मोगैंबो खुश हुआ...', रूसी तेल की खरीद पर ट्रंप के बयान पर भड़के खरगे, पीएम मोदी पर कसा तंज*
#mallikarjunkhargejibeatpmmodiontrumpstatement
रूस से भारत द्वारा की जा रही कच्चे तेल की खरीद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर एक बार फिर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्रंप के बयान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है। खरगे ने सोमवार को हिंदी फिल्म के एक चर्चित डायलॉग का जिक्र करते हुए कटाक्ष करते हुए कहा 'ट्रंप मोदी को लेकर यह कहना चाह रहे हैं कि 'मोगैम्बो खुश हुआ'।
देश ने आपको पीएम सिर हिलाने के लिए नहीं चुना-खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों को लेकर सोमवार को पीएम मोदी पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, मैं नहीं समझ पा रहा कि मोदी ट्रंप के सामने क्यों झुक रहे हैं। यह देश के लिए ठीक नहीं है। आपको देश के लिए खड़ा होना चाहिए। देश ने आपको प्रधानमंत्री सिर हिलाने के लिए नहीं चुना। खरगे ने कहा, 'मिस्टर इंडिया फिल्म का एक डायलॉग है कि 'मोगैम्बो खुश हुआ'। इसी तरह ट्रंप ने कहने की कोशिश की है कि मोगैम्बो खुश हुआ। इस तरह की सोच रखने वाले डराने की कोशिश करते हैं, तो भारत झुकने वाला नहीं है।
क्या था ट्रंप का बयान
दरअसल खड़गे का बयान ट्रम्प के दावे पर आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि रूस से तेल आयात पर अमेरिकी नाराजगी के बाद भारत ने तेल खरीद घटाई, क्योंकि मोदी मुझे (ट्रम्प) खुश करना चाहते थे। रविवार को फ्लोरिडा से वॉशिंगटन डीसी जाते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'वे (भारत) मूल रूप से मुझे खुश करना चाहते थे। मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं, वह अच्छे व्यक्ति हैं। उन्हें पता था कि मैं खुश नहीं था और मुझे खुश करना जरूरी था। वे व्यापार करते हैं और हम उन पर बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं। यह उनके लिए बहुत बुरा होगा।
दुनिया ट्रंप के सामने नहीं झुकेगी- खरगे
खड़गे ने ट्रंप के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें वे बार-बार भारत और पाकिस्तान के बीच शांति कराने की बात कहते हैं। खड़गे बोले, ट्रंप कम से कम 70 बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाक के बीच शांति कराई। क्या इसका मतलब है कि दुनिया उनके आगे झुक जाए? दुनिया नहीं झुकेगी।



नई दिल्ली। झड़ौदा ब्लॉक 10 कांग्रेस की अध्यक्ष रेखा के नेतृत्व में आयोजित ब्लॉक की मासिक बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। बैठक के दौरान 30 नए साथियों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई, जिसे संगठन विस्तार की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर ब्लॉक के सभी पदाधिकारी, ऑब्जर्वर रामनिवास राणा, जिला अध्यक्ष आदेश भारद्वाज, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मंगेश त्यागी एवं अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और जनहितकारी संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की गई और लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया गया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आज देश और प्रदेश में जनता के लिए कांग्रेस ही एकमात्र सशक्त और भरोसेमंद विकल्प है। आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों से दुखी होकर 20 सदस्यों तथा भाजपा से असंतुष्ट 10 लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में बबीता, सीमा, पिंटू कुमार, रविंदर कुमार, इदरीश खान, रामबाबू यादव, गुड़िया, पिंकी देवी, राधा, जीवन, करिश्मा, आशु, कांता, प्रेम देवी, सुनीता, राजरानी, महेंद्री, माधुरी, मुरली कुमार, प्रेम देवी, करिश्मा, गायत्री देवी, सविता देवी, चांद तारा, लक्ष्मी, नजमा, माधुरी, रूबी, विजयपाल और आलोक कुमार प्रमुख रूप से शामिल हैं। बैठक के अंत में सभी नए सदस्यों का स्वागत किया गया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
Jan 06 2026, 15:28
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
14.7k