सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर की प्रवेश परीक्षा में उमड़ा जनसैलाब
**छात्रों के मध्य कक्षा 6 ,9 एवं 11 में प्रवेश पाने की प्रतिस्पर्धा*

*अत्याधुनिक आवासीय विद्यालय की सुविधा एवं उत्तम शैक्षिक परिवेश प्रदान करने से समाज में विद्यालय की प्रतिष्ठा बढी*
                      - राकेश मणि त्रिपाठी प्रधानाचार्य

जनपद मुख्यालय पर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानन्द नगर ज्ञान कुंज सुल्तानपुर में सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु कक्षा 6 , 9 और 11 में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। प्रवेश परीक्षा में केवल सुलतानपुर ही नहीं अपितु, आस-पास के कई जनपदों के छात्रों ने भी भागीदारी की। पूर्व में निर्धारित समय प्रातः 10 बजे से दो घंटे पूर्व ही विद्यालय की ओर आने वाले मार्गों पर छात्रो का हुजूम उमड़ने लगा। प्रवेश द्वार खुलते ही छात्रों एवं अभिभावकों की भीड़ अथाह सागर की लहरों की भांति उमड़ पड़ी।विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह संगठन मंत्री डॉ राममनोहर जी,बाल कल्याण समिति सुल्तानपुर अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग के सदस्य डॉ विनोद कुमार सिंह, अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल , मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर विद्यालय प्रबंधक डाक्टर पवन कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रवेश परीक्षा देने आए छात्रों एवं उनके अभिभावकों की अगवानी की गई।शंखध्वनि एवं मंत्रोच्चार के साथ पुष्प वर्षा कर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। हाथों में पुष्पों से भरी थाली लेकर पंक्ति बद्ध खड़े आचार्य बन्धु भगिनी छात्रों का स्वागत करने में  तत्पर दिखाई दिए , मानों भक्त भगवान की आराधना में तल्लीन हो।अपने पाल्य के साथ परीक्षा दिलाने आए हुए अभिभावक इस अपार स्वागत से भावाभिभूत दिखाई दिए। क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ राममनोहर जी ने कहा कि संयोगवश यह नवरात्र काल  की  पावन बेला है। और सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर पर  विद्या की देवी मां सरस्वती  साक्षात् कृपा वर्षा कर रही हैं। समाज में विद्या भारती के विद्यालयों की संस्कार एवं संस्कृति से जुड़ी व्यवस्था में पूर्ण आस्था है।

प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी जी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा  निष्पक्ष एवं शुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न हो ,इसके लिए सारी व्यवस्था चाक चौबंद है। छात्रों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो,इस बात का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इस बार की परीक्षा में अन्य वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में छात्र भाग ले रहे हैं। यह विद्यालय की समाज में निरंतर बढ़ रही लोकप्रियता का प्रमाण है। अत्याधुनिक आवासीय विद्यालय की सुविधा एवं उत्तम शैक्षिक परिवेश प्रदान करने से समाज में विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अधिकारियों द्वारा प्रवेश परीक्षा का निरीक्षण भी किया गया।

विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य रमेश मिश्र एवं वरिष्ठ आचार्या श्रीमती रंजना पाण्डेय के नेतृत्व में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रवेश परीक्षा में परीक्षा प्रभारी राकेश सिंह , गिरीश दूबे , अनिल कुमार पाण्डेय,शरद श्रीवास्तव,सरिता त्रिपाठी, द्वारिका नाथ पाण्डेय, शिवजी राय,कौशलेन्द्र त्रिपाठी प्रतिभा मिश्रा, श्रद्धा सिंह,सुधा सिंह और शशी द्विवेदी सहित सभी आचार्य बन्धु भगिनी ने अपना अप्रतिम सहयोग प्रदान किया।
गोमती मित्रों का संदेश रखें याद,ना करें जल को बर्बाद

सुल्तानपुर :-गोमती मित्र मंडल ने 22 मार्च के साप्ताहिक श्रमदान को विश्व जल दिवस के मौके पर "जल बचाओ-जीवन बचाओ" के संदेश के साथ संपन्न किया,प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कहा कि गोमती मित्रों का नदी संरक्षण का कार्यक्रम जल संरक्षण के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी प्रयास है और इसमें सभी को अपनी भूमिका अदा करनी होगी, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अजीत शर्मा ने कहा कि अब नारों से काम नहीं चलेगा पानी की बर्बादी रोकनी ही होगी।

श्रमदान में सहयोग के लिये कृष्ण मोहन जी संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि काशी प्रान्त,उमाशंकर जिला संयोजक,केशव प्रसाद सिंह सह जिला संयोजक व पवन मिश्र सदस्य पर्यावरण संरक्षण गतिविधि सुलतानपुर उपस्थित हुए और गोमती मित्रों से इस क्षेत्र में और सशक्त प्रयास करने का निवेदन किया,प्रातः 6:00 बजे से शुरू हुआ श्रमदान 9:00 बजे पूरे परिसर को साफ करने के बाद समाप्त किया गया ।

जिसमें विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन,मीडिया प्रभारी रमेश माहेश्वरी,राजेश पाठक,रामू सोनी,अजीत शर्मा,डॅा.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,आलोक तिवारी,सौरभ कसौंधन,जयनाथ यादव,अजय प्रताप सिंह,आयूष सोनी,अर्जुन यादव,अभय मिश्र,अभय सोनी,अरुण अग्रहरि, आदि उपस्थित रहे।
सुल्तानपुर में अकीदत के साथ मनाई गई, ईद-उल-फितर, अमन-चैन की मांगी गई दुआएं

सुल्तानपुर,जिले में मुसलमानों ने अकीदत और हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया। शनिवार को पूरे जनपद के लगभग 150 ईदगाहों और करीब 2100 मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। हर तरफ अमन और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
ईद की नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं। शहर के प्रमुख ईदगाह में मौलाना अब्दुल लतीफ ने सुबह 9:00 बजे नमाज अदा कराई। मरकज मस्जिद में मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी ने 8:30 बजे नमाज पढ़ाई, जबकि जामिया इस्लामिया मदरसा में मौलाना मुहम्मद उसामा कासमी ने सुबह 8:00 बजे नमाज अदा कराई।
इसके अलावा बीवियां मस्जिद में मौलाना कसीम कासमी ने 8:30 बजे, सेनानी बिहार मस्जिद में मौलाना इजहार ने 7:45 बजे तथा झलियावा और करौंदिया यादनगर मस्जिद में सुबह 8:00 बजे नमाज अदा कराई। इस्लाम ईदगाह में मौलाना मकबूल कासमी ने 7:30 बजे और धाराएं ईदगाह में मौलाना तुफैल कासमी ने 8:00 बजे नमाज पढ़ाई।
जिले के इसौली, कुड़वार, अलीगंज, हसनपुर, बंधुआ कला, दोस्तपुर, कादीपुर, लंभुआ और कूरेभार समेत अन्य क्षेत्रों में भी ईद-उल-फितर का त्योहार शांति और उल्लास के साथ मनाया गया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर समाजसेवी मेराज अहमद खान और शिक्षक नेता निजाम खान ने भी लोगों से मिलकर ईद की बधाई दी।
किसान के पुत्र ने आईआईटी जैम की परीक्षा पूरे देश में 1051 रैंक हासिल कर नाम किया रोशन
सुल्तानपुर,किसान के पुत्र ने आईआईटी जैम की परीक्षा पूरे देश में 1051 रैंक हासिल कर नाम रोशन किया है।जिले के होनहार शिवम शर्मा शहर के एक सिविल लाइन स्थित ड्रीम विजन एकेडमी कोचिंग से पढ़ाई कर सफलता हांसिल की है।उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता और अध्यापक डॉ जितेंद्र कुमार यादव को दिया है।शिवम शर्मा ने अपनी प्रारंभिक परीक्षा सीएल इंटरमीडिएट कॉलेज से की है।उन्होंने बताया कि उनका सपना जेआरएफ के एग्जाम को क्रैक कर एक अच्छा रिसर्चर बनना है।मोतिगरपुर ब्लॉक के उघरपुर भटपुरा ढेमा के निवासी शिवम ने बताया कि उनके पिता यज्ञ नारायण शर्मा एक साधारण किसान हैं।ड्रीम विजन एकेडमी के निदेशक योगेश यादव ने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
*भव्य आयोजन के साथ मनाया गया भारतीय हिंदू नववर्ष, चौक घंटाघर पर उमड़ा जनसैलाब*
सुलतानपुर,अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में 19 मार्च 2026 को चैत्र प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के अवसर पर भारतीय हिंदू नववर्ष का भव्य आयोजन शहर के हृदय स्थल चौक घंटाघर पर बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय व क्षेत्रीय प्रभारी अवध क्षेत्र अमर बहादुर सिंह के दिशा-निर्देशन एवं जिला प्रभारी प्रवीन्द्र भालोटिया के नेतृत्व में किया गया। जिलाध्यक्ष विजय प्रधान, जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री सरदार तेजिन्दर सिंह ने सह-संयोजक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में जिला, नगर एवं युवा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने तन-मन-धन से सहयोग किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री संदीप बंसल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल एवं राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल शामिल रहे। सभी अतिथियों ने भारतीय संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक राजवीर श्रीवास्तव की प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपने भजनों से उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित झांकियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना रहा, जिसे कार्यक्रम के माध्यम से सफलतापूर्वक साकार किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक रंगों की अद्भुत झलक देखने को मिली।
गोसाईं बाबा बालिका इंटर कॉलेज गोपालपुर भदैंया में आयोजन किया गया*
सुल्तानपुर,सामाजिक वानिकी वन प्रभाग सुल्तानपुर द्वारा विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर गोसाईं बाबा बालिका इंटर कॉलेज गोपालपुर भदैंया में आयोजन किया गया। पूर्व में हुई चित्र कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वर्षा, द्वितीय पलक पाण्डेय और तृतीय स्थान पर अन्याय तिवारी रही। सभी को शील्ड और मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि कृष्ण प्रकाश दर्जी पर्यावरण निदेशालय रहे उन्होंने बताया कि वन विभाग उत्तर प्रदेश थीम पर छोटे पक्षियों को बचाना अपने भविष्य को बचाना है। गौरैया केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि हमारे पर्यावरण का अभिन्न हिस्सा है। इस मौके पर अतुल कुमार सिंह उप क्षेत्रीय वनाधिकारी ने बताया कि भारत में गौरैया सिर्फ पक्षी नहीं, बल्कि संस्कृति का हिस्सा हैं। हिंदी में ‘गोरैया’, तमिल में ‘कुरुवी’, और उर्दू में ‘चिर्या’ कहलाती हैं। पीढ़ियों से ये घरों में खुशियां बिखेरती आई हैं, लेकिन गौरैया की संख्या चिंताजनक तरीके से घट रही है। हम सभी को संकल्प लेना होगा पक्षियों के लिए जलपत्र और घोंसले का प्रबंध करना चाहिए। कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ सौरभ मिश्र विनम्र के द्वारा गौरैया आओ मेरे देश अभियान और पर्यावरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए वन विभाग सुल्तानपुर के द्वारा सम्मानित किया गया है। इस मौके पर दर्जनों घोंसले का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अनुराग पांडेय, कृष्णावती पांडेय, ममता सिंह, निशा चौरसिया, ज्ञान सिंह वन रक्षक, बृजेंद्र मिश्र सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
दियारा बाजार गोमती तट से मोतीगरपुर होते हुए पाण्डेय बाबा तक भव्य एवं विराट शोभा यात्रा का आयोजन*
सुल्तानपुर,हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर लक्ष्य सेवा समर्पण फाउंडेशन के द्वारा दियारा बाजार गोमती तट से मोतीगरपुर होते हुए पाण्डेय बाबा तक भव्य एवं विराट शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा कि अगुवाई अनमोल अग्रहरि लक्ष्य सेवा समर्पण फाउंडेशन के अध्यक्ष ने किया और उन्होंने बताया कि धार्मिक झांकियों, भगवा ध्वज, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शोभा यात्रा निकाली गई,जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं उत्सवमय वातावरण का संचार रहा। मान्यता है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन भगवान ब्रह्मा ने ब्रह्मांड का निर्माण शुरू किया था। वही मौजूद दीपांकर बरनवाल ने बताया कि ऋतु परिवर्तन: यह वसंत ऋतु का आगमन और सर्दियों का अंत होता है। इस समय प्रकृति में नए पत्ते और फूल आते हैं, जो नव-निर्माण को दर्शाता है।विक्रम संवत की शुरुआत: पौराणिक कथाओं के अनुसार, सम्राट विक्रमादित्य ने इसी दिन शकों को परास्त कर भारतीय राष्ट्र को स्वतंत्रता दिलाई थी। वहीं डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र ने बताया कि हिंदू नव वर्ष इसका सबसे सुंदर उदाहरण है. एक ही समय पर पूरे देश में नया साल शुरू होता है, लेकिन अलग अलग राज्यों में इसे अलग नामों से मनाया जाता है। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और जगह-जगह पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बजरंग दल के विभाग संयोजक गौरव पाण्डेय, जिला संयोजक प्रांजल सिंह, यशदीप ठठेर, बृजेश, उत्तम, दीपांकर बरनवाल, मृणाल, गौरव, कुशाग्र बरनवाल, पप्पू सिंह, संजय तिवारी, सत्यम सिंह, राज कमल, शिवम,दीपक अग्रहरि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहें पूरी यात्रा के दौरान जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंजता रहा और क्षेत्र में भक्ति व उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
युवा प्रतिभाओं को मिला सम्मान,पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बढ़ाया अर्पित निषाद का हौसला*
सुल्तानपुर,समाजवादी विचारधारा के प्रमुख नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर युवा खिलाड़ियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। उनके निर्देश पर समाजवादी युवजनसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमनाथ बिन्द द्वारा होनहार खिलाड़ी अर्पित निषाद, उनके कोच शुभम धुरिया तथा उनके परिवार (माता एवं चाचा) को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह लखनऊ में आयोजित किया गया,जहाँ सभी को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अर्पित निषाद को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु 51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई,जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया। कोच शुभम धुरिया ने जानकारी दी कि अर्पित निषाद ने 31 जनवरी,1 व 2 फरवरी 2026 को सुल्तानपुर के पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप में जूनियर वर्ग (51 किलोग्राम भार वर्ग, बॉक्सिंग) में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। अब वे 24, 25 व 26 अप्रैल 2026 को बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित होने वाली एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अर्पित निषाद ने बताया कि वे सुल्तानपुर के मुंशी प्रेमचंद पार्क, इंडियन ड्रैगन फाइटर मार्शल आर्ट अकैडमी तथा सुल्तानपुर आर्म बॉक्सिंग अकैडमी में कोच शुभम धुरिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे भारत के लिए पदक जीतकर लौटेंगे। इस अवसर पर आर्म बॉक्सिंग के डायरेक्टर नसरुद्दीन सर ने खिलाड़ियों और कोच को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में कई देशों की टीमें भाग लेंगी और भारतीय खिलाड़ी निश्चित रूप से देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने अर्पित निषाद से उनके प्रशिक्षण और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ओमनाथ बिन्द ने कहा कि यदि अर्पित निषाद भारत के लिए पदक जीतकर लौटते हैं, तो समाजवादी पार्टी की ओर से उनका भव्य स्वागत और सम्मान समारोह किया जाएगा। यह पहल अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
चांद दिखाई न देने के कारण एक रोज़ा और रखना होगा,चांद अलविदा की नमाज़ कल,ईद शनिवार को मनाई जाएगा*
सुल्तानपुर,जामिया इस्लामिया खैराबाद के नाजिम-ए-आला एवं मरकज़ मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी ने जानकारी दी कि 29 रमज़ान को ईद का चांद देखने की कोशिश की गई,लेकिन चांद नजर नहीं आया। उन्होंने बताया कि चांद दिखाई न देने के कारण मुसलमानों को एक रोज़ा और रखना होगा। अब शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। मौलाना ने लोगों से अपील की कि वे रमज़ान के आखिरी रोज़े को पूरे एहतराम के साथ रखें और ईद की तैयारियों में आपसी भाईचारे व सौहार्द को बनाए रखें।
भारतीय नववर्ष के पावन अवसर पर कवि सम्मेलन, सनातन संदेश से गूंजा सभागार,स्वामी के संबोधन ने बढ़ाई सम्मेलन की शोभा*
सुल्तानपुर,चैत्र नवरात्र एवं भारतीय नववर्ष के पावन पर्व पर पं.रामनरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऐतिहासिक मनाया गया। 17वर्षो से लगातार आयोजित वर्ष 2008 से हो रहा यह कवि सम्मेलन इस बार हजारों श्रोताओं की उपस्थिति से पूरी तरह खचा- खच भरा रहा सभागार। दूर-दराज से आए लोगों ने देश के नामचीन कवियों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और पूरे समय सभागार तालियों की गूंज से सराबोर रहा। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने सनातन धर्म की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारा सनातन धर्म केवल आस्था का विषय नहीं,बल्कि यह हमारी संस्कृति-परंपरा और जीवनशैली का आधार है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम न केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं,बल्कि नई पीढ़ी को भी उससे जोड़ने का कार्य करते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि कवि सम्मेलन जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और भारतीय नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र जैसे पावन अवसरों पर इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं,उन्होंने सभी कहा कि हमारा प्रयास है सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों को आगे बढ़ाना,ऐसे भव्य आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया और सभी उपस्थित भक्तजनों का आभार व्यक्त किया। विशेष अतिथि स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती ने अपने संबोधन कहा कि “लिखकर रख लीजिए,मैं यह बात जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूँ। आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह कोई नई बात नहीं है,बल्कि पहले भी कई मंचों पर इस विषय पर चर्चा हो चुकी है।”वर्तमान परिस्थितियां संघर्ष जैसी स्थितियों की ओर संकेत कर रही हैं और यह आसानी से रुकने वाली नहीं हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा पिछले चार महीनों में देशभर का दौरा किया और हालात को करीब से देखा हूँ। श्री स्वामी जी ने कहाकि दुनिया की अर्थव्यवस्था कई बड़े कारकों पर आधारित है,जिनमें हथियार और अवैध गतिविधियों से जुड़ी व्यवस्था भी शामिल है। उनका मानना है कि जब तक हथियारों का निर्माण जारी रहेगा,तब तक संघर्ष की स्थितियां बनी रह सकती हैं। साथ ही उन्होंने कहाकि भारत की सांस्कृतिक शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि मंदिरों और त्योहारों के माध्यम से देश में एक मजबूत सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था संचालित होती है। काशी और अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी संख्या इसका उदाहरण है।