अफवाहों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन सख्त: दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर छापेमारी, जनता से सीधा संवाद*
सुलतानपुर,जनपद में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। जिला पूर्ति विभाग के सभी सप्लाई इंस्पेक्टर ने सुबह 7 बजे से ही कादीपुर अखंड नगर, लंभुआ, नारायणपुर, प्यागीपुर आहट, तथा बस अड्डा क्षेत्र सहित जनपद के दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर एक साथ निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर वैभव श्रीवास्तव एवं मुबीन सिद्दीकी लगातार पेट्रोल पंपों पर मौजूद रहे और आम जनता से सीधा संवाद कर स्थिति स्पष्ट की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ईंधन स्टॉक की जांच की तथा आपूर्ति व्यवस्था को परखा। जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या दुर्व्यवहार न किया जाए तथा सभी को सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी व्यक्ति को पेट्रोल, डीजल या गैस प्राप्त करने में समस्या आती है तो वह जिला पूर्ति कार्यालय सुलतानपुर के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9120098526, 7800900041 एवं 9696282871 पर संपर्क कर सकता है। *जनता से अपील* प्रशासन ने लोगों से घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। *डीजल-पेट्रोल की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी* *अब बोतल, डिब्बे व ड्रम में ईंधन देने पर सख्ती* सुलतानपुर। जनपद में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा नए निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार अब पेट्रोल पंपों से ईंधन बोतल, डिब्बे, ड्रम या अन्य पात्रों में देने पर सख्ती बरती जाएगी। उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल केवल वाहनों में ही उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम अनावश्यक भंडारण एवं कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.4k