देवघर-नगर निगम चुनाव 2026: वार्ड नं 27 में प्रियंका देवी के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन, विकास के बड़े वादों के साथ हुंकार।
Image 2Image 3
देवघर: नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर वार्ड नंबर 27 में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को बधा मोहल्ला, पीपल गाछ काली मंदिर के समीप वार्ड 27 की प्रत्याशी प्रियंका देवी (ध्रुव प्रसाद साह की धर्मपत्नी) के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र ठाकुर, संजय प्रसाद साह, पूर्व प्रत्याशी कविता देवी एवं लोकप्रिय प्रत्याशी प्रियंका देवी सहित चार नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रियंका देवी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखा। मौके पर मौजूद नारायण सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव 2026 के मुहाने पर खड़े होकर सभी को एकजुट होकर वार्ड 27 को आदर्श वार्ड बनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका देवी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी। प्रियंका देवी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य वार्ड 27 को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। उन्होंने साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, हर गली में पक्की सड़क, नियमित जलापूर्ति, जलनिकासी के लिए सुदृढ़ नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था का वादा किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वार्ड में महिला समूहों को सशक्त किया जाएगा, युवाओं के लिए कौशल विकास शिविर लगाए जाएंगे और बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास होगा। साथ ही वृद्धजन पेंशन, विधवा पेंशन और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि वित्त आयोग से मिलने वाली राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों में किया जाएगा और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में आकाश कुमार, मनोज कुमार यादव ,रंजीत कुमार वर्मा ,अमन कुमार, सुरेंद्रनाथ ठाकुर, नित्य कर्मकार, नेताजी सुभाष जागृति मंच के नगर अध्यक्ष गौतम कर्मकार, युवा समाजसेवी उत्तम राय,राजू राउत,शालो सिंह, कविता देवी, पिंकी देवी,सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। अंत में प्रियंका देवी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और पारदर्शिता के नाम पर उन्हें अपना समर्थन दें और वार्ड 27 को एक आदर्श वार्ड बनाने में सहयोग करें।
देवघर- के एक होटल के सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन।
Image 2Image 3
देवघर: स्थानीय अंजुला मेंशन के सभागार में शुक्रवार को युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन छात्र नेता शुभम कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में युवाओं के अंदर संवाद की क्षमता को प्रखर बनाने के लिए विभिन्न सत्रों व विषयों के माध्यम से नेतृत्व को विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से समाजसेवी संजय मालवीय जी,शुभम कुमार जी,सौरभ झा जी,गौरव राज जी,अनुज त्यागी जी ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। शुभम कुमार ने विषय प्रवेश कराते हुए कार्यक्रम के रूप रेखा को उपस्थित युवाओं के बीच रखा वहीं सौरभ झा जी ने झारखंड के वर्तमान शैक्षणित,सामाजिक व अन्य विषयों को विस्तृत रूप से युवाओं के बीच रखा संजय मालवीय जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया। दूसरे सत्र में ओपन माइक के माध्यम से युवाओं के मन की बात उनसे जुड़े समस्याओं को मंच पर रखने का अवसर दिया गया साथ ही दीपक सिंह, उत्तम राय, नेहा सिंह राजपूत,शिवानी कुमारी, महेश कुमार एवं कुणाल राय ने अपने विचार रखें। अंतिम सत्र में बाल कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति प्रस्तुत किया गया । उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के अंदर नेतृत्व क्षमता का विकास करने व उन्हें शैक्षणिक,सामाजिक तथा अन्य विषयों पर अपनी आवाज को प्रखरता से रखने के लिए तैयार करना था। वर्तमान में नगर निकाय के चुनाव में अपने मताधिकार का शत प्रतिशत प्रयोग करते हुए नगर के विकास के लिए सही प्रत्याशी का चयन के लिए आग्रह किया गया। कार्यक्रम लगभग दो सौ की संख्या में युवा छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सूरज चौधरी,विनय राय,प्रीतम कुमार गोलू,राजीव रंजन,पांडव यादव, कमलेश वर्मा,अभिजीत सिंह राजपूत,शुभम खवाड़े, गौरव झा, प्रवीण कुमार, प्रीतम भारद्वाज अनुज राय, कुंदन कुमार, रितेश राय ,रूपेश राय, अमित कुमार, रिंकेश कुमार, शुभम कुमार,केशव, अमित,राजा की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
देवघर- नगर निकाय चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी नागेंद्र नाथ बलियासे का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज।
Image 2Image 3
देवघर: नगर निकाय चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी नागेंद्र नाथ बलियासे का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भूरभूरा मोड़, बलसरा, जूनपोखर, कालीराखा, राममंदिर रोड, बड़ी मस्जिद, दुर्गापुर, थाड़ी, दुलमपुर एवं चित्तोलोढ़िया क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और जगह-जगह फूलमालाओं से अभिनंदन किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान नागेंद्र नाथ बलियासे ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं—सड़क, पानी, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं—को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए उन्हें समर्थन दें, ताकि पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित किया जा सके। अभियान में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे समर्थकों में उत्साह का माहौल है। जनसंपर्क के दौरान मिले अपार समर्थन से कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
देवघर-गंगा विश्व शांति सद्भावनाधाम में विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 18 से, होंगे कई कार्यक्रम।
Image 2Image 3
देवघर: में महान पूर्वज ऋषि मुनियों को इस देव ऋषि संस्कृति, महान संस्कारों, उदार चरित्रों, मानवीय गुणों के कारण जो भारत विश्व गुरू पद पाया उन देवीय मानवीय मूल्यों की पुर्नस्थापना द्वारा भारत माता की स्वाभिमान की रक्षा हेतु पराम्बा परब्रह्म की असीम अनुकंपा से 21 वर्षों तक अन्न जल त्याग कर, सिले वस्त्र त्यागकर, गो-दुग्ध का पान कर, 13 वर्षों तक मौन व्रत में रहे ऐसे विश्व गुरू हिमालय के तपो योगी श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ राष्ट्रीय संत ब्रह्मर्षि डॉ. दुर्गेशाचार्य महाराज एवं 13 वर्ष की अल्पायु से श्रीमद् भागवत, देवी भागवत, शिव महापुराण, रामकथा के ममज्ञ भागवत भूषण आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री जिन्हें देश में सैंकड़ों कथाएँ करने का सौभाग्य प्राप्त है। ऐसे पूज्य सद्‌गुरू के कृपा पात्र शिष्य के पावन सानिध्य में सन् 2021 में गंगा विश्वशांति स‌द्भावना धाम, बैद्यनाथधाम संस्था की स्थापना की गई जिसमें श्री श्री राधा कृष्ण, माँ जगदम्बा एवं भगवान शिव की तीन मंजिला मंदिर का निर्माण 5 करोड़ की लागत से 4.5 वर्ष की अवधि में किया गया है। दक्षिण भारतीय कलाकृति एवं बिहार के समस्तीपुर जिले के कलाकारों द्वारा निर्मित भव्य मंदिर बाबाधाम में आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। संस्था का उद्देश्य हिमालय से गंगासागर तक गंगा-यमुना स्वच्छ अभियान एवं समग्र भारत राष्ट्र में विश्वात्मा पराम्बा गंगा-राष्ट्रमाता गौमाता-गौरी (कन्या-नारी) मठ मंदिर तीर्थ रक्षा अभियान-देवऋषि संस्कृति संस्कार बचाओ-युवाओं को नशा मुक्त कर संस्कारित कर कर्मयोगी बनाना, निर्धन विद्यार्थी शिक्षा, निर्धन कन्या विवाह, दिव्यांग रोगी, बीमार सेवा, असहाय अनाथ सेवा, वृद्ध सेवा, दैवीय प्राकृतिक आपदाओं के शमन हेतु प्राकृतिक पर्यावरण ओजोन परत बचाने हेतु पेड़ पौधे लगाना, शुद्ध गाय घी, प्राकृतिक जड़ी बूटियों, वन औषधियों समिधाओं से हवन, सरहद में देश के अमर सपूतों 'अमृतस्य पुत्राः' के जय विजय एवं राष्ट्रीय एकता व अखंडता समरसता हेतु विश्वशांति सद्भावना महायज्ञों द्वारा समग्र भारत विश्व में सनातन धर्म पुर्नस्थापना है। परम सद्‌गुरु डॉ० दुर्गेशाचार्य जी महाराज के इस पुनीत राष्ट्रव्यापी सनातन जन जागृति अभियान में आप सपरिवार जुड़कर मानव जीवन सफल सार्थक बनाकर पुण्य के भागी बने। दिनांक-18 फरवरी दिन बुधवार से 26 फरवरी 2026 तक श्री श्री राधा-कृष्ण, माँ जगदम्बा एवं भगवान शिव के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें चार वेद एवं गंगा अष्टादश महापुराण श्रीमद् भागवत कथा का राष्ट्रीय संत ब्रह्मर्षि डॉ. दुर्गेशाचार्य महाराज एवं ममज्ञ भागवत भूषण आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री का प्रवचन होगा। महोत्सव का शुभारंभ 18 फरवरी 2026 दिन बुधवार को प्रातः 8 बजे 2100 कन्या एवं महिलाएं के द्वारा भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा निकाली जायेगी। 20 फरवरी दिन शुक्रवार 2026 को शुभ लग्नानुसार प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। 18 से 26 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से नित्य पूजन, मूल पाठ, हवन आदि का उत्तराखण्ड से 251 विद्वान पंडितों के द्वारा सम्पन्न होगा। श्रीमद् भागवत कथा का प्रवचन अपराह्न 1:30 से संध्या 6 बजे तक आयोजन होगा। संध्या 6 बजे से प्रतिदिन वृन्दावन धाम उत्तरप्रदेश के कलाकारों द्वारा रासलीला कार्यक्रम का आयोजन होगा। संध्या 7:30 बजे से प्रतिदिन भागवत महाप्रसाद भंडारा का आयोजन रात्रि 10:30 बजे तक होगा। अतः आप सनातन धर्म प्रेमी महानुभाव सपरिवार इष्ट‌मित्रों सहित इस विश्व लोक कल्याणकारी यज्ञ का मुख्य यजमान बनकर अपनी सेवा सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रमानुसार कथा श्रवण एवं पराम्बा-राधा कृष्ण मंदिर दर्शनार्थ सादर सप्रेम आमंत्रित हैं। मोके पर संस्था के अध्यक्ष महेश प्रसाद राय, बिहार-झारखण्ड के संयोजक कृष्ण कन्हैया राय, उपाध्यक्ष अजित कुमार राय, महासचिव अमरेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रणजीत झा, विजय कुमार राय, ब्रजेश कुमार सिंह, दिलीप कुमार (टींकू जी) कुणाल राय, संजीव कुमार सिंह, राजीव नयन प्रसाद सिंह, गौरव कुमार, सुधांशु कुमार राय, स्वपनिल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
देवघर-महापौर प्रत्याशी बाबा बलियासे ने किया नामांकन दाखिल, उमड़ा जनसैलाब।
Image 2Image 3
देवघर: नगर निगम चुनाव में सोमवार को जाने-माने समाजसेवी सह ऑक्सीजन मैन के नाम से मशहूर नागेंद्रनाथ बलियासे उर्फ बाबा बलियासे ने अपने समर्थकों के नाथ नामांकन दाखिल किया। बिलासी स्थित अपने चुनाव कार्यालय से बाबा बलियासे समर्थक और ढोल-बाजे के साथ रैली निकाल कर डीसी ऑफिस पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बाबा बलियास ने कहा कि उनके लिए यह चुनाव मैदान नहीं, बल्कि सेवा मैदान है। लगातार 15 वर्षों से लोगों की सेवा करते आ रहा हूं। कोरोना के दौरान हर किसी का सहयोग किया। निःशुल्क ऑक्सीजन सप्लाई कर कईयों की जान बचाई। समाजसेवा के बाद देवघर के विकास के लिए मेयर का चुनाव लड़ रहा हूं। बाबा बलियासे कहा कि समाजसेवा के जरिए आज जनप्रतिनिधि बनने को चुनाव मैदान हूं। इसका एक मात्र उद्देश्य है कि जनता की सेवा। देवघरवासियों ने देखा है कि कैसे कोराना जैसी वैश्विक महामारी में अच्छे-अच्छे और सक्षम लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिये थे, लेकिन मैंने लोगों की हर परिस्थिति में मदद की। नतीजा यह हुआ कि लोगों ने उपहार के तौर पर मेरा नामाकरण ऑक्सीजन मैन कर दिया। देवघर के विकास के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार, स्थानीय सांसद, विधायक के साथ समन्वय बनाकर ही शहर का विकास हो सकता है। देवघर के विकास के लिए एक वातावरण तैयार करने का प्रयास करूंगा, ताकि यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को उपलब्ध हो सके। मेरी लड़ाई देवघर के लिए है और शहर के विकास के लिए किसी भी हद तक जा सकता हूं।
देवघर-महापौर प्रत्याशी रवि केशरी ने भरा नामांकन, भव्य जुलूस के साथ जनता से मांगा आशीर्वाद न्यू ग्रैंड होटल से निकाली शोभायात्रा।
Image 2Image 3
देवघर: नगर निगम चुनाव 2026 में महापौर पद के प्रत्याशी रवि केशरी ने सोमवार को भव्य जुलूस के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। न्यू ग्रैंड होटल से सुबह 10 बजे शुरू हुए नामांकन जुलूस ने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय तक का सफर तय किया, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र भरा। इस दौरान सैकड़ों समर्थकों ने उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए नारेबाजी की और फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। नामांकन के बाद, रवि केशरी ने इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा यह नामांकन सिर्फ एक कागज नहीं, बल्कि देवघर की जनता के प्रति मेरी एक सच्ची प्रतिबद्धता है। मैंने आज जो कागज भरा है, वह आप सभी के विश्वास और आशीर्वाद है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा देवघर बनाना है जहां हर नागरिक को गरिमामय जीवन जीने के लिए बुनियादी सुविधाएं मिलें। स्वच्छता, सड़क, पानी और शिक्षा-स्वास्थ्य पर हमारा पूरा फोकस रहेगा। हम एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां नागरिकों को हर काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। तकनीक का उपयोग करके हम शहर को स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित बनाएंगे। इस अवसर पर उनके प्रमुख समर्थकों, स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके पक्ष में मतदान का आह्वान किया। कार्यक्रम में मीडिया के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्हें आमंत्रित करने के लिए उनकी टीम ने विशेष निमंत्रण भेजा था।नामांकन के इस कार्यक्रम में जनता के व्यापक समर्थन ने साफ संकेत दिया कि महापौर पद की यह दौड़ अब और भी रोचक होने वाली है। रवि केशरी ने अपने संबोधन के अंत में कहा, यह मेरी अकेली जीत नहीं होगी, यह पूरे देवघर की जीत होगी। मैं आपके सपनों को साकार करने के लिए एक पुल की तरह काम करूंगा।
देवघर-झारखंड सशस्त्र पुलिस 4 बोकारो में राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन।
Image 2Image 3
देवघर: झारखंड सशस्त्र पुलिस 4 बोकारो में राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी 2026 से 31जनवरी 2026 को हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि कोयला क्षेत्र बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश के द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्राइज डिसटीब्यूशन किया गया। संथाल परगना से मात्र एक खिलाड़ी श्याम को मैडल मिला। झारखण्ड राज्य स्तरीय AIPDM शूटिंग प्रतियोगिता 2026 में श्याम कुमार को पिस्टल / रिवाल्वर में स्कूटी 15 गज पोजीशन में गोल्ड मैडल. पिस्टल/ रिवाल्वर 25 गज बोथ हैंड गोल्ड मेडल. करवाईन /स्टेनगण 25 गज बैटल कोरोच पोजीसन में ब्रांच मेडल. करवाई /स्टेनगण लाइन पोजीशन 50 गज में सिल्वर मेडल. करवाई / स्टेनगण निलिंग पोजीसन 50 गज सिल्वर मैडल. जिसमे 354 अंक मिला। टोटल दो गोल्ड मैडल (02) दो सिल्वर मैडल(02) एक ब्रांच मैडल (01) मिला।
देवघर-डीएवी भंडारकोला के विद्यार्थियों का एम्स देवघर में शैक्षणिक भ्रमण।
Image 2Image 3
देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला के बारहवीं कक्षा के जीव विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, देवघर में शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा विज्ञान, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं तथा अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे नवीन कार्यों से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।भर्ती रोगी विभाग,बाह्य रोगी विभाग,गहन चिकित्सा इकाई,कान, नाक एवं गला रोग विभाग, शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग,प्रसव कक्ष,कैथ लैब / हृदय कैथेटराइजेशन प्रयोगशाला ,एमआरआई जाँच केंद्र ,सीटी स्कैन केंद्र, एंडोस्कोपी विभाग, व्याख्यान कक्ष,दंत चिकित्सा विभाग,मानसिक रोग विभाग,अस्थि रोग विभाग, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट (चिकित्सा कचरा)नवजात शिशु वार्ड,नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई का भ्रमण किया। विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, आधुनिक तकनीकों तथा मानव सेवा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन, समर्पण एवं करुणा की भूमिका को भी समझा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में सहायक होते हैं। और उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं रोचक बताया। विद्यालय प्रबंधन ने एम्स प्रशासन का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण संस्थान के कार्यों से परिचित होने का अवसर प्रदान किया। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।
देवघर- मशहूर रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता देंगे दो लघु एकल नाटकों की प्रस्तुति।
Image 2Image 3
देवघर: 31 जनवरी साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था 'बैठकी' के तत्त्वावधान में हाजीपुर, बिहार से पधारे रंगकर्मी क्षितिज प्रकाश दो एकल लघु नाटकों का मंचन 1 फरवरी 2026 को आई एम ए हॉल, स्टेशन रोड, देवघर में संध्या 6 बजे से देंगे। क्षितिज प्रकाश रंगमंच और सिनेमा के क्षेत्र में विगत पांच दशकों से सक्रिय हैं। इन्होंने अभिनय से शुरुआत की थी। कालांतर में उन्होंने मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल के सहायक के रूप में कार्य किया। एक अभिनेता के रूप में इन्होंने लगभग 150 मंचीय और नुक्कड़ नाटकों में अभिनय किया। लगभग दो दर्जन हिंदी, बांग्ला और भोजपुरी फिल्मों में विविध किरदारों के अभिनय कर चुके हैं। वर्तमान में 'प्रगतिशील लेखक संघ' और 'निर्माण कला मंच' से वैशाली जिले के सचिव के रूप में सक्रिय हैं। *कल रविवार को* ये लघु नाटकों 'मेरा खिलौना' और 'प्रतिकार' नाटकों में एकल अभिनय प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।
देवघर-में 'ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स' के माध्यम से रची जा रही है सेवा की नई इबारत, सेवायतों को मिला सम्मान।
Image 2Image 3
देवघर: बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर आज न केवल अपनी आध्यात्मिक विरासत के लिए, बल्कि अपनी सामाजिक सरोकार और सेवा भावना के लिए भी पूरे प्रदेश में एक मिसाल पेश कर रही है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और रक्त की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति की सांसे न थमने देने के पावन संकल्प के साथ शुरू हुई 'ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स' मुहिम आज एक विशाल जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। इस अभिनव अभियान की दूरदर्शी शुरुआत देवघर के पूर्व उपायुक्त सह रेडक्रॉस के तत्कालीन अध्यक्ष  मंजुनाथ भजंत्री द्वारा की गई थी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले की विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं को एक सशक्त मंच पर लाकर रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना था, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी भी जरूरतमंद को रक्त के लिए दर-दर न भटकना पड़े। इसी गौरवशाली परंपरा और सेवा के जज्बे का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के गरिमामय और ऐतिहासिक अवसर पर देवघर कॉलेज के विशाल मैदान में जिला प्रशासन द्वारा उन तमाम संस्थाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस मानवीय महायज्ञ में अपनी निस्वार्थ आहुति दी है। यह गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक सम्मान समारोह उपायुक्त देवघर नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरव, उपविकास आयुक्त पीयूष सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इन वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने और संस्थाओं का मनोबल बढ़ाने हेतु रेडक्रॉस की पूरी टीम मुस्तैद रही, जिसमें इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन जीतेश राजपाल, वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, महिला प्रतिनिधि ममता किरण, कार्यकारिणी सदस्य विजय प्रताप सनातन, आजीवन सदस्य श्वेता शर्मा, अभिजीत सिंह, आशीष दुबे, संजीव झा सहित जिले की दर्जनों प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस चेयरमैन जीतेश राजपाल ने अभियान की सफलता के प्रभावी आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि 'ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स' के प्रति समाज का विश्वास और समर्पण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने जानकारी साझा की कि इस मुहिम से अब तक जिले की कुल 95 संस्थाएं आधिकारिक रूप से जुड़ चुकी हैं। इनमें से 82 संस्थाओं ने अब तक पूर्ण सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन किया है, जिसके सुखद परिणाम स्वरूप कुल 3630 यूनिट रक्त संग्रहित कर देवघर रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) को सौंपा गया है। चेयरमैन ने जोर देकर कहा कि यह 3630 यूनिट महज एक सांख्यिकीय आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह उन हजारों मरीजों की धड़कनें हैं जिन्हें समय पर रक्त मिलने से नया जीवन मिला है। आज के उन्नत चिकित्सा युग में भी रक्त का कोई अन्य कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। मानव रक्त केवल एक संवेदनशील इंसान द्वारा दूसरे जरूरतमंद इंसान को दिए गए निस्वार्थ उपहार से ही प्राप्त किया जा सकता है। सामूहिक रक्तदान शिविरों का आयोजन समाज में एक ऐसी सामूहिक चेतना का संचार करता है, जिससे न केवल थलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रक्त की आपूर्ति सुनिश्चित होती है, बल्कि प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं, भीषण सड़क दुर्घटनाओं और जटिल शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के समय जीवन-मृत्यु के बीच झूल रहे मरीजों के लिए यह रक्त 'संजीवनी' का कार्य करता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी रक्तदान करने वाले व्यक्ति के शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है, कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है और हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम काफी कम हो जाता है। अतः यह प्रक्रिया लेने वाले के साथ-साथ देने वाले के लिए भी स्वास्थ्यवर्धक और मानसिक संतोष देने वाली है। 26 जनवरी 2025 के बाद से लेकर 26 जनवरी 2026 तक रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले संस्थाओं को पुनः इस वर्ष भी सम्मानित किया गया, जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित होने वाली प्रमुख संस्थाओं की सूची बहुत लंबी है, जो देवघर की समृद्ध सेवा संस्कृति को दर्शाती है। इनमें इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी (देवघर एवं अनुमंडल शाखा मधुपुर), जिला पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, एम्स (AIIMS) देवघर, देवघर एयरपोर्ट, अदानी पावर प्लांट, मारवाड़ी युवा मंच, प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सनातन फाउंडेशन, फूड क्राफ्ट इंस्टिट्यूट, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड, विरॉय फाउंडेशन, भारतीय जनता युवा मोर्चा (जिला इकाई), रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ और रोटरी क्लब जैसी संस्थाएं शामिल रहीं। इन सभी संस्थाओं ने न केवल शिविर आयोजित किए, बल्कि युवाओं के बीच फैली इस भ्रांति को भी जड़ से मिटाने का काम किया कि रक्तदान से शरीर में कमजोरी आती है। अंत में, जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस संकल्प को पुनः दोहराया कि मानवता की सेवा के प्रति समर्पित यह 'ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स' मुहिम भविष्य में भी इसी तरह अनवरत और निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और भी नई संस्थाएं इस कारवां का हिस्सा बनेंगी। यह अभियान केवल रक्त संग्रह करने का जरिया नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने का एक पवित्र माध्यम है। यह सम्मान समारोह उन सभी अज्ञात रक्तदाताओं और संस्थागत कार्यकर्ताओं के प्रति एक कृतज्ञता है, जिन्होंने मानवता को सर्वोपरि मानकर देवघर को पूरे झारखंड में एक 'आदर्श सेवा केंद्र' के रूप में स्थापित किया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जब तक समाज में एक भी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता है, तब तक यह अभियान मानवहित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।