बोकारो: चास में बेलगाम अपराधियों ने IRB जवान की गोली मारकर की हत्या; छठ की छुट्टी में घर आए सोनू यादव की मामूली विवाद में गई जान
बोकारो (झारखंड): झारखंड के बोकारो जिले में बेलगाम अपराधियों ने तांडव मचाते हुए इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात बोकारो जिला अंतर्गत चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट के पास सोमवार देर रात छठ महापर्व के मौके पर हुई।
मृतक जवान की पहचान अजय यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बोकारो के ही रहने वाले थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग गिरिडीह जिले में थी। छठ पर्व के मौके पर छुट्टी लेकर वह अपने घर चास आए हुए थे।
मामूली विवाद में बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात जवान अजय यादव का बलराम नामक युवक के साथ मामूली विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के आवेश में आकर बलराम अपने कुछ साथियों के साथ गायघाट के मंदिर के पास पहुंचा और आईआरबी जवान अजय यादव पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
गंभीर रूप से घायल सोनू यादव को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बोकारो जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
हत्याकांड की जानकारी मिलते ही चास थाना समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी बलराम समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। यह घटना रांची में हाल ही में नॉनवेज बिरयानी परोसने जैसे मामूली विवाद में रेस्टोरेंट संचालक की हत्या के बाद, राज्य में बेलगाम होते अपराधों की श्रृंखला में एक और गंभीर कड़ी जोड़ती है।


 
						
 
 



 
 

 
  
  
  
 
 
 
  
  
 
Oct 29 2025, 17:52
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.0k