतपुरी कॉलोनी निवासी अनामिका मिश्रा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में चौथी रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

अनामिका मिश्रा के पिता महेन्द्रनाथ मिश्र गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता माधुरी मिश्रा गृहणी हैं। वर्ष 2023 में उनका विवाह आकाश पाण्डेय से हुआ, जिनका निवास अयोध्या में है और उनका ससुराल गोरखपुर के बासगांव में स्थित है।

शैक्षिक सफर की बात करें तो अनामिका ने वर्ष 2010 में हाईस्कूल, 2012 में इंटरमीडिएट, 2015 में बीएससी और 2017 में बीटीसी की परीक्षा उत्तीर्ण की। बीटीसी में उन्होंने करीब 92 प्रतिशत अंक हासिल किए। वर्ष 2018 से वह बस्ती जिले के विकासखंड विक्रमजोत के प्राथमिक विद्यालय कवलपुर में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं।
अनामिका ने बताया कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के जरिए यह सफलता प्राप्त की है। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को हासिल करने का सपना देखते हैं।उन्होंने आगे बताया कि उनका Bihar Public Service Commission साक्षात्कार 10 अप्रैल को प्रस्तावित है और उन्होंने 2025 पीसीएस मेंस परीक्षा भी दी है।
अयोध्या में दिग्विजय सिंह का दर्शन-पूजन, बोले—रामनवमी पर आना सौभाग्य
* राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर टिप्पणी से किया इनकार

अयोध्या। अयोध्या में रामनवमी के पावन अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने रामलला के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर और हनुमानगढ़ी मंदिर में श्रद्धा के साथ माथा टेका।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि रामनवमी के दिन अयोध्या आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी मंदिर निर्माण का विरोध नहीं किया, बल्कि स्वयं ₹1.11 लाख का चंदा भी दिया था।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वे यहां केवल धार्मिक यात्रा पर आए हैं। अयोध्या पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे दौरे के दौरान धार्मिक माहौल और उत्साह देखने को मिला।