जहानाबाद लोजपा (रा.) ने मनाई रामविलास पासवान की जयंती, कार्यकर्ताओं ने केक काटकर दी श्रद्धांजलि
![]()
जहानाबाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक व भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती शहर के एक निजी हॉल में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा (रा.) जिला अध्यक्ष प्रिन्स कुमार ने की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनका 79वां जन्मदिन मनाया और उनके संघर्षों व कार्यों को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि रामविलास पासवान सभी जाति-धर्म के गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के लिए हमेशा आवाज उठाते रहे। उन्होंने गरीबों के हक के लिए कई योजनाएं लागू करवाईं, जिनमें मुफ्त राशन और हर हाथ में मोबाइल जैसी योजनाएं शामिल हैं। वक्ताओं ने यह भी कहा कि गरीब सवर्णों के आरक्षण की मांग सबसे पहले स्व. पासवान ने ही उठाई थी।
कार्यकर्ताओं ने भावुक होते हुए कहा कि रामविलास पासवान जैसे जमीनी नेता आज के दौर में दुर्लभ हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी उनके बेटे चिराग पासवान में ही उनके चेहरे और विचारों की झलक देखते हैं और उन्हीं के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि उनकी दिली तमन्ना है कि बिहार की बागडोर एक बार फिर चिराग पासवान को मिले।
कार्यक्रम में जिला महासचिव अरविंद शर्मा, जिला अध्यक्ष (संसदीय बोर्ड) निरंजन कुमार, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सपना कुमारी, जिला सचिव कुंदन पासवान, काको प्रखंड अध्यक्ष रामानुज पासवान, मखदुमपुर प्रखंड अध्यक्ष साकेत कुमार, विस्तार प्रमुख गौतम पासवान, मखदुमपुर प्रखंड उपाध्यक्ष अनुज सिंह, हरिनंदन पासवान समेत दर्जनों लोजपा (रा.) नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
Jul 06 2025, 16:32