चाईबासा लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा रांची महानगर का प्रदर्शन, हेमन्त सोरेन और मंत्री बरुवा का फूंका पुतला
रांची: चाईबासा में सड़क दुर्घटनाओं और 'नो एंट्री' नियमों को कड़ाई से लागू करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आदिवासी संगठनों पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में, भाजपा रांची महानगर ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप, कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और मंत्री दीपक बरुवा का पुतला फूंका।
प्रशासनिक अत्याचार बर्दाश्त नहीं:
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, "भाजपा जनता के साथ खड़ी है, तानाशाही नहीं चलेगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अत्याचार में कई निर्दोष लोग घायल हुए हैं और कुछ प्रदर्शनकारी अब तक लापता हैं। साहू ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की तानाशाही मानसिकता का हर स्तर पर जवाब दिया जाएगा।
भ्रष्ट सरकार प्राकृतिक संसाधनों की लूट में व्यस्त:
भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और उगाही में व्यस्त है, और इसी कारण वह 'नो एंट्री' नियम को सख्ती से लागू नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि जब जनता ने संगठित होकर आवाज उठाई, तो सरकार ने आंदोलन को दबाने के लिए पुलिसिया बर्बरता का सहारा लिया।
इस विरोध प्रदर्शन में केके गुप्ता, बलराम सिंह, राजू सिंह, रंजीत नाथ सहदेव, इंद्रजीत यादव, पीयूष विजयवर्गीय, संजय जायसवाल, राम मनोज साहू, धर्मवीर सिंह, तरुण दास, रोहित सिंह, अमित सिंह, बाल्मीकि, नागेंद्र मिश्रा, रोहन कुमार, साहिल कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।





Oct 29 2025, 13:17
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
30.1k