बहसूमा : घर में घुसकर मारपीट व अभद्रता का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
मेरठ।बहसुमा। जनपद के थाना बहसूमा क्षेत्र में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना बहसूमा में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता  अनीता पत्नी बालकिशन, निवासी सदरपुर कस्बा बहसूमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उसके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी जबरन घर में घुस आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों को भी धक्का-मुक्की कर घायल कर दिया तथा घर का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लाठी डंडों से दरवाजा तोड़ दिया और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
महिला ने बताया कि घटना से उसका परिवार भयभीत है और आरोपियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह  का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा भी दिया है।
निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में उमड़े किसान, सैकड़ों ने कराई जांच
मेरठ। बहसूमा। रामराज। क्षेत्र के टिकोला शुगर मिल लिमिटेड परिसर में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व डायरेक्टर सुभाष कैप्टन, अध्यक्ष पंकज कुमार, इंद्रपाल (हसिमपुर), अक्षय कुमार (हसिमपुर), नरेंद्र कुमार शनि (सदरपुर), पहलाद (मोड़ खुर्द) तथा अवनीश कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों को नेत्र रोगों के प्रति जागरूक करना और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने आंखों की जांच कराई। चिकित्सकों ने मोतियाबिंद, दृष्टि-दोष व अन्य सामान्य नेत्र समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित किसानों ने प्रबंधन का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
बहसूमा में  हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया वीडियो से खुला राज
मेरठ। बहसूमा। थाना क्षेत्र में हुए सुरेंद्र उर्फ सुनील हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कत्ल के बाद खुलेआम चेतावनी देते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान पुख्ता की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस टीम और आरोपी के बीच जोरदार जद्दोजहद हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने अपराध को स्वीकार करते हुए वीडियो जारी किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है  घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले में विधिक कार्रवाई सख्ती से की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।
घर से गायब महिला का पेड़ से लटका मिला शव,देर रात से थी लापता
*घर से 200 मीटर दुर लगाया फांसी

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धनोहरी गांव में अपरान्ह लगभग तीन बजे एक 36 वर्षीय महिला का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला।महिला की पहचान नूरजहां के रूप में हुई है जिसका शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर दोस्त मोहम्मद के गन्ने के खेत में पाया गया।ग्रामीणों ने शव देखकर नूरजहां के पति साबिर अली व अन्य ग्रामीणों को सूचना दिया।घटना की जानकारी मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस,डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमें ने मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल प्रारंभ कर दिया तथा पुलिस ने शीशम के पेड़ से शव को उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जाता है कि नूरजहां की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व साबिर से हुई थी और तभी से वह अपने पति के साथ यहीं रह रही थी।परिजनों के अनुसार,नूरजहां मंगलवार रात से ही लापता थी।परिवार के सदस्यों ने देर रात तक उसकी तलाश किया परन्तु कोई जानकारी न मिलने पर वे घर लौट आए थे और आज अपरान्ह लगभग तीन बजे उसका शव बरामद हुआ।देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या तह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।देहात कोतवाल ने यह भी बताया कि महिला के लापता होने के संबंध में परिजनों द्वारा देहात कोतवाली में कोई सूचना नहीं दी गई थी।
दिनदहाड़े गोलियों की गूंज: बहसुमा.रामराज बाजार में युवक की हत्या से दहशत
मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर बीच बाजार हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने बाइक सवार युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, जाटव चौक निवासी सुरेंद्र पुत्र कश्मीर सिंह दोपहर करीब 2 बजे बाइक से बाजार से गुजर रहे थे। जैसे ही वह सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचे, हमलावर ने नजदीक से कई गोलियां दाग दीं। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र को तीन गोलियां लगीं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।

गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस  विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से रामराज कस्बे में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
बहसूमा में भव्य आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन, नन्हे कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा
मेरठ। बहसूमा। क्षेत्र के Best Academy में 23 फरवरी 2026 को भव्य आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अन्य विद्यालयों एवं बाहरी बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता से परिपूर्ण रहा, जिसे देखकर क्षेत्रवासी बेहद प्रसन्न नजर आए।

व्यापार अध्यक्ष आशीष सिंगल व सचिन सुकडीअध्यक्ष कपिल कुमार मनोज कुमार राजू राठी सोनू चहल स्थानीय व्यापारियों ने इस आयोजन को बच्चों की प्रतिभा निखारने की सराहनीय पहल बताया। नन्हे कलाकारों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशक्ति और कला-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्री-नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सिंघल ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं विनय सिंघल ने ग्रुप ए, बी व सी के विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोचक प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए गए। बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। पूरा परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा।

विद्यालय परिवार ने आयोजन की सफलता पर अभिभावकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
मेरठ में आग का कहर, जलती इमारत में जिंदा दफ्न हुआ परिवार, पांच मासूम समेत 6 की दर्दनाक मौत

मेरठ । यूपी के मेरठ में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में स्थित एक तीन मंजिला मकान अचानक आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही मिनटों में पूरा घर धुएं से भर गया और अंदर फंसे मासूम बच्चों व महिला की दर्दनाक मौत हो गई।इस भयावह हादसे में एक ही परिवार के पांच बच्चों और एक महिला सहित कुल छह लोगों की जान चली गई। इलाके में मातम पसरा है और चीख-पुकार की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।

नमाज पढ़ने गए थे घर के पुरुष, पीछे छूट गया जलता घर

मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का बताया जा रहा है। घटना के समय इकबाल और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।
रात करीब 9:30 बजे अचानक घर के अंदर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

संकरी गलियां बनीं बाधा, लोग छतों से पहुंचे अंदर

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां सीधे मौके तक नहीं पहुंच सकीं।
ऐसे में स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर छतों के रास्ते घर में प्रवेश किया और झुलसे हुए बच्चों व महिलाओं को बाहर निकाला। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अस्पताल में टूटी सांसें

घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रुखसार (30 वर्ष), अकदस (3 वर्ष), नबिया (6 माह), इनायत (6 माह), महविश (12 वर्ष), हम्माद (4 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिनका इलाज जारी है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और राहत कार्य में आई बाधाओं की भी समीक्षा होगी।यह हादसा कई सवाल खड़े कर गया है—क्या घर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे? क्या फैक्ट्री और रिहाइश एक साथ होने से खतरा बढ़ा?फिलहाल, मेरठ के इस इलाके में मातम का माहौल है। पांच मासूमों की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।
भीषण जाम से कराह उठा बहसूमा, कई घंटे बाद पुलिस ने दिलाई राहत


मेरठ ।बहसुमा। मेरठ जनपद के बहसूमा कस्बे में शनिवार को भीषण जाम लगने से आमजन को कई घंटे तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग पर गन्ने से भरे एक ट्रक के सामने अचानक टाटा 407 वाहन आ जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। पुलिस कर्मियों ने एक-एक कर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकलवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने बताया कि जाम की स्थिति को नियंत्रित कर मार्ग को पूरी तरह खुलवा दिया गया है तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों में चौधरी मनोज कुमार, पूर्व प्रधान नरेश सिरोही और डॉक्टर सीटू सहित कई लोगों ने बताया कि जाम कई घंटों तक लगा रहा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और राहगीरों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। पुलिस की तत्परता से अंततः लोगों ने राहत की सांस ली।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
मेरठ में भाकियू संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी नजरबंद, प्रधानमंत्री कार्यक्रम में विरोध से पहले सौंपा ज्ञापन
मेरठ में आज भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में प्रस्तावित ट्रेड बिल विरोध से पहले ही प्रशासन ने एहतियातन घरों पर नजरबंद कर दिया। संगठन के अनुसार देर रात से ही प्रशासनिक टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर नेताओं की आवाजाही सीमित कर दी।

प्रशासन के आग्रह के बाद संगठन प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम पूनम जादौन, इंस्पेक्टर मवाना को सौंपा। ज्ञापन में किसानों से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं तो संगठन बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगा।

जिलाध्यक्ष नवनीत चौहान ने कहा कि किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराता रहेगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार आगे की रणनीति शीघ्र घोषित की जाएगी।
पवन चौहान जिला संगठन मंत्री , अनुपम राणा तहसील उपाध्यक्ष ,भूपेंद्र चौहान जिला सलाहकार,धर्मेंद्र चौधरी ब्लॉक अध्यक्ष हस्तिनापुर,ठाकुर शनि प्रताप युवा नगर अध्यक्ष ,मोहित गुर्जर युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष किला ,अरुण गौतम ,गोपाल चौहान , अचिन चौहान , मोनू चौहान ,मुकुल चौहान
मोड खुर्द में ट्रेड बिल के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

मेरठ/बहसूमा।  अपने निवास स्थान ग्राम मोड खुर्द में किसानों ने प्रस्तावित ट्रेड बिल के विरोध में एकजुट होकर थाना बहसूमा की थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित बिल से कृषि व्यवस्था और स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन में किसानों ने सरकार से बिल पर पुनर्विचार करने और किसान हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि किसानों की चिंताओं को उच्च अधिकारियों तक गंभीरता से पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते उचित निर्णय लिया जा सके।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, अमित (जिला सचिव), शिवांशु (तहसील अध्यक्ष), सचिन (मीडिया प्रभारी), अमरपाल सिंह, मोहम्मद यामीन, असलम, सोनू कुमार बाटला और रामराज सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखते हुए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। थाना प्रभारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा और उनकी बात को गंभीरता से लिया जाएगा।