बाबूजी ने सत्ता नहीं, संकल्प चुना”: योगी आदित्यनाथ ने 94वीं जयंती पर किया कल्याण सिंह को नमन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ‘पद्म विभूषण’ कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। 2 माल एवेन्यू स्थित उनके आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी ने हमेशा सत्ता को लक्ष्य नहीं बनाया, बल्कि संकल्प, सिद्धांत और समाजसेवा को सर्वोपरि रखा। यही उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान रही।
आवश्यकता पड़ने पर सत्ता त्यागने से पीछे नहीं हटे
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1991 में उत्तर प्रदेश के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने के समय प्रदेश अराजकता, अपराध और प्रशासनिक कमजोरी जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था। बाबूजी ने ऐसे कठिन समय में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर सुशासन और विकास की दिशा में विश्वास जगाया। उन्होंने कहा कि बाबूजी का कार्यकाल श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के निर्णायक दौर से जुड़ा रहा। सत्ता की परवाह किए बिना उन्होंने नैतिकता, सिद्धांत और कर्तव्य के अनुरूप निर्णय लिए और आवश्यकता पड़ने पर सत्ता त्यागने से पीछे नहीं हटे।
उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की राजनीति को स्पष्ट दिशा मिली
योगी ने बाबूजी के राष्ट्रवाद और समाजसेवा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शिक्षा से प्रेरणा लेकर इसे अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की राजनीति को स्पष्ट दिशा मिली और सामाजिक न्याय को व्यवहार और नीति के रूप में स्थापित किया गया।कार्यक्रम संयोजक और पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने कहा कि बाबूजी एक विचार और एक युग थे। उन्होंने सिखाया कि पद बड़ा नहीं होता, प्रतिबद्धता बड़ी होती है; सत्ता अस्थायी होती है, संकल्प स्थायी होता है।
कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बाबूजी के त्याग, साहस और आत्मबलिदान का सजीव प्रमाण है।इस अवसर पर डॉ. संजय निषाद, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह चौधरी, सांसद सतीश गौतम, मुकेश राजपूत, कई विधायकों और गणमान्य नागरिकों ने बाबूजी कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
Jan 05 2026, 12:29
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.4k