धनबाद दुल्हन की तरह सजा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज IIT-ISM के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
धनबाद, 1 अगस्त 2025: भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आज धनबाद आगमन को लेकर शहर दुल्हन की तरह सजकर तैयार है। उनके स्वागत के लिए धनबाद के सभी चौक-चौराहे साफ-सफाई और रंगाई-पुताई से चकाचक चमक उठे हैं। दीवारों पर तरह-तरह की चित्रकलाएं की गई हैं, जिनमें झारखंड की पारंपरिक पेंटिंग भी खूब उभर कर आ रही हैं, जो शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा रही हैं।
खूबसूरत पेंटिंग से रंगीन हुआ शहर:
सड़क किनारे झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' से संबंधित कई पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इसके अलावा, दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से सरकार की कई अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं का भी जिक्र किया गया है। इन चित्रकलाओं से पूरा धनबाद शहर रंगीन और बेहद खूबसूरत दिख रहा है, जो शहर के लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
IIT-ISM के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मुख्य अतिथि के रूप में आईआईटी-आईएसएम धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से दुर्गापुर एयरपोर्ट से पूर्वाह्न 11:40 बजे बरवाअड्डा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे सड़क मार्ग द्वारा आईआईटी-आईएसएम के लिए प्रस्थान करेंगी।
इस दीक्षांत समारोह में कुल 1880 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिनमें से 20 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मेडल और डिग्री दी जाएगी। यह आयोजन धनबाद और आईआईटी-आईएसएम के लिए एक गौरवशाली क्षण होगा।
Aug 01 2025, 11:14