गया में एएसआई गया शाखा में नई ऊर्जा का संचार वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन सम्पन्न

गया जी: Association of Surgeons of India (ASI), गया शाखा की सामान्य सभा (General Body Meeting) सह CME कार्यक्रम आज होटल सुप्रीम, गया में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में गया, मगध एवं आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ एवं युवा सर्जनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

यह बैठक केवल एक संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मगध क्षेत्र में सर्जिकल शिक्षा, आधुनिक तकनीक एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी।

सर्वसम्मति से वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन

अध्यक्ष : डॉ. एस. एन. सिंह

सचिव : डॉ. जे. पी. सिंह

कोषाध्यक्ष : डॉ. मनीष सिंह

चेयरमैन, साइंटिफिक कमेटी : डॉ. अनुपम रंजन को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।

कार्यक्रम का संचालन एएसआई गया शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रतन कुमार ने किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता एवं सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि एएसआई गया शाखा लगातार शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में सर्जिकल सेवाओं को मजबूत कर रही है।

नवनिर्वाचित सचिव डॉ. जे. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले समय में एएसआई गया शाखा को और अधिक सक्रिय, वैज्ञानिक एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। नियमित CME, लाइव सर्जिकल वर्कशॉप, युवा सर्जनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं नई सर्जिकल तकनीकों के प्रसार को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि मगध क्षेत्र के मरीजों को महानगरों जैसी उन्नत सर्जिकल सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि एएसआई गया शाखा का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का संगठन बनकर रहना नहीं, बल्कि समाज में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित सर्जिकल उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में एएसआई गया शाखा आने वाले वर्षों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक गतिविधियों एवं सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी। “सर्जिकल उत्कृष्टता, वैज्ञानिक सोच और सेवा भावना — यही एएसआई गया शाखा की पहचान है।

मेधावी छात्रा आरुषी के सपनों को उड़ान दे रहा है डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप वेलफेयर ट्रस्ट

गयाजी: आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप वेलफेयर ट्रस्ट। ट्रस्ट लगातार उन विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है, जो मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक अभाव उनके सपनों के बीच बड़ी बाधा बन जाता है। इसी कड़ी में ट्रस्ट द्वारा एक बार फिर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले और अपने परिवार का नाम रोशन करने वाली छात्रा आरुषी कुमारी को ट्रस्ट की ओर से आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की गई। यह सहायता राशि छात्रा को इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु कोचिंग शुल्क के रूप में दी गई है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उसकी प्रतिभा को सही दिशा मिल सके।

कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आरुषी कुमारी के पिता मुकेश कुमार गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और वर्तमान में डायलिसिस पर हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण छात्रा की आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एक बड़ी चुनौती बन गई थी। ऐसे कठिन समय में ट्रस्ट ने आगे बढ़कर न केवल आर्थिक सहयोग किया, बल्कि छात्रा और उसके परिवार को यह भरोसा भी दिलाया कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अगर कोई भी प्रतिभा अर्थाभाव में बिखरेगी उसे संस्थान के द्वारा संवारने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आरुषी की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उसने जो सफलता हासिल की है, वह समाज के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है, इसलिए जरूरतमंद एवं मेधावी छात्रों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य सुनील कुमार सिन्हा, राजेश सहाय, नवीन बिहारी प्रसाद, प्रभात शंकर, कुमार गौरव एवं रिंकू सिन्हा उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ट्रस्ट आगे भी इसी तरह समाज के जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करें, ताकि कोई भी प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण अपने लक्ष्य से वंचित न रह जाए।

आरुषी कुमारी ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में एक सफल इंजीनियर बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं। कार्यक्रम का माहौल भावुक और प्रेरणादायक रहा। उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन, कुलपति बोले- छात्राओं की पहली पसंद बन चुका है संस्थान

गया: मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में शनिवार को गवर्निंग बोर्ड की ओर से शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. शशी प्रताप शाही उपस्थित रहे। समारोह में कॉलेज परिवार के उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. शशी प्रताप शाही ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से लोगों का मनोबल बढ़ता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों को सम्मानित करना बेहद जरूरी है। यदि अच्छे कार्य करने वालों को सम्मान नहीं मिलेगा तो उनके अंदर निराशा और हताशा की भावना पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में सम्मान की परंपरा से सकारात्मक वातावरण बनता है और इससे संस्थान की प्रगति भी तेज होती है।

कुलपति ने कहा कि मगध विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज की अलग पहचान है। यहां अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण यह संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि आज का दौर महिलाओं और युवतियों का है। विश्वविद्यालय में जब छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करती हैं तो उनकी पहली पसंद मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज होता है।

उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि कॉलेज में अनुशासन के साथ उच्च स्तर की पढ़ाई होती है और छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है। कुलपति ने कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था और शिक्षण प्रणाली अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रेसिडेंट शबी अरफीन समसी ने कहा कि कॉलेज हमेशा शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। वहीं सेक्रेटरी डॉ. हाफिज़ूर रहमान खान ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्मानित करना संस्थान की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एम.डी. अली हुसैन समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में मदर्स डे समारोह की धूम, माताओं को मिला “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान”

गयाजी : गया शहर के कुजापी स्थित मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में शनिवार को मदर्स डे के अवसर पर भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन मातृत्व सम्मान, प्रेम और खुशी के माहौल से गूंजता रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य माँ के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देना तथा बच्चों के मन में मातृत्व के प्रति आदर की भावना को मजबूत करना था।

यह विद्यालय मगध हायर सेकेंडरी स्कूल की एक इकाई है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूनम कुमारी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋचा कुमारी तथा विशेष अतिथि रेखा कुमारी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने सभी अतिथियों का फूल-माला एवं मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और नाटक के माध्यम से माँ के महत्व को बेहद भावुक अंदाज में प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति को देखकर कई माताएँ भावुक हो उठीं और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान” अवार्ड रहा। इस अवसर पर कई माताओं को उनके परिवार के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली माताओं के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि माँ परिवार और समाज की आधारशिला होती हैं तथा बच्चों के संस्कार और भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मंच संचालन अनामिक जॉन ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर सोनाली अंजली जॉन, रेखा रानी पुष्प, बेबी कुमारी, मनोरमा, सुंडूस, रिया एवं निशा सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।

प्रवेश प्रक्रिया सुगम: विशाल प्राइवेट आईटीआई में 'ओपन डेस्क' का आगाज

प्रिंसिपल की देखरेख में शुरू हुई काउंसलिंग; ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने छात्रों को दी बड़ी राहत !


गया जिले के गया-डोभी रोड खरांटी बोधगया स्थित विशाल प्राइवेट आईटीआई में शैक्षणिक सत्र के इलेक्ट्रिशियन बैच के लिए आज, 7 मई गुरुवार से 'एडमिशन ओपन डेस्क' की विधिवत शुरुआत कर दी गई है ! संस्थान के ट्रस्टी सदस्य आकाश प्रियदर्शी (ए.पी.) ने इस पहल की घोषणा करते हुए बताया कि छात्रों के मार्गदर्शन के लिए यह विशेष डेस्क प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा

इस काउंसलिंग प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य नामांकन के इच्छुक छात्रों को ट्रेड की जानकारी और आवश्यक दस्तावेजी बारीकियों से अवगत कराना है ! प्रबंधन की ओर से कंप्यूटर प्रशिक्षक पंकज कुमार और प्रबंधन केयर टेकर राजन कुमार सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे ! यह पूरी प्रक्रिया संस्थान के प्रिंसिपल नागेंद्र कुमार सिंह की प्रत्यक्ष देखरेख में संचालित की जा रही है, जिससे प्रवेश के दौरान किसी भी प्रशासनिक त्रुटि की संभावना न रहे ! ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए यह पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है ! नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज परिसर में उपस्थित होकर विशेषज्ञ टीम से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं, ताकि भविष्य के करियर निर्माण में उन्हें सही दिशा मिल सके !

गयाजी के कुजापी में शैक्षणिक उत्कृष्टता सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान

गयाजी: मगध उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, गाँधीजी नगर कुजापी में सोमवार को सत्र 2025–26 के सीबीएसई मैट्रिक विद्यार्थियों के लिए “शैक्षणिक उत्कृष्टता सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “काउंसिल ऑफ मगध वीमेन एम्पावरमेंट” के तत्वावधान में विद्यालय के गाँधीजी सभागार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ के कमांडेंट डॉ. शहरयार अहमद खान सूरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. सादिया शाहीन, नीतीश कुमार (हलचल), तूफान कुमार, श्रीमती रितिका कुमारी, श्री नरेस कुमार, परिषद की सचिव तमकनत मैडम एवं अध्यक्ष नवीन रंजन गांधी की उपस्थिति ने समारोह को गरिमामय बनाया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिवेश कुमार वर्मा ने किया।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का अंगवस्त्र, माला एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। धीरज कुमार (90.4%), मेघा कुमारी (90%) और पायल कुमारी (88.8%) को साइकिल, प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने छात्रों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय के सदुपयोग और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया गया।

प्रधानाध्यापक डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा।

तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर गया में जश्न, टावर चौक पर उमड़ा उत्साह, भाजपा नेता मनोज कुमार ने कहा- मौजूदा सरकार से असंतुष्ट थी जनता

गया। पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद गया जी शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के प्रमुख स्थल टावर चौक पर सोमवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए और जीत की खुशी मनाई।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुड़ी और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। जश्न में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने पार्टी के झंडे लहराए और “भारत माता की जय” तथा “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा नेता मनोज कुमार ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

भाजपा नेता मनोज कुमार ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता लंबे समय से बदलाव चाहती थी और मौजूदा सरकार से असंतुष्ट थी। इसी कारण इस बार मतदाताओं ने भाजपा को बहुमत देकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की ताकत का प्रतीक बताते हुए कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल किया है। कार्यक्रम में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की इस जीत को ऐतिहासिक बताया और कहा कि आने वाले समय में भाजपा और भी मजबूती के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।

गया में प्रकाश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कल निःशुल्क गैस्ट्रो जांच शिविर, डॉ. अवधेश नारायण देंगे सेवाएं

गया: गया शहर के गेवाल बीघा स्थित डीएम आवास के समीप प्रकाश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रविवार को निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में लीवर, पेट एवं आंत रोगों के विशेषज्ञ डॉ. अवधेश नारायण मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श देंगे।

अस्पताल के जनरल एवं एडवांस लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह ने बताया कि यह शिविर विशेष रूप से उन मरीजों के लिए उपयोगी होगा, जो लंबे समय से पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, अपच, लीवर संबंधी समस्याओं या पाचन तंत्र से जुड़ी अन्य बीमारियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को समय रहते सही इलाज और जागरूकता प्रदान करना है।

डॉ. अवधेश नारायण ने अपनी एमबीबीएस और एमडी (मेडिसिन) की पढ़ाई Banaras Hindu University से की है। इसके अलावा उन्होंने डीएनबी (गैस्ट्रो) की विशेषज्ञता Sir Ganga Ram Hospital से प्राप्त की है और वे Ruban Memorial Hospital से भी जुड़े हुए हैं। उनके पास गैस्ट्रो संबंधी रोगों के इलाज का व्यापक अनुभव है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में मरीजों को निःशुल्क परामर्श के साथ आवश्यक जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करें। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

गया में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, 200 से अधिक मरीजों का हुआ इलाज

गया। शहर के डेल्हा बस स्टैंड स्थित परैया रोड के बी.आई.टी मोड़ शाखा में कर्म मेरा सेवा सहयोग एकता मंच के तत्वावधान में एवं प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 200 से अधिक मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली।

शिविर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। यहां मरीजों को विभिन्न बीमारियों की जांच, आवश्यक चिकित्सा सलाह और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था। स्वास्थ्य शिविर में जनरल एवं एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे. पी. सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी कुमारी और स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. वैभव सिन्हा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टरों ने मरीजों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उचित उपचार और जरूरी सलाह दी।

शिविर के दौरान पेट संबंधी रोग, हर्निया, पथरी, बवासीर, कमर दर्द, गर्दन दर्द, स्लिप डिस्क, घुटना दर्द, महिलाओं की समस्याएं सहित कई सामान्य बीमारियों की जांच की गई। डॉक्टरों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। शिविर में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद लाभकारी हैं।

गया के प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मगध का पहला लैप्रोस्कोपिक डुओडेनल परफोरेशन ऑपरेशन सफल

गया: मगध क्षेत्र में आधुनिक एवं उन्नत सर्जरी के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ते हुए प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डुओडेनल परफोरेशन (आंत में छेद) का सफल ऑपरेशन लैप्रोस्कोपी विधि द्वारा किया गया। पूरे मगध क्षेत्र में यह पहली बार है जब इस जटिल एवं गंभीर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक मिनिमली इनवेसिव तकनीक (Minimal Invasive Surgery) से संपन्न किया गया।

सामान्यतः इस प्रकार के ऑपरेशन में मरीज का पेट पूरी तरह खोलकर (लैपरोटॉमी) सर्जरी करनी पड़ती है, जिससे दर्द अधिक होता है तथा रिकवरी में भी लंबा समय लगता है। लेकिन प्रकाश मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. जे. पी. सिंह ने अपनी कुशलता, अनुभव एवं आधुनिक सर्जिकल तकनीक के बल पर इस जटिल ऑपरेशन को लैप्रोस्कोपिक विधि से सफलतापूर्वक पूरा किया।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर रही तथा आश्चर्यजनक रूप से बहुत कम समय में मरीज की रिकवरी हो गई। इस आधुनिक तकनीक के कारण मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव, संक्रमण का कम खतरा एवं शीघ्र सामान्य जीवन में लौटने का लाभ मिला।

प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल आज पूरे मगध क्षेत्र में मिनिमली इनवेसिव एवं एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए अपनी विशेष पहचान बना चुका है। जटिल से जटिल ऑपरेशन को अत्याधुनिक तकनीक एवं अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा।

इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार एवं अस्पताल के ओटी स्टाफ की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही। पूरी टीम के समर्पण, तालमेल एवं दक्षता के कारण यह चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन सफल हो सका। प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य मगध क्षेत्र के लोगों को विश्वस्तरीय एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।