चलती गाड़ी बनी आग का गोला! रायपुर रिंग रोड पर बड़ा हादसा टला
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रिंग रोड पर अग्रसेन चौक के पास चलती सूमो ग्रैंड कार में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार छह यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झारखंड नंबर की सूमो ग्रैंड रिंग रोड से गुजर रही थी। रात करीब 10:30 बजे अचानक वाहन के इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में धुएं ने आग का रूप ले लिया। हालात को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में सूमो ग्रैंड पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और रिंग रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की एक गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।






1 hour and 26 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0