सेंट्रल जेल में बंदियों के लिए लीगल हेल्पडस्क शुरू, विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया उद्घाटन

फर्रुखाबाद l उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष /जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/ न्यायाधीश श्रीमती बिंदिया भटनागर द्वारा केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ तथा जिला कारागार फतेहगढ़ में निरुद्ध बंदीगण से मिलने आने वाले उनके परिवारीजनों  व रिश्तेदारों की सहायता हेतु तथा बंदीगण के लंबित प्रकरणों की विधिक जानकारी प्रदान करने हेतु "लीगल हेल्प डेस्क" का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव/ न्यायाधीश बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया लीगल हेल्प डेस्क पर प्रतिदिन कार्य करने के लिए परा विधिक स्वयंसेवक की नियुक्तियां की गई, जो प्रतिदिन जिला कारागार फतेहगढ़ तथा केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में स्थापित लीगल हेल्प डेस्क पर उपस्थित रहकर वहां आने वाले बंदियों के पारिवारिक जनों को विधिक राय देकर जागरूक करेंगे l जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव न्यायाधीश बिंदिया भटनागर द्वारा वहां उपस्थित बंदीगण व उनके रिश्तेदारों, परिवार वालों को लीगल हेल्प देश की स्थापना के बारे में विस्तार से बात कर जागरूक किया गया, लीगल एड डिफेंस काउंसिल डिप्टी चीफ़ सुरेन्द्र कुमार राणा द्वारा बंदीगण से मुलाकात कर उनके लंबित मामलों की जानकारी लेकर विधिक राय प्रदान कर जागरूक किया गया l इस मौके पर केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ के अधीक्षक आशीष तिवारी तथा जिला कारागार फतेहगढ़ के अधीक्षक अरविंद कुमार श्रीवास्तव , जेलर करुणेन्द्र यादव ,रविंद्र सिंह, वैभव कुशवाहा ,कृष्ण कुमार ,दीपक जयंत तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल चीफ़ शिव नरेश सिंह, डिप्टी चीफ़ सुरेंद्र कुमार राणा, प्रशांत गुप्ता ,सीता सिंह, जेल विजिटर श्यामवीर सोमवंशी,अत्ताउलहक उपस्थित रहे l
भाकियू  महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  को चाचूपुर जटपुरा में पीड़ित परिजनों से मिलने जाने से पुलिस ने रोका

जटपुरा पीड़ित परिवार से मिलने को सीओ सिटी ने अगली तारीख पर जाने को कहा

फर्रुखाबाद l बुधवार को भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा के आवास पर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि बैठक की शुरुआत में यह तय किया गया कि संगठन के लोग चाचूपुर गांव में एक युवा का  शव नाले में पड़ा मिला था। जिससे वहां का माहौल काफी खराब चल रहा है उसके आधार पर हम लोग पीड़ित परिवार को न्याय न्याय दिलाने के लिए जाने वाले थे।  परंतु घर पर पुलिस की उपस्थिति होने से और किसी प्रकार से  चाचू पुर जटपुरा गांव में नहीं जाने दिया गया। इस संबंध में शीर्ष अधिकारियों से बातचीत हो रही है। इस कारण से चाचूपुर गांव में जाना मुश्किल हो गया। इस संबंध में सीओ सिटी से बात होने पर उन्होंने कहा कि किसी  और दिन  वहां चले जाना। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के पदाधिकारी वहां मौजूद रहे।
नगर पालिका के ठेकेदार कर रहे मनमानी, बनी बनाई सड़क को उखाड़ने का विरोध फर्रुखाबाद विकास मंच अध्यक्ष ने पहुंच कर रुकवाया काम

फर्रुखाबाद lबुधवार को नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अंतर्गत पल्ला से बजरिया जाने वाली सड़क पर पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक की बिल्कुल बनी बनाई नई सड़क पर टेंडर करके नगर पालिका के ठेकेदार ने कार्य को प्रारंभ कराया लोगों के विरोध के कारण जब काम बंद कराया गया तो ठेकेदार ने फिर से काम को प्रारंभ कर दिया l इस पर क्षेत्रवासियों ने फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा को  मौके पर बुलाया भईयन मिश्रा अपने कई समर्थकों के साथ में मौके पर पहुंचे वहां पर लोगों ने बताया की पूरी सड़क बिल्कुल सही है कुछ जगह नाली   गड़बड़ है उसको सही कराने के लिए बोला गया था  पर आज ठेकेदार के द्वारा बनी बनाई सड़क को उखाड़ कर नई सड़क बनाये जाने के लिए कार्य प्रारंभ कराया गया l मौके पर पहुंचे फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर रह गई है बनी बनाई सड़कों पर फिर से काम किया जा रहा है जबकि सारे शहर में बहुत सी ऐसी गालियां और सड़के हैं जहां पर कार्य की आवश्यकता है वहां पर कार्य नहीं कराया जा रहा है कार्य बह हो रहे है जिसमें नाम मात्र का  काम नहीं और बिना काम के लाखों रुपया  निकल जाए उन्होंने बताया कि पालिका अध्यक्ष के पति जो पूर्व में नगर पालिका के अध्यक्ष थे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में कहा था कि मेरे द्वारा जो सड़क बनाई जाएगी वह 50 वर्षों तक बनवाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी जबकि इन्हीं के कार्यकाल की बनी हुई सड़के कई बार बनाई जा चुकी है जब इतनी घटिया आपकी ब्रिक है तो उसको क्यों लगाया जा रहा है सीमेंटेड सड़के क्यों नहीं बनाई जा रही जबकि आवश्यकता गलियों में सीमेंट सड़कों की है बहुत जल्द इस प्रकार की भ्रष्टाचार की शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से की जाएगी और शासन स्तर पर यह बताया जाएगा कि किस प्रकार से नगर पालिका सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि अपने स्तर से टीम गठित करके नगर पालिका के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया जाए जो सड़के बन चुकी हैं और अच्छी थी उनको दोबारा बनाने की क्या आवश्यकता थी l इस
मौके पर निशित दुबे उर्फ नीशू पूर्व सभासद , आलोक मिश्रा भूरे, अंगद पांडे उर्फ कोमल पांडे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, विशाल कश्यप, नितिन भाटिया, आशू, राजीव वर्मा सहित कई लोगों उपस्थित रहेl
गेहूं भीगने पर मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध कार्रवाई, डीएम द्वारा प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई
फर्रुखाबाद l जनपद में संचालित गेहूँ खरीद कार्य की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गेहूँ क्रय की प्रगति, उठान की स्थिति तथा क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में अब तक कुल 5502 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जबकि इसके सापेक्ष 1485 मीट्रिक टन गेहूँ का उठान किया गया है।
जिलाधिकारी ने खरीद के सापेक्ष गेहूँ उठान की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि कम उठान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कायमगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूँ भीगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कायमगंज के संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गेहूँ की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गेहूँ भीगने अथवा क्षति होने की स्थिति में संबंधित क्रय एजेंसी एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर गेहूँ के सुरक्षित भंडारण, समयबद्ध उठान एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु गेहूँ खरीद व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
32 सालों से एक ही पद और डिपो में कार्यरत, करोड़ों का कर चुके घोटाला, नहीं हो रही कार्रवाई


फर्रुखाबाद l पीड़ित ने प्रबन्ध निदेशक लखनऊ को पत्र लिखा है कि  परिवहन निगम फर्रुखाबाद डिपो में कार्यरत् स्टेशन इंचार्ज गौरीशंकर ने फर्जी जाति एवं शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर नियुक्ति कराकर विगत 32 वर्षों में करोड़ो रूपये मे घोटाले की विशेष जाँच कराकर कानूनी कार्यवाही किये जाने हेतु प्रार्थना पत्र दे चुके हैं l
पीड़ित नवी शेर बी०सी० पद से सेवानिवृत फर्रुखाबाद डिपो में होने वाले भ्रष्टाचार बखूबी जानकर तथा कुछ सबूत भी पेश की चुके है। गौरी शंकर स्टेशन इंचार्ज के पद पर कार्यरत् है जिसमें तहसील जलेसर ग्राम मिर्जापुर जिला एटा के फर्जी जाति एवं शैक्षिक प्रमाण पत्रों मृतक अनोखे लाल पुत्र गौरी शंकर यादव के लगे हुए हैं।
यह कि गौरी शंकर ने 08 अक्टूबर 2010 को छिबरामऊ डिपो में लाखों रूपये के कम्प्यूटर में घोटाला किया और कम्प्यूटर जलाकर राख कर दिया घोटाले की जाँच नही हो सकी।
यह कि 15 दिसंबर 2017 को कैश गबन हुआ था उस समय गौरी शंकर के पास डबल लॉक की चाबी थी सरकारी कैश गबन की जाँच नही हुई थी।
यह कि 13 जनवरी 2010 को 17 ए.ट.म. मशीनें लाखो रूपये का घोटला हुआ था कोई जाँच नहीं हुई।
यह कि वर्ष 1997-1998 फर्रुखाबाद डिपो में डीजल टैंक से पूरा डीजल टैंक गायब हुआ था जाँच करने पर बताया गया कि डीजल डिग्गी तालाब में बह गया था क्यों कि सारी जॉचें इसलिये नहीं हुई थी गौरी शंकर स्टेशन इंचार्ज के बहनोई कृपाल सिंक क्षेत्रीय प्रबन्धक इटावा थे गौरी शंकर  08.अप्रैल 1994 में परिचालक भर्ती मे बाबू की (बी०सी०) का भुगतान लिया था  11 अगस्ता 2025 तक करोड़ो रूपये हड़पकर रामेश कुमार बेरिया सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक ने ऑनलाइन रिपोर्ट भेजी आईजीआरएस फर्रुखाबाद को सारे भ्रष्टाचार को माफ कर दिया जबकि रिकवरी के 234959 रुपए -करीब तीन वर्षों से जमा नहीं किए है।
यह कि पीड़ित ने  06 नंबर 2025 को संलग्न प्रपत्रों के साथ श्रीमान जी को प्रार्थना पत्र दिया था जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नही हुई है l पीड़ित मजबूर होकर पुनः पत्र दे रहा है। उन्होंने कहा कि गौरी शंकर दूसरे रीजन में ट्रांसफर करने के बाद ही जॉच की कार्यवाही की जाये l
गौशाला का जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर लंबित भुगतान को तत्काल करने के सचिन को दिए निर्देश

फर्रुखाबाद l जिलाधिकारी  डॉ० अंकुर लाठर द्वारा अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल नेकपुर खुर्द का औचक निरीक्षण अपरान्ह 01:31 बजे किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 101 गोवंश संरक्षित पाए गए। मौके पर लगभग 50 कुंतल भूसा, 18.5 कुंतल दाना तथा 12 कुंतल हरा चारा उपलब्ध पाया गया।
जिलाधिकारी द्वारा गौशाला के समस्त अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया तथा गोपालकों के भुगतान एवं गौशाला फंड की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि गोपालकों का भुगतान मार्च 2026 तक किया जा चुका है तथा गौशाला फंड की रिक्वेस्ट अप्रैल 2026 तक भेजी जा चुकी है। शासन से भुगतान मार्च 2026 तक प्राप्त हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने सचिव को गोपालकों के लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी  ने मौके पर उपस्थित उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ० धनेप कुमार गुप्ता से गोवंशों की चिकित्सा, टैगिंग, टीकाकरण तथा बीमार पशुओं के उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गौशाला का नियमित निरीक्षण करते हुए पशुओं की समयबद्ध चिकित्सा एवं देखभाल सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर को मुख्य सड़क मार्ग से गौशाला तक लगभग 450 मीटर कच्चे रास्ते की मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को गौ आश्रय स्थलों से जोड़कर पशु आहार निर्माण कार्य में सहभागिता सुनिश्चित कराने तथा हरा चारा उत्पादक किसानों से सस्ती दरों पर हरा चारा क्रय किए जाने हेतु अनुबंध कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञान बस के जरिए छात्राओं को दी गई जानकारियां
फर्रुखाबाद l पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में आज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से संचालित विज्ञान बस का आगमन हुआ। इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक तथ्यों को रोचक ढंग से समझा। आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
विज्ञान बस में थ्री-डी प्रिंटर, माइक्रोस्कोप सहित कई आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रयोग प्रदर्शित किए गए। छात्राओं को विज्ञान के महत्वपूर्ण सिद्धांतों जैसे बर्नौली प्रमेय तथा दाब के प्रभाव आदि को प्रयोगात्मक रूप में समझाया गया, जिससे उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा और समझ में वृद्धि हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने विज्ञान बस से जुड़े सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निर्मला सिंह, ज्योति, अर्चना गुप्ता, ऋचा तिवारी, आरती यादव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
यह विज्ञान बस कार्यक्रम छात्राओं में वैज्ञानिक सोच को विकसित करने और विज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
डीजे ने स्व गणना करने का जनपदवासियों को दिया जनगणना का संदेश

फर्रूखाबाद l जनपद न्यायाधीश द्वारा मंगलवार को स्व-गणना कर जनपदवासियों को जनगणना 2027 के संबंध में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया 07 मई 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। इसके अंतर्गत नागरिकों को 21 मई 2026 तक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान की गई है।
जनपद न्यायाधीश महोदय ने कहा कि इच्छुक नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल
https://se.census.gov.in/
के माध्यम से मोबाइल फोन, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर का उपयोग कर स्वगणना कर सकते हैं। यह सुविधा पूर्णतः वैकल्पिक है तथा नागरिक अपनी सुविधा अनुसार इसका उपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग किसी कारणवश पोर्टल के माध्यम से स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि 22 मई 2026 से जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का विवरण एकत्रित करेंगे।
जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत समाज के विशिष्ट एवं सम्मानित व्यक्तियों के माध्यम से कराई जा रही है, ताकि आमजन में जागरूकता बढ़े, साथ ही अधिक से अधिक लोग स्वगणना प्रक्रिया में सहभागिता करें।
स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सर्वप्रथम नागरिकों को
स्व-गणना पोर्टल पर जाना होगा। वहां अपना प्रदेश चयन करने के बाद कैप्चा कोड भरना होगा। इसके बाद “परिवार पंजीकरण” प्रक्रिया में परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी (यदि उपलब्ध हो) दर्ज करनी होगी।
यह भी अवगत कराया गया कि एक बार दर्ज किया गया परिवार के मुखिया का नाम परिवर्तित नहीं किया जा सकेगा l एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के पंजीकरण हेतु मान्य होगा।
जनपद न्यायाधीश ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें।
कालिंदी एक्सप्रेस का रूट ना बदले सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, व्यापारियों में खुशी
फर्रुखाबाद l सोमवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद मुकेश राजपूत से मिला। व्यापारियों ने कालिंदी एक्सप्रेस के संभावित रूट डायवर्सन को रोकने की बात कही। व्यापारियों का कहना है कि अगर ट्रेन का रास्ता बदला गया, तो कारोबार और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने ज्ञापन देते हुए कहा कि व्यापारियों ने केवल कालिंदी एक्सप्रेस को वर्तमान रूट (फर्रुखाबाद) से ही चलाने की मांग की, व्यापारियों ने फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए एक नई और ट्रेन चलाने की मांग की है। जिले के व्यापारिक रिश्तों को राजधानी से नई मजबूती मिलती है lप्रतिनिधिमंडल ने कहा किया कि फर्रुखाबाद का व्यापार पूरी तरह से दिल्ली और कानपुर पर आत्म निर्भर है।
सांसद ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से ही चलाया जाएगा। सांसद ने तुरंत ही अपने लेटर पैड पर व्यापार मंडल की मांगों के साथ रेल मंत्री को सिफारश का पत्र भेजा। सांसद के इस व्यवहार को देखते हुए व्यापारियों ने उनका आभार व्यक्त किया l
इस दौरान बैठक में आदेश अग्निहोत्री और संदेश अग्रवाल, युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, ऋषि बंसल, डॉ. कुलदीप सिंह, अर्पण अग्रवाल, नितिन गुप्ता और रिंकू गुप्ता, सागर कश्यप, प्रतीक गुप्ता, राजकुमार सिंह, अमित वर्मा, मोहित बागड़ी भी उपस्थिति रहे l
लोक अदालत में सुलह समझौते की आधार पर निपटाए गई वाद


फर्रुखाबाद l  जनपद में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण संतोष कुमार तिवारी सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, वादकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग एवं प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण कराया गया। बैंक वसूली से जुड़े 409 मामलों का निस्तारण करते हुए बैंकों ने 6 करोड़ 4 लाख 71 हजार 500 रुपये की धनराशि वसूल की, जबकि विद्युत बिल से संबंधित 18,793 मामलों का भी सफल निस्तारण किया गया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली द्वारा 41 पारिवारिक एवं वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया। इनमें से 5 दंपत्तियों को आपसी सुलह के बाद पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया। वहीं मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने 17 मामलों का निस्तारण किया। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार द्वारा भी 3 मामलों का समाधान कराया गया।
लोक अदालत के दौरान जनपद के विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा कुल 82,604 मामलों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 78,736 मामलों का सफल निस्तारण हुआ। इस दौरान कुल 7 करोड़ 59 लाख 24 हजार 765 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जजों, न्यायिक मजिस्ट्रेटों, ग्राम न्यायालय अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं परा विधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।