भारत-मलयेशिया के बीच कई अहम समझौते, जानें द्विपक्षीय वार्ता में पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा
#pm_modi_malaysia_visit_day_2_bilateral_meeting
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का आज (रविवार) दूसरा दिन है। पीएम मोदी ने आज मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ पुत्राजाया स्थित पेरदाना पुत्रा भवन में मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के मंत्रियों और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की गई।
मलेशिया दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत मलेशिया की साझेदारी ऐतिहासिक है। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग मजबूत हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज कृषि और विनिर्माण से लेकर स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर तक, हर क्षेत्र में हमारा सहयोग गहरा रहा है। कौशल विकास और क्षमता निर्माण में भी हम महत्वपूर्ण भागीदार हैं।
मलेशिया में हुए भव्य स्वागत को लेकर पीएम मोदी ने कहा, 'मैं आप सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिस तरह से आपने मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया, और जिस तरह से आपने कुछ ही घंटों में पारंपरिक रीति-रिवाजों से परे जाकर मलेशियाई जीवन को इतनी खूबसूरती से प्रस्तुत किया, और जिस उत्कृष्ट तरीके से आपने हर चीज का आयोजन किया, वह हमेशा हमारी यादों में रहेगा, और इसके लिए मैं आपको हार्दिक और विशेष धन्यवाद देता हूं।
वहीं मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और मलयेशिया के बीच रिश्ते बेहद अच्छे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच कुछ ऐसे मुद्दे भी हैं, जिन पर दोनों पक्षों की टीमें मिलकर काम करेंगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हर क्षेत्र में सहयोग और बढ़ेगा। अनवर इब्राहिम ने यह भी कहा कि यह यात्रा उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी काफी महत्वपूर्ण है।
दोनों देशों के बीच होने वाली प्रतिनिधिमंडल की बैठक के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, शिक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुए। बता दें कि दोनों नेताओं ने भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस मुलाकात को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत की कूटनीतिक सक्रियता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।






1 hour and 14 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1