यात्रियों से भरी बस में लगी आग,कूदकर सभी ने बचाई जान
रायबरेली । रायबरेली में उस समय हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक बस अचानक धू-धू कर जलने लगी। घटना रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर रायपुर महेरी गांव के पास बुधवार देर रात हुई, जहां अंसार बस सर्विस की बस यात्रियों को लेकर सलोन की ओर जा रही थी।बताया जा रहा है कि बस में करीब 28 यात्री सवार थे। सफर के दौरान अचानक बस के अंदर से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।

जान बचाने के लिए लोग चलती बस से ही कूदने लगे

आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग चलती बस से ही कूदने लगे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।थाना प्रभारी राकेश चंद्रा ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।इस घटना ने एक बार फिर परिवहन व्यवस्था और बसों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खड्ड में पलटी कार, पिता-पुत्र व मामा की मौत
रायबरेली। खुशियों के सफर पर निकला एक परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। रायबरेली जिले के परशदेपुर क्षेत्र स्थित किरहीनाला गोपालपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले वह जोरदार धमाके के साथ पेड़ से टकराई और फिर उछलकर गहरे खड्ड में जा पलटी।

अंदर बैठे तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अंदर बैठे तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में पिता, पुत्र और उनके मामा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।बताया जा रहा है कि तीनों बुलंदशहर से प्रतापगढ़ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। युवक अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए बेहद उत्साहित था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़े और कार में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
संपत्ति विवरण न देने पर रायबरेली में 42 डॉक्टरों का वेतन रोका, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
रायबरेली। रायबरेली जनपद में संपत्ति विवरण प्रस्तुत न करने पर स्वास्थ्य विभाग के 42 डॉक्टरों का जनवरी माह का वेतन स्थगित कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश पर सभी चिकित्सकों को 31 जनवरी तक अपनी चल-अचल संपत्तियों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट करना था। निर्धारित समय सीमा के भीतर विवरण उपलब्ध न कराने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वेतन रोके जाने वालों में डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डॉ. कफील अहमद, डॉ. सपना, डॉ. शिखा श्रीवास्तव समेत कुल 42 चिकित्सक शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, जब तक संबंधित अधिकारी व चिकित्सक पोर्टल पर अपनी संपत्ति का ब्यौरा अपडेट नहीं करेंगे, तब तक उनका वेतन जारी नहीं किया जाएगा।

सीएमओ के इस सख्त कदम के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है और संबंधित चिकित्सक जल्द से जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गए हैं।
भंडारे से लौट रहीं 7 बेटियों को कार ने रौंदा, गंगा एक्सप्रेसवे पर 4 की मौत
रायबरेली। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि तीन किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहीं सात युवतियों व किशोरियों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और जिला अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार जगतपुर क्षेत्र के कोडर गांव निवासी शालिनी (20), उसकी बहन साधना (15), भदोखर क्षेत्र के अलीगंज निवासी हिमांशी (22), रश्मि (15), आसमां (18) सहित सात युवतियां और किशोरियां रविवार को चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते पैदल ही अपने गांव लौट रही थीं।
शाम करीब सात बजे एक्सप्रेसवे से गुजर रही एक कार ने सभी को कुचल दिया। सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सीएचसी जगतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शालिनी और हिमांशी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्य युवतियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान आसमां और रश्मि ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने तुरंत चिकित्सकों की टीम को अलर्ट किया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार और कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह भी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कुछ देर बाद जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। इमरजेंसी वार्ड में भारी भीड़ के कारण अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

इस हादसे ने कई परिवारों को तोड़कर रख दिया। कोडर गांव निवासी जंग बहादुर की एक बेटी हिमांशी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी साधना जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पिता जंग बहादुर अस्पताल में बदहवास होकर अपनी बेटी की जान बचाने की गुहार लगाते नजर आए। वहीं रमणेश की दोनों बेटियां रिया पटेल और प्रिया पटेल भी हादसे में घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है।

आज किया जाएगा अंतिम संस्कार

जिलाधिकारी के निर्देश पर रात में ही सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। कोडर गांव निवासी आसमां, हिमांशी, शालिनी और रश्मि के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। सोमवार को गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है। एक्सप्रेसवे पर पैदल चलना प्रतिबंधित है, इसके बावजूद युवतियां वहां कैसे पहुंचीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, सोलर प्लांट का किया उद्घाटन, नेता जी की प्रतिमा का किया अनावरण-दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर हैं राहुल गांधी

रायबरेली। सांसद राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। राहुल का जिले की सीमा पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी ने सबसे पहले कुन्दनगंज स्तिथ विशाखा इंड्रस्टीज में सोलर रूफ़ टॉप प्लांट व इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का उद्धघाटन किया। उन्होंने फैक्ट्री का भी भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया।

राहुल ने मीडिया से अभी तक पूरी तरह दूरी बनाए रखी

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि राहुल ने मीडिया से अभी तक पूरी तरह दूरी बनाए रखी है। इसके बाद राहुल गांधी कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा बैठक में भाग लेनें के लिए रवाना हो गए। वह आज ही रेल कोच फैक्ट्री, लालगंज का भी भ्रमण करेंगे। डलमऊ के मुराई बाग में सरेनी विधानसभा के कांग्रेस बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक करके उनसे संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

इंडो-रसियन रायफल्स कोरवा में भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे

30 अप्रैल को राहुल भुएमऊ गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं व आम जनता के साथ मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद अमेठी में गन फैक्ट्री एवं इंडो-रसियन रायफल्स कोरवा में भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे। मुंशीगंज के संजय गांधी अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी के ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन एवं इन्दिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज का भ्रमण के बाद लखनऊ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।राहुल के दौरे को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सांसद राहुल गांधी के दौरे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

दिहाड़ी मजदूर की ईंट से कूंचकर हत्या,ग्रामीणों में आक्रोश

रायबरेली। दिहाड़ी मजदूर की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई और एक दुकान के सामने फेंक कर हत्यारे फरार हो गए। बुधवार सुबह को लोगों ने देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पास चाकू भी बरामद किया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया।

सलोन थाना क्षेत्र के उमरन गांव निवासी रामखेलावन (50) पुत्र बदलू गांव में ही रहकर मजदूरी करते थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार की शाम वह गेहूं की सिंचाई कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले फिर वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह उमरन बाजार में एक दुकान के सामने उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव खून से सना था,सिर पर ईंट से कई वार किए गए थे। शव के ऊपर एक चाकू भी रखा मिला। जानकारी होने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी लेकिन घटना से नाराज ग्रामीणों ने सलोन - ऊंचाहार मार्ग पर जाम लगा दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या की घटनाओं में कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। सलोन के पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि हत्या की सूचना मिली है। हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।

जिले की लाइफ लाइन जानी जाने वाली आईटीआई के अस्तित्व पर संकट

रायबरेली। शहर और जिले की लाइफ लाइन मानी जाने वाली आईटीआई अब अपने अस्तित्व के संकट से ही जूझ रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लोकसभा में पूछे गए सवाल से आईटीआई का कड़वा सच सामने आया है।हर साल हजारों करोड़ रुपए के टर्नओवर वाली इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज की रायबरेली इकाई इस वित्त वर्ष में केवल 20 करोड़ रुपए का ही व्यापार कर पाई है। 51 साल पहले सार्वजनिक क्षेत्र में स्थापित हुई इस फैक्ट्री में अब तीन प्रतिशत ही स्थाई कर्मचारी बचे हैं। फैक्ट्री को केंद्र सरकार से न पर्याप्त आर्डर मिल रहे हैं और न रिवाइवल पैकेज ही मिल रहा है। आईटीआई की रायबरेली इकाई को वित्तीय सहायता के 300 करोड़ रुपए मिलने का आज भी इंतजार है।

आईटीआई की इस बदहाली का खुलासा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लोकसभा में पूछे गए सवाल पर सरकार द्वारा दिए गए जवाब से हुआ है। एक समय इस फैक्ट्री में 7000 स्थाई कर्मचारी हुआ करते थे। सांसद राहुल गांधी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार ने बताया है कि आईटीआई की रायबरेली इकाई में वर्तमान में 322 कर्मचारी ही कार्यरत है। इसमें 173 स्थाई, 68 संविदा कर्मी और 83 अनौपचारिक कर्मचारी काम कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार से लोकसभा में पूछा कि कर्मचारियों को समय से वेतन प्रदान करने के लिए क्या उपाय किए गए हैं? के जवाब में सरकार ने बताया है कि कर्मचारियों को समय से वेतन दिलाने के लिए जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। अब तक 4456 करोड़ रुपए की विधि सहायता को मंजूरी दी गई है। विभिन्न बातों में 4157 करोड़ रुपए अवमुक्त किये जा चुके हैं। इस धनराशि का भी आधे से अधिक हिस्सा बकाए और वेतन में खर्च हो गया। सरकार के जवाब से ही सामने आया है कि वित्तीय सहायता के करीब 300 करोड़ रुपए अभी भी बाकी हैं। केंद्र सरकार वित्तीय सहायता की इस धनराशि को रिलीज करने में रुचि नहीं ले रही है।

1973 में स्थापित हुई थी आईटीआई की रायबरेली यूनिट

6 अक्तूबर 1973 को अपने प्रधानमंत्रितत्व काल में स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी ने सार्वजनिक क्षेत्र की आईटीआई की रायबरेली इकाई स्थापित कराई थी। प्रारंभ में यहां बेसिक फोन के एक्सचेंज के लिए क्रॉस बार यूनिट का उत्पादन होता था समय बदलने के साथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सी डॉट का उत्पादन शुरू हुआ इस समय सी और रेलवे के लिए आईटीआई में ओएफसी केबल का उत्पादन हो रहा है। इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज की पालघाट, मनकापुर (गोंडा), रायबरेली, बेंगलुरु, नैनी (प्रयागराज) और जम्मू में स्थापित हैं।

सोनिया गांधी ने दिलाया था 8000 करोड़ का रिवाइवल पैकेज

यूपीए शासनकाल में संसद के रूप में सोनिया गांधी ने 2009-10 में करीब 8000 करोड़ का रिवाइवल पैकेज आईटीआई की रायबरेली इकाई के लिए उपलब्ध कराया था। इस धनराशि का अधिकतर हिस्सा कर्मचारियों के वेतन और बकाया में ही खर्च हो गया था इसी से फैक्ट्री नई बाजार के हिसाब से अपडेट नहीं हो पाई।

*खंड शिक्षा अधिकारी पर लगाया पैसे मांगने का आरोप, सहायक लेखाकार ने बीएसए से की शिकायत*

रायबरेली- खण्ड शिक्षा अधिकारी के उत्पीड़न पर एक सहायक लेखाकार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। डलमऊ बीआरसी में तैनात सहायक अनन्त प्रकाश तिवारी ने शनिवार को बी एस ए को दिए पत्र में बताया कि वह निष्ठा और ईमानदारी से नवम्बर 2011 से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहा है। वर्तमान में खण्ड शिक्षा अधिकारी डलमऊ नन्द लाल रजक की कार्य शैली से प्रार्थी मानसिक रूप से परेशान है।

आरोप है कि विभागीय प्रशिक्षण आदि सहित अन्य मदों में इनके द्वारा कहा जाता है कि मेरे लिए भी कमीशन की व्यवस्था करो। पहले अपने पास से पैसा लगाकर प्रशिक्षण कराओ और भुगतान करते समय हमारे लिए भी पैसे की व्यवस्था करो। प्रार्थी चूंकि ऐसा करने से डरता है इसलिए असमर्थता जताने पर उन्होंने कहा है कि नौकरी चली जायेगी, तो वह कहते हैं कि यदि मेरे हिसाब से नहीं चलोगे तो नौकरी वैसे भी नहीं कर पाओगे।

यह पत्र देकर पीड़ित ने बी एस ए से न्याय की गुहार लगाई है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ल ने बताया कि इस तरह के आरोप उन खंड शिक्षा अधिकारी पर पहले भी लग चुके हैं उन्होंने एक शिक्षक से भी पैसे मांगे थे।

दवा व्यवसाई के द्वारा मीडिया कर्मियों पर आरोप लगाने पर लामबंद हुए जिले के पत्रकार

रायबरेली। दवा व्यवसाई के मीडिया पर आरोप लगाने से नाराज पत्रकारों ने एक निजी होटल में गोष्ठी की। जिले के सभी पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि इस तरह के आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। वरिष्ठ पत्रकार गौरव अवस्थी ने कहा यह कलम को दबाने का प्रयास है जो संभव नहीं है जो भी तथ्य हैं वह सामने रखे जाए यदि पत्रकार गलत है तो उस पर मुकदमा हो लेकिन यदि व्यवसाई गलत हो तो उस पर उसी धारा में मामला दर्ज हो।

पत्रकार ओम प्रकाश मिश्र ने कहा इस तरह मीडिया की आवाज को कोई दबा नहीं सकता सभी साथी इसका एक स्वर में विरोध करेंगे। पत्रकार अनुज अवस्थी ने कहा पत्रकारों पर इस तरह आरोप लगाने से पहले उससे जुड़े तथ्य और सबूत अपने पास रख लें नहीं तो आगे की करवाई के लिए तैयार रहें।कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर शहर के मिल एरिया थाना निवासी एक मेडिकल व्यवसायी का वीडियो वायरल हुआ था वह व्यवसाई पांच सौ की करेंसी नोटों के कई बंडल एक कार्टून में रखते हुए दिख रहे थे।

इतनी अधिक धनराशि का वीडियो वायरल की खबर मीडिया में चली और अखबारों में प्रकाशित हुई। खबरों के चलने के बाद सदर पुलिस उपाधीक्षक अमित सिंह ने मामले की जाँच की बात भी कही। इधर खबर चलने से नाराज दवा व्यवसायी ने मीडिया की आवाज को दबाने के लिए एक वरिष्ठ पत्रकार रोहित मिश्रा सहित मीडिया के खिलाफ अनर्गल व तथ्यहीन आरोप सार्वजनिक रुप से लगाए इस पर नाराज पत्रकारों ने एक निजी होटल में गोष्ठी की और इसका विरोध जताया। व्यवसायी द्वारा किये गए इस कृत्य से जिले के सभी पत्रकार लामबंद हो गए हैं। सभी का कहना है कि या तो व्यवसाई आरोप सिद्ध करे नहीं तो सार्वजनिक रुप से माफी मांगे इस तरह के आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

इस मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रेम नारायण द्विवेदी, मीडिया क्लब के अध्यक्ष अजीत सिंह , अखिल भारतीय प्रेस संगठन के अध्यक्ष पंकज सिंह, संजय मौर्य,शिव प्रसाद यादव, दुर्गेश मिश्र,आरपी सिंह, शैलेन्द्र सिंह, संजय सिंह,धीरज श्रीवास्तव,चांद खान, अनुभव स्वरूप यादव, हिमांशू श्रीवास्तव, नरेंद्र सिंह, धर्मेश त्रिवेदी,वैभब बाजपेई, मनीष अवस्थी, इंद्रवीर सिंह ,बबलू अंगारा आदित्य बाजपेई, केशवानंद ,अखिल श्रीवास्तव ,नरेंद्र पांडेय,राहुल मिश्र, शिवम त्रिवेदी,अनुभव शुक्ला इंनू, बबलू, बाबा, आदि पत्रकार साथी मौजूद रहे।

जिले के उच्च अधिकारियों से मिले पत्रकार

रायबरेली। जिले की पत्रकारिता पर दाग लगाने की कोशिश करने वाले दवा व्यवसाई से नाराज पत्रकार गोष्ठी का बाद पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह और जिला अधिकारी हर्षिता माथुर से मिलने पहुंचे। जिले के उच्चाधिकारियों ने मामले को लेकर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब पत्रकार माने। मौके पर जिले के सभी बुजुर्ग और युवा पत्रकार साथी मौजूद रहे।

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 1 अभियुक्त गिरफ्तार

रमेश दुबे संत कबीर नगर।चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 1 अभियुक्त को महुली पुलिस ने किया गिरफ्तार।

पुलिस अधीक्षक जनपद संतकबीरनगर सत्यजीत गुप्ता के निर्देशन में व अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में व क्षेत्राधिकारी धनघटा अजय सिंह के नेतृत्व में जनपद संतकबीरनगर मे अपराध एवं अपराधियो के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के दौरान जनपद में चोरी जैसी घटनाओं के सफल अनावरण हेतु थानाध्यक्ष महुली श्याम मोहन द्वारा गठित टीम द्वारा मु0अ0सं0 440/2024 धारा 303(2) बीएनएस थाना महुली से सम्बन्धित अभियुक्त रोहित मद्धेशिया ऊर्फ दुर्लभ पुत्र मनिराम निवासी कुरसुरी थाना महुली जनपद संतकबीरनगर को 01 अदद मोटर साईकिल के साथ कुरसुरी चौराहा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया । 

विदित हो कि वादी द्वारा दिनांक 01.12.2024 को थाना महुली पर अपनी मोटर साईकिल दिनांक 29.11.2024 को दिन में मुखलिसपुर बाजार से दो पहिया वाहन संख्या UP58AC 1656 गायब होने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया था । थाना महुली द्वारा प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर घटना का सफल अनावरण करते हुए उक्त अभियुक्तगण को आज दिनांक 01.12.2024 को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया । 

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण¬–

रोहित मद्धेशिया ऊर्फ दुर्लभ पुत्र मनिराम निवासी कुरसुरी थाना महुली जनपद संतकबीरनगर 

बरामदगी का विवरण¬– 01 अदद मोटर साईकिल UP58AC 1656 ।

गिरफ्तार करने वाले पुलिस बल का विवरण -* उ0नि0 विरेन्द्र मिश्रा, उ0नि0 रामपाल तिवारी हे0का0 जुबेर अली, का0 अमरजीत यादव ।