एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

वजीरगंज (गोण्डा):। वजीरगंज बाजार में मंगलवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित सात ससुरालीजनों के खिलाफ वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाने के ठीक सामने स्थित एक मकान में मंगलवार रात करीब 09 बजे आंचल मोदनवाल (26) पत्नी सुजीत मोदनवाल का शव संदिग्ध हालात में मिला। सूचना मिलते ही सीओ तरबगंज यूपी सिंह और थानाध्यक्ष विपुल पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गोंडा भेजा गया।
अयोध्या जनपद के अमानीगंज मोहल्ला निवासी अभिषेक मोदनवाल पुत्र संतोष ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन आंचल का विवाह 08 फरवरी 2019 को वजीरगंज बाजार निवासी सुजीत मोदनवाल पुत्र जगदीश के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही आंचल को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़ित के अनुसार, जब भी आंचल मायके आती थी, वह पति सुजीत, ससुर, सास दुर्गेश मोदनवाल, जेठ राकेश मोदनवाल, जेठानी, ननद कोमल और जूही द्वारा दहेज के लिए मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत करती थी। करीब एक वर्ष पूर्व वह अत्यधिक परेशान होकर मायके आ गई थी, लेकिन परिजनों के समझाने पर पुनः ससुराल चली गई थी।
मंगलवार रात मृतका के जेठ द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि आंचल की मौत हो चुकी है। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष विपुल पांडे ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत कुल सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मकर संक्रांति पर स्वानंद बाबा आश्रम में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी कार्यक्रम

ठाणे। परम पूज्य स्वानंद बाबा सेवा न्यास की ओर से ठाणे के येऊर हिल्स स्थित प. पू. स्वानंद बाबा आश्रम में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर भव्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सेवा के भाव से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धा के साथ सहभागिता की। भजनों की मधुर स्वर-लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया।इस अवसर पर सामाजिक सेवा के अंतर्गत महिलाओं को साड़ी का वितरण किया गया, वहीं जरूरतमंदों को ठंड से बचाव हेतु कंबलों का वितरण भी किया गया। सेवा न्यास की इस पहल की उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में पं. दुर्गाप्रसाद पाठक, प्रेम शुक्ल, शांति शुक्ल, मुद्रा शुक्ला, अनिल गलगली, उदय प्रताप सिंह, पंकज मिश्रा, शैलेंद्र श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, संजय मिश्रा, राज पाण्डेय, विजय पाण्डेय, राम सजीवन तिवारी, अमित गुप्ता, आर. पी. सिंह, शिवसागर मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुंबई के अलावा ठाणे, नालासोपारा, मीरा-भाईंदर और कल्याण से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और उन्होंने कार्यक्रम का लाभ लिया।
मत काटो किसी की पतंग
–डॉ मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा, वरिष्ठ साहित्यकार

आज छत पर खड़ी थी,
आसमान के छोर की ओर देख रही थी।
चारों तरफ रंग-बिरंगी पतंगें
हवा में उड़ रही थीं,
दूर-दूर तक आसमान की ओर
पेंच बढ़ा रही थीं।

अड़ोस-पड़ोस की छतों पर
लोग हर्षोल्लास से
पतंगें उड़ा रहे थे,
अद्भुत खुशी से
उनके चेहरे चमक रहे थे।

जो किसी और की पतंग काट गिराता,
उसका आनंद ही निराला था।
पर कुछ ही पलों में
जब उसकी अपनी पतंग कट जाती,
तो वही चेहरा
खिन्न और मायूस हो जाता।

यानि कुछ पल की खुशी,
और कुछ पल का दुःख।

मैं सोच रही थी
कितना बड़ा है यह आसमान,
हर एक की अपनी पतंग,
अपनी-अपनी डोर।

क्यों न सभी पतंगें
अपनी डोर के सहारे
आसमान में उड़ती जाएँ?
क्यों काटें हम
किसी और की पतंग?
क्यों उसके पतन का
उल्लास मनाएँ?

आज हम काटेंगे,
कल वह हमारी पतंग काटेगा
इससे क्या होगा लाभ?

कितना अच्छा हो
यदि सबकी पतंगें
आसमान में
और ऊँची उड़ती जाएँ,
सब शिखर तक पहुँचे।

सबके मन में
एक-दूसरे के लिए
परस्पर सहकारिता का भाव हो
तभी तो यह समाज
सचमुच स्वर्गतुल्य बन सकेगा।
भायंदर पूर्व के राहुल बंगला पर धूमधाम से मनाई गई मकर संक्रांति
भायंदर। प्रबुद्ध लोगों के सामाजिक संगठन भोर भ्रमण परिवार द्वारा विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी भायंदर पूर्व के जेसल पार्क स्थित राहुल बांग्ला पर परंपरागत सांस्कृतिक स्वरूप में धूमधाम से मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया गया। सबसे पहले संस्था के प्रमुख संरक्षक तथा राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी का उपस्थित लोगों द्वारा सम्मान किया गया। इसके बाद डॉ मुरलीधर पांडे, डॉ त्रैलोक्य मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे,  पूर्व प्राध्यापक उपेंद्र पांडे, डॉ मयूर दुबे, शास्त्री राकेश मणि त्रिपाठी लंदन वाले, प्रोफेसर विजय नाथ मिश्रा, चंदौली से आए पूर्व जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह फौजी, समाजसेवी संजय दुबे समेत अनेक लोगों ने सामाजिक गीतों और विचारों के माध्यम से अपनी बातें रखी।

कार्यक्रम का सुंदर संचालन भारत सरकार के नोटरी एडवोकेट आर जे मिश्रा ने किया। सभी लोगों ने मिलकर खिचड़ी, दही, घुघुरी, तिल गुड़ खाने का आनंद उठाया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में पुरुषोत्तम पांडे, जे एन तिवारी, समाजसेवी अभयराज चौबे, प्रोफेसर बीके दुबे, अदालत पांडे, उपेंद्र सिंह, सुरेंद्र पांडे, श्रीकांत उपाध्याय, प्रभाकर मिश्रा, अजीत शुक्ला,अच्छेलाल पांडे, वीरेंद्र पाठक, श्री राम दुबे, लालू तिवारी, प्रेम भाई, समाजसेवी राजेश दुबे, आनंद पाठक, राजीव मणि त्रिपाठी, बीके श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, ईश्वर सिंह, राम सिंह पिंटू आदि का समावेश रहा।

मीरा भायंदर का उत्तर भारतीय समाज भाजपा के साथ खड़ा है : भास्कर चौबे
भायंदर । मीरा भायंदर का संपूर्ण उत्तर भारतीय समाज भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा शहर के विकास की दिशा में किए गए रचनात्मक कार्यों और सनातन धर्म के प्रति भाजपा के अटूट संबंधों को देखते हुए भाजपा की शानदार जीत तय है। उत्तर भारतीय युवा चेहरा कहे जाने वाले समाजसेवी भास्कर चौबे ने आज भाजपा में शामिल होने के बाद उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का मीरा भायंदर का महापौर बनना अटल है।

भाजपा 70 से अधिक वार्डों में भी शानदार विजय प्राप्त करने जा रही है। भास्कर चौबे के भाजपा में शामिल होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर देखी जा रही है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में विधायक नरेंद्र मेहता के अलावा जिला अध्यक्ष दिलीप जैन, राष्ट्रीय प्रवक्ता शैलेश पांडे, महामंत्री बृजेश तिवारी, रवि मिश्रा,खगेश नाथ मिश्रा, जयंती त्रिपाठी, शैलेन्द्र शर्मा, पिंटू सिंह, नागेश्वर शुक्ला, स्वपनील शुक्ला आदि का समावेश रहा।
भाजपा प्रत्याशी जेनी शर्मा के प्रचार में पहुंचीं मैथिली ठाकुर और मनोज तिवारी
मुंबई | भांडुप पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 110 से भाजपा प्रत्याशी जेनी शर्मा के चुनाव प्रचार ने सोमवार को व्यापक जनसमर्थन के साथ नई ऊर्जा प्राप्त की। प्रचार अभियान के दौरान क्षेत्र में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसमें हर समाज और वर्ग के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

इस अवसर पर भाजपा के लोकप्रिय सांसद मनोज तिवारी विशेष रूप से प्रचार में पहुंचे और उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशी जेनी शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। मनोज तिवारी ने कहा कि जेनी शर्मा एक शिक्षित, कर्मठ और जमीनी स्तर से जुड़ी नेता हैं, जो क्षेत्र की समस्याओं को भली-भांति समझती हैं। प्रचार को सांस्कृतिक रंग देते हुए देश की सुप्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर भी प्रचार अभियान में शामिल हुईं। मैथिली ठाकुर की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके लोकगीतों और प्रेरक संदेशों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी जेनी शर्मा ने कहा कि भांडुप क्षेत्र आज भी मूलभूत जनसुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। उनका संकल्प है कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जाएगा तथा विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान भाजपा मुंबई उपाध्यक्ष संजय शर्मा, स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला, युवा और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। प्रचार अभियान के दौरान लोगों में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
एमएम यादव की अंतिम प्रचार रैली में मतदाताओं ने खुल कर दिया समर्थन
मुंबई। वर्सोवा विधानसभा स्थित वार्ड क्रमांक 63 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गट) के प्रत्याशी एमएम यादव यादव की अंतिम प्रचार रैली में आज उनकी ताकत और लोकप्रियता दोनों नजर आई। पिछले 40 वर्षों से यहां की राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहे  यादव के समर्थन में जिस तरह से जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी तथा लोगों ने खुलकर उनके समर्थन में नारे लगाए, उसे देखकर विपक्ष के हौसले पस्त हो गए हैं। यादव को यह समर्थन अनायास नहीं मिल रहा है। लोगों के बीच उन्होंने लगातार रचनात्मक और सामाजिक काम किए हैं। लोगों के सुख दुख के साथ हमेशा खड़े रहे। इस वार्ड में 12 से 13 हजार उत्तर भारतीय मतदाता है, जिनमें 8 हजार केवल यादव मतदाता है।

यादव मतदाता पूरी तरह से उनके साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्हें इस वार्ड में दोहरा लाभ मिलता दिखाई दे रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का तो उन्हें वोट मिल ही रहा है साथ ही उनका टिकट न देने से नाराज अधिकांश कांग्रेसियों का भी उन्हें समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। जनता पहले से ही कांग्रेस के ऊपर नाराज है। राजनीतिक क्षमता के साथ- साथ श्री यादव में अद्वितीय संगठनात्मक क्षमता है, जो कार्यकर्ताओं को उनसे जोड़े हुए हैं। यहां के मतदाता उनको काम का पूरा इनाम देना चाहते हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता ने कहा कि  यादव को टिकट न देकर कांग्रेस ने बहुत बड़ी भूल की है। कांग्रेस को इसका खामियाजा तो मिलना ही है।
मीरा भायंदर की जनता शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास को लेकर भाजपा के साथ: एड रवि व्यास

भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा शानदार विजय हासिल करने जा रही है। शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास को लेकर जनता भाजपा के साथ खड़ी दिखाई दे रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पत्रकारों से बात करते हुए मीरा भायंदर के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट रवि व्यास ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा किए गए कार्यों को जनता देख रही है। लोग शांति और सुरक्षा के बीच रहकर विकास चाहते हैं,जो सिर्फ और सिर्फ बीजेपी दे सकती है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से बीजेपी 70 पार के साथ अपना महापौर बनाने जा रही है।
श्रेया शेट्टी ने लिया भांडुप पश्चिम के वार्ड 112 को मॉडल वार्ड बनाने का संकल्प

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच भांडुप पश्चिम के वार्ड क्रमांक 112 में कांग्रेस ने अपने जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी श्रेया शेट्टी के नेतृत्व में निकाली गई रैलियों और जनसभाओं में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। प्रचार अभियान के दौरान श्रेया शेट्टी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 112 को एक आदर्श और मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कागजी वादों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम से संभव होगा। इस अवसर पर उनके पति एवं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तथा मुंबई कांग्रेस के महासचिव राकेश शेट्टी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है और वार्ड 112 को उसका न्यायोचित विकास अब तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने नागरिकों से कांग्रेस को निर्णायक जनादेश देने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—जैसे टूटी सड़कें, अपर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था और स्वच्छता की कमी—को सामने रखा। इस पर श्रेया शेट्टी ने भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

रैली और जनसभाओं में उमड़ा उत्साह और समर्थन यह संकेत दे रहा है कि वार्ड 112 में कांग्रेस का अभियान जनता के बीच प्रभाव छोड़ रहा है और चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है।
महालक्ष्मी केंद्र में विशेष रूप से सक्षम युवाओं हेतु टॉयलेट ब्लॉक का पुनर्निर्माण

मुंबई। विशेष रूप से सक्षम युवाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमापूर्ण जीवन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत, Sangam Foundation के सहयोग से Om Creations Trust के महालक्ष्मी डे-केयर केंद्र में टॉयलेट ब्लॉक का सफलतापूर्वक पुनर्निर्माण किया गया। इस सराहनीय सामाजिक पहल का मार्गदर्शन संगम फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष राजेंद्रजी रूइया,उपाध्यक्ष सुशील गाड़िया, सचिव सुरेश पासरी तथा कोषाध्यक्ष सुनील पटवारी द्वारा किया गया। इस कार्य में फ़ाउंडेशन के सम्मानित सदस्यों बंकेश अग्रवाल एवं सुभाष गाड़िया का भी सक्रिय योगदान रहा।

कार्यक्रम की गरिमा को और ऊँचाई देते हुए मुख्य अतिथि डॉ मंजू लोढ़ा ने अपने प्रेरणादायी एवं संवेदनशील शब्दों के माध्यम से महालक्ष्मी केंद्र के विशेष रूप से सक्षम युवा वयस्कों को आत्मविश्वास, आत्मबल और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। उनके विचारों ने युवाओं को गहराई से प्रेरित किया और वातावरण को आशा एवं ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी – डॉ. राधिके खन्ना ने संगम फ़ाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल एक संरचना का निर्माण नहीं है, बल्कि विशेष रूप से सक्षम युवाओं के दैनिक जीवन में सुविधा, सुरक्षा और गरिमा जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नव-निर्मित टॉयलेट ब्लॉक को महालक्ष्मी केंद्र में आने वाले विशेष रूप से सक्षम युवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुलभ, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है, जिससे उनकी दिनचर्या और स्वावलंबन को सशक्त समर्थन मिल सके।

यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता, सहयोग और साझा उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती है।