जन्नतुल बकी के पुनर्निर्माण की उठी मांग, सुल्तानपुर में शिया समुदाय का जोरदार प्रदर्शन*
सुल्तानपुर,सऊदी अरब स्थित जन्नतुल बकी कब्रिस्तान के विध्वंस को लेकर दुनिया भर के साथ-साथ अब सुल्तानपुर में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। शनिवार को अमहट में शिया समुदाय के लोगों ने मौलाना मोहम्मद जाफर खान के नेतृत्व में एक विशाल विरोध प्रदर्शन और जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पैगंबर मोहम्मद साहब के परिवार के सदस्यों के उन मजारों का फिर से निर्माण कराया जाए जिन्हें वर्षों पहले ध्वस्त कर दिया गया था। यहां राष्ट्रपति को सम्बोधित एक मांग पत्र एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी को सौंपा गया। मौलाना मोहम्मद जाफर खान ने प्रदर्शन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा यह कोई नया विरोध नहीं है, बल्कि पैगंबर (SAW) और उनके परिवार के प्रति अटूट प्रेम रखने वाले लोग वर्षों से इस दर्द को साझा करने के लिए जुलूस निकालते आए हैं। मौलाना ने कहा कि आज दुनिया में दो तरह के मुसलमान हैं। एक वो, जिन्हें अहले-बैत (पैगंबर के परिवार) से सच्ची मोहब्बत है और वे उनके सम्मान के लिए आवाज उठा रहे हैं। दूसरे वो, जो खुद को केवल नाम का मुसलमान कहते हैं और इस जुल्म पर खामोश हैं। उन्होंने गांधी जी और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि कोई भी 'जिंदा कौम' अपनी कुर्बानियों को याद रखने के लिए उनकी यादगारें और मूर्तियां बनाती है। इसी तरह, अहले-बैत के रोजे (मकबरे) भी इंसानियत और कुर्बानी का प्रतीक हैं। मौलाना ने चेतावनी दी कि यदि इन यादगारों को खत्म कर दिया गया, तो समाज में "जंगल राज" फैल जाएगा और इंसानियत, मानवता व प्रेम के जज्बात खत्म हो जाएंगे। उनकी एकमात्र मांग है कि जन्नतुल बकी में अहले-बैत के मजारों का पुनः निर्माण हो ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी महानता को सलाम कर सकें और उनके बताए रास्ते पर चल सकें। यहां पर नगर कोतवाल संदीप राय अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन में मौलाना आसिफ नकवी, मौलाना जीशान खान, मौलाना तौसीफ़, हैदर अब्बास, एमएच खान एडवोकेट, अजादार हुसैन आदि मौजूद रहे।
अफवाहों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन सख्त: दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर छापेमारी, जनता से सीधा संवाद*
सुलतानपुर,जनपद में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। जिला पूर्ति विभाग के सभी सप्लाई इंस्पेक्टर ने सुबह 7 बजे से ही कादीपुर अखंड नगर, लंभुआ, नारायणपुर, प्यागीपुर आहट, तथा बस अड्डा क्षेत्र सहित जनपद के दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर एक साथ निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर वैभव श्रीवास्तव एवं मुबीन सिद्दीकी लगातार पेट्रोल पंपों पर मौजूद रहे और आम जनता से सीधा संवाद कर स्थिति स्पष्ट की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ईंधन स्टॉक की जांच की तथा आपूर्ति व्यवस्था को परखा। जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या दुर्व्यवहार न किया जाए तथा सभी को सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी व्यक्ति को पेट्रोल, डीजल या गैस प्राप्त करने में समस्या आती है तो वह जिला पूर्ति कार्यालय सुलतानपुर के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9120098526, 7800900041 एवं 9696282871 पर संपर्क कर सकता है। *जनता से अपील* प्रशासन ने लोगों से घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। *डीजल-पेट्रोल की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी* *अब बोतल, डिब्बे व ड्रम में ईंधन देने पर सख्ती* सुलतानपुर। जनपद में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा नए निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार अब पेट्रोल पंपों से ईंधन बोतल, डिब्बे, ड्रम या अन्य पात्रों में देने पर सख्ती बरती जाएगी। उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल केवल वाहनों में ही उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम अनावश्यक भंडारण एवं कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
योग केवल व्यायाम नहीं,वरन एक संपूर्ण जीवन पद्धति है-विक्रम सिंह

बी एड़ विभाग में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित



सुल्तानपुर। राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज के बी.एड. विभाग द्वारा पाठ्येतर प्रायोगिक गतिविधियों के अंतर्गत एक दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ से आए योग प्रशिक्षक विक्रम सिंह ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन पद्धति है जो व्यक्ति के तन, मन और आत्मा को संतुलित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. डी. के. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

योग प्रशिक्षक विक्रम सिंह द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण योगासन जैसे ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। इन योगाभ्यासों के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक लचीलापन, मानसिक शांति एवं एकाग्रता के लाभों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर शाश्वत सिंह द्वारा योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन भी किया गया, जिसे सभी ने सराहा। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. भारती सिंह ने आभार व्यक्त किया तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संतोष अंश द्वारा किया गया।

इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर शांतिलता कुमारी, डॉ. सीमा सिंह, विजय सिंह सहित बी.एड. प्रथम वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ हुआ।
सेना भर्ती कार्यालय बचाने हेतु कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लिखा अमेठी सांसद को पत्र*
यह फैसला युवाओं के हितों के है विपरीत : अभिषेक सिंह राणा* सुल्तानपुर। जिला कांग्रेस कमेटी, सुल्तानपुर ने अमेठी स्थित सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के स्थानांतरण का कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में सुल्तानपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा द्वारा अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा को पत्र लिखा गया है। पत्र में बताया गया है कि अमेठी में सेना भर्ती कार्यालय वर्ष 1988 से संचालित हो रहा है, जहां अमेठी समेत आसपास के करीब 13 जनपदों के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया होती रही है। अब इस कार्यालय को अयोध्या स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे क्षेत्रीय युवाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस ने मांग की है कि सेना भर्ती कार्यालय को अमेठी से स्थानांतरित न किया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में पहले की तरह सुविधा मिलती रहे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि यह फैसला युवाओं के हितों के विपरीत है और यदि इसे रोका नहीं गया तो क्षेत्र के हजारों अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सांसद से इस मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है। भवदीय अभिषेक सिंह राणा अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुल्तानपुर
सुल्तानपुर: पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी जेल भेजी गई
सुल्तानपुर/अमेठी: जिले की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी, जो कि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि उर्फ राजेश मसाला की पत्नी हैं, को फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने सहित अन्य आरोपों के मामले में जेल भेजा गया है।

लंबे समय से गैरहाजिर चल रही चंद्रमा देवी ने आज एसीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया और जमानत अर्जी पेश की। मगर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने जमानत खारिज कर दी, जिसके बाद वह जिला जज की अदालत में भी जमानत के लिए पेश हुईं। जिला जज ने भी उनकी अंतरिम जमानत अर्जी खारिज कर दी और उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

अधिकारियों के अनुसार, 30 मार्च को उनकी नियमित जमानत पर सुनवाई होगी।
इस मामले में स्थानीय प्रशासन और न्यायिक कार्रवाई लगातार निगरानी में हैं।
स्कूली वाहनो की फिटनेस बैद्धता होगी अनिवार्य - अल्का शुक्ला*
सड़क पर दौड़ रही स्कूली वाहनों को चिन्हित कर प्रबंधक व वाहन स्वामियों पर होगा मुकदमा दर्ज।
सुल्तानपुर,स्कूली वाहनों की फिटनेस वैद्धता समाप्त हो जाने वाले ऐसे वाहन स्वामी स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी व प्रशासन ने कडा रूख दिखाते हुए वाहनों की फिटनेस व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के लिए एक सख्त नोटिस जारी किया है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अल्का शुक्ला ने ऐसे विद्यालयों में शम्बद्ध वाहनों पर आने जाने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं के जीवन सुरक्षा को ध्यान मे रखकर ऐसे वाहन स्वामियों को सख्ती का पत्र जारी कर 130 से अधिक वाहन स्वमियों को अपना वाहन जल्द से जल्द दुरुस्त कराने को कहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अल्का शुक्ला द्वारा जारी सूची मे ऐसे अभिभावक को आगाह किया है कि वे ऐसे वाहन पर अपने बच्चों को कदापि न भेजें जिन वाहनो का फिटनेस सही नहीं है,वल्कि वे अभिभावक यह भी तहकीकात कर ले, कि वाहनो की टूटी फर्स,टूटी खिडकियां, हार्न,लाइट दुरुस्त रहे। अगर कोई वाहन स्वामी बिभाग से तत्काल गाड़ियों का फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं प्राप्त कर लेते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
साइबर ठगी में पश्चिम बंगाल के फरीद की जमानत खारिज
*जिला जज की अदालत ने 2.75 करोड़ की ठगी में नहीं दी राहत*

सुलतानपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर धोखाधड़ी करने व 2.75 करोड़ की साइबर ठगी के आरोप से जुड़े मामले में पश्चिम बंगाल के आरोपी फरीद मलिक की तरफ से प्रस्तुत जमानत अर्जी पर बुधवार को जिला जज की अदालत मे सुनवाई चली। प्रभारी जिला जज संध्या चौधरी की अदालत ने आरोपी के अपराध को समाज के लिए अत्यंत घातक व बेहद गंभीर मानते हुए उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दिया है।
कोतवाली नगर के विवेकानन्द नगर के वर्तमान व चांदा थाने के सफीपुर स्थायी निवासी भास्कर पांडेय ने गत 14 अक्टूबर को अशिका वेल्थ बिल्डर्स नेटवर्क के व्हाट्सएप ग्रुप के खिलाफ साइबर थाने में धोखाधड़ी व लाखों की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। उनके आरोप के मुताबिक साइबर ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर 10.11 लाख रुपए गत अप्रैल व मई माह में जमा कराकर उनसे ठग लिए। ठगी का शिकार होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मामला दर्ज कराया। वहीं अमेठी जिले के अभिषेक सिंह ने भी इन्हीं साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।आरोपियो का यह गिरोह कई प्रदेशों में फैला हुआ है। पुलिस की जांच में करीब 2.75 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में लोगों को लुभावनी स्कीम बताकर उन्हें अपने जाल में फंसा कर निवेश करने व बड़े स्तर पर फ्रॉड का काम आरोपी करते रहे। पुलिस ने इस गिरोह में शामिल असम राज्य के हनीफ काजी, शमसुद्दीन,सफीकुल इस्लाम व जाकिर खान एवं मुंबई के संतोष सर्वे, विजय ईश्वर पश्चिम बंगाल के फरीद मलिक को जेल भेजने की कारवाई किया था। मामले में आरोपी जाकिर खान,संतोष सर्वे, विजय इश्वर व अन्य की जमानत अर्जी पूर्व में खारिज हो चुकी है। अदालत ने आरोपी फरीद मलिक की भूमिका को अत्यंत गंभीर मानते हुए जमानत अर्जी खारिज कर दिया है।
अम्बेडकर मूर्ति तोड़ने से भड़का गांव! रातों-रात खंडित की गई प्रतिमा, लोगों में भारी आक्रोश
सुल्तानपुर। सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अकोढ़ी में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब अज्ञात बदमाशों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति को खंडित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों में गुस्सा और आक्रोश साफ नजर आया। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय निवासी सियाराम के अनुसार, अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में इस घटना को अंजाम दिया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर मूर्ति पर पड़ी तो वह खंडित अवस्था में मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि यह पार्क करीब तीन वर्ष पहले बनाया गया था, जहां यह मूर्ति स्थापित की गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
सुलतानपुर में पेट्रोल पंपों पर अराजकता! नियम ताक पर, डिब्बों में धड़ल्ले से बिक रहा पेट्रोल
सुलतानपुर। सुलतानपुर में पेट्रोल पंपों की स्थिति इन दिनों पूरी तरह बेकाबू नजर आ रही है। जिला पूर्ति अधिकारी के स्पष्ट आदेशों के बावजूद पंप संचालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हेमनापुर-वलीपुर स्थित ठाकुर राज नारायण किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर हालात सबसे ज्यादा खराब दिखाई दिए, जहां पेट्रोल और डीजल लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबी-लंबी कतारों के बीच धक्का-मुक्की और “पहले मैं” की होड़ ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जहां नियमों के तहत बोतल या डिब्बों में पेट्रोल देने पर रोक है, वहीं यहां खुलेआम कैन और डिब्बों में पेट्रोल भरा जा रहा है। मौके से सामने आए वीडियो में भी यह साफ नजर आया, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पेट्रोल पंप संचालक का बयान भी गैर-जिम्मेदाराना सामने आया। उनका कहना था कि सड़क पर गाड़ियों की भीड़ के कारण डिब्बों में पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि गाड़ियों को लेकर उन्होंने कहा कि “जब होगा तब देंगे।”
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर कोई प्रशासनिक व्यवस्था नजर नहीं आई। वलीपुर चौकी क्षेत्र में होने के बावजूद न तो पुलिस की मौजूदगी दिखी और न ही किसी तरह की भीड़ नियंत्रण व्यवस्था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्ति विभाग द्वारा पहले यह दावा किया गया था कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
लगातार बढ़ती भीड़, अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी के बीच लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
दुकान में बैठे अधेड़ की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या,हत्यारे की तलाश के लिए टीमें गठित*
सुल्तानपुर में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब दुकान में बैठे अधेड़ की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही हत्यारों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है। दरअसल ये मामला है कुड़वार थानाक्षेत्र के स्थानीय बाजार का। यही पर 55 वर्षीय माता प्रसाद पाण्डेय दुकान में बैठे हुए थे। इसी दरम्यान बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल माता प्रसाद पाण्डेय को आनन फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी अस्पताल पहुंचे। जहाँ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया,साथ ही हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई,पुलिस जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है। बताया जा रहा है मृतक माता प्रसाद पाण्डेय प्रापर्टी डीलर का कार्य करते थे। फिलहाल परिजनों द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा और कड़ी कार्यवाही किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि माता प्रसाद कुड़वार थाने के हिस्ट्रीशीटर थे और इनपर करीब आधा दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज थे, और अभी हाल में ही ये जेल से बाहर आए थे। फिलहाल पुलिस हर पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।