उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में चार बच्चों की हत्या
पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ चारों बच्चों के शव पड़े मिले

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही

घटना के बाद से महिला लापता

अम्बेडकर। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मोहल्ले में चार बच्चों के खून से लथपथ शव मिले। घटना के बाद से बच्चों की मां लापता है। पुलिस को शुरुआती तौर पर शक है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की होगी।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले का नियाज (42) सऊदी अरब में रहकर काम करता है। उसकी पत्नी गासिया खातून (37) चार बच्चों शफीक (14), सउद (10), उमर (8) और बेटी बयान बानो (7) के साथ यहां रहती थी। शनिवार दोपहर तक महिला के घर का दरवाजा नहीं खुला तो आस-पड़ाेस के लोगों को शक हुआ।

इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ चारों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारी भी माैके पर पहुंचे। घटना के बाद से महिला लापता है। आशंका जताई जा रही है कि अपने ही बच्चाें की हत्या कर महिला फरार हाे गयी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथमदृष्टया लगता है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की है और फरार हो गयी है। फिलहाल पुलिस फाॅरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की तलाश की जा रही है।
अम्बेडकर नगर: बसपा ने टांडा में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान की समीक्षा की

अम्बेडकर नगर। विधानसभा क्षेत्र 278 टांडा में मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान (SIR) के तहत बूथों पर गहन समीक्षा का कार्य किया गया। इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने विभिन्न सेक्टरों में जाकर बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और BLO व BLA से सीधे संवाद कर मतदाता सूची की स्थिति का जायजा लिया। सेक्टर 16 नरायणपुर में बूथ संख्या 45 और 46, प्राथमिक विद्यालय पूर्वी व दक्षिणी में पहुंचकर मतदाता सूची की समीक्षा की गई। यहां SIR के अंतर्गत मतदाताओं के नामों की जांच, सत्यापन और संभावित कटने वाले वोटों की जानकारी ली गई।वहीं, सेक्टर सद्दरपुर में बूथ संख्या 96 और 97, प्राथमिक विद्यालय मामरेजपुर उत्तरी व पूर्वी में जाकर वोटर लिस्ट का परीक्षण किया गया। इस दौरान कटने वाले वोटों की समीक्षा की गई और BLO को निर्देश दिए गए कि शेष बचे कार्यों को समयबद्ध तरीके से शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे। निरीक्षण के दौरान जिला महासचिव रोहित प्रजापति, विधानसभा उपाध्यक्ष अंकित वर्मा, रिंकू त्रिपाठी, आलोक सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतंत्र के लिए अहम बताते हुए पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर दिया।जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने कहा कि पार्टी मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और SIR अभियान के तहत हर बूथ पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे।
हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित करने की मांग

अम्बेडकर नगर में विधिक अधिवक्ताओं की बैठक

अम्बेडकर नगर। हिंदी प्रचार प्रसार सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को कचहरी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के विधिक प्रभारी व वरिष्ठ अधिवक्ता कौशल किशोर श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर महाराष्ट्र में हिंदी के विरोध में हो रहे उपद्रव की कड़ी निंदा की गई और हिंदी को शीघ्र राष्ट्रभाषा घोषित करने की मांग दोहराई गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता कौशल किशोर श्रीवास्तव ने कहा, “हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा है, बल्कि संविधान द्वारा मान्य राजभाषा भी है। सरकार की उदासीनता ही इसका कारण है कि आज भी हिंदी का विरोध हो रहा है। स्वतंत्रता के बाद संविधान में स्पष्ट था कि 15 वर्षों में हिंदी राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित होगी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया।”

बैठक में विचार व्यक्त किए गए कि यदि हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित कर दिया जाता, तो इस तरह के विवाद स्वतः समाप्त हो जाते। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि हिंदी को वैश्विक संपर्क भाषा बनाने के लिए भारत सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

बैठक में संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सम्राट अशोक मौर्य, महिला शाखा की मंडलीय प्रभारी डॉ. अनुराधा मौर्य, संरक्षक मंडल सदस्य राम केर सिंह तथा अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

अंबेडकरनगर सीट पर सपा प्रत्याशी एक लाख 33 हजार 349 मतों से आगे

अंबेडकरनगर । अंबेडकरनगर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा एक लाख 33 हजार 349 मतों से आगे हैं। उन्हें अभी तक 448840 मत मिले हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रीतेश पांडेय को 315491 मत प्राप्त हुए हैं। इस सीट पर बसपा प्रत्याशी कमर हयात को 157974 मत मिले हैं।

अंबेडकर नगर:अंतर्जनपदीय शातिर स्मैक बेचते चढ़ा पुलिस के हत्थे,लाखों की स्मैक बरामद

अंबेडकर नगर।मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्मैक बेचते अंतर्जनपदीय शातिर को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है।आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस के दावे के अनुसार बसखारी पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतर्जनपदीय शातिर मोहम्मद आकिब उर्फ बिस्मिल्लाह निवासी मकसूदीनपुर थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ हाल पता सलाउद्दीन गेस्ट हाउस दरगाह रसूलपुर किछौछा थाना बसखारी को चंद्रभान चौराहे के पास से स्मैक बेचते गिरफ्तार कर लिया।उसके पास से 14.55 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग पंद्रह लाख बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार अंतर्जनपदीय बदमाश के विरुद्ध आजमगढ़ और अंबेडकर नगर जनपद के विभिन्न स्थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली बसखारी थाने की पुलिस टीम में उप निरीक्षक त्रिवेणी सिंह,हेड कांस्टेबल दीप चंद्र यादव, कांस्टेबल मुकेश यादव, कांस्टेबल रणधीर सिंह शामिल रहे।

दशमोत्तर कक्षा में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए फिर मिला मौका, 3 मई तक बढ़ाई गई छात्रवृत्ति योजना की डाटा लॉक अवधि

अंबेडकर नगर।दशमोत्तर कक्षा में अध्ययनरत अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति से संबंधी फीस डाटा न

लॉक कर पाने वाली संस्थाओं को सरकार ने एक और मौका दिया है। इसके बाद भी डाटा लॉक न कराने वाले छात्र छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के दशमोत्तर कक्षा में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को सरकार द्वारा छात्रवृत्ति योजना के तहत फीस वापसी किया जाता है,लेकिन अभी तक बहुत से छात्र छात्राओं का फीस डाटा लॉक नहीं किया गया है।उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल से 3 मई तक फीस डाटा लॉक करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इसके बाद 4 मई से 7 मई के बीच आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऐसे में यदि संबंधित संस्थानों द्वारा छात्र छात्राओं के फीस डाटा का लॉक न किया गया तो वह योजना का लाभ पाने से वंचित हो सकते हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।

लोकसभा चुनाव में नामांकन को लेकर विशेष इंतजाम,डीएम एसपी ने बैठक में परखी तैयारियां

अंबेडकर नगर। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एसपी डॉक्टर कौस्तुभ समेत पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत नामांकन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारी के साथ बैठक कर विमर्श किया।नामांकन के दौरान सुरक्षा समेत अन्य इंतजामों को लेकर उच्चाधिकारियों ने किसी भी सूरत में लापरवाही न किए जाने के सख्त निर्देश दिए, साथ ही अन्यथा की दशा में कड़ी कार्रवाई का सामना करने की चेतावनी दी। आपको बता दे चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार छठवें चरण में नामांकन की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि कोई भी प्रत्याशी तीन गाड़ी और पांच प्रस्तावक के साथ कलेक्ट्रेट से 100 मीटर पहले बने तीन बैरियर तक जा सकता है, इसके बाद उन्हें पैदल ही नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी कक्षा तक पहुंचना होगा। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया की सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ वीडियो ग्राफी भी कराई जा रही है। तीन एसडीएम और तीन सीओ के साथ आठ एसओ और एक प्लाटून पीएसी नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्र में मौजूद रहेगी। इसके अलावा कई दरोगा और सिपाहियों की तैनाती भी की गई है।

अंबेडकरनगर : गेहूं खरीद को गति देने के लिए किए जा रहे इंतजाम,बनाए गए आधा दर्जन नए केंद्र

अंबेडकरनगर ।किसानों को उपज का सही मूल्य मिलने के साथ-साथ गेहूं बेचने में सहूलियत को लेकर खाद्य एवं विपणन विभाग ने जिले में आधा दर्जन खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई है।

गेंहू खरीद के लिए जिले में अब तक संचालित 87 केंद्रों की संख्या को बढ़ाकर अब 93 कर दिया गया है।

प्राथमिक कृषि विपणन सहकारी समिति लिमिटेड अटंगी का केन्द्र सैदपुर भितरी,कृषि विपणन सहकारी लिमिटेड दुल्लापुर प्रतापपुर चमुरखा का केंद्र मरथुआ सरैया,किसान विपणन सहकारी समिति लिमिटेड मिश्र का पूरा का केन्द्र रोशनगढ़ जलालपुर मार्ग, कृषि विपणन सहकारी समिति लिमिटेड पीरपुर लोरपुर का केन्द्र समैसाखाम,फार्मर डेवलेपमेंट सोसाइटी लिमिटेड का अलावलपुर एवं एफपीओ कर्मशील फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड जगदीशपुर जमुनीपुर का सिझौली मंडी में संचालित कर दिया गया है।

विभाग ने नए केंद्रों को जल्द संचालित करने के लिए निर्देश दिए है।

रेलवे स्टेशन पर स्थापित हुई क्यू आर बेस्ड टिकट वेंडिंग मशीन,यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

अंबेडकर नगर।गर्मियों की छुट्टी और सहालग के मौसम में बढ़ रहे यात्रियों के दबाव के मद्देनजर रेलवे ने भी यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी को लेकर कदम उठाए हैं। प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण के साथ-साथ क्यू आर बेस्ड टिकट मशीन की स्थापना के साथ साथ यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी के प्रयास किए जा रहे हैं।इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में इजाफा करते हुए सामान्य टिकट और प्लेटफार्म टिकट बिक्री अब क्यू आर कोड के माध्यम शुरू कर दी गई है।

जिससे यात्रियों को सामान्य टिकट और प्लेटफार्म टिकट के लिए खिड़की पर लाइन नहीं लगानी होगी।

रेलवे ने नई आधुनिक बिल्डिंग के निर्माण के साथ-साथ टिकट खिड़की के निकट क्यू आर कोड मशीन स्थापित कर यात्री सुविधाओं को बढ़ाया है जहां से यात्री सामान्य तथा प्लेटफार्म टिकट खरीद सकेंगे। उन्हें इन टिकट खरीद के लिए खिड़की पर लाइन नहीं लगानी होगी, साथ ही आमतौर पर आने वाली फुटकर पैसों की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर लर्निंग कॉर्नर की स्थापना की कवायद,शिक्षा विभाग ने भेजी धनराशि

अंबेडकर नगर ।परिषदीय विद्यालयो में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए आकर्षक और आधुनिक विधियों से शिक्षा देने के क्रम में महकमे ने सुविधाओ में बढ़ोत्तरी के क्रम में अब परिषदीय विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में लर्निंग कॉर्नर स्थापित किए जा रहे हैं।697 केंद्रों में पंजीकृत छह वर्ष तक के बच्चों का लर्निंग स्तर बढ़ाने के लिए सर्व-शिक्षा अभियान के तहत चार-चार लर्निंग कॉर्नर की स्थापना किए जाने का निर्णय शासन ने लिया है।

इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को धनराशि भी उपलब्ध भी करा दी गई है जो खेलकूद के सामान, स्मार्ट क्लास, जानवरों, चिड़ियों, फूलों व फलों की आकृति युक्त कैलेंडर समेत अन्य शिक्षा संबंधित सामग्रियां खरीदने के काम आयेगी।विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष की देखरेख में पांच सदस्यीय टीमआवश्यक सामग्रियों की खरीददारी का कार्य करेगी।

बीएसए भोलेद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लर्निंग कार्नर स्थापित हो जाने से बच्चों को सरल भाषा में शिक्षा दी जाएगी।जिसका बच्चों को लाभ मिलेगा।