बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाना लापरवाही नहीं बल्कि राज्य संपोषित हत्या का प्रयास है.....बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चाईबासा सदर अस्पताल में बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। श्री मरांडी ने इसे लापरवाही नहीं बल्कि राज्य संपोषित हत्या का प्रयास बताया है।

श्री मरांडी ने कहा कि चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित 5 मासूम बच्चों को “संक्रमित खून” चढ़ाया गया और अब सभी बच्चे एचआईवी पॉज़िटिव पाए गए। अगर इन बच्चों की भविष्य में मृत्य हो जाती है तो, यह सिर्फ़ लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य प्रायोजित हत्या (State-Sponsored Murder) कहलायेगी।

कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, यह सवाल सिर्फ़ डॉक्टरों या तकनीशियनों पर नहीं है बल्कि यह पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता और आपकी सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है।

कहा कि डॉक्टरों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। झारखंड को उसके सबसे अयोग्य और निष्क्रिय स्वास्थ्य मंत्री से मुक्त कीजिए और एक जिम्मेदार, संवेदनशील मंत्री दीजिए।

कहा बच्चों की ज़िंदगी के साथ हुआ यह खिलवाड़ माफ़ी से नहीं, जवाबदेही से सुधरेगा।

प्रकृति,संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के संदेशों से परिपूर्ण मन की बात....बाबूलाल मरांडी

प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के 127 वें संस्करण को प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सुना।

बाबूलाल मरांडी ने रांची बड़ा तालाब के छठ घाट पर कार्यक्रम को सुना जबकि कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने घाटशिला में कार्यक्रम को सुना।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम एक गैर राजनीतिक संबोधन है जिसमें भारत की संस्कृति ,प्रकृति और राष्ट्रभक्ति और प्रगति की बातें समाहित रहती हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि आज का संबोधन भी जानकारियों से परिपूर्ण और जनता को प्रेरित करने वाला था।

कहा कि प्रधानमंत्री जी का प्रत्येक माह यह विशेष संबोधन देश और दुनियां में हो रहे बदलाव ,भारत की सांस्कृतिक विरासत,युवा वर्ग के द्वारा हो रहे नए नए खोज से जनता को परिचित कराता है।

कहा कि आज के एपिसोड में सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती, भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती जिसे जनजाति गौरव दिवस घोषित किया गया है कि चर्चा देश की नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों से जोड़ती है।

कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष आजादी के आंदोलन में उसका योगदान देश की युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का संचार करेगा।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम में संबोधन केवल संबोधन नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता केलिए मंत्र है। यह प्रत्येक नागरिक को भारत और भारतीयता से जोड़ता है।

चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया पीड़ित 5 बच्चों को चढ़ा HIV पॉजिटिव ब्लड, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान; स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी

चाईबासा (झारखंड): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ थैलेसीमिया से पीड़ित पाँच बच्चों को कथित तौर पर एचआईवी पॉजिटिव रक्त चढ़ाए जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद इन बच्चों की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव आई है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है और अब स्वास्थ्य विभाग, रांची से एक उच्च स्तरीय पाँच सदस्यीय जांच टीम चाईबासा सदर अस्पताल पहुँचकर मामले की जांच कर रही है।

मामले का खुलासा और जांच

जांच टीम का नेतृत्व झारखंड स्वास्थ्य सेवा के निदेशक डॉ. दिनेश कुमार कर रहे हैं। टीम ने सबसे पहले सदर अस्पताल के ब्लड बैंक और पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) का निरीक्षण किया।

सभी पीड़ित बच्चों की उम्र 15 वर्ष से कम बताई जा रही है। पिछले एक सप्ताह के अंदर 56 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की जाँच की गई थी, जिनमें से पाँच बच्चे एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं।

मामला तब सामने आया जब एक 7 वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के पिता ने जिला उपायुक्त से शिकायत की। माता-पिता की रिपोर्ट नेगेटिव आई, जबकि बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।

जांच में मिली गंभीर अनियमितताएं

जांच टीम के मुताबिक, प्रारंभिक स्तर पर जांच के दौरान कई गंभीर लापरवाहियां और ब्लड बैंक में अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच टीम का कहना है कि बच्चों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के दो ही कारण हो सकते हैं: या तो उन्हें संक्रमित खून चढ़ाया गया या फिर किसी अन्य कारण से उनके शरीर में संक्रमण आया हो। पूरी जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएगी।

सियासत शुरू, बीजेपी ने साधा निशाना

इस गंभीर घटना पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "अब झारखंड के सरकारी अस्पताल जिंदगी नहीं बल्कि मौत बांटने लगी है।" उन्होंने इस घटना को झारखंड के सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला बताया है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने विनोद पाण्डेय के आवास पर दी श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी


रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय महासचिव सह राज्य समन्वय समिति के सदस्य श्री विनोद कुमार पाण्डेय के रांची स्थित हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री दंपति यहाँ स्वर्गीय जलेश्वरी देवी जी के "ब्राह्मण भोज" सह "कुटुंब भोज" में सम्मिलित हुए। उन्होंने स्मृति शेष जलेश्वरी देवी जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने श्री विनोद कुमार पाण्डेय और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।

घाटशिला उपचुनाव:इंडी ठगबंधन पर आखिर क्यू भड़के बाबूलाल मरांडी

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज घाटशिला उपचुनाव में प्रचार अभियान को तेज करते हुए राज्य की हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला। श्री मरांडी आज घाटशिला के दामपाड़ा हाट मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में पिछले 6 वर्षों से सत्ता सुख भोग रहा इंडी ठगबंधन निर्लज्ज ठगबंधन है। और ये लोग निर्लज्जता से उपचुनाव में फिर जनता से वोट मांग रहे।

कहा कि पिछले 6 वर्षों में राज्य में कोई विकास नहीं हुआ। केवल लूट हो रही। मुख्यमंत्री के संरक्षण में दलाल,बिचौलिए राज्य के बालू,खनिज, लोहा, कोयला लुट रहे।

कहा कि आज अस्पताल में दवाई नहीं,डॉक्टर नहीं ,नर्स नहीं, एंबुलेंस नहीं। स्कूल में शिक्षक नहीं। गरीबों के वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन तक बंद हैं। और मईया सम्मान की राशि तो रोहिंग्या,बांग्लादेशी भी लूट ले रहे।

कहा कि आज गरीबों को घर बनाने केलिए बालू नहीं मिल रहे।गरीब आदमी का बालू भरा ट्रैक्टर थानेदार पकड़ लेता है। पैसा वसूलता है और दलाल बिचौलियों का हाइवा पुलिस कभी नहीं पकड़ती है। क्योंकि इनसे थाना पुलिस की मिलीभगत है।

कहा कि राज्य का युवा आज दर दर की ठोकर खा रहा है। नौकरी रातों रात बिक। परीक्षाएं रद्द हो जाती है। युवाओं को न नौकरी मिल रही न बेरोजगारी भत्ता।

कहा कि आज आदिवासियों की जमीन लूट ली जा रही। बहन बेटियां असुरक्षित हैं। फिर हेमंत सरकार किस मुंह से अपने को अबुआ सरकार का मुखिया बोलते हैं।

कहा कि पूरे घाटशिला क्षेत्र में बांग्लादेशी रोहिंग्या घुसपैठियों हेमंत सरकार के संरक्षण में बसाए जा रहे। क्षेत्र की डेमोग्राफी बदल रही है।

कहा कि झारखंड के आदिवासी,मूलवासी ,दलित पिछड़े सभी की चिंता अगर किसी ने की तो वह भारतीय जनता पार्टी है। 6 वर्षों के शासन में अटल जी की सरकार ने केवल अलग राज्य ही नहीं बनाया बल्कि राज्य की बुनियादी सुविधाओं को विकसित किया। और फिर पिछले 11 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार झारखंड के विकास की चिंता कर रही। आदिवासी मूलवासी को सम्मान दे रही।

कहा कि हेमंत सरकार तो केंद्र सरकार के योजनाओं को रोकने में लगी रहती है।

कहा कि उपचुनाव में झारखंड की जनता घाटशिला के मतदाताओं की ओर देख रही है। भले ही इस उपचुनाव से सरकार नहीं बननी है लेकिन राज्य सरकार को सबक सिखाने का अवसर है। अब राज्य की जनता लूट,भ्रष्टाचार दलाली माफियागिरी को बर्दास्त करने वाली नहीं है।

उन्होंने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भरी मतों से जीत दिलाने केलिए कार्यकर्ताओं से हर मतदाता के घर घर जाने का आह्वान किया।

कहा कि जनता एनडीए प्रत्याशी को जीत दिलाने केलिए मन बना चुकी है।

रांची में चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का भव्य आगाज; CM सोरेन बोले- मेजबानी झारखंड के लिए गर्व की बात

रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का विधिवत आगाज किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के विभिन्न देश— भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि इतने लंबे समय बाद सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सफल आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।

मुख्यमंत्री के मुख्य बिंदु:

झारखंड के खिलाड़ियों पर गर्व: मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के नौजवानों में खेल के प्रति उत्साह और समर्पण है। क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई खेलों में यहाँ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि एथलेटिक्स में भी वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

खेल प्रतिस्पर्धाओं का निरंतर आयोजन: श्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि झारखंड में खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन निरंतर होता रहे।

सांस्कृतिक स्वागत: मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया है।

आधारभूत संरचना का उपयोग: मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के समग्र विकास के लिए राज्य में स्थापित बेहतर आधारभूत संरचनाओं का उपयोग करते हुए भविष्य में भी ऐसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री श्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, श्रीमती श्वेता सिंह, श्री सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट सैफ डॉ० ललित भनोट, पद्मश्री से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष श्री बहादुर सिंह सागू, और पद्मश्री से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती कृष्णा पूनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पूरे झारखंड में फैला है डीएमएफटी फंड घोटाला....बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष ने राज्य में उजागर हो रहे डीएमएफटी फंड घोटाले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

श्री मरांडी ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था, डीएमएफटी घोटाले में बोकारो सिर्फ़ एक झांकी है, असल में यह भ्रष्टाचार पूरे झारखंड में फैला हुआ है। अब कोडरमा और धनबाद से भी घोटालों के नए तथ्य सामने आ रहे हैं।

कहा कि आम तौर पर आईएएस अधिकारी एक जिले से दूसरे जिले में अनुभव लेकर जाते हैं, लेकिन हेमंत सरकार में अधिकारी अपने साथ अपने पुराने दलालों और ठेकेदार साझेदारों को भी ले जाते हैं।

कहा कि मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा में डीसी रहते हुए श्री आदित्य रंजन ने डीएमएफटी फंड से “स्किल डेवलपमेंट” के नाम पर MEPSC और तितली फाउंडेशन के साथ मिलकर जमकर लूट मचाई। अब जब वे धनबाद के डीसी बने हैं, तो वही खेल दोबारा शुरू हो गया है…MEPSC और तितली फाउंडेशन के साथ सांठगांठ कर डीएमएफटी फंड को फिर से लूटा जा रहा है। इस लूट की स्क्रिप्ट इतनी चालाकी से लिखी गई है कि टेंडर की शर्तों (terms & conditions) में बदलाव कर मनचाही कंपनियों को फायदा पहुँचाया जा रहा है।

कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह है कि कोडरमा में वर्ष 2022–24 के दौरान डीएमएफटी फंड के उपयोग की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, आदित्य रंजन और प्रांजल मोदी के बीच के रिश्तों की भी पड़ताल की जाए।

कहा कि धनबाद में डीएमएफटी फंड से जुड़े सभी चल रहे टेंडर प्रक्रियाओं को तत्काल रोककर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पंजाब सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम के लिए किया आमंत्रित

रांची (मुख्यमंत्री सचिवालय): झारखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में पंजाब के दो मंत्रियों ने सौजन्य मुलाकात की। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ० बलबीर सिंह और राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने मुख्यमंत्री को पंजाब सरकार की ओर से 9वें सिख गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।

पंजाब के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, समर्पण, त्याग, आदर्श और जनकल्याण के प्रति उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के संत महात्माओं सहित विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पंजाब सरकार की ओर से मिले इस आमंत्रण के लिए दोनों मंत्रियों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया और आयोजन की सफलता के लिए उन्हें अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की।

पलामू: निजी अस्पताल की लापरवाही से महिला की मौत, परिजनों ने 5 घंटे तक जाम रखा जपला-छतरपुर मार्ग; 'आर्यन अस्पताल' सील

पलामू (झारखंड): झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग को करीब पाँच घंटे (सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक) तक जाम रखा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतका की पहचान और घटनाक्रम

हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका की पहचान बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी कलावती देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कलावती देवी का करीब दस दिन पहले हुसैनाबाद स्थित ‘आर्यन अस्पताल’ में ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर किया गया, जहाँ गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रशासन की कार्रवाई

डॉ. श्रीवास्तव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जानकारी दी कि ‘आर्यन अस्पताल’ को पहले ही सील कर दिया गया है।

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि पिछले एक सप्ताह में हुसैनाबाद में निजी अस्पतालों की लापरवाही से दो मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं।

हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार ने मृतका के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को 20,000 रुपये का चेक प्रदान किया।

करीब पाँच घंटे बाद, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को सड़क से हटाया गया और जाम खत्म कराया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखें और अपनी शिकायतों को उचित माध्यम से उठाएं।

अपराधियों द्वारा पाकिस्तान से हथियार मंगाने की उच्च स्तरीय जांच कराएं मुख्यमंत्री.....बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने और खुफिया एजेंसी द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

श्री मरांडी ने कहा कि रांची में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और गोलियां मंगा कर अपराध किए जा रहे हैं। ये हथियार पंजाब के मोगा के रास्ते भारत लाए जा रहे हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल रांची समेत देश के कई हिस्सों में बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों और व्यवसायियों को डराकर रंगदारी वसूली के लिए किया जा रहा है। यह मामला पुलिस के खुफिया तंत्र की विफलता को उजागर करता है।

कहा कि पूरे प्रदेश में रंगदारी और वसूली से व्यवसायी वर्ग त्रस्त हो चुका है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि धनबाद में ठेले-खोमचे वालों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक से खुलेआम रंगदारी वसूली की जा रही है।

कहा कि कोयलांचल, बोकारो, जमशेदपुर, राजधानी रांची समेत अन्य शहरों में व्यवसायी वर्ग आतंक और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। कई लोग तो अपने प्रतिष्ठानों से मोबाइल नंबर हटाने पर मजबूर हो गए हैं, जबकि कुछ ने तो भय के कारण कारोबार बंद कर राज्य से पलायन तक कर लिया है।

कहा कि सवाल यह है कि पुलिस को इस पूरे गिरोह की भनक क्यों नहीं लगी? या वसूली में हिस्सेदारी की वज़ह से ही पुलिस पाकिस्तान से हथियार आयात करने वाले गिरोह को संरक्षण देती आई है? पुलिस के जिस डीजीपी का मुख्य उद्देश्य ही वसूली करना हो, उसकी संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।

कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस गंभीर प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराएं और आवश्यक कारवाई सुनिश्चित करें।