स्वाधीनता दिवस और श्री अरविंद के जन्मोत्सव पर संपन्न हुई संगोष्ठी
![]()
गोंडा,। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में स्वाधीनता दिवस के अवसर पर 'महर्षि अरविंद और भारतीय ज्ञान परंपरा' पर संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षाशास्त्र के सेवानिवृत्त अध्यक्ष प्रो. शिवशरण शुक्ल ने अरविंद के शिक्षा-दर्शन पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महर्षि अरविंद ने भारतीयों में स्वतंत्रता की चेतना का जागरण आध्यात्मिक साधनाओं के माध्यम से किया। उन्होंने प्रसिद्ध पश्चिमी विचारक रूसो और अरविंद की दार्शनिक मान्यताओं की तुलना भी की। प्रो. शुक्ल ने भारतीय शिक्षा प्रणाली, ज्ञेयवाद और अरविंद की दार्शनिक मान्यताओं का विस्तार से निरूपण किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था और अरविंद के राष्ट्रवादी विचारों पर चर्चा करते हुए श्री अरविंद आश्रम की भूमिका पर प्रकाश डाला।
बीएड विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव ने अरविंद के जीवन और कार्यों के साथ-साथ आइडियलिज्म और नेचुरलिज्म जैसे दार्शनिक विचारों की विवेचना की। मुकुल द्विवेदी ने अरविंद के जीवन के विविध पहलुओं के साथ-साथ अरविंद आश्रम और स्वतंत्रता के आंतरिक एवं बाह्य आयामों पर चर्चा की।
संस्कृति दुबे ने अरविंद पर प्रभावशाली भाषण देते हुए उन्हें इतिहास को गढ़ने वाली आत्मा कहा। उन्होंने अरविंद की महाकाव्य सावित्री को भारतीय ज्ञान परंपरा का जीवंत प्रतीक बताया और कहा कि “ अरविंद की कविताएं केवल साहित्य नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुभव हैं।” उन्होंने सभी से आह्वान किया कि श्री अरविंद को केवल कवि नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महर्षि के रूप में स्मरण किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन मुख्य वक्ता प्रो. शिवशरण शुक्ल, प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार, मुख्य नियंता प्रो. अमन चंद्रा, वाणिज्य-संकायाध्यक्ष प्रो. बी.पी. सिंह, आइक्यूएसी समन्वयक प्रो. जितेन्द्र सिंह, प्रो. संदीप श्रीवास्तव, एवं डॉ. वंदना भारतीय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ऋतिक कनोजिया द्वारा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम का संचालन बीएड-विभागाध्यक्ष और माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के अधिष्ठाता प्रोफेसर संदीप कुमार श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. वंदना भारतीय द्वारा किया गया।
Aug 18 2025, 18:05