कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव ने परिवार संग किया मतदान, बोले- शहर में बदलाव की लहर है

गया शहर में आज मतदान का उत्साह चरम पर रहा। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग के मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव ने भी अपनी पत्नी और बेटी के साथ पहुंचकर बूथ संख्या 64 पर मतदान किया। मतदान केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतारें दिखाई दे रही थीं, जिनमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से नजर आई।

मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में श्रीवास्तव ने कहा कि इस बार जनता पूरी तरह बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने भाजपा की नीतियों से ऊबकर कांग्रेस के पक्ष में मन बना लिया है। “शहर में विकास रुका हुआ है, बेरोजगारी और महंगाई ने आम आदमी को परेशान कर रखा है। जनता अब जवाब देना चाहती है,” उन्होंने कहा।

मोहन श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि उनकी प्राथमिकता शहर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में जनता से जो वादे किए हैं, वे सिर्फ चुनावी नारों तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि जमीनी स्तर पर उन्हें पूरा किया जाएगा।

मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवा मतदाताओं ने पहली बार वोट डालते हुए गर्व और जिम्मेदारी का अनुभव साझा किया।

वहीं, महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी दिखाते हुए कहा कि वे अब अपने अधिकारों और शहर के भविष्य को लेकर अधिक सजग हैं। दिनभर शहर के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान की खबरें आती रहीं। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे। हर बूथ पर पुलिस बल और निगरानी टीम तैनात रही।

मोहन श्रीवास्तव के मतदान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखा। पार्टी समर्थकों का कहना है कि इस बार परिणाम बदलाव की ओर इशारा करेंगे। कुल मिलाकर, शहर में लोकतंत्र का यह पर्व उत्साह, आशा और नए परिवर्तन की उम्मीद के साथ संपन्न होता नजर आ रहा है।

विधायक डॉ. प्रेम कुमार साइकिल से पहुंचे मतदान केंद्र: सादगी और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गया: बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने मतदान के दिन एक अनोखी मिसाल पेश की। वे गया शहर के बाटा मोड़ स्थित अपने मतदान केंद्र पर साइकिल चलाकर पहुंचे। उनका यह कदम सादगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से था।

डॉ. प्रेम कुमार जब साइकिल पर सवार होकर निकले, तो लोगों की निगाहें उन पर टिक गईं।bआमतौर पर नेताओं को सुरक्षा घेरों और गाड़ियों के काफिले में देखा जाता है, लेकिन उनका यह सादगीपूर्ण अंदाज़ मतदाताओं को खूब पसंद आया.

मतदान केंद्र पर पहुंचकर उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी बारी का इंतजार किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा, “मतदान लोकतंत्र की आत्मा है। हर नागरिक को अपने मत का अधिकार अवश्य प्रयोग करना चाहिए। मैं साइकिल से इसलिए आया हूँ ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सादगी अपनाने का संदेश दे सकूँ।” उनकी इस पहल ने न केवल मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश दिया। स्थानीय मतदाताओं ने मंत्री के इस रूप की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. प्रेम कुमार हमेशा से जनता से जुड़े नेता रहे हैं और उनका यह कदम उनके जनसंपर्क के स्वभाव को और मजबूत करता है।

गया शहर में मतदान का माहौल उत्सव जैसा रहा, जहां लोग सुबह से ही अपने-अपने बूथों पर पहुंच कर मतदान कर रहे थे। साइकिल से मतदान केंद्र पहुंचे मंत्री का दृश्य कई मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक रहा। डॉ. प्रेम कुमार ने सभी मतदाताओं से घर से निकलकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि "एक वोट देश और राज्य की दिशा तय करता है।"

एनडीए की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत, बेलागंज में जदयू प्रत्याशी मनोरमा देवी की जीत पर हुई बैठक

गया: बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कुजापी कुशवाहा भवन में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी मनोरमा देवी की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। मगध विश्वविद्यालय अध्यक्ष उत्तम कुशवाहा ने इसकी अध्यक्षता की, जबकि बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता, समाजसेवी और स्थानीय बुद्धिजीवी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक चौधरी ने अपने

संबोधन में कहा कि एनडीए की एकजुटता और जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। डॉ. चौधरी ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाई जाए। मंत्री ने यह भी बताया कि मनोरमा देवी ने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया है और उनकी सादगी तथा कार्यशैली के कारण उन्हें जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उत्तम कुशवाहा ने बेलागंज में जदयू प्रत्याशी की भारी मतों से जीत सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि विकास और स्थिर सरकार के पक्ष में जनमत का चुनाव है। इस कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, महिला जदयू कार्यकर्ता, युवा नेता और एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर मनोरमा देवी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

गयाजी में गरजे खड़गे : आठ बार के एनडीए विधायक रहे लेकिन गया का विकास शून्य, एक मौका कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन को दें...

महागठबंधन प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव के समर्थन में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की जनसभा, बोले संविधान बचाना है तो हाथ को दें वोट

गयाजी: गयाजी शहर विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी डा. अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के समर्थन में शुक्रवार को गया क्लब में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार की जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने सिर्फ भाषण दिए, काम कुछ नहीं किया।

खड़गे ने कहा कि वह कर्नाटक से उस धरती पर आए हैं जहां महात्मा बुद्ध को ज्ञान मिला, महावीर का जन्म हुआ और गांधीजी ने चंपारण से आंदोलन शुरू किया। उन्होंने कहा कि इतिहास की इस भूमि की दुर्दशा के जिम्मेदार वही हैं जो सत्ता में बैठे हैं। गरीबों, मजदूरों और युवाओं की चिंता करने वाला कोई नहीं। मोदी और नीतीश ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया, सिर्फ झूठे वादे किए।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने भीमराव अंबेडकर का हवाला देते हुए कहा कि मोदी-शाह जोड़ी संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान बाबा साहब ने हमें दिया है, लेकिन मोदी इसे छीनने का काम कर रहे हैं। महिलाओं को सशक्त करने की बात करते हैं, पर असल में उन्हें नीचे धकेल रहे हैं। आरएसएस के एजेंडे को लागू कर रहे हैं, गरीबों के लिए क्या किया, यह बताएं।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए काम किया है। नेहरू ने देश की नींव रखी, इंदिरा गांधी ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम दिया, राहुल गांधी ने जो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की, वह देश को एक करने की पहल थी। मोदी-नीतीश ने देश को बांटने का काम किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि “अगर आप फिर इन्हें सत्ता देंगे तो पछताएंगे। बिहार को सुधारना है तो हाथ के निशान पर वोट देना होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की सरकार बनी तो महिलाओं को 30 हजार रुपये की बिजनेस सहायता दी जाएगी, हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का संकल्प है और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा।

खड़गे ने कहा कि मोदी कहते हैं उनकी छाती 56 इंच की है, लेकिन गरीबों के लिए दिल छोटा है। उन्होंने देश को बांटा है, जबकि राहुल गांधी सबको जोड़ने का काम कर रहे हैं। सभा में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। मंच से सभी नेताओं ने महागठबंधन प्रत्याशी अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के समर्थन में कांग्रेस को विजयी बनाने की अपील की।

खड़गे ने अंत में शायरी के अंदाज में कहा कि शायरी बोलकर हकीकत छुप नहीं सकती,बनावट के उसूलों से खुशबू नहीं आ सकती।

सभा के अंत में खड़गे ने कहा कि इस बार महागठबंधन इतना मजबूत है कि उसे कोई हिला नहीं सकता। अबकी बार बिहार में सिंगल इंजन की सरकार चलेगी, जो जनता के हित में काम करेगी।

गया में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने विष्णुपद मंदिर में दर्शन करने के बाद साधा सरकार पर निशाना, कहा- "गया के बिना जीवन अधूरा, शराबबंदी की

गया: उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को गया स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गया की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता अपार है। “गया जी पवित्र स्थान है, गया के बिना हम सबका जीवन अधूरा है। यहां आकर आत्मा को शांति मिलती है,” उन्होंने कहा।

अजय राय ने बिहार की नीतीश सरकार पर शराबबंदी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार शराबबंदी के नाम पर तस्करी करा रही है। “बिहार में शराबबंदी सिर्फ दिखावे की नीति बनकर रह गई है। सरकार की नाक के नीचे अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, और आम जनता परेशान है,” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी अजय राय ने पलटवार किया जिसमें पीएम ने कहा था कि “चुनाव के बाद कांग्रेस और आरजेडी एक-दूसरे का बाल नोचेंगे।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के बीच महागठबंधन मज़बूत है और दोनों दल एकजुट होकर बिहार में भाजपा को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति बिहार में लगातार मजबूत हो रही है और जनता बदलाव चाहती है। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “वंदे मातरम अभियान” पर तंज कसते हुए अजय राय ने कहा कि भाजपा का काम सिर्फ ऐसे नारों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा, “उनका काम तो वही है ना, रोजगार पर कभी अभियान छोड़ना चाहिए। जनता को रोजगार चाहिए, नारे नहीं।” अजय राय के इस बयान ने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। कांग्रेस नेता के तेवर से यह स्पष्ट है कि पार्टी राज्य में सक्रिय रूप से अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में है। धार्मिक स्थल गया से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का यह बयान न सिर्फ सरकार पर सीधा हमला है, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस की रणनीति का संकेत भी माना जा रहा है।

गयाजी में ब्रह्मर्षि समाज की बैठक: अजय राय और राजीव शुक्ला ने कांग्रेस प्रत्याशी अखौरी ओंकार नाथ को भारी मतों से जिताने का किया आह्वान


गयाजी: गया शहर के ए.पी. कॉलोनी में बड़ी संख्या में ब्रह्मर्षि समाज के साथ एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, और कांग्रेस के वरीय नेता मोती लाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नेताओं का आह्वान

वरिष्ठ नेता अजय राय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मौजूदा विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गया की जनता ने एक विधायक को आठ बार मौका दिया, लेकिन विकास शून्य है।

"यह चुनाव 35 साल बनाम पांच साल की है। कांग्रेस उम्मीदवार अखौरी ओंकार नाथ को एक बार मौका देकर देखें, यह शहर को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गयाजी का विकास होगा।"

सभी वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित लोगों से महागठबंधन को जिताने का आह्वान किया।

समाज ने दिया समर्थन

बैठक में उपस्थित ब्रह्मर्षि समाज के सभी लोगों ने एक स्वर में आगामी 11 नवंबर को गया शहर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव को समर्थन और आशीर्वाद देने का निर्णय लिया।

इस बैठक में अखिला शर्मा, पिंकू शर्मा, छोटे शर्मा, पूर्व पार्षद सुबोध शर्मा, रजनीश कुमार झुना, दिलीप कुमार उर्फ कल्लू सिंह, विक्की शर्मा, ओंकार शक्ति, सोनू शर्मा, बंटी शर्मा, अजय शर्मा, बबलू शर्मा, विजय शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में ब्रह्मर्षि समाज के लोग उपस्थित रहे।

प्रशांत किशोर का गया में बड़ा बयान: "60% जनता बदलाव चाहती है, अब बिहार के पास नया विकल्प"

गया: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार सुबह गया में मीडिया से बात करते हुए बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और सत्ताधारी गठबंधन पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने दावा किया कि बिहार की 60 प्रतिशत से ज्यादा जनता अब बदलाव चाहती है, और जन सुराज आंदोलन के आने से अब जनता के सामने एक नया और सशक्त विकल्प मौजूद है।

डिप्टी सीएम सिन्हा पर तीखा हमला

प्रशांत किशोर ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के हालिया बयान को उद्धृत करते हुए उन पर हमला किया।

"डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने अपनी ही सरकार के 'चाल, चरित्र और चेहरे' पर मुहर लगा दी है। अगर डिप्टी सीएम खुद कह रहे हैं कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है, तो यह साबित करता है कि राज्य में कानून का राज नहीं, बल्कि जिसकी लाठी उसकी भैंस का राज चल रहा है।"

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्ता में बैठे लोग ही असुरक्षा की बात करें, तो आम जनता किस पर भरोसा करे।

सम्राट चौधरी और एनडीए पर तंज

किशोर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तंज कसते हुए उन्हें पहले अपनी जीत सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने पूछा, "अपनी चिंता कीजिए, अगर आपको भरोसा है कि जनता आपके साथ है तो फिर इतने बड़े-बड़े मुख्यमंत्रियों को बिहार बुलाने की क्या जरूरत है?"

बदलाव की राजनीति पर जोर

प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा कि बिहार में पिछले तीन दशकों से जनता वही चेहरे, वही वादे और वही नतीजे देख रही है।

"जनता अब जाग चुकी है। इस बार लोग जाति या पार्टी देखकर नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के लिए वोट देंगे।"

जन सुराज यात्रा के तहत प्रशांत किशोर लगातार बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। उनका यह बयान मौजूदा सरकार पर सीधा हमला माना जा रहा है और यह संकेत देता है कि वे बिहार की राजनीति में एक नए समीकरण की शुरुआत करना चाहते हैं।


बिहार के विकास के लिए एक बार फिर NDA पर भरोसा जता रही जनता": केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का दावा, बोले- युवाओं को मिल रहे नए अवसर

गया: भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने गया शहर में एनडीए प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बिहार के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एनडीए की मजबूत स्थिति पर विश्वास व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के मतदान में जनता का झुकाव स्पष्ट रूप से एनडीए के पक्ष में दिखाई दे रहा है।

"यह संकेत है कि जनता बिहार के विकास के लिए एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जता रही है।"

केंद्र की योजनाओं से युवाओं को लाभ

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से बिहार के युवाओं को नए अवसर मिले हैं। उन्होंने विशेष रूप से इन योजनाओं का उल्लेख किया:

कौशल विकास मिशन

स्टार्टअप इंडिया

मेक इन इंडिया

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम

उन्होंने ज़ोर दिया कि एनडीए की सरकार ने किसान, युवा, महिला और व्यापारी—हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है।

विपक्ष पर निशाना और विकास का दावा

जयंत चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक बिहार पर शासन किया, उन्होंने राज्य को पिछड़ेपन की ओर धकेला। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, और गया सहित पूरे बिहार में हुई प्रगति पिछले दशकों में संभव नहीं थी।

मंत्री ने जनता से अपील की कि बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए एनडीए को एक बार फिर मौका दें, ताकि विकास की गति और तेज हो सके।

प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने आगामी चुनावों में भारी बहुमत से विजय प्राप्त करने का विश्वास जताया।

गया में कुम्हार समाज का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं स्वागत समारोह का भव्य आयोजन, चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव को सर्वसम्मति से

गया शहर के डेल्हा धनिया बगीचा में गुरुवार को बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, शाखा पश्चिम क्षेत्र के तत्वावधान में कुम्हार विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों से कुम्हार समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और राजनीतिक भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

सम्मेलन के मुख्य आकर्षण रहे कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव, जिनका समाज की ओर से फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। मंच से समाज के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि कुम्हार समाज आगामी चुनाव में मोहन श्रीवास्तव को सर्वसम्मति से समर्थन देगा। इस दौरान “मोहन श्रीवास्तव जिंदाबाद” और “कुम्हार समाज एकता जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति पश्चिम क्षेत्र डेल्हा के अध्यक्ष सुदामा प्रजापति, संयोजक दीपक कुमार प्रजापति, सामाजिक नेता गौतम कुमार बबलू, एआईसीसी ओबीसी राष्ट्रीय संयोजक सह बिहार स्टार प्रचारक एवं कोऑर्डिनेटर राम गणेश प्रजापति, महिला दिया चंपा देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि अब समय आ गया है जब समाज को अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराना होगा। उन्होंने कहा कि मोहन श्रीवास्तव जैसे जनसेवक ही समाज के विकास और सम्मान के लिए काम कर सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि कुम्हार समाज हमारे देश की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने वादा किया कि जीत के बाद समाज की हर समस्या को प्राथमिकता से हल किया जाएगा और युवाओं को रोजगार, शिक्षा एवं प्रशिक्षण के नए अवसर दिए जाएंगे।

समारोह के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने श्रीवास्तव को जीत का माला पहनाकर आशीर्वाद दिया और एकजुट होकर उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का संचालन संतोष कुमार प्रजापति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनोहर लाल प्रजापति ने किया। कार्यक्रम में समाज की महिला कार्यकर्ता और युवा भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे आयोजन को जनसमर्थन का व्यापक स्वरूप मिला। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि अब कुम्हार समाज अपने अधिकार और सम्मान की लड़ाई एकजुट होकर लड़ेगा। समाज के लोगों ने मोहन श्रीवास्तव को जीत कर आने के बाद प्रजापति भवन और छात्रों के लिए स्कूल निर्माण का कुम्हार समाज ने रखा है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि अगर मैं जीत कर आऊंगा तो कुम्हार समाज का दोनों मांगों को मैं पूरा करूंगा.

बेलागंज में निष्पक्ष चुनाव पर सवाल, राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव का आरोप- सरकार और प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप

गया: बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने गुरुवार को गया में अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बेलागंज में चुनावी माहौल पूरी तरह पक्षपात पूर्ण हो गया है, जहां सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर राजद प्रत्याशियों को परेशान किया जा रहा है।

राजद उम्मीदवार विश्वनाथ यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार चुनाव के दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों का खुलकर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से बेलागंज के लाइन ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं और सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम कर रहे हैं। राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में चुनाव आयोग को पुख्ता सबूतों के साथ आवेदन दिया है, जिसमें प्रशासनिक पक्षपात और आचार संहिता उल्लंघन के प्रमाण शामिल हैं। इसके बावजूद अब तक आयोग की ओर से किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि बेलागंज की वर्तमान विधायिका मनोरमा देवी और उनके पुत्र रॉकी यादव खुलेआम पैसे बांटकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं। इसके बारे में भी कई बार प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन न तो कोई जांच की गई और न ही कार्रवाई हुई।

राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया कि बेलागंज के डीएसपी रवि प्रकाश मनोरमा देवी के आवास पर आयोजित “लिट्टी पार्टी” में शामिल हुए, जो कि चुनाव आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ऐसे में यह स्पष्ट है कि प्रशासन निष्पक्ष नहीं है और बेलागंज में सरकारी संरक्षण में सत्ता पक्ष का प्रचार हो रहा है। राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने कहा, “जब तक ऐसे अधिकारी चुनाव प्रक्रिया में शामिल रहेंगे, तब तक बेलागंज में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।” उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि बेलागंज के डीएसपी सहित सभी विवादित अधिकारियों को तत्काल हटाया जाए, ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने जनता से अपील की कि वे डर और दबाव में आए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने कहा कि राजद गरीबों, किसानों और आम जनता की आवाज है, और जनता इस बार सच को पहचानकर बदलाव का फैसला करेगी। राजद प्रत्याशी की इस प्रेस वार्ता ने बेलागंज के राजनीतिक माहौल में नई हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, इस मामले पर अब तक प्रशासन या सत्तारूढ़ दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता और प्रशासन की भूमिका को लेकर उठे इस सवाल ने एक बार फिर बिहार की चुनावी राजनीति में “पक्षपात बनाम निष्पक्षता” की बहस को गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि आयोग इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है।