गोण्डा में बकरी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार


गोण्डा । उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में थाना वजीरगंज पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बकरी चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में रफीक, शकील, शमसुद्दीन और रहीश शामिल हैं। इनके कब्जे से 6 चोरी की बकरियां, वारदात में इस्तेमाल की गई 2 स्कॉर्पियो गाड़ियां और 23,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अंजाम दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में टीमों ने सघन चेकिंग और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों को दुर्जनपुर घाट-कोडर मार्ग से गिरफ्तार किया।

ऐसे करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में रात के समय घरों के बाहर बंधी बकरियों की रेकी कर चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बकरियों को बाराबंकी और बहराइच की पशु मंडियों में बेच देते थे या काटकर मांस के रूप में बेचकर पैसा कमाते थे।

आरोपियों ने हाल की कई वारदातों को भी स्वीकार किया है। उन्होंने 8 अप्रैल को करनैलगंज क्षेत्र से 10 बकरियां चोरी कर करीब 50 हजार रुपये में बेचने और 7 अप्रैल को तरबगंज क्षेत्र से 9 बकरियां चोरी कर उनका मांस बेचने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
कन्या पाठशाला के लिए आवंटित जमीन पर बना था मदरसा,22 साल से हो रहा था संचालन
*मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में भी हुई थी शिकायत

गोंडा।जिले के सदर तहसील क्षेत्र अंतर्गत खोरहंसा में कल एक मदरसा, दुकान व मकान को प्रशासन द्वारा ध्वस्त किया गया था।जिसकी जांच में सामने आया है कि यह निर्माण कन्या पाठशाला के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से कराया गया था।यह जमीन कन्या पाठशाला के नाम पर सुरक्षित थी, जिसपर वर्ष 2004 में अवैध कब्जा कर मदरसा इस्लामिया अंजुमन तालीमत दीन समिति का निर्माण किया गया था।मदरसा 2004 से 2009 तक पंजीकृत रूप से संचालित हुआ और इसके बाद पंजीकरण समाप्त होने के बाद भी यह मदरसा 2011 तक बिना पंजीकरण के चला तथा उसके बाद इसका संचालन बंद कर दिया गया था।इस अवैध कब्जे के कारण उक्त भूमि पर कन्या पाठशाला का निर्माण नहीं हो पाया,जिसके कारण बालिकाओं को शिक्षा के लिए अन्यत्र स्थानों पर जाना पड़ता था।इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायतें की गई परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई।जिससे परेशान होकर स्थानीय लोगों ने बीते दिसंबर महीने की 25 तारीख को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में इसकी शिकायत की गई थी।मुख्यमंत्री जनता दर्शन में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर स्थानीय लोगों को इलाहाबाद उच्च न्यायालय खंडपीठ लखनऊ का रुख करना पड़ा था।जिसके बाद उच्च न्यायालय ने इस अवैध कब्जे को हटाने का निर्देश दिया,जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी।मामले में सदर तहसीलदार मनीष कुमार ने बताया कि सात अन्य कब्जेदारों के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं,जिसका निस्तारण होते ही अवशेष जमीन खाली कराई जाएगी।तहसीलदार ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन पर कब्जा करने की अनुमति नहीं है और यदि इस जमीन पर दोबारा कोई अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।यहाँ पर अवैध कब्जा होने से भी स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतें हो रही थी और उन लोगों द्वारा भी लगातार विरोध किया जा रहा था।
गोंडा में अवैध डीईएफ यूरिया प्लांट का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद

*अनुदानित यूरिया से बन रहा था डीईएफ, कृषि विभाग की छापेमारी में खुलासा*


*बंद प्लांट में मिला अवैध स्टॉक, मुख्य आरोपी फरार*


*उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन, आरोपी पर होगी सख्त कार्रवाई*


*गोंडा 09 अप्रैल 2026* - जनपद के विकास खण्ड छपिया के ग्राम सकदरपुर में अवैध रूप से डीईएफ (डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड) यूरिया निर्माण का मामला सामने आया है। सूचना पर जिला कृषि अधिकारी एवं अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) सी.पी. सिंह ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की।

जांच के दौरान प्लांट बंद मिला, लेकिन परिसर के बाहर खुले स्थान पर चार सफेद कंटेनर और एक बड़ी काली पानी की टंकी पाई गई। इन कंटेनरों में पानी जैसे तरल पदार्थ भरा था, जिससे यूरिया जैसी तेज गंध आ रही थी। मौके पर मौजूद दो युवकों—दुर्गेश और विजय—से पूछताछ की गई, जिन्होंने बताया कि वे जनरेटर मरम्मत का कार्य करने आए थे और यह जनरेटर राकेश पाण्डेय द्वारा किराये पर लिया गया था।

टीम ने आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी बभनान के चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा तथा ग्राम प्रधान को मौके पर बुलाया। उनकी उपस्थिति में बंद कमरे का ताला तोड़कर जांच की गई, जहां 36 खाली यूरिया की बोरियां (एचयूआरएल कंपनी) और लगभग आधा किलो यूरिया बिखरा हुआ मिला। साथ ही छोटे कंटेनरों में यूरिया घोल भी बरामद हुआ। एक कमरे में प्लांट स्थापित पाया गया और एक मोटरसाइकिल (नंबर यूपी-51 वी-1355) भी मौके से मिली।

बरामद सभी सामग्री को सील कर मकान मालिक एवं ग्राम प्रधान रमेश मिश्र को सुपुर्द कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डीईएफ निर्माण में तकनीकी ग्रेड यूरिया के स्थान पर अनुदानित यूरिया का अवैध उपयोग किया जा रहा था, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 का उल्लंघन है।

मुख्य आरोपी राकेश पाण्डेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। कृषि विभाग ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
गोंडा के रक्षा राम सोनकर ने UPPCS-2024 में पाई सफलता, बने सब रजिस्ट्रार

*अभ्युदय योजना और निःशुल्क कोचिंग का असर, सोनकर ने लहराया परचम*


*संसाधनों की कमी नहीं बनी बाधा, सरकारी कोचिंग से मिली नई उड़ान*


*समाज कल्याण विभाग की पहल रंग लाई, प्रतिभाओं को मिल रहा मंच*


*गोंडा, 09 अप्रैल 2026* - आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद गोंडा के रक्षा राम सोनकर ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (UPPCS-2024) में सफलता हासिल कर सब रजिस्ट्रार पद प्राप्त किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि प्रदेश के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

रक्षा राम सोनकर की सफलता के पीछे समाज कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन योजनाओं के माध्यम से उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी माहौल मिला, जिसने उनकी तैयारी को मजबूत आधार दिया।

गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित निःशुल्क आवासीय कोचिंग के तहत अभ्यर्थियों को हॉस्टल, भोजन, लाइब्रेरी और नियमित कक्षाओं की सुविधाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाती हैं। संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, यहां विषय विशेषज्ञों द्वारा मुख्य परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर लेखन अभ्यास और मॉडल टेस्ट भी कराए जाते हैं, जिससे अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है।

वहीं, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदेश के 75 जिलों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी निःशुल्क कराई जा रही है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है।

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर युवा किसी भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

रक्षा राम सोनकर की यह उपलब्धि न केवल अन्य अभ्यर्थियों को प्रेरित करेगी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकारी योजनाएं सही दिशा में लागू होने पर प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में सक्षम हैं।
मदरसा, दुकान व मकान पर चला बुल्डोजर,पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़ा अतिक्रमण
*ग्राम समाज की डेढ़ बीघा जमीन खाली कराई गई

गोंडा।जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई किया है।जिले के सदर तहसील अंतर्गत खोरहंसा में डेढ़ बीघा ग्राम समाज नवीन परती जमीन पर बने एक मदरसे,तीन दुकानों और एक‌ मकान को बुल्डोजर से ध्वस्त कर खाली कराया गया।यह कार्रवाई सदर तहसील अंतर्गत खोरहंसा में की गई जहाँ डेढ़ बीघा सरकारी नवीन परती जमीन पर अवैध रूप से एक बड़ा मदरसा संचालित हो रहा था।इसी जमीन पर तीन दुकानें बनाकर अवैध रूप से चलाई जा रही थी जिससे आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था तथा साथ ही एक मकान बनाकर भी लोग रह रहे थे।सदर तहसीलदार मनीष कुमार की अदालत ने ग्राम समाज की नवीन परती जमीन पर बने मदरसे, दुकानों और मकान को तोड़कर अवैध कब्जा हटाने का आदेश जारी किया था।बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता,तहसीलदार सदर मनीष कुमार,पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा व पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।इस दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर मौजूद रही।अवैध कब्जा करने वालों को पहले भी कई बार नोटिस व चेतावनी दी गई थी,परन्तु उन्होंने नियमों को दरकिनार कर सरकारी जमीन पर कब्जा बनाए रखा।प्रशासन ने चेतावनी दिया है कि यदि दोबारा इस डेढ़ बीघा जमीन पर कोई कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उपजिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि हमलोगों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ अवैध कब्जा खाली कराया गया है।तहसीलदार सदर की कोर्ट से सरकारी जमीन को खाली कराए जाने को लेकर के आदेश जारी किया गया था,जिसका आज हमलोगों द्वारा पालन कराया गया है।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार-
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगरआनन्द कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना को0 नगर पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-239/2026 धारा 303(2),317(2) बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी अभियुक्त- फैज अली उर्फ जग्गू पुत्र अकबाल निवासी काशीराम कालोनी महाराजगंज थाना को0 नगर जनपद गोण्डा को खैरा भवानी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 18.03.2026 को अवर अभियन्ता विनोद कुमार गौतम 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र चन्दवतपुर, गोण्डा द्वारा थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गयी कि ग्रामसभा जगदीशपुर, निकट मंगलम गैस एजेंसी के पास स्थित 33 केवी सुभागपुर लाइन से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 1000 मीटर (दो स्पैन) विद्युत तार चोरी कर लिया गया है। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज दिनांक 09.04.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए शातिर चोर- फैज अली उर्फ जग्गू पुत्र अकबाल निवासी काशीराम कालोनी महाराजगंज थाना को0 नगर जनपद गोण्डा को खैरा भवानी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
शार्ट सर्किट से लगी आग,गेहूं की फसल जलकर राख
*फायर ब्रिगेड टीम नहीं पहुंची,ग्रामीणों ने बुझाया

गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुलमनपुरवा गांव में देर रात शार्ट सर्किट से एक विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लग गई।यह ट्रांसफार्मर इटियाथोक पावर हाउस से संचालित पारासराय ग्राम पंचायत को विद्युत आपूर्ति करता है।आग इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर से चिंगारियां नीचे गिरने लगीं,जिसके कारण पास के गेहूं के खेत में भी आग फैल गई।इसके अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के आसपास की झाड़ियां भी जलकर पूरी तरह राख हो गईं।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद खेत में लगी आग पर काबू पाया है। किसानों को गेहूं की फसल जलने से नुकसान हुआ है।ग्रामीणों ने खेत की सिंचाई के लिए लगे पंपिंग सेट का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास किया,इसके बाद किसानों ने आग पर काबू पाया है आढ बुझाने के बाद ट्रांसफार्मर के आसपास जिन किसानों के खेत थे उन्होंने राहत की सांस लिया।ग्राम प्रधान अशोक वर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सूचना दिया गया था परन्तु घंटों तक टीम मौके पर नहीं पहुंची।उन्होंने कहा कि हालांकि कोई बहुत बड़ा नुकसान नहीं हुआ है,लेकिन कुछ किसानों की गेहू़ं की फसल और आसपास की झाड़ियां जल गई हैं।ग्रामीणों ने पंपिंग सेट की मदद से आग पर काबू पाया है।
महिला से मजाक पर दो युवकों में मारपीट,पुलिस ने लिखाया माफीनामा
*दोनों ने एक दूसरे को दी गालियां

गोंडा।जिले में एक महिला से मजाक करने को लेकर दो युवकों के बीच मारपीट हो गयी।यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन बैंक के सामने मंगलवार को अपरान्ह लगभग दो बजे की है।जहाँ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।पुलिस जांच के अनुसार,बलरामपुर जनपद के उतरौला निवासी पवन सोनी गोंडा के इंडियन बैंक रोडवेज शाखा आए थे।बैंक के बाहर खड़ी एक महिला से पवन सोनी ने मजाक किया,जिसके बाद महिला के साथ मौजूद युवक और पवन सोनी के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।दोनों युवक एक दूसरे को गालियां दे रहे थे और मारपीट कर रहे थे।वायरल वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि दोनों युवक एक दूसरे को मारपीट के लिए और लोगों को बुलाने की बात कह रहे थे।वायरल वीडियो में रोडवेज पुलिस चौकी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर खड़े दिखाई दे रहे हैं।घटना के बाद रोडवेज पुलिस चौकी के सिपाही तीनों ( दोनों युवक व महिला) को पुलिस चौकी ले गयी।पुलिस चौकी में तीनों ने मारपीट को लेकर लिखित माफीनामा दिया और एक दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की बात कही।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आपसी कहासुनी को लेकर यह विवाद हुआ था और लोगों ने लिखित रूप से सुलह कर लिया है।कोई भी पक्ष एक दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर दिया जाता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।यह लोग आपस में एक दूसरे को जानने वाले हैं परन्तु रिश्ता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
नगर निकायों में नामित सभासदों ने लिया शपथ
36 नामित सभासदों ने लिया शपथ

गोंडा।जिले के तीन नगर पालिका व सात नगर पंचायतों में बुधवार को नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।प्रदेश सरकार द्वारा कुल 36 लोगों को सभासद नामित किया गया था।इन सभी सभासदों को उपजिलाधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों,नगर पालिका व पंचायत अध्यक्षों ने संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए शपथ दिलाया।शपथ ग्रहण के बाद यह सभी सभासद नगर पालिका व पंचायतों के कार्यों में अधिकृत रूप से शामिल हो गये हैं।जिले की तीन प्रमुख नगर पालिका परिषदों में कुल 15 मनोनीत सभासदों ने शपथ लिया है।नगर पालिका परिषद गोंडा के मीटिंग हाल में मनीष द्विवेदी, संदीप पांडेय, रामगोपाल साहू,अनामिका चौधरी व उमेश प्रताप सिंह ने शपथ लिया, इसी क्रम में करनैलगंज नगर पालिका के मीटिंग हाल में भूपेंद्र सिंह सलूजा, ओम प्रकाश गौतम,मधु वर्मा,मुकेश चंद्र खेतान व शिव शंकर भट्ट द्वारा शपथ ग्रहण किया गया तथा नगर पालिका नवाबगंज के मीटिंग हाल में चंदन कुमार  श्रीवास्तव,कन्हैया लाल कौशल,कृष्ण गोपाल,आशीष कुमार तिवारी व वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने नामित सभासद के रूप में शपथ लिया।इसके साथ ही जिले की सभी सात नगर पंचायतों में 21 मनोनीत सभासदों को भी शपथ दिलाई गई।गोंडा नगर पालिका के मीटिंग हाल में मनोनीत सभासदों को अधिशासी अधिकारी विशाल कुमार द्वारा शपथ दिलाई गई और सभी सभासदों को बुके भेंटकर बधाई दिया गया।
वार्षिकोत्सव एवं प्रगति पत्र वितरण समारोह आयोजित
गोण्डा। शिक्षा क्षेत्र मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय रेड़ौरा में वार्षिकोत्सव विदाई समारोह व स्कूल चलो अभियान का आयोजन 'प्रतिभा पर्व' के रूप में ससमारोह आयोजित किया गया, कार्यक्रम का शुभारंभ माॅं शारदा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन करके मुख्य अतिथि हर्षित पाण्डेय खण्ड शिक्षा अधिकारी मनकापुर व अमित मिश्रा डायट प्रवक्ता द्वारा किया गया, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि प्रकाश सिंह जिलाध्यक्ष यूटा, राधामोहन पाण्डेय जिलाध्यक्ष माध्यमिक शिक्षक संघ जनार्दन प्रसाद पाण्डेय ब्लाक अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ-मनकापुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित पाण्डेय, पूनम यादव व संगीता देवी द्वारा अतिथियों का बैज लगाकर कार्यक्रम में स्वागत व अभिनंदन किया गया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा मनमोहक सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, समारोह में नवप्रवेशी छात्र छात्राओं को रोली टीका लगाकर व माला पहनाकर स्वागत किया गया, कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया गया, ए आर पी फिरोज अहमद खान, शैलेन्द्र प्रताप सिंह व इंदु प्रताप सिंह जी ने अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा नामांकन कराने के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने उद्बोधन के माध्यम से अभिभावकों व समुदाय से अनुरोध किया गया, डायट प्रवक्ता अमित मिश्रा द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं व योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी।शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए यूटा जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि आने वाले समय में समाज व राष्ट्र को सुदृढ़ व विकसित बनाने के लिए हमें अपने प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देनी चाहिए, कक्षा-5 उत्तीर्ण हो चुके छात्र-छात्राओं को  अधिगम सहायक किट, अंकपत्र व टी सी देकर भावुक विदाई दी गयी, कार्यक्रम का संचालन गिरीश कुमार पाण्डेय 'विद्यार्थी' द्वारा किया गया, समारोह में स्वागत भाषण कमलेश पाण्डेय एस आर जी द्वारा व धन्यवाद ज्ञापन अमित पांडेय द्वारा किया गया, समारोह को राधा मोहन पाण्डेय, जनार्दन प्रसाद पाण्डेय, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, इंदु प्रताप सिंह,विनय मिश्रा, विकास मौर्य, विपिन मिश्रा द्वारा भी संबोधित किया गया, इस अवसर पर ग्राम प्रधान झिन्नू प्रसाद पाण्डेय,विजय प्रकाश सिंह, यूटा जिला मंत्री आत्रेय मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी अरुण मिश्रा, डॉ अखिलेश शुक्ला, अवधेश पाण्डेय, अरविंद कुमार, सुनीत शुक्ला, मीरा पाण्डेय, रेखा शुक्ला, शिव कुमारी गुप्ता, सत्येन्द्र सिंह, सत्य प्रकाश मिश्रा, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, नाजिया बानो, शिखा, स्तुति देवी, नीलम शुक्ला, राकेश यादव, उदय राज यादव, आशुतोष मिश्रा आदि गणमान्य अतिथियों सहित न्याय पंचायत विद्यानगर के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, राष्ट्र गान के साथ समारोह का समापन किया गया।