वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने गोकशी की घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च को फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया स्थित कुंवर नदी में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले की जांच चल रही थी। इसी क्रम में गुरुवार तड़के करीब 2:15 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम मुडियार में शाहिदा सुल्ताना स्कूल के पास पुलिया के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना फूलपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों के दोबारा फायर करने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आमिर (22), साकिब (26) और युसुफ (19) निवासी ग्राम कौड़िया थाना फूलपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी आमिर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो चापड़ और दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनियोजित तरीके से गोवंश को पकड़कर सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करते थे और मांस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। वध के बाद बचे अवशेषों को नदी-नालों में फेंककर या जमीन में गाड़कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ फूलपुर थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं सहित गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना फूलपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
फूलपुर पुलिस और बदमाशों के बीच मुंडियार के पास मुठभेड़ हुई थी। एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। दो बदमाशों को पुलिस के दौड़ाकर पकड़ लिया है। घायल को उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा गया। पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
किरन पाल सिंह, सीओ फूलपुर।
1 hour and 54 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1