सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम, प्रशासन ने तोड़ा शौचालय टैंक
* अंबेडकरनगर में दबंगों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई, मार्ग हुआ बहाल

अंबेडकरनगर/बसखारी। जिले के बसखारी क्षेत्र में दबंगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते को अवैध निर्माण के जरिए बाधित करने की कोशिश प्रशासन की तत्परता से विफल कर दी गई। मामला वार्ड नंबर 10 का है, जहां कुछ लोगों ने रास्ते के बीचों-बीच शौचालय टैंक का निर्माण कर आवागमन रोकने का प्रयास किया था।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार मौर्य, प्रभावती, उमेश मौर्य और भारती समेत अन्य लोगों द्वारा हिंदी प्रचार-प्रसार सेवा संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सम्राट अशोक मौर्य के आवास के सामने सार्वजनिक मार्ग पर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इससे स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तत्काल प्रशासन से शिकायत की।
शिकायत मिलते ही नगर पंचायत बसखारी, टांडा तहसील और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता, अधिशासी अधिकारी, उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, थाना अध्यक्ष बसखारी सुनील कुमार पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अवैध शौचालय टैंक को ध्वस्त कर दिया गया और मार्ग को आमजन के लिए पुनः खोल दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है और उन्हें संबंधित धाराओं में पाबंद किया गया है।
स्थानीय निवासियों—रमेश मौर्य, रामजीत मौर्य, संतोष मौर्य, मंतोष मौर्य, जोगिंदर मौर्य, महेंद्र मौर्य सहित अन्य लोगों ने प्रशासन का आभार जताया। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो दैनिक आवागमन और निर्माण कार्यों में भारी परेशानी होती।
घर पहुंचे चार सगे भाई-बहन के शव तो रो पड़ा गांव, हत्या करके मां अब तक फरार, पिता सऊदी अरब में
जिलेभर में चर्चा का विषय बना मामला, नाना ने बेटी पर आरोपों को बताया बेबुनियाद


अंबेडकर नगर:अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में चार मासूम बच्चों की हत्या मामले में रविवार को महरुआ के कसड़ा गांव का माहौल बेहद भारी नजर आया। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद चारों मासूम बच्चों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में चीख-पुकार गूंज उठी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव का माहौल शोक में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। हर कोई बच्चों के अंतिम दर्शन के लिए घर के बाहर जमा हो गया।

लोगों की भीड़ देर तक बनी रही और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। जोहर की नमाज के बाद चारों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ चार जनाजे उठने का दृश्य हर किसी को अंदर तक झकझोर गया। गांव के कब्रिस्तान में सऊद (12) और उमर (10) को एक साथ दफन किया गया, जबकि शफीक (14) और बयान (8) को पास में ही अलग-अलग सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव व कई थानों की पुलिस उपस्थित रही। बता दें कि शनिवार को मीरानपुर मुरादाबाद में एक घर के अंदर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ मिले थे।

शुरुआती जांच में ईंट और हथौड़े से हमला कर हत्या की बात सामने आई थी। घर अंदर से बंद मिला था और मां गासिया खातून के लापता होने से उस पर शक गहराया था। आशंका जताई गई थी कि बच्चों को पहले नशीला पदार्थ दिया गया और फिर वारदात को अंजाम दिया गया।घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। कई टीमें जांच में लगी हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन को अनलॉक करने का प्रयास किया जा रहा है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाले जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल इससे भी कोई अहम जानकारी नहीं मिल सकी है। चार मासूमों की एक साथ हत्या की यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी लोग कसड़ा पहुंचे। हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध है और जल्द खुलासे की उम्मीद कर रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मां की तलाश जारी है और उसी पर शक केंद्रित है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।नाना ने बातचीत में कहा कि उनकी बेटी गासिया खातून इस तरह का कृत्य नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि बेटी के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और किसी रंजिश या दुश्मनी के चलते यह मामला बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में दांपत्य जीवन को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं था। नाना के अनुसार, घटना को किसी और दिशा में मोड़ने की कोशिश की जा रही है और असली दोषी किसी और हो सकता है। परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और किसी बड़े विवाद की स्थिति नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि किसी दुश्मनी के चलते पूरे मामले को गलत रूप दिया जा रहा है। मृत बच्चों के बड़े पापा सलीम ने कहा कि गासिया खातून अकेले इस घटना को अंजाम नहीं दे सकती। उन्होंने आशंका जताई कि इस पूरे घटनाक्रम में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

शुक्रवार को नियाज की पत्नी और बच्चों से फोन पर बातचीत भी हुई थी, जिसमें किसी तरह की अनहोनी के संकेत नहीं थे। ऐसे में अचानक इस तरह की घटना होना कई सवाल खड़े करता है। अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में शनिवार को चार मासूम बच्चों की हत्या के बाद हर ओर हड़कंप मचा रहा। रविवार को पैतृक गांव महरुआ के कसड़ा गांव में चारों बच्चों के शव पहुंचने पर बच्चों के नाना भी जनाजे में शामिल होने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि उनकी बेटी गासिया खातून यह कृत्य नहीं कर सकती है। बेटी के खिलाफ एफआईआर में लगे आरोप बेबुनियाद है। किसी दुश्मन ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है। नाना ने बताया कि उनके पुत्री व दामाद के बीच दांपत्य जीवन में किसी तरह का विवाद नहीं था।

एसपी प्राची सिंह ने बताया कि कमरे की दीवार से लेकर बिस्तर तक खून के छींटे फैले थे। बच्चों के उल्टी करने के भी निशान मिले हैं। शक है कि हत्या से पहले खाने में कुछ विषैला पदार्थ मिलाकर दिया गया। इसके बाद बेरहमी से हत्या की गई। बच्चों के सिर पर ईंट व हथौड़े से प्रहार किए जाने की आशंका है। हालांकि कमरे से ऐसा कुछ नहीं मिला है।नियाज उनकी सगी बहन का बेटा था। इसी से उन्होंने बेटी गासिया का निकाह किया था। इस घटना से मायके पक्ष के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस से हुई बातचीत में नियाज ने अपनी पत्नी गासिया के सीधे-साधे होने की बात कही है।
उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में चार बच्चों की हत्या
पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ चारों बच्चों के शव पड़े मिले

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही

घटना के बाद से महिला लापता

अम्बेडकर। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मोहल्ले में चार बच्चों के खून से लथपथ शव मिले। घटना के बाद से बच्चों की मां लापता है। पुलिस को शुरुआती तौर पर शक है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की होगी।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले का नियाज (42) सऊदी अरब में रहकर काम करता है। उसकी पत्नी गासिया खातून (37) चार बच्चों शफीक (14), सउद (10), उमर (8) और बेटी बयान बानो (7) के साथ यहां रहती थी। शनिवार दोपहर तक महिला के घर का दरवाजा नहीं खुला तो आस-पड़ाेस के लोगों को शक हुआ।

इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ चारों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारी भी माैके पर पहुंचे। घटना के बाद से महिला लापता है। आशंका जताई जा रही है कि अपने ही बच्चाें की हत्या कर महिला फरार हाे गयी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथमदृष्टया लगता है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की है और फरार हो गयी है। फिलहाल पुलिस फाॅरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की तलाश की जा रही है।
अम्बेडकर नगर: बसपा ने टांडा में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान की समीक्षा की

अम्बेडकर नगर। विधानसभा क्षेत्र 278 टांडा में मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान (SIR) के तहत बूथों पर गहन समीक्षा का कार्य किया गया। इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने विभिन्न सेक्टरों में जाकर बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और BLO व BLA से सीधे संवाद कर मतदाता सूची की स्थिति का जायजा लिया। सेक्टर 16 नरायणपुर में बूथ संख्या 45 और 46, प्राथमिक विद्यालय पूर्वी व दक्षिणी में पहुंचकर मतदाता सूची की समीक्षा की गई। यहां SIR के अंतर्गत मतदाताओं के नामों की जांच, सत्यापन और संभावित कटने वाले वोटों की जानकारी ली गई।वहीं, सेक्टर सद्दरपुर में बूथ संख्या 96 और 97, प्राथमिक विद्यालय मामरेजपुर उत्तरी व पूर्वी में जाकर वोटर लिस्ट का परीक्षण किया गया। इस दौरान कटने वाले वोटों की समीक्षा की गई और BLO को निर्देश दिए गए कि शेष बचे कार्यों को समयबद्ध तरीके से शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे। निरीक्षण के दौरान जिला महासचिव रोहित प्रजापति, विधानसभा उपाध्यक्ष अंकित वर्मा, रिंकू त्रिपाठी, आलोक सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतंत्र के लिए अहम बताते हुए पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर दिया।जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने कहा कि पार्टी मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और SIR अभियान के तहत हर बूथ पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे।
हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित करने की मांग

अम्बेडकर नगर में विधिक अधिवक्ताओं की बैठक

अम्बेडकर नगर। हिंदी प्रचार प्रसार सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को कचहरी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के विधिक प्रभारी व वरिष्ठ अधिवक्ता कौशल किशोर श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर महाराष्ट्र में हिंदी के विरोध में हो रहे उपद्रव की कड़ी निंदा की गई और हिंदी को शीघ्र राष्ट्रभाषा घोषित करने की मांग दोहराई गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता कौशल किशोर श्रीवास्तव ने कहा, “हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा है, बल्कि संविधान द्वारा मान्य राजभाषा भी है। सरकार की उदासीनता ही इसका कारण है कि आज भी हिंदी का विरोध हो रहा है। स्वतंत्रता के बाद संविधान में स्पष्ट था कि 15 वर्षों में हिंदी राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित होगी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया।”

बैठक में विचार व्यक्त किए गए कि यदि हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित कर दिया जाता, तो इस तरह के विवाद स्वतः समाप्त हो जाते। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि हिंदी को वैश्विक संपर्क भाषा बनाने के लिए भारत सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

बैठक में संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सम्राट अशोक मौर्य, महिला शाखा की मंडलीय प्रभारी डॉ. अनुराधा मौर्य, संरक्षक मंडल सदस्य राम केर सिंह तथा अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

अंबेडकरनगर सीट पर सपा प्रत्याशी एक लाख 33 हजार 349 मतों से आगे

अंबेडकरनगर । अंबेडकरनगर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा एक लाख 33 हजार 349 मतों से आगे हैं। उन्हें अभी तक 448840 मत मिले हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रीतेश पांडेय को 315491 मत प्राप्त हुए हैं। इस सीट पर बसपा प्रत्याशी कमर हयात को 157974 मत मिले हैं।

अंबेडकर नगर:अंतर्जनपदीय शातिर स्मैक बेचते चढ़ा पुलिस के हत्थे,लाखों की स्मैक बरामद

अंबेडकर नगर।मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्मैक बेचते अंतर्जनपदीय शातिर को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है।आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस के दावे के अनुसार बसखारी पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतर्जनपदीय शातिर मोहम्मद आकिब उर्फ बिस्मिल्लाह निवासी मकसूदीनपुर थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ हाल पता सलाउद्दीन गेस्ट हाउस दरगाह रसूलपुर किछौछा थाना बसखारी को चंद्रभान चौराहे के पास से स्मैक बेचते गिरफ्तार कर लिया।उसके पास से 14.55 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग पंद्रह लाख बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार अंतर्जनपदीय बदमाश के विरुद्ध आजमगढ़ और अंबेडकर नगर जनपद के विभिन्न स्थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली बसखारी थाने की पुलिस टीम में उप निरीक्षक त्रिवेणी सिंह,हेड कांस्टेबल दीप चंद्र यादव, कांस्टेबल मुकेश यादव, कांस्टेबल रणधीर सिंह शामिल रहे।

दशमोत्तर कक्षा में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए फिर मिला मौका, 3 मई तक बढ़ाई गई छात्रवृत्ति योजना की डाटा लॉक अवधि

अंबेडकर नगर।दशमोत्तर कक्षा में अध्ययनरत अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति से संबंधी फीस डाटा न

लॉक कर पाने वाली संस्थाओं को सरकार ने एक और मौका दिया है। इसके बाद भी डाटा लॉक न कराने वाले छात्र छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के दशमोत्तर कक्षा में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को सरकार द्वारा छात्रवृत्ति योजना के तहत फीस वापसी किया जाता है,लेकिन अभी तक बहुत से छात्र छात्राओं का फीस डाटा लॉक नहीं किया गया है।उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल से 3 मई तक फीस डाटा लॉक करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इसके बाद 4 मई से 7 मई के बीच आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऐसे में यदि संबंधित संस्थानों द्वारा छात्र छात्राओं के फीस डाटा का लॉक न किया गया तो वह योजना का लाभ पाने से वंचित हो सकते हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।

लोकसभा चुनाव में नामांकन को लेकर विशेष इंतजाम,डीएम एसपी ने बैठक में परखी तैयारियां

अंबेडकर नगर। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एसपी डॉक्टर कौस्तुभ समेत पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत नामांकन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारी के साथ बैठक कर विमर्श किया।नामांकन के दौरान सुरक्षा समेत अन्य इंतजामों को लेकर उच्चाधिकारियों ने किसी भी सूरत में लापरवाही न किए जाने के सख्त निर्देश दिए, साथ ही अन्यथा की दशा में कड़ी कार्रवाई का सामना करने की चेतावनी दी। आपको बता दे चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार छठवें चरण में नामांकन की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि कोई भी प्रत्याशी तीन गाड़ी और पांच प्रस्तावक के साथ कलेक्ट्रेट से 100 मीटर पहले बने तीन बैरियर तक जा सकता है, इसके बाद उन्हें पैदल ही नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी कक्षा तक पहुंचना होगा। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया की सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ वीडियो ग्राफी भी कराई जा रही है। तीन एसडीएम और तीन सीओ के साथ आठ एसओ और एक प्लाटून पीएसी नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्र में मौजूद रहेगी। इसके अलावा कई दरोगा और सिपाहियों की तैनाती भी की गई है।

अंबेडकरनगर : गेहूं खरीद को गति देने के लिए किए जा रहे इंतजाम,बनाए गए आधा दर्जन नए केंद्र

अंबेडकरनगर ।किसानों को उपज का सही मूल्य मिलने के साथ-साथ गेहूं बेचने में सहूलियत को लेकर खाद्य एवं विपणन विभाग ने जिले में आधा दर्जन खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई है।

गेंहू खरीद के लिए जिले में अब तक संचालित 87 केंद्रों की संख्या को बढ़ाकर अब 93 कर दिया गया है।

प्राथमिक कृषि विपणन सहकारी समिति लिमिटेड अटंगी का केन्द्र सैदपुर भितरी,कृषि विपणन सहकारी लिमिटेड दुल्लापुर प्रतापपुर चमुरखा का केंद्र मरथुआ सरैया,किसान विपणन सहकारी समिति लिमिटेड मिश्र का पूरा का केन्द्र रोशनगढ़ जलालपुर मार्ग, कृषि विपणन सहकारी समिति लिमिटेड पीरपुर लोरपुर का केन्द्र समैसाखाम,फार्मर डेवलेपमेंट सोसाइटी लिमिटेड का अलावलपुर एवं एफपीओ कर्मशील फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड जगदीशपुर जमुनीपुर का सिझौली मंडी में संचालित कर दिया गया है।

विभाग ने नए केंद्रों को जल्द संचालित करने के लिए निर्देश दिए है।