ऊपरी सेतु निर्माण से बदला त्रिकोण पथ, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम के त्रिकोण पथ पर स्थित शिवपुर क्षेत्र में राष्ट्रवादी मंच की चौपाल आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने उपरगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। लोगों का कहना है कि सेतु निर्माण के कारण धाम का प्राचीन त्रिकोण पथ प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
चौपाल में मौजूद लोगों ने बताया कि मार्ग बदल जाने से अति प्राचीन रामेश्वरम मंदिर, तारा मंदिर, बालिका विद्यालय तथा स्थानीय बाजार तक आने-जाने में लोगों को परेशानी हो रही है। इससे क्षेत्र के बाजार के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है।राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि जब समाज के लोग एक साथ बैठकर विचार-विमर्श करेंगे, तभी समस्याओं का समाधान निकल सकेगा। उन्होंने कहा कि ममता और समता के आधार पर समाज को एकजुट करने की आवश्यकता है। समाज में जो विभाजन की स्थिति बनी हुई है उसे समाप्त करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रश्न अनेक हैं, लेकिन समाधान एक है—आपसी संवाद और एकजुटता। समस्याओं के समाधान के लिए निष्काम भाव से बैठकर विचार करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित की उपेक्षा करने वालों को सबक सिखाने के लिए समाज का एकजुट होना आवश्यक है और विकास के नाम पर विनाश किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।स्थानीय नागरिकों ने शिवपुर रेलवे फाटक बंद होने और ऊपरी सेतु निर्माण के दौरान सीढ़ियों की व्यवस्था न किए जाने पर भी आश्चर्य जताया। लोगों का कहना है कि यदि सेतु पर सीढ़ियां बना दी जातीं तो प्राचीन त्रिकोण पथ का मार्ग भी सुगम हो जाता, बाजार के अस्तित्व पर संकट नहीं आता और विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी नहीं होती।
चौपाल में मौजूद लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।जय कुमार वर्मा, अमरदीप वर्मा , राजन गुप्ता , पुजारी अनिल द्विवेदी , एडवकेट संजय गोस्वामी, चंद्रभान सिंह, प्रहलाद शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा,जगन्नाथ श्रीवास्तव , संजय कुमार बनवाशी, श्याम कुमार गुप्ता, तौलन प्रसाद गुप्ता,छेदी लाल, बसंत लाल, रामेश्वर गुप्ता
2 hours and 52 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k